हेयर टिप्स /शौर्यपथ / बालों की देखरेख में कई तरह के तेलों का इस्तेमाल होता है. लेकिन, कुछ ही तेल हैं जो बालों पर सचमुच असरदार साबित होते हैं. इन तेलों में से ही एक है आंवले का तेल. आंवला विटामिन सी से भरपूर होता है और इसमें कई फायदेमंद एंटी-ऑक्सीडेंट्स भी पाए जाते हैं. आंवले का तेल बाजार से भी खरीदा जा सकता है या इसे घर पर भी तैयार कर सकते हैं. इस तेल को यूं तो बाल बढ़ाने वाला कहा जाता है, लेकिन इसके असर को बढ़ाने के लिए इसमें घर की ही कुछ चीजें मिलाई जा सकती हैं. जानिए आंवले का तेल बनाने और बालों पर लगाने का तरीका.
घने बालों के लिए आंवले का तेल |
ताजे आंवले से या आंवले के रस से आंवले का तेल बनाने के लिए आपको एक बेस तेल की जरूरत होगी जिसके लिए ऑलिव ऑयल या नारियल के तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है. नारियल के तेल में आंवले का रस या ताजा आंवला काटकर डालें और पका लें. इस तरह आंवले का तेल तैयार हो जाएगा.
एक चम्मच सूखे आंवले के पाउडर को 5 गुना नारियल तेल के साथ पकाने पर भी आंवले का तेल बन जाता है. इस तेल को आपको 10 से 15 मिनट ही पकाना है. इसके बाद आंच बंद करके तेल ढककर रख दें और 24 घंटे बाद से ही इसका इस्तेमाल शुरू करें.
आंवले के तेल का असर बढ़ाने के लिए इसमें नींब का रस मिलाकर बालों पर लगाया जा सकता है. इससे बालों को बढ़ने और मजबूत बनने में तो मदद मिलती ही है, साथ ही इससे सिर पर जमने वाले डैंड्रफ और बिल्ड अप से भी छुटकारा मिल जाता है.
बालों पर आंवले के असर को बढ़ाने के लिए इसे रीठा और शिकाकाई के साथ मिलाकर भी सिर पर लगाया जा सकता है. आंवला, रीठा और शिकाकाई बालों को बढ़ाने का रामबाण नुस्खा कहे जाते हैं और यह बालों की सेहत को दुरुस्त रखता है सो अलग. इस्तेमाल के लिए बराबर मात्रा में आंवला, रीठा और शिकाकाई को बराबर मात्रा में मिलाएं और पीसकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को बालों पर आधा घंटा लगाए रखने के बाद सिर धो लें. हफ्ते में एक बार इस्तेमाल करने पर बाल लंबे होने लगते हैं.