Print this page

जल-जंगल-जमीन पर आदिवासियों के अधिकार छीनकर जनजाति गौरव दिवस मनाना राजनीतिक पाखंड : दीपक बैज

  • doing of business

स्मृति ईरानी के रायगढ़ दौरे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का हमला, तमनार से हसदेव और नंदराज पर्वत तक आदिवासी हितों की अनदेखी का लगाया आरोप

रायपुर / शौर्यपथ / भाजपा सरकार पर आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक आदिवासी समाज के हितों को नुकसान पहुंचाने वाली सरकार जनजाति गौरव दिवस मनाकर उनके सम्मान का दिखावा कर रही है। स्मृति ईरानी के रायगढ़ दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासियों के संसाधनों पर उद्योगपतियों का कब्जा बढ़ाने और उनके लोकतांत्रिक विरोध को दबाने वाली भाजपा का जनजातीय गौरव की बात करना राजनीतिक पाखंड है।

बैज ने रायगढ़ जिले के तमनार में ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिसिया कार्रवाई, तारा कोल ब्लॉक और नंदराज पर्वत से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि आदिवासियों की सहमति और ग्रामसभा के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने वनाधिकार पट्टों के लंबित रहने तथा अपने संसाधनों की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले ग्रामीणों पर कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा।

हसदेव, बैलाडीला और नंदराज पर्वत का उठाया मुद्दा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हसदेव अरण्य, नंदराज पर्वत, बैलाडीला और तमनार जैसे क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के नाम पर वनों की कटाई और आदिवासियों की जमीनों पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने पोलावरम और बोधघाट परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उचित मुआवजे और विस्थापन के मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा। उनका आरोप है कि प्रभावितों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके विरोध को बलपूर्वक दबाया जा रहा है।

लघु वनोपज और आदिवासी आजीविका पर भी उठाए सवाल

दीपक बैज ने कहा कि महुआ, तेंदूपत्ता, इमली और अन्य लघु वनोपज आदिवासी समाज की आजीविका का प्रमुख आधार हैं। जंगलों की कटाई, नदियों के प्रदूषण और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास प्रभावित होने से आदिवासी समुदाय के सामने आजीविका का संकट गहराने की आशंका है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुण्डाधुर, गैंदसिंह, माता राजमोहिनी देवी और कंगला मांझी जैसे जनजातीय नायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और विरासत का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब आदिवासियों के अधिकारों की वास्तविक रक्षा की जाए।

कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से की तुलना

बैज ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उस दौरान पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन, तेंदूपत्ता संग्रहण और लघु वनोपज की खरीदी को बढ़ावा देने तथा लोहंडीगुड़ा में टाटा परियोजना से प्रभावित आदिवासियों की जमीन वापस लौटाने जैसे कदम उठाए गए थे। उन्होंने भाजपा सरकार पर इसके विपरीत आदिवासियों के हितों की जगह कॉरपोरेट घरानों के मुनाफे को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनजाति गौरव दिवस केवल आयोजनों और भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आदिवासियों की संस्कृति, परंपरा, जमीन, वनाधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ