खेल / शौर्यपथ /पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रविवार से शुरू हुए टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के मेंटॉर की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। टी20 वर्ल्ड कप में भारत को अपना पहला मुकाबला 24 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। उससे पहले टीम इंडिया को दो वार्म-अप मैच भी खेलने हैं। भारतीय टीम को अपना पहला अभ्यास मैच आज इंग्लैंड से और दूसरा बुधवार को ऑस्ट्रेलिया से खेलना है। धोनी को टीम इंडिया का मेंटॉर बनाए जाने को लेकर अब सरहद पार से बड़ा बयान आया है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर सलमान बट्ट ने कहा है कि धोनी का प्रमुख काम टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को दबाव से बाहर निकालने में मदद करना होगा।
सलमान बट्ट ने अपने यू-ट्यूूब चैनल पर बातचीत करते हुए कहा, 'एमएस धोनी काफी सफल कप्तान और खिलाड़ी रहे हैं। भारतीय टीम के लिए में अपना वह अपना ज्यादा योगदान दे सकते हैं क्योंकि उनके पास काफी अनुभव है। उनके संन्यास लेने के बाद से भारत ने काफी अच्छी क्रिकेट जरूर खेली है लेकिन फाइनल में अपने प्लान को सही तरह से एग्जीक्यूट नहीं कर पाए हैं। वे विनिंग नोट पर फिनिश नहीं कर पाए हैं। धोनी के पास फाइनल मैच जीतने का काफी अनुभव है। भारत यही उम्मीद कर रहा होगा कि धोनी वो अंतर पैदा करें ताकि टीम फाइनल मुकाबला भी जीत सके। इसी वजह से धोनी को टीम का मेंटॉर बनाया गया है।'
धोनी आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स को चैंपियन बनाने के बाद टीम इंडिया के साथ जुड़ गए हैं। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर धोनी के भारतीय टीम से जुड़ने की जानकारी दी है। पूर्व पाकिस्तानी सलामी बल्लेबाज ने कहा, 'उन्होंने हाल में आईपीएल खिताब भी जीता है। सभी ने कहा कि सीएसके एक पुरानी टीम है, खिलाड़ियों को युवा होने की जरूरत है वगैरह। लेकिन धोनी ने फिर भी टीम को चैंपियन बनाया। धोनी हमेशा एक कदम आगे रहते हैं।'