खेल / शौर्यपथ / खिलाफ 4 अगस्त से शुरू हो रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच में हिस्सा लेगी। भारतीय टीम काउंटी चैंपियनशिप इलेवन के खिलाफ यह मुकाबला डरहम में खेलेगी। बीसीसीआई द्वारा मिले 20 दिन के बायो-बबल ब्रेक के बाद भारतीय टीम गुरुवार को फिर से एकजुट होगी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था और उसके बाद से सभी खिलाड़ी क्रिकेट मैदान से दूर ही रहे हैं।
बीसीसीआई ने डब्ल्यूटीसी फाइनल के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों को बायो-बबल से 20 दिन का ब्रेक दिया था, जिसके बाद सभी खिलाड़ी अपनी फैमिली के साथ इंग्लैंड में एन्जॉय करते हुए दिखाई दिए थे। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत फुटबॉल मैच का आनंद लेने पहुंचे थे तो हेड कोच रवि शास्त्री ने भी विंबलडन मैचों का लुत्फ उठाया था। काउंटी चैंपियनशिप इलेवन टीम के खिलाफ तीन दिवसीय प्रैक्टिस मैच की शुरुआत 20 जुलाई से होगी और यह 22 जुलाई तक चलेगा। इस प्रैक्टिस मैच के जरिए भारतीय खिलाड़ी अपनी लय वापिस पाने की कोशिश करेंगे।
भारतीय टीम का टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड में रिकॉर्ड काफी निराशाजनक रहा है। टीम को साल 2018 के दौरे पर टेस्ट सीरीज में 4-1 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, 2014 में भी सीरीज का नतीजा कुछ ऐसा ही रहा था और इंग्लिश टीम ने भारत को 3-1 से शिकस्त दी थी। ऐसे में विराट कोहली की अगुवाई में इस दफा टीम इंडिया इंग्लैंड को उसकी सरजमीं पर पटखनी जरूर देना चाहेगी। हाल ही में भारतीय टीम ने घरेलू टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड को हराया था।