Print this page

सनौद पुलिस की दो मामलों में कार्रवाई, चोरी के सोने समेत दो आरोपी गिरफ्तार

  • doing of business

27.94 लाख नहीं, 2.79 लाख रुपये का सोना बरामद; सीम एक्टिवेशन के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में मोबाइल जब्त

बालोद। थाना सनौद पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। पुलिस के अनुसार, एक मामले में घर से चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं, जबकि दूसरे मामले में ग्राहकों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक का इस्तेमाल कर एक ही ग्राहक के नाम पर कई सिम एक्टिवेट करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

घर से चोरी किए सोने के आभूषण बरामद

पुलिस के मुताबिक ग्राम अरकार निवासी ज्योति साहू ने 9 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनके घर में प्रवेश कर 13 ग्राम का सोने का गुलबंद, 10 ग्राम की एक जोड़ी झुमकी और 5 ग्राम के एक जोड़ी टॉप्स, कुल 28 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गया है। मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए भिलाई से रामअवतार सिंह पिता शंकर पाल सिंह, उम्र 37 वर्ष, निवासी रुस्तमगढ़, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), वर्तमान पता शारदा पारा, वैकुंठ धाम कैंप-2, भिलाई, को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने ग्राम अरकार में हुई चोरी में संलिप्तता स्वीकार की और उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के तीनों प्रकार के आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल कीमत पुलिस ने 2,79,450 रुपये बताई है। आरोपी को 2 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

ग्राहक के नाम पर चार सिम एक्टिवेट करने का आरोप

दूसरे मामले में थाना सनौद पुलिस ने ग्राहकों को सिम पोर्ट कराने और एक्टिवेट करने के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में रोशन लाल देवांगन पिता राजेन्द्र देवांगन, उम्र 29 वर्ष, निवासी डिपरापारा वार्ड क्रमांक 39, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम भरदाखुर्द निवासी जीवन लाल निषाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी 2024 को ग्राम सनौद में एयरटेल नंबर को वोडाफोन आइडिया कंपनी में पोर्ट कराने के लिए आधार कार्ड उपलब्ध कराया गया था। आरोप है कि इसी दौरान लाइव फोटो और बायोमेट्रिक के माध्यम से शिकायतकर्ता के आधार का इस्तेमाल करते हुए उसके नाम पर अन्य सिम नंबर एक्टिवेट किए गए।

मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 47/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420 तथा दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान रोशन लाल देवांगन के रूप में की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2023 से एयरटेल तथा वर्ष 2024 में वोडाफोन आइडिया कंपनी में एजेंट के रूप में कार्य कर रहा था। आरोप है कि ग्राहकों के फिंगरप्रिंट और आधार कार्ड का उपयोग कर एक ही ग्राहक के नाम से चार सिम एक्टिवेट किए गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

दोनों मामलों की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनसिंह सोरी, सउनि नंद कुमार साहू, प्रधान आरक्षक 644 हिरदेराम कोलियारा, आरक्षक दमन वर्मा, टिकेन्द्र कुमार सोरी, गौकरण यादव और गोविन्द साहू सहित साइबर सेल प्रभारी सउनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक मिथलेष यादव एवं पूरन देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ