रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किफायती और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर को आवासीय विकास की बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा अटल विहार योजना के अंतर्गत कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार और जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में कुल 51 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी। इन परियोजनाओं में कुल 225 आवासों का निर्माण प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री श्री साय के मार्गदर्शन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से इन योजनाओं को गति मिली है। इनका उद्देश्य विभिन्न आय वर्गों के परिवारों को बेहतर अधोसंरचना और आवश्यक नागरिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार प्रदेश के सभी 33 जिलों में आवासीय योजनाओं के विस्तार पर काम कर रही है।
गिनाबहार में 17.15 करोड़ से बनेंगे 97 आवास
कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में लगभग 7 एकड़ भूमि पर 17 करोड़ 15 लाख 71 हजार रुपये की लागत से आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी। इसके लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। परियोजना में कुल 97 आवास बनाए जाएंगे, जिनमें 91 आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) के लिए निर्धारित हैं।
राज्य शासन ने इस योजना के लिए मंडल को मात्र एक रुपये प्रति वर्गफुट की दर से भूमि उपलब्ध कराई है। पात्र ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों को 80 हजार रुपये और एलआईजी हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। कुनकुरी-बगीचा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस कॉलोनी में आंतरिक सड़कें, सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र और जल निकासी सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बालाछापर में 34.32 करोड़ से विकसित होगी आधुनिक कॉलोनी
जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में लगभग 7 एकड़ भूमि पर 34 करोड़ 32 लाख 25 हजार रुपये की लागत से 128 आवासों वाली कॉलोनी विकसित की जाएगी। इसमें उच्च आय वर्ग के 11, मध्यम आय वर्ग के 20, जूनियर मध्यम आय वर्ग के 4, निम्न आय वर्ग के 55 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 38 आवास शामिल हैं। परियोजना में व्यावसायिक दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के रायगढ़ रोड पर लगभग 200 मीटर की दूरी पर विकसित होने वाली इस कॉलोनी को आधुनिक कवर्ड कैंपस के रूप में तैयार किया जाएगा। यहां बस स्टॉप, सामुदायिक भवन, बॉक्स क्रिकेट, गार्डन, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और व्यावसायिक दुकानों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
अन्य क्षेत्रों में भी आवासीय योजनाओं का विस्तार
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल का उद्देश्य केवल मकान बनाना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न आय वर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किफायती और गुणवत्तापूर्ण आवासीय योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है।
जशपुर जिले के महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम मदनपुर में भी आवासीय योजनाओं के विस्तार की तैयारी है। मंडल के जशपुर स्थित कार्यपालन अभियंता श्री प्रफुल्ल चौरे के अनुसार, ग्राम मदनपुर की आवासीय योजना में बुकिंग जारी है। इसके लिए बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर से शुरू हुई है और प्रथम चक्र की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
किफायती आवास से साकार होगा अपने घर का सपना
जशपुर और कुनकुरी में प्रस्तावित दोनों परियोजनाओं से जिले में आवासीय अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है। आधुनिक सुविधाओं, हरित क्षेत्रों और व्यवस्थित सड़कों से युक्त इन कॉलोनियों के माध्यम से विभिन्न आय वर्गों के परिवारों को अपना घर पाने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए अनुदान की व्यवस्था आवास खरीदने में आर्थिक राहत प्रदान करेगी।