प्रदेश के 38 स्थानों पर विकसित होंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’, तेलीबांधा भी सूची में शामिल; दुर्ग में महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त होगी जारी
रायपुर, । राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है और न ही उसके मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ होगी। प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिनमें तेलीबांधा चौक भी शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा। इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस विषय में किसी तरह का भ्रम न रखें।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत होंगे कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।
दुर्ग को विकास कार्यों की सौगात, महतारी वंदन की 32वीं किस्त जारी होगी
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि वे दुर्ग में आयोजित ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस अवसर पर दुर्ग जिले को विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।