Print this page

राज्योत्सव में परिवहन विभाग की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, मौके पर बन रहे निःशुल्क बस पास

  • doing of business

80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और पात्र दिव्यांगजनों को 100 प्रतिशत किराया छूट, सड़क सुरक्षा और ग्रामीण बस सेवा की योजनाओं की भी मिल रही जानकारी

रायपुर, शौर्यपथ। नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में परिवहन विभाग की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। ‘सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा’ थीम पर आधारित प्रदर्शनी में विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों के मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के निःशुल्क पास मौके पर ही बनाए जा रहे हैं।

योजना के तहत नेत्रहीन एवं बौद्धिक दिव्यांगजन, दोनों पैरों से चलने में असमर्थ दिव्यांगजन, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक और एचआईवी-एड्स प्रभावित व्यक्तियों को यात्रा में 100 प्रतिशत किराया छूट दी जाती है। उनके एक सहायक को भी यह सुविधा मिलती है। दस्तावेज सत्यापन के बाद तत्काल पास जारी किए जा रहे हैं।

प्रदर्शनी में सड़क सुरक्षा के पांच प्रमुख नियमों—हेलमेट, सीट बेल्ट, नशे में वाहन नहीं चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करना और नियंत्रित गति बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को सात दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये के कैशलेस उपचार तथा आपातकालीन हेल्पलाइन 108 और 112 की जानकारी दी जा रही है।

विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के प्रथम चरण में बस्तर और सरगुजा संभाग में 100 बसें चलाने का लक्ष्य है। वहीं प्रदेश में 16 ड्राइविंग प्रशिक्षण केंद्रों को अनुमति दी गई है तथा अब तक 6,278 वाहनों की स्क्रैपिंग की जा चुकी है। इनमें 3,336 शासकीय वाहन शामिल हैं।

प्रदर्शनी देखने पहुंचे ग्राम तुलसी निवासी अमन श्रीवास ने मौके पर निःशुल्क बस पास बनाने की सुविधा को बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी बताया।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ