रायपुर / शौर्यपथ।
इस्पात गोदावरी हादसे से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों और घायलों से संवेदना व्यक्त करने आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुलाकात की। दोनों नेताओं ने नारायणा हॉस्पिटल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रथम दृष्टया इंडस्ट्रियल सेफ्टी एक्ट का पालन नहीं किया गया था। कंपनी प्रबंधन की स्पष्ट लापरवाही सामने आ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उद्योग विभाग और श्रम विभाग मौजूद हैं, तो औद्योगिक सुरक्षा की अनदेखी कैसे हो रही है?
बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की मांग करती है।
? मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
? घायलों को 50 लाख रुपये और पूर्ण इलाज की व्यवस्था मिले।
? घटना की निष्पक्ष जांच कर कंपनी प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज की जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं औद्योगिक क्षेत्रों में प्रबंधन की बेलगाम कार्यशैली और सरकारी उदासीनता का परिणाम हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा।
यह हादसा न केवल सुरक्षा मानकों पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि प्रदेश में उद्योगों के संचालन पर निगरानी कितनी ढीली है। पीड़ित परिवार अब सरकार और प्रशासन से न्यायपूर्ण कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रहे हैं।