33.24 लाख की लागत से बना भवन; रूआबांधा पुलिस चौकी, एकलव्य प्रशिक्षण हॉल और परिवार परामर्श केंद्र की सुविधाओं का भी शुभारंभ
भिलाई/शौर्यपथ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग प्रवास के दौरान सेक्टर-6 भिलाई में 33.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित दुर्ग रेंज के नवीन साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। इस थाने का क्षेत्राधिकार दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों तक रहेगा। इससे ऑनलाइन ठगी, साइबर धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों की जांच एवं पीड़ितों को त्वरित सहायता देने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन करने के साथ पुलिस नियंत्रण कक्ष में 15 लाख रुपये की लागत से उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल तथा 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘संकल्प अभियान-नशामुक्ति’ का पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ किया। अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।