ब्यूटी टिप्स /शौर्यपथ / सर्दियों की शुष्क हवा बालों को रूखा-सूखा बना देती है. बालों का यह रूखापन बालों को खुरदुरा बनाता है जिससे हेयर टेक्सचर पर भी फर्क पड़ता है. ऐसे में बालों पर शहद का इस्तेमाल किया जा सकता है. शहद को बालों पर सही तरह से लगाया जाए तो बालों की कायापलट हो जाती है. शहद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है. इससे बालों पर चिकनाहट और चमक आती है जिससे बाल देखने में खूबसूरत नजर आने लगते हैं. शहद को बालों पर दूध के साथ मिलाकर लगा सकते हैं. दूध और शहद को साथ लगाने पर बालों को अमीनो एसिड्स, प्रोटीन, विटामिन, आयरन और जिंक भी मिलता है. यहां जानिए मुलायम बाल पाने के लिए किस तरह करें दूध और शहद का इस्तेमाल और कौनसे-कौनसे घरेलू नुस्खे बालों को बनाते हैं मुलायम.
मुलायम बालों के घरेलू उपाय |
शहद और दूध
बालों को मुलायम बनाने में दूध और शहद का कमाल का असर नजर आता है. इन्हें बालों पर लगाने के लिए एक कटोरी में दूध लें और उसमें 2 चम्मच शहद लेकर मिला लें. इस मिश्रण को बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक लगाएं और कम से कम 20 से 25 मिनट लगाकर रखने के बाद धोकर छुड़ा लें. बाल मुलायम हो जाएंगे और बालों का टेक्सचर भी बेहतर होगा.
दूध और केला
दूध और केले का हेयर मास्क बनाकर भी बालों पर लगाया जा सकता है. हेयर मास्क बनाने के लिए आधा पका केला लेकर आधे कप दूध के साथ मिक्स करें. इसे बालों पर आधा घंटा लगाकर रखने के बाद सिर धो लें. बाल मुलायम हो जाएंगे और उंगलियों से फिसलने लगेंगे.
दही और शहद
खुरदुरे बालों को मुलायम बनाने में दही और शहद का हेयर मास्क भी असरदार होता है. इस हेयर मास्क को बनाना भी बेहद आसान है. एक कप में दही लें और दही की एक चौथाई मात्रा में शहद मिला लें. इस हेयर मास्क को बालों पर 20 मिनट लगाकर रखने के बाद सिर धो लें. बालों में नमी आती है और बाल मुलायम बनते हैं.