रायपुर / शौर्यपथ /
ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर ने सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ यूपी में हुए एफआईआर पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए इसे चुनाव हारने के डर से योगी सरकार का षड्यंत्र बताया है।
ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष क्षितिज चंद्राकर ने मीडिया को एक प्रेस नोट जारी करते हुए बयान दिया है कि " उत्तर प्रदेश की योगी सरकार छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल के चुनावी रणनीति और जनहितकारी कार्यों से मिली लोकप्रियता से डर गई है और उत्तरप्रदेश की आम जनता तक भूपेश बघेल को पहुंचने से रोकने के षड्यंत्र के तहत उनके खिलाफ एफआईआर करवा रही है।"
उन्होंने इसे योगी सरकार की घटिया राजनिति बताते हुए एक राज्य के सीएम के खिलाफ हुई एफआईआर की कड़ी निंदा की है।
इसके साथ ही श्री चंद्राकर ने आरोप लगाया है कि उत्तरप्रदेश में निर्वाचन आयोग भाजपा के इशारे पर कठपुतली की तरह काम कर रही है। निर्वाचन आयोग दर्जनभर लोगों के साथ किये जा रहे सीएम भूपेश बघेल के जनसंपर्क अभियान पर एफआईआर तो दर्ज करती है लेकिन भाजपा नेताओं द्वारा सैकड़ों लोगों के साथ जुलूस निकालने पर भी कोई कार्रवाई नही की जा रही है।
चुनाव आयोग को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए ताकि लोकतंत्र मजबूत हो।
बता दें कि बीते दिनों उत्तरप्रदेश में कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। सीएम के ऊपर एफआईआर होते ही राजनीति तेज हो गई और पूरी कांग्रेस पार्टी ने इसके खिलाफ कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए ऐतराज जताया है।