राष्ट्रीय अभियान में 90% लक्ष्य पूरा, दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर 7,931 बालिकाओं का हुआ टीकाकरण; अब शत-प्रतिशत कवरेज पर फोकस
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 फरवरी 2026 से प्रारंभ किए गए राष्ट्रव्यापी निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बालिकाओं की सुरक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में जिले ने 8,785 लक्ष्य के विरुद्ध 7,931 बालिकाओं का टीकाकरण कर 90 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने तथा मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है। इसी दिशा में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की यह उपलब्धि प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
जिले में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले ने समन्वित रूप से अभियान संचालित किया। विशेष रणनीति के तहत दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया, जिससे अभियान को व्यापक जनसहभागिता भी प्राप्त हुई।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिए कि अभियान से छूटी हुई प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंच बनाकर शत-प्रतिशत एचपीवी टीकाकरण का लक्ष्य शीघ्र पूरा किया जाए।
दूरस्थ भौगोलिक परिस्थितियों वाले बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का यह प्रदर्शन राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन का एक प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है। प्रशासनिक नेतृत्व, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता के माध्यम से जिले ने यह सिद्ध किया है कि मजबूत योजना और सतत प्रयासों से कठिन क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी विस्तार संभव है।