अब तक 12 हजार लोग कोविड वैक्सीनेशन के प्रथम खुराक से टीकाकृत
राजनांदगांव / शौर्यपथ / कोविड वैक्सीनेशन हेतु जिले में प्रथम चरण में अब तक कुल 15018 हेल्थ केयर वर्कर समूह का पंजीयन भारत सरकार के कोविन पोर्टल पर किया गया है। जिनमें से राजनांदगांव जिले में अभी तक कुल 12 हजार लोग कोविड वेक्सीनेशन के प्रथम खुराक से टीकाकृत किये जा चुके है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण के लिए चिन्हांकित फ्रंट लाईन वर्कर बटालियन, पीटीएस, पुलिस एवं आईटीबीपी के जवानों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। राजनांदगांव जिले अंतर्गत कोविन पोर्टल पर कोविड वैक्सीनेशन पंजीकृत ऐसे अधिकारी-कर्मचारी जो कि आज दिनांक तक कोविड टीका के प्रथम खुराक से टीकाकृत नहीं हुए हैं वे तत्काल नजदीकी कोविड टीकाकरण केन्द्र में जाकर कोविड टीका के प्रथम खुराक लगवायें।
उल्लेखनीय है कि जिले के कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक डी श्रवण भी कोविड टीका के प्रथम खुराक से टीकाकृत हो चुके हैं। डॉ. मिथलेश चौधरी ने बताया कि राजनांदगांव जिले में अभी तक कुल 12 हजार लोगों को कोविड वेक्सीनेशन के प्रथम खुराक से टीकाकृत किया जा चुका है, जिनमें किसी भी टीकाकृत लाभार्थियों में कोई भी प्रकार की गंभीर प्रतिकूल प्रभाव के प्रकरण दर्ज नहीं हुए हंै। कोविड वेक्सीन पूर्णत: सुरक्षित एवं प्रभावी है। विभाग द्वारा समस्त कोविड वेक्सीनेशन सेंटरों में आपातकालीन स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक चिकित्सकीय अमलों की उपलब्धता करायी गई है।
शासन द्वारा हेल्थ वर्कर्स समूह का निर्धारण किया गया है जिसमें अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारी, नर्स एवं सुपरवाईजर्स, चिकित्सा अधिकारी, पैरामेडिकल स्टाफ, सहयोगी कर्मचारी, मेडिकल एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्रा शासकीय एवं अशासकी चिकित्सकीय संस्था के लिपिकीय एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रथम चरण में शामिल किया गया है। सभी पंजीकृत हेल्थ केयर वर्कर्स को कोविड वैक्सीनेशन हेतु निर्धारित सत्र स्थल में आकर वैक्सीनेशन कराने एवं कोरोना महामारी के नियंत्रण में भागीदारी निभाने हेतु अपील किया गया है।