नई दिल्ली / शौर्यपथ / इंदौर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मध्य प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों को निराधार बताया है. गौरतलब है कि विजयवर्गीय की हाल में राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित कई नेताओं के साथ मुलाकात के बाद इन चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था. सोमवार को मीडिया से रूबरू होते हुए विजयवर्गीय ने कहा, "ये अटकलें एकदम बकवास हैं. शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही प्रदेश चलेगा." उन्होंने कहा-देखिए... मीडिया कुछ भी कहानी बना दे. मैं जो कुछ देख रहा हूं, पढ़ रहा हूं, उसमें कोई दम नहीं है, वह सब बकवास है. सब सामान्य मेल मुलाकात है. आजकल कोरोना काल में लोगों के पास काम भी कम है, ऐसे में व्यक्तिगत संबंध ही मधुर कर रहे हैं. इसको राजनीतिक रंग देना ठीक नहीं है. यह पूछे जाने पर कि आपका भी नाम आ रहा है, विजयवर्गीय ने कहा, 'मैं अभी दूसरी जगह लगा हुआ हूं.'
गौरतलब है कि मूल रूप से राज्य के इंदौर शहर से ताल्लुक रखने वाले विजयवर्गीय, भाजपा संगठन में पश्चिम बंगाल मामलों के प्रभारी हैं जहां उनकी पार्टी पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस का गढ़ भेदने में नाकाम रही. कैलाश विजयवर्गीय ने अपने हाल के भोपाल दौरे में मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्र और अन्य भाजपा नेताओं से सौजन्य भेंट की थी.
इस बीच, राज्य के अन्य दिग्गज भाजपा नेताओं की मेल-मुलाकातों का दौर भी जारी है. इन मुलाकातों की पृष्ठभूमि में मध्य प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर खासकर सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे कयासों में विजयवर्गीय का नाम भी शामिल है. एक अन्य सवाल पर विजयवर्गीय ने कहा कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ "बहुत अच्छा" काम कर रहे हैं और वह अपने संवैधानिक दायित्वों के तहत राज्य की चिंता कर रहे है.