Print this page

बाल अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक हुए विद्यार्थी, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की दिलाई गई शपथ

  • doing of business

जगदलपुर, शौर्यपथ। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांडापारा, विकासखंड जगदलपुर में 26 अक्टूबर को बाल संरक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परामर्शदाता श्रीमती रंजीता देवांगन एवं ओआरडब्ल्यू ललिता बघेल ने छात्र-छात्राओं को मिशन वात्सल्य योजना सहित बाल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों की जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों, बाल श्रम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा बाल अधिकारों के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों को बताया गया कि जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से वे स्वयं की सुरक्षा करने के साथ दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा किसी भी प्रकार के शोषण एवं अपराध के प्रति सजग बनाना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहयोग देने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल विवाह रोकने, बाल अधिकारों का सम्मान करने तथा सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Rate this item
(0 votes)
शौर्यपथ

Latest from शौर्यपथ