राजनांदगांव / शौर्यपथ / भारतीय जनता पार्टी का 41वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ घर-घर में मनाया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने बताया कि आज का दिन भाजपा के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि 18 करोड़ सदस्य संख्या की विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के सदस्य होने का सभी को गर्व है। एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर चलने वाली भाजपा के जनप्रिय सिंद्धान्तों एवं निचले स्तर पर गरीब, वंचित शोषित लोगों की उज्जवला योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत योजना के तहत मदद करने के कारण लोगों की तकदीर व तस्वीर बदली है। सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के लक्ष्य को लेकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेई, लालकृष्ण आडवाणी के अथक प्रयासों से आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह के नेतृत्व में 12 राज्यों में भाजपा की सरकारें बनी है। मधुसूदन यादव ने बताया कि सभी 20 मंडलों के सभी बूथों में भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया। साथ ही हजारों की संख्या में सक्रिय कार्यकर्ताओं ने अपने घरों में भाजपा का ध्वज लगाया एवं बूथ अध्यक्ष के घर भाजपा की नेम प्लेट भी लगाई गई। साथ ही प्रातः 10.30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सारगर्भित उद्बोधन को सुनने का लाभ भी कार्यकर्ताओं को मिला।
मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह एव सांसद संतोष पांडे ने अपने क्षेत्र में एक बूथ में पहुंचकर पेंड्री वार्ड में संजय रात्रे के नाम से बूथ अध्यक्ष की नेम प्लेट उसके घर पर लगाई और सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन भी किया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, पुरुषोत्तम गांधी, किशुन यदु, रविंद्र वैष्णव, उज्जवल कसेर, रघुवीर वाधवा, अरुण शुक्ला, कमल सोनी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।