Print this page

माइक्रोप्लान तैयार, अब 95 केंद्रों में किया जा रहा कोरोना टीकाकरण , जिले में दो दिनों में सर्वाधिक 14,041 लोगों ने लगवाना टीका

  • doing of business

कवर्धा / शौर्यपथ / कोरोना टीकाकरण का लाभ दूरस्थ ग्रामीण अंचल तक आसानी से पहुंच सके, इसके लिए जिले में अब माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। इसके अनुरूप एसडीएमए जनपद सीईओ और तहसीलदारों को मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही टीकाकरण की निगरानी खुद कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और सीएमएचओ द्वारा की जाएगी।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में टीकाकरण केंद्रों की संख्या भी 45 से बढ़ाकर अब 95 की गई है। जिसके परिणाम स्वरूप टीकाकरण की गति भी अब तेज हो गई है। कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार मंडल द्वारा लगातार अपील की जा रही है कि, 45 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के सभी लोग नजदीकी कोरोना टीकाकरण केंद्र में जाकर जल्द से जल्द अपना टीकाकरण कराएं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार मंडल ने बताया, जिले में टीकाकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने के बाद पहले तथा दूसरे दिन क्रमशः कवर्धा विकासखंड में ही 2,229 व 2,675, बोड़ला में 972 व 1,648, सहसपुर लोहारा में 1,869 व 1,314 तथा पंडरिया में 2,031 व 1,256 लोगों का टीकाकरण किया गया है। इसके अलावा निजी अस्पताल में 47 लोगों ने टीकाकरण कराया हैश्।
उन्होंने बताया, कोरोना संक्रमण की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हम सभी को सजग रहने की आवश्यकता है। कोरोना टीकाकरण का लाभ दूरस्थ ग्रामीण अंचल तक आसानी से पहुंच सके, इसके लिए कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में माइक्रोप्लान भी तैयार किया गया है। इसके तहत आगामी दिनों में भी टीकाकरण केंद्रों की संख्या को और बढ़ाकर टीकाकरण का दैनिक लक्ष्य बढ़ाने की योजना है, ताकि जल्द से जल्द अधिक से अधिक संबंधित लोगों को टीकाकरण का लाभ मिल सके व कोरोना प्रसार को रोकने में मदद मिल सके। टीका लगवाने के लिए लाभार्थी को अपना आधार कार्ड अथवा परिचय पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना जरूरी है।
बाक्स...
बैंकों में भीड़ नियंत्रण, मॉस्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य
कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा बैंकर्स व बैंक संचालित बिल्डिंग के मालिकों की भी बैठक ली गई और कोरोना नियंत्रण के विषय में व्यापक चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि भीड़ को प्रॉपर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए सभी बैंकों की परिधि में दो गज की दूरी के मुताबिक गोल बनाया जाए। बिना मॉस्क के किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए व हैंडवाश अथवा सेनेटाइजर की व्यवस्था अनिवार्यतः रखी जाए। उन्होंने लंबी लाइन होने की स्थिति में लोगों को धूप से बचाने के लिए आवश्यकतानुसार बैंक की ओर से छाया के लिए टेंट की व्यवस्था करने के लिए कहा। इसके साथ ही बैंक आने वालों का कोरोना टेस्ट अनिवार्य करने, बैंक के सभी कर्मचारियों द्वारा अनिवार्य रूप से मॉस्क लगाए जाने व कोरोना गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ