Print this page

बेमेतरा में पहली बार कोदो, कुटकी और रागी की समर्थन मूल्य पर होगी खरीदी, किसानों को मिलेगा नया बाजार

  • doing of business

रागी का 5,205, कुटकी का 3,350 और कोदो का 3,200 रुपये प्रति क्विंटल तय हुआ समर्थन मूल्य; 30 दिसंबर तक पंजीयन अनिवार्य

बेमेतरा / शौर्यपथ / जिले के किसानों के लिए फसल विविधीकरण और अतिरिक्त आमदनी का नया अवसर खुलने जा रहा है। खरीफ वर्ष 2026 में पहली बार बेमेतरा जिले में कोदो, कुटकी और रागी जैसी लघु धान्य फसलों की खरीदी मार्कफेड के माध्यम से चयनित उपार्जन केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर की जाएगी। इस व्यवस्था से धान के अलावा मोटे अनाज की खेती करने वाले किसानों को भी अपनी उपज का निर्धारित मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

कृषि विभाग के अनुसार शासन ने इन फसलों के समर्थन मूल्य निर्धारित किए हैं। इसके तहत रागी का 5,205 रुपये, कुटकी का 3,350 रुपये और कोदो का 3,200 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य तय किया गया है।

30 दिसंबर तक कराना होगा पंजीयन

समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के लिए किसानों को एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 30 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। कृषि विभाग ने किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर पंजीयन कराने की अपील की है। पंजीयन और प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा नजदीकी कृषि कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

कम पानी में खेती, आय के अतिरिक्त अवसर

कोदो, कुटकी और रागी जैसी लघु धान्य फसलें अपेक्षाकृत कम पानी में भी उगाई जा सकती हैं। स्थानीय मिट्टी और मौसम के अनुकूल इनकी खेती किसानों के लिए धान के विकल्प के रूप में उपयोगी हो सकती है। इससे फसल विविधीकरण के साथ जल संरक्षण और टिकाऊ कृषि को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

पोषण और बाजार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण

लघु धान्य फसलें पोषण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। इनमें आहार रेशा सहित कई उपयोगी पोषक तत्व पाए जाते हैं। विशेष रूप से रागी कैल्शियम का अच्छा स्रोत है। इनसे पारंपरिक एवं आधुनिक खाद्य उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। बढ़ती मांग के बीच इनके प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

जिले में पहली बार समर्थन मूल्य पर खरीदी की व्यवस्था शुरू होने से लघु धान्य उत्पादक किसानों को विपणन का एक नया माध्यम मिलेगा। कृषि विभाग ने किसानों से अपनी भूमि और सिंचाई की उपलब्धता के अनुसार इन फसलों की खेती अपनाने तथा निर्धारित समय-सीमा में एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कराने की अपील की है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ