‘तेरा राज नहीं आएगा रे’ पुस्तक का विमोचन, नक्सलवाद के अंत के बाद बस्तर के नवनिर्माण और समृद्धि का रखा रोडमैप
रायपुर, । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि चार दशकों तक नक्सलवाद का दंश झेलने वाला बस्तर अब विकास की नई उड़ान भरने जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बस्तर को देश का सबसे सुंदर, विकसित और समृद्ध आदिवासी संभाग बनाया जाएगा। वे रायपुर में आयोजित ‘तेरा राज नहीं आएगा रे’ पुस्तक के विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है, जिससे बस्तर में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘बस्तर रोडमैप 2.0’, नियद नेल्ला नार योजना और बस्तर मुन्ने अभियान के माध्यम से शासकीय योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।
श्री साय ने कहा कि बस्तर में बंद पड़े 421 स्कूलों को फिर से शुरू किया गया है, स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लाखों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है और आने वाले तीन वर्षों में जनजातीय परिवारों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटन, कृषि, लघु वनोपज, पशुपालन और सहकारिता के माध्यम से क्षेत्र को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पुस्तक को वर्षों के शोध और जमीनी अध्ययन का परिणाम बताया, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद एक विचारधारा के रूप में आया था, जिसे लोकतंत्र और विकास की शक्ति से पराजित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पुस्तक के लेखकों राजीव रंजन प्रसाद और रचना नायडू को बधाई देते हुए कहा कि यह कृति नक्सलवाद के दौर, उसके दुष्परिणामों और उससे मुक्ति के संघर्ष को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दस्तावेज बनेगी।