Print this page

लाल चर्च में वार्षिक शांति महोत्सव का शुभारंभ, क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और एकता का संचार

  • Ad Content 1

जगदलपुर, शौर्यपथ। बस्तर जिले के ऐतिहासिक चंदैया मेमोरियल मेथोडिस्ट एपिस्कोपल चर्च, जिसे स्थानीय लोग लाल चर्च के नाम से भी जानते हैं, में वार्षिक शांति महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो चुका है। हर वर्ष की तरह इस बार भी यह चार दिवसीय आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा, प्रेम और एकता का संदेश फैला रहा है। 9 अक्टूबर की शाम चर्च परिसर में ज्योति प्रज्वलन और विशेष प्रार्थना के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रभु यीशु मसीह के सुसमाचार को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में शांति व विश्वास का माहौल बनाना है।

 

तीन दिन विशाल सभा, 12 अक्टूबर को विशेष आराधना

महोत्सव के तहत 9, 10 और 11 अक्टूबर को लाल चर्च परिसर के हैरल्ड चेपल मैदान में प्रतिदिन सायं विशाल सुसमाचार सभाएँ आयोजित की जा रही हैं, जबकि 12 अक्टूबर को चर्च के भीतर विशेष आराधना की जाएगी। इस वर्ष मुंबई से आए प्रेरित विल्सन फर्नाडिस मुख्य वक्ता के रूप में प्रभु का वचन प्रचारित कर रहे हैं। महोत्सव का विषय लूका रचित सुसमाचार 10:2 पर आधारित है — “पके खेत बहुत हैं, परंतु मजदूर थोड़े हैं, इसलिए खेत के स्वामी से विनती करो कि वह अपने खेत काटने को मजदूर भेज दे।”

 

उत्साह और एकता का माहौल

प्रचार समिति की अध्यक्षा श्रीमती अल्पना जॉन ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष की तरह इस बार भी अत्यंत उत्साहपूर्ण है। कलीसिया के बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों की संयुक्त भागीदारी से पूरा वातावरण सेवा, समर्पण और एकता से भरा हुआ है।

बस्तर जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस महोत्सव में शामिल हो रहे हैं। सभी मिलकर प्रभु की आराधना, स्तुति और महिमा कर रहे हैं तथा नई आध्यात्मिक शक्ति और आशीषें लेकर लौट रहे हैं।

 

विशेष प्रार्थनाओं के विषय

इस महोत्सव में विशेष प्रार्थनाएँ की जा रही हैं—

1. सुसमाचार सारे जगत में पहुँचे

2. महोत्सव में पवित्र आत्मा की उपस्थिति बनी रहे

3. वक्ता सामर्थी प्रचार करें

4. पास्टर्स, अगुवे एवं वर्शिप टीम के लिए

5. आयोजन का उद्देश्य पूर्ण हो और प्रभु को महिमा मिले

6. उत्तम मौसम एवं अनुकूल वातावरण के लिए

7. सभी प्रबंधों व आयोजकों के लिए

8. अंतिम दिनों की जागृति के लिए

9. आत्माएँ बचाई जाएँ और प्रभु का राज्य बढ़े

यह शांति महोत्सव न केवल चर्च समुदाय के लिए, बल्कि पूरे जगदलपुर शहर के लिए शांति, विश्वास और सकारात्मकता का संदेश लेकर आया है।

Rate this item
(1 Vote)
Naresh Dewangan

Latest from Naresh Dewangan