ब्यूटी टिप्स /शौर्यपथ / सर्दियों का मौसम आने लगा है और इस मौसम में बालों का रूखे होने, स्कैल्प पर डैंड्रफ झड़ने और कई बार बाल झड़ने की दिक्कत भी होने लगती है. हम इन दिक्कतों को दूर करने के लिए बाहरी तौर पर तो कोशिश करते हैं लेकिन असर कम ही देखने को मिलता है. ऐसे में आप अंदरूनी रूप से बालों की सेहत दुरुस्त रख सकते हैं और विटामिन ई से भरपूर फूड्स को अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं जो बालों को बढ़ाने में मददगार साबित होते हैं. विटामिन ई स्कैल्प को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स की छुट्टी कर देता है. इससे स्किन की दिक्कतें, रूखापन और धूप के कारण स्कैल्प को हुए नुकसान को दूर करने में भी मदद मिलती है. यहां जानिए वो कौन-कौनसी चीजें हैं जिन्हें डाइट में शामिल करने पर शरीर को भरपूर मात्रा में विटामिन ई मिलता है और बालों को लंबे होने में मदद मिलती है.
लंबे बालों के लिए विटामिन ई से भरपूर फूड्स |
बादाम
बादाम विटामिन ई के भरपूर स्त्रोत होते हैं. इन्हें खाने पर शरीर को विटामिन ई मिलता है जिससे बालों, स्किन और शरीर की ओवरऑल सेहत अच्छी रहती है. तकरीबन 5 बादाम रात में भिगोकर रखें और इन्हें अगली सुबह छीलकर खाएं.
मूंगफली
बादाम की तरह ही मूंगफली एक ऐसा सूखा मेवा है जिससे शरीर को अच्छी मात्रा में विटामिन ई मिलता है. मूंगफली को सादा खाया जा सकता है, इसे सलाद, पोहा, नमकीन या फिर स्मूदी में डाला जा सकता है. पीनट बटर का सेवन भी अच्छा ऑप्शन है.
पालक
हरी पत्तेदार सब्जियों में पालक को अक्सर ही डाइट का हिस्सा बनाने की सलाह दी जाती है. पालक विटामिन ई के साथ-साथ आयरन और कैल्शियम का भी अच्छा स्त्रोत होता है.
सूरजमुखी के बीज
अक्सर ही बीजों को खानपान में शामिल करने के लिए कहा जाता है क्योंकि इनमें कई तरह के पोषक तत्व और विटामिन होते हैं. सूरजमुखी के बीज भी हेल्दी बीजों की सूची में शामिल हैं. इन बीजों में विटामिन ई भरपूर होता है. इन्हें स्नैक्स की तरह खाया जा सकता है या फिर सलाद, पैनकेक्स, दलिया, ओट्स और सूप में डालकर भी खा सकते हैं.
अंडे
बालों की सेहत हमेशा अच्छी रहे और उन्हें अंदरूनी रूप से मजबूती मिले इसके लिए अंडे (Eggs) खाए जा सकते हैं. नियमित रूप से अंडे खाने पर शरीर को विटामिन ई मिलता है, आयरन मिलता है, विटामिन डी मिलता है और प्रोटीन की भी अच्छी मात्रा मिल जाती है. अंडे बालों को बढ़ने में मदद करते हैं.