राजनांदगांव / शौर्यपथ / केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, आईटी सेल एवं सोशल मीडिया तथा पीसीसी राजनांदगांव-खैरागढ़ जिला महासचिव महिला कांग्रेस मयूरी सिंह ने भी कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि यह केंद्र सरकार का अव्यवहारिक निर्णय है और इसीलिए देशभर में इस योजना का कड़ा विरोध किया जा रहा है। अग्निपथ योजना से कोई भी सहमत नहीं है, हर कोई कह रहा है कि यह ठीक नहीं है।
अग्निपथ योजना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेत्री मयूरी सिंह ने आगे कहा है कि अग्निवीर और अग्निपथ योजना की जरूरत ही क्या है। अग्निवीर को 6 महीने तक तो सिर्फ मार्च पास्ट की जरूरत होती है। अग्निवीर को भी पता है कि वह 3 साल बाद रिटायर हो जाएगा और यही सब चलता रहा तो शादी के कार्ड में भी लड़के के नाम के आगे भूतपूर्व सैनिक लिखा नजर आएगा। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के बारे में किसी नौजवान से नहीं पूछा गया है कि अग्निवीर, अग्निपथ योजना लाई जा रही है और सीधा आदेश जारी कर दिया गया। उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा है कि यह सरकार किसानों को खाद और युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम है। ऐसे में अग्निपथ के कारण सेना कमजोर होगी और युवाओं का भविष्य अंधकार में चला जाएगा। अग्निपथ योजना के तहत सेना में महज 4 वर्ष के लिए नौकरी देने की बात कही जा रही है, जबकि 4 साल बाद ये युवा फिर बेरोजगार हो जाएंगे। यानी मोदी सरकार द्वारा देश के भविष्य को अग्निपथ के नाम पर झुलसाया जा रहा है और इसीलिए केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध किया जा रहा है। केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों की खिलाफत करते हुए कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी हुई है। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेसियों द्वारा विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा है।