August 06, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    शौर्यपथ

    शौर्यपथ

      रायपुर/सिक्किम - पत्र सूचना कार्यालय , भारत सरकार, रायपुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के पत्रकारों का एक 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सिक्किम के सात दिवसीय अध्ययन प्रवास पर रवाना हो रहा है । इस विशेष प्रेस टूर का उद्देश्य सिक्किम में केंद्र सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और सामरिक महत्व के कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है । 15 से 21 फरवरी तक चलने वाले इस दौरे के दौरान मीडिया टीम सिक्किम की भौगोलिक चुनौतियों के बीच हो रहे इंजीनियरिंग नवाचारों और "विकसित भारत 2047" के लक्ष्यों की दिशा में हो रही प्रगति का दस्तावेजीकरण करेगी ।
    इस प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के प्रमुख मीडिया संस्थानों के 10 वरिष्ठ पत्रकार और पीआईबी रायपुर के एक अधिकारी व एक कर्मचारी शामिल हैं । दल का नेतृत्व सहायक निदेशक श्री सुदीप्त कर और यंग प्रोफेशनल श्री पुरुषोत्तम झा कर रहे हैं । पत्रकारों की सूची में एएनआई से संदीप प्रधान, पीटीआई से टिकेश्वर पटेल, दैनिक भास्कर से प्रमोद कुमार साहू, अमृत संदेश से संजीव कुमार वर्मा, और विस्तार न्यूज से अभिषेक तिवारी शामिल हैं । इसके साथ ही दण्डकारण्य समाचार के टीनकेश्वर तिवारी, दैनिक विश्व परिवार के हरि शंकर सोनी, समवेत शिखर के शंकर चंद्राकर, अमन पथ के रमेश पांडे और बीएसटीवी के अविनाश चंद्रवंशी भी इस अध्ययन यात्रा का हिस्सा हैं ।
    यात्रा के विस्तृत कार्यक्रम के अनुसार, मीडिया टीम सिक्किम की पहली रेल लिंक परियोजना 'सेवोक-रंगपो रेलवे लाइन' का साइट विजिट करेगी, जो अपनी जटिल सुरंग निर्माण कला के लिए जानी जाती है । दल द्वारा सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नाथू ला दर्रा, बाबा मंदिर और त्सोमगो झील का भी दौरा किया जाएगा, जहाँ सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा किए जा रहे बुनियादी ढांचा कार्यों को कवर किया जाएगा । इसके अलावा, आईटीबीपी (ITBP) द्वारा 'थेगु' में विकसित 'वाइब्रेंट विलेज', पेलिंग का प्रसिद्ध स्काईवॉक और भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (BSI) के केंद्रों का भी भ्रमण किया जाएगा । प्रवास के दौरान मीडिया टीम सिक्किम के माननीय राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भी औपचारिक भेंट करेगी, जिसमें राज्य के विकास में केंद्र-राज्य सहयोग पर चर्चा प्रस्तावित है ।

    रायगढ़ में महापौर जीवर्धन चौहान से भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने किया जनादेश का स्मरण

    रायगढ़ / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले वर्ष आज ही के दिन राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में प्राप्त ऐतिहासिक जनादेश जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। यह परिणाम सुशासन, पारदर्शिता और विकास के प्रति जनता की स्पष्ट आस्था की अभिव्यक्ति है।

    मुख्यमंत्री श्री साय आज रायगढ़ प्रवास के दौरान महापौर श्री जीवर्धन चौहान से भेंट कर एक वर्ष पूर्व इसी तिथि को मिले जनादेश को स्मरण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक साधारण चाय विक्रेता से महापौर तक की श्री चौहान की यात्रा लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति और जनता के आशीर्वाद का जीवंत उदाहरण है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार नगरीय निकाय चुनावों में किए गए प्रत्येक वादे को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतार रही है। स्वच्छता, पेयजल, सड़कों, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार में निरंतर और ठोस प्रगति हो रही है।उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में सुशासन की स्थापना, आधुनिक सुविधाओं का विस्तार तथा आम नागरिकों को सरल, सुलभ और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। राज्य सरकार ने शहरी विकास को जन-विश्वास और जन-भागीदारी से जोड़ते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार में नगरीय विकास के क्षेत्र में आवास, स्वच्छता, जल आपूर्ति, सीवरेज, हरित सार्वजनिक परिवहन, डिजिटल सेवाओं तथा आधारभूत अधोसंरचना के विस्तार में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल हुई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बड़ी संख्या में आवास पूर्ण किए गए हैं और नए लक्ष्यों पर तेजी से कार्य जारी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग तथा राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कारों के माध्यम से प्रदेश के नगरीय निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मिशन अमृत 2.0 के जरिए जल प्रदाय एवं सीवेज परियोजनाओं को नई गति मिली है। वहीं, पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से शहरों में आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया गया है। 15वें वित्त आयोग तथा मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के माध्यम से नगरीय अधोसंरचना को सुदृढ़ किया गया है।

    उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए नालंदा परिसर जैसे आधुनिक अध्ययन केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही “मोर संगवारी सेवा” और विभिन्न ई-गवर्नेंस प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन समन्वित प्रयासों से नगरीय क्षेत्रों में सुशासन, पारदर्शिता और जनसुविधाओं का दायरा निरंतर सशक्त हो रहा है।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी महापौरों एवं नगरीय निकाय प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि विकास, विश्वास और जवाबदेही के इस संकल्प को हम और अधिक मजबूत करते हुए प्रदेश के शहरों को समृद्ध, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सतत कार्य करते रहेंगे।

      बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत बेलगहना चौकी क्षेत्र में निर्णायक कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम ने सुनियोजित तलाशी अभियान के दौरान 300 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के समक्ष प्रस्तुत किया है।
    प्राप्त प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवचरण वैष्णव (50 वर्ष), निवासी ग्राम कोंचरा के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी लेने पर आरोपी के घर से कुल 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त नशीले पदार्थ की तौल में प्रयुक्त होने वाला तराजू एवं बाट भी जब्त किया गया है। बरामद मादक पदार्थ एवं उपकरणों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 16,000 रुपये आंकी गई है।
    आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में संलिप्त रहा है तथा नशे के अवैध व्यापार से उसका पुराना आपराधिक संबंध रहा है।

    विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत सतत कार्रवाई

    जिले में संचालित विशेष नशा विरोधी अभियान के तहत अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से मुक्त रखने तथा समाज को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से यह अभियान सतत जारी रहेगा।
    अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

    अपराधियों को स्पष्ट संदेश
    बेलगहना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई से नशा तस्करों एवं अवैध कारोबार से जुड़े तत्वों में हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हुई है। पुलिस प्रशासन ने दोहराया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं मादक पदार्थों के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी जा रही है।
    यह कार्रवाई न केवल विधि के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को भी सुदृढ़ करती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबारियों को किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी और भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

    समाज के संगठित और जागरूक होने से विकास को मिलती है मजबूती : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
    कोसमनारा में सामुदायिक भवन विस्तार हेतु 50 लाख रुपये की घोषणा

    रायगढ़ / शौर्यपथ / महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोसमनारा धाम में आयोजित स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि समाज जब संगठित और जागरूक होता है, तब विकास को वास्तविक मजबूती मिलती है। साहू समाज की एकजुटता, शिक्षा और समर्पण प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पूर्व एकमुश्त प्रदान की जाएगी। लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अन्नदाता भाइयों-बहनों की समृद्धि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार किसानों के परिश्रम का सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

    इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री साय ने कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 सत्यनारायण बाबा जी एवं भक्त माता कर्मा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 16 फरवरी 1998 से पूज्य सत्यनारायण बाबा खुले आकाश के नीचे निरंतर तपस्या में लीन हैं। तीनों ऋतुओं में 28 वर्षों से अधिक समय तक साधना करना अत्यंत अद्वितीय और प्रेरणादायक है। यह धाम सामाजिक समरसता, आस्था और भाईचारे का सशक्त प्रतीक बन चुका है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा जी के आशीर्वाद से उन्हें चार बार सांसद रहने का अवसर मिला और आज मुख्यमंत्री के रूप में सेवा का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ एवं बाबा सत्यनारायण से प्रदेशवासियों पर निरंतर कृपा बनाए रखने की कामना की।

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित कर्मा साहू सामुदायिक भवन के ऊपर अतिरिक्त निर्माण के लिए ₹50 लाख की घोषणा की। साथ ही उन्होंने श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से प्रदेशवासियों को अयोध्या सहित देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है।

    समारोह में समाज कल्याण में उत्कृष्ट योगदान के लिए त्रिभुवन साहू, भरत लाल साहू, कपिल नाथ, अरुणा साहू, मनोज साहू एवं वेदराम साहू को सम्मानित किया गया। कोरबा जिला साहू संघ की पत्रिका तथा बाबा सत्यनारायण चालीसा का विमोचन भी किया गया।

    उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज की एकजुटता विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कोसमनारा धाम के विकास हेतु लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नव निर्वाचित जिला साहू संघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

    कार्यक्रम में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, कसडोल विधायक श्री संदीप साहू, जैजैपुर विधायक श्री बालेश्वर साहू, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू, श्री डिग्रीलाल साहू सहित बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नव निर्वाचित पदाधिकारी, बाबा सत्यनारायण की माता हंसमती देवी, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह सहित अन्य अधिकारीगण स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

    महाशिवरात्रि पर बाबा धाम में मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना, 1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास
    मुख्यमंत्री ने सपत्नीक श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना
    प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
    डीएमएफ मद से 1 करोड़ 20 लाख रुपए के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
    मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी महाशिवरात्रि पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं

        रायगढ़ / शौर्यपथ / महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात एक बजे ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश वासियों को महाशिवरात्रि पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
    इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने जिला खनिज न्यास मद के अंतर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, आगंतुकों के विश्राम एवं भोजन के लिए शेड निर्माण, शौचालय परिसर भवन का निर्माण तथा पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण शामिल हैं। उन्होंने इन कार्यों के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि कोसमनारा स्थित यह धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
    उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं। वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके बाद धाम की ख्याति और अधिक बढ़ी। बताया जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत—तीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर रहकर भगवान भोलेनाथ की साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान बन चुकी है।
    इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।

    दैनिक शौर्यपथ महासमुन्द संतराम कुर्रे

    पिथौरा। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर महासमुंद लोकसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने आज पिथौरा स्थित प्राचीन एवं श्रद्धा के केंद्र थानेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं दुग्धाभिषेक किया।

    उन्होंने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर भगवान शिव से क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और समृद्ध भविष्य की कामना की।
    मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। हर-हर महादेव और जय भोलेनाथ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर, रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन कर भगवान शिव की आराधना की। मंदिर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई थी।
    इस अवसर पर श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व आस्था, तप, संयम और श्रद्धा का प्रतीक है। भगवान शिव की कृपा से समाज में सद्भाव, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल की कामना की।

    कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर भक्तिभाव से पूजा-अर्चना कर महाशिवरात्रि पर्व को उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया। मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
    महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पिथौरा थानेश्वर मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

    दुर्ग/शौर्यपथ।
    वर्ष 2026 में भगवान भोलेनाथ की आराधना का परम पावन पर्व महाशिवरात्रि श्रद्धा, भक्ति और विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ 15 फरवरी, रविवार को मनाया जाएगा। हिंदू पंचांग के अनुसार यह पर्व फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को आता है, जिसे शिव-तत्व की सिद्धि की रात्रि माना गया है।
    तिथि एवं शुभ मुहूर्त
    चतुर्दशी तिथि प्रारंभ: 15 फरवरी 2026, सायं 05:04 बजे
    चतुर्दशी तिथि समाप्त: 16 फरवरी 2026, सायं 05:34 बजे
    निशिता काल (महामुहूर्त): 16 फरवरी, रात्रि 12:09 बजे से 01:01 बजे तक
    व्रत पारण: 16 फरवरी, प्रातः 07:00 बजे से 03:24 बजे के मध्य
    चार प्रहर की पूजा का विधान (15–16 फरवरी)
    महाशिवरात्रि पर रात्रि के चारों पहरों में शिव-पूजन का विशेष महत्व है—
    प्रथम प्रहर: सायं 06:11 PM – 09:23 PM
    द्वितीय प्रहर: 09:23 PM – 12:35 AM
    तृतीय प्रहर: 12:35 AM – 03:48 AM
    चतुर्थ प्रहर: 03:48 AM – 07:00 AM
    धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व
    महाशिवरात्रि को भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह का पावन उत्सव माना जाता है। पौराणिक मान्यता है कि इसी रात्रि शिव जी ज्योतिर्लिंग स्वरूप में प्रकट हुए थे। एक अन्य कथा में चित्रभानु शिकारी द्वारा अनजाने में बेलपत्र अर्पण कर शिव-कृपा प्राप्त करने का उल्लेख मिलता है। आध्यात्मिक दृष्टि से यह रात्रि अंधकार और अज्ञान के नाश तथा चेतना के जागरण का प्रतीक है।
    पूजा विधि (संक्षेप में)
    संकल्प: प्रातः स्नान कर व्रत का संकल्प लें।
    अभिषेक: शिवलिंग पर गंगाजल/शुद्ध जल से अभिषेक करें, तत्पश्चात पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद, शक्कर) अर्पित करें।
    अर्पण: बेलपत्र (उल्टा रखकर), धतूरा, भांग, शमी पत्र, सफेद पुष्प अर्पित करें।
    मंत्र जप: ‘ॐ नमः शिवाय’ एवं ‘महामृत्युंजय मंत्र’ का निरंतर जप करें।
    आरती एवं क्षमा प्रार्थना: अंत में शिव आरती कर त्रुटियों हेतु क्षमा याचना करें।
    व्रत के प्रकार
    भक्त अपनी क्षमता अनुसार निर्जला, फलाहार (फल-दूध) अथवा सात्विक (कुट्टू, साबूदाना) व्रत रख सकते हैं।
    आवश्यक सावधानियां
    शिवलिंग की जलहरी उत्तर दिशा की ओर रहे।
    शिव-पूजन में सिंदूर, हल्दी, तुलसी दल और केतकी पुष्प का प्रयोग वर्जित है।
    व्रत पारण निर्धारित मुहूर्त में ही सात्विक भोजन से करें।
    :
    महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, संयम और शिव-तत्व में लीन होने का अवसर है। इस पावन रात्रि में विधिपूर्वक पूजा, जागरण और जप से भक्तों पर महादेव की विशेष कृपा बरसती है। हर-हर महादेव!

      भिलाई / शौर्यपथ / शासकीय नर्सिंग कॉलेज, दुर्ग (स्व. चंदूलाल चंद्राकर शासकीय मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग) की ओर से एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कान्फ्रेंस (हाइब्रिड मोड) का आयोजन 14 फरवरी शनिवार को सुबह 11 बजे से कला मंदिर, सिविक सेंटर भिलाई में किया गया है। आयोजन की चेयरपर्सन और नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. रीमा राजेश ने बताया कि दिन भर चलने वाली इस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न विषयों पर चर्चा और प्रस्तुतिकरण के सत्र होंगे।
    आयोजन सचिव सपना ठाकुर एसोसिएट प्रोफेसर गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग दुर्ग, समन्वयक डॉ. वंदना चौहान एसोसिएट प्रोफेसर गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग दुर्ग,डॉ. ममता शशि साहू एसोसिएट प्रोफेसर गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, दुर्ग,डॉ. कल्पना भूषण जोशी एसोसिएट प्रोफेसर गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग दुर्ग तैयारियों में जुटे हैं।
    इस दौरान विभिन्न सत्रों में प्रमुख रूप से डॉ. नैन्सी फर्नांडीस परेरा एकेडमिक एडवाइजर, एसएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग, वापी, पूर्व प्रिंसिपल, एलटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग एसएनडीटी यूनिवर्सिटी, मुंबई,चेयरपर्सन डॉ. भावना चक्रवर्ती एसोसिएट प्रोफेसर गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, दुर्ग, डॉ. विष्णु रंजीत और रंजुला यशोधरन, डॉ. जिबी जॉर्ज सीईओ आदेश्वर ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस, जगदलपुर और डॉ. कल्पना भूषण जोशी एसोसिएट प्रोफेसर, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग, दुर्ग मार्गदर्शन देंगे। समापन समारोह में प्रमाणपत्र वितरण व अन्य आयोजन होंगे।

    34 बंग्लादेशी घुसपैठिये छत्तीसगढ़ आये तो यह मोदी सरकार की नाकामी

    रायपुर/शौर्यपथ / गृहमंत्री विजय शर्मा के द्वारा 2 साल में गृह विभाग की जो उपलब्धियां बताई गई है वह केवल कागजी और मनगढ़त है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि गृह मंत्री प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था के बारे में मौन रहे। राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद आधा दर्जन से अधिक बार जनता बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में सड़को पर उतर कर हिंसक आंदोलन करने को मजबूर हुई है। बलौदाबाजार में एसपी कलेक्टर कार्यालय जला दिये गये, कवर्धा में एक व्यक्ति को जिंदा जला दिया गया, तमनार, बलरामपुर, सूरजपुर में जनता ने बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था के खिलाफ सड़कों पर उतरी, जब गृह मंत्री प्रेस कांफ्रेंस लेकर अपनी पीठ थपथपा रहे थे तो कोण्डागांव में लोग हिंसक आंदोलन कर रहे थे।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि गृह मंत्री कहते है उन्होंने 34 बंग्लादेशी नागरिकों को प्रदेश से बाहर निकाला, उनकी केंद्र सरकार कहती है देश में कोई घुसपैठिये नहीं है। सही कौन बोल रहा, मोदी सरकार या विजय शर्मा? देश में 12 सालों से भाजपा की सरकार है। ऐसे में देश के हृदय स्थल में घुसपैठियों का पहुंचना क्या केंद्र की मोदी सरकार की नाकामी नही है?

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। अपराधिक घटनाओं को रोक पाने में सरकार असफल साबित हो रही है। लूट, हत्या, बलात्कार, चाकूबाजी की घटनाएं विचलित करने वाली है। भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य में महिलायें असुरक्षित हो गयी है। प्रदेश में रोज 8 बलात्कार घटनाएं हो रही है। सरकार समझ नहीं पा रही है कि आपराधिक घटनाओं को कैसे रोका जाये। राजधानी में महीने में 24 रेप हो रहे, 120 चोरियां हो रही, हर दूसरे दिन हत्या हो रहा है।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार के 2 साल के कार्यकाल में प्रदेश में ड्रग्स, अफीम, गांजा, हीरोइन, नकली शराब, अवैध शराब बिना रोक-टोक के गली-गली में बिक रहा है, हर चौक-चौराहा में नशीली वस्तु बेचने वालों का गैंग है, जिसके चलते प्रदेश में आपराधिक घटनाएं भी बढ़ी है। प्रदेश में नशेडिय़ों का जमावड़ा हो गया है। सूर्यास्त होने के बाद जिस प्रकार से नशाखोरी हो रहा है, हर वर्ग नशा की ओर आकर्षित हो रहा है, इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की है। ये सरकार की असफलता है। यह बेहद चिंता का विषय है सरकार इसे रोकने के लिए केवल घोषणाएं करती है, रोक नहीं पाती।

      महासमुंद / आज महासमुंद में आयोजित बजट युवा संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर युवाओं के साथ आगामी बजट की प्राथमिकताओं, रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास एवं आत्मनिर्भर भारत जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
    कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव, विधायक धरसीवां अनुज शर्मा, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक सम्पत अग्रवाल, पूर्व सांसद महासमुंद चुन्नीलाल साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
    युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उनके सुझाव और सहभागिता से ही विकसित भारत के निर्माण की दिशा और अधिक सशक्त होगी।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision