गांधी चौक से बनियापारा तक सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, व्यापारियों से कहा– सड़क पर नहीं, डस्टबिन में डालें कचरा; सभी 60 वार्डों में चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता अभियान
दुर्ग, शौर्यपथ। दीपावली पर्व के मद्देनजर दुर्ग नगर निगम प्रशासन ने शहर के बाजारों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार सुबह निगम आयुक्त लीना कोसम ने गांधी चौक से इंदिरा मार्केट होते हुए बनियापारा तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और नालियों की स्वच्छता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि दुकानों से निकलने वाले कचरे को सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में एकत्रित करें और निगम के कचरा संग्रहण वाहन को ही सौंपें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी की सामूहिक जवाबदेही भी है।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार दीपावली को देखते हुए शहर के सभी 60 वार्डों में विशेष सफाई अभियान के तहत सफाई और नालियों की सफाई कराई गई है। वहीं इंदिरा मार्केट सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
आयुक्त लीना कोसम ने संबंधित अमले को बाजार क्षेत्रों में नियमित सफाई, कचरे का समय पर उठाव और नालियों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अब देखने वाली बात होगी कि निरीक्षण के दौरान दिए गए ये निर्देश दीपावली तक बाजारों की धरातलीय व्यवस्था में कितनी प्रभावी तरह से दिखाई देते हैं।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।