बेमेतरा / शौर्यपथ / नवागढ़ शहर सहित अंचल में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना मरीज सामने आ रहे हैं। कोरोना की रोकथाम के लिए प्रशासन ने पूरे जिले में लॉकडाउन लगाया है ताकि संक्रमण बढ़ने से रोका जा सके लेकिन कुछ व्यापारी ऐसे हैं जो लगातार लापरवाही बरतकर चोरी छिपे सामान बेच रहे हैं दुकानों के शटर तो बंद किए हैं लेकिन दो व्यक्ति अंदर ओर एक व्यक्ति बाहर रहता है। जो व्यवसाय करने में सहायक बनता है। इस दौरान ग्राहक ओर दुकानदार दोनों ही न तो मास्क लगा रहे हैं न ही सोशल डिस्टेंस का पालन कर रहे हैं ऐसे में संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। व्यापारियों ने शटर बंद किए हुए हैं लेकिन अंदर से व्यापार चालू हैं। कुछ व्यापारी प्रशासन की नाक में धूल झोंककर अपनी दुकानों के शटर खोलकर व्यापार व्यवसाय गुपचुप तरीके से करने में लगे हुए हैं जिनमें कई किराना, डेयरी, बिजली उकरण, हार्ड वेयर, कपड़ा व्यापारी साथ ही कुछ अन्य दुकानदार अन्य सामग्री बेचने में संकोच नहीं कर रहे हैं। यह चुपचाप तरीके से दुकानों के बाहर बैठे रहते हैं कुछ लोग थोड़ी शटर को उठाकर सामान बेच रहे हैं जिसके चलते ठेलो आदि में छोटे व्यवसाय करने वाले व्यापारियों को नुकसान हो रहा है। नवागढ़ सीएमओ डीएल बर्मन ने ऐसे व्यापारियों की जांच करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि लोगों की सुरक्षा के लिए ही लॉकडाउन लगाया है जो व्यापारी लापरवाही बरतेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जवान के बाद अब पुजारी संक्रमित
शनिवार को नवागढ़ थाने से एक जवान के संक्रमित पाए जाने के बाद सभी पुलिस स्टाफ ने सोमवार को कोरोना टेस्ट कराया तो सभी निगेटिव पाए गये लेकिन थाना परिसर के मन्दिर का पुजारी के संक्रमित होने से पुनः थाना क्षेत्र कोरोना के दायरे में आ गया है. थाना प्रभारी आरपी सिंह से बताया कि फ़िलहाल सभी जवान डिस्टेंस बनाकर कार्य कर रहे है, कुछ दिन बाद इनका पुनः टेस्ट किया जायगा.
वैक्सीन की कमी के चलते नही लगा टिका
कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए एक ओर लोग कोरोना का टीका लेने के लिए आगे आ रहे हैं, तो दूसरी ओर वैक्सीन की कमी होने लगी है। इससे टीकाकरण अभियान को झटका लगा है। जबकि पहले जब लोग वैक्सीन को लेकर उतना गंभीर नहीं थे तो वैक्सीन की कमी नहीं थी। मिली जानकारी के अनुसार नवागढ़ वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीन खत्म होने से सेंटर को फिलहाल के लिए बंद रखना पड़ा है। नवागढ़ में कोरोना वैक्सीन का स्टाक खत्म होने से सेंटर मंगलवार को बंद रहा। बीपीएम सीके देवांगन ने कहा कि फ़िलहाल वैक्सीन का स्टाक खाली हो गया है, जिला अस्पताल से वैक्सीन की मांग की गई है. फ़िलहाल 07 कोरोना मरीजो को नवागढ़ कोविड केयर अस्पताल मे इलाज चल रहा है.
संक्रमित के घर के आसपास को किया सेनेटाइज
नवागढ़ नगर पंचायत के द्वारा कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए नगर पंचायत अंतर्गत कोरोना संक्रमित मरीज के घर आसपास बैरीगेटिंग लगाकर सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया। वही नगर में आवश्यक सेवाओं को छोडकर पूरी दुकानें बंद रही। सड़क पर घूमने वालों से पुलिस पूछताछ करती नजर आई। मुख्य बस स्टैंड सहित गौरव पथ में भी सन्नाटा पसरा रहा। वही बिना मास्क लगाये घूम रहे लोगो पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम द्वारा चालान भी काटे गये.