नई दिल्ली /शौर्यपथ/
यूपी में आज पहले चरण का मतदान हो रहा है. पहले चरण में आज यानी गुरुवार (10 फरवरी) को 11 जिलों की कुल 58 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. इस बीच योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो भी चर्चा में है, जो बीजेपी उत्तर प्रदेश के वैरिफाइड हैंडल से ट्वीट किया गया है. इसमें योगी आदित्यनाथ मतदान करने की अपील कर रहे हैं कि मतदान करें, अवश्य करें ! आपका एक वोट उत्तर प्रदेश का भविष्य तय करेगा. नहीं तो उत्तर प्रदेश को कश्मीर, केरल और बंगाल बनते देर नहीं लगेगी.
वीडियो में योगी आदित्यनाथ कह रहे हैं कि बड़े निर्णय का समय आ गया है. इन 5 सालों में बहुत कुछ अभूतपूर्व हुआ है. उन्होंने जनता को सावधान रहने को भी कहा कि अगर आप चूके तो मेहनत पर पानी फिर जाएगा. और इस बार यूपी को कश्मीर, बंगाल और केरल बनते देर नहीं लगेगी.
गौरतलब है कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा. इससे पहले चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण चुनाव की सभी तैयारियां पूरी करते हुए मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. इस चरण में 58 विधानसभा सीटों पर 623 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 73 महिला प्रत्याशी हैं.