रायपुर / शौर्यपथ। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में बुधवार को सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना से ओतप्रोत ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ एवं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों सहित कुल 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ये संकल्प चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। आने वाली पीढ़ियों को इनसे यह प्रेरणा मिलेगी कि राष्ट्र की प्रगति में सरकार के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प दिलाया। इसके बाद उन्होंने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया तथा बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू हुई यात्रा तेलीबांधा चौक तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
25 वर्ष की जनसेवा को बताया राष्ट्र निर्माण की प्रेरक यात्रा
विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके निरंतर सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होना जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी स्वयं को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं एवं बेहतर भविष्य को केंद्र में रखकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और आज विश्व भारत की बढ़ती सामर्थ्य एवं नेतृत्व क्षमता को स्वीकार कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री श्री मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
सेवा संकल्प अभियान में प्रदेशभर की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रदेशवासियों ने उत्साह और आत्मीयता के साथ की थी। इस अवसर पर डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रदेश की जनता लगातार सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ रही है।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य देश के सामने रखा है। यह केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है। इस लक्ष्य को हासिल करने की क्षमता और सामर्थ्य देशवासियों में है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के दीर्घकालीन विकास की दिशा निर्धारित की है। प्रत्येक क्षेत्र और वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ को मिल रहा सहयोग
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री का दायित्व संभालने से पहले विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के अनेक क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया था। इसलिए वे प्रदेश की भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के साथ-साथ यहां की विकास संभावनाओं से भी भली-भांति परिचित हैं।
उन्होंने कहा कि जब भी छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विषयों पर प्रधानमंत्री श्री मोदी से चर्चा होती है, प्रदेश को अपेक्षा से बढ़कर उनका सहयोग और मार्गदर्शन मिलता है। उनके मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास के नए अवसरों से जुड़ रहा है और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है।
सिंगापुर दौरे का उल्लेख, वैश्विक अवसरों से जुड़ता छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की सोच है कि देश के राज्य भी दुनिया के विभिन्न देशों के साथ आर्थिक एवं संस्थागत संबंध मजबूत करें और निवेश, तकनीक, कौशल तथा नवाचार के वैश्विक अवसरों का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि इसी दिशा में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ और हरियाणा को प्रथम ‘Singapore-India Network for Growth (SING) Forum-2026’ में भागीदारी के लिए चुना। सिंगापुर प्रवास के दौरान उद्योग जगत, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सिंगापुर के संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति वैश्विक विश्वास तेजी से बढ़ा है और इसका लाभ छत्तीसगढ़ जैसे तेजी से आगे बढ़ते राज्यों को भी मिल रहा है।
‘वी विल डू इट’ के संकल्प से बनेगा विकसित भारत
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘वी विल डू इट’ के उद्घोष का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन देशवासियों के सामूहिक प्रयास से इसे हासिल करना संभव है। विकसित राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करना होगा। जब देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाएगा, तब विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं
सभा को संबोधित करते हुए सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, प्रसन्न एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि देश की सेवा के प्रति उनका समर्पण करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने नागरिकों से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री अनुज शर्मा, श्री इंद्र कुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन कुमार अग्रवाल, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्षगण, श्री यशवंत जैन, श्री अखिलेश सोनी, श्री राम गर्ग सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।