राजनांदगांव / शौर्यपथ / तुमड़ीबोड के तिलइरवार में एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दोनों ही गुरुवार से लापता था। घर में किसी को कुछ बताया भी नहीं था। शनिवार की शाम दोनों की लाश गांव से लगे एक खेत के पेड़ पर लटकी मिली। जिसे देख ग्रामीण हतप्रभ रह गए। गांव में जब इसकी खबर फैली तो घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तुमड़ीबोड़ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
घटना बीते शाम की है। जब गांव के कुछ ग्रामीणों ने आते-जाते समय पेड़ पर लटके प्रेमी युगल की लाश देखी। जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। गांव वालों के साथ सरपंच भी वहां पहुंचे। तुमड़ीबोड़ पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मृतकों की जानकारी ली। जिसमें दोनों की पहचान गांव के 21 वर्षीय कमलेश पटेल और मारगांव की 20 वर्षीय शोहद्रा महिलांगे के नाम से पहचान की गई। मारगांव और तिलइरवार दोनों ही गांव आसपास ही है। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, लेकिन जात-पात को लेकर दोनेां के स्वजन इसके खिलाफ थे। ग्रामीणों ने भी बताया कि दोनों ही गांवों में इसकी खबर थी। गांव वालों ने कहा कि शायद अंतर जाति के कारण शादी नहीं होने की वजह से दोनेां ने अपनी इहलीला समाप्त कर ली हो। हालांकि कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।
तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी के प्रभारी रितेश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों का शव उनके स्वजनों को सौंप दिए हैं। मामले में दोनों के स्वजनों का बयान लिया जाएगा। इसके बाद ही परिस्थिति क्लीयर होगी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।