राजनांदगांव / शौर्यपथ / कोरोना काल में बेहतरीन कार्य करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों को स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा हमारे नायक के रूप में ब्लॉग लिख कर सम्मानित किया जाता है। इसी कड़ी में छुरिया ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले स्वर्गीय विशेश्वर प्रसाद यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिचोला में कक्षा बारहवीं के छात्र झमेश्वर प्रसाद साहू ने हमारे नायक के रूप में चयनित हो कर छुरिया ब्लॉक के साथ-साथ राजनांदगांव जिले का भी मान बढ़ाया है। स्कूल शिक्षा विभाग के ब्लॉग लेखक श्री शेख अफजल ने बताया कि झमेश्वर प्रसाद साहू अब तक 200 से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में शामिल हो कर अपनी प्रतिभा दिखा चुके है। इसके अलावा वे बहुत से मुद्दे पर रिसर्च पेपर तैयार कर चुके हंै। झमेश्वर प्रसाद साहू ने बताया कि उनकी इस कामयाबी में उनके पिता श्री मीनू राम साहू, माता श्रीमती भारती साहू और शिक्षक श्री धनेश राम सिन्हा का बहुत ही उल्लेखनीय योगदान है। शिक्षक श्री धनेश राम सिन्हा ने झमेश्वर प्रसाद साहू की प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले सेमिनार में शामिल होने की सलाह दी। झमेश्वर प्रसाद साहू नाटक के माध्यम से लोगों में जागरूकता पैदा करने का काम भी कर रहे है।
स्वर्गीय विशेश्वर प्रसाद यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चिचोला के छात्र झमेश्वर प्रसाद साहू का हमारे नायक के रूप में चयनित होने पर जिला शिक्षा अधिकारी हेतराम सोम, डीएमसी भूपेश साहू, एपीसी सतीश ब्यौहरे एवं सभी विद्यालयीन स्टाफ चिचोला ने बधाई देते हुए इस होनहार छात्र के उज्जवल भविष्य की कामना की। चिचोला के ग्रामवासी भी झमेश्वर प्रसाद साहू की इस उपलब्धि से गौरवान्वित है और आशा करते हैं कि छात्र झमेश्वर प्रसाद साहू निरंतर कामयाबी की सीढ़ी चढ़ते हुए राजनांदगांव जिले के साथ-साथ प्रदेश एवं देश का नाम रौशन करेंगे।