October 10, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ को ₹43,600 करोड़ की निवेश प्रतिबद्धताएं Featured

    • doing of business

    एआई डेटा सेंटर से सौर ऊर्जा और एग्रो प्रोसेसिंग तक निवेश के बड़े प्रस्ताव; कौशल विकास समझौते और वैश्विक साझेदारियों से खुले विकास के नए रास्ते

    रायपुर / शौर्यपथ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय सफल सिंगापुर दौरे के बाद 7 अक्टूबर को रायपुर लौट आया। इस दौरान प्रदेश को कुल ₹43,600 करोड़ की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुईं। सरकार के अनुसार, किसी एक विदेश यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को प्राप्त होने वाली यह अब तक की सबसे बड़ी निवेश प्रतिबद्धताओं में शामिल है। दौरे के दौरान निवेश के साथ-साथ कौशल विकास, डिजिटल अधोसंरचना, कृषि प्रसंस्करण, हरित विकास, पर्यटन और वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाएं तलाशीं गईं।

    भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ में भागीदारी के लिए देश के केवल छत्तीसगढ़ और हरियाणा का चयन किया गया था। सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ ने ₹41,750 करोड़ के एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के निवेश प्रस्ताव के साथ-साथ ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर महत्वपूर्ण एमओयू किया।

    एआई डेटा सेंटर से कृषि प्रसंस्करण तक निवेश

    सिंगापुर की Energy Capital Global (ECG) ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। यह परियोजना आकार लेती है तो छत्तीसगढ़ को देश की उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधुनिक डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिल सकती है।

    इसी क्रम में Sunstream Green Energy Pvt. Ltd. ने सौर ऊर्जा क्षेत्र के साथ 300 मेगावाट की संबंधित बैटरी स्टोरेज एवं कंपोनेंट्स के लिए ₹1,500 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश प्रस्ताव में रुचि दिखाई। वहीं 22 देशों में कारोबार करने वाले वैश्विक एग्रीबिजनेस समूह Valency International Pte Ltd को ₹350 करोड़ के एकीकृत एग्रो, फूड प्रोसेसिंग एवं एक्सपोर्ट हब की स्थापना के लिए निवेश आमंत्रण दिया गया।

    इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादों की वैल्यू चेन मजबूत होने, किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यावसायिक अवसर बढ़ने की संभावनाएं हैं। साथ ही एआई, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक उद्योगों में प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। स्थानीय स्टार्टअप और एमएसएमई को वैश्विक कंपनियों के सप्लायर और बिजनेस पार्टनर के रूप में आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

    उद्योगों की जरूरत के अनुरूप तैयार होंगे युवा

    भविष्य के उद्योगों के लिए प्रदेश के युवाओं को तैयार करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने ITE Education Services, Singapore के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में एमओयू किया। इसके तहत उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम विकसित करने, तकनीकी प्रशिक्षण को मजबूत करने और कौशल से रोजगार तक युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करने पर काम किया जाएगा।

    SING Forum में वैश्विक मंच पर प्रस्तुत हुई छत्तीसगढ़ की विकास क्षमता

    Singapore Business Federation (SBF) द्वारा आयोजित SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ ने निवेश, उद्योग और विकास की अपनी संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया। फोरम में सिंगापुर की विदेश मंत्रालय एवं व्यापार-उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री सुश्री Gan Siow Huang, SBF के चेयरमैन Mark Lee और सीईओ Kok Ping Soon सहित Mastercard, Nestlé और IHCL (Taj Hotels) जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए।

    फोरम के ‘फायरसाइड चैट’ में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुधारों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में आने वाला प्रत्येक निवेश केवल पूंजी निवेश तक सीमित न रहे, बल्कि रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम बने।

    सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुलाकात, 15 से अधिक कंपनियों के साथ संवाद

    मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. Vivian Balakrishnan से सौजन्य भेंट कर भारत-सिंगापुर संबंधों को राज्य स्तर पर और मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में छत्तीसगढ़-सिंगापुर सहयोग के अवसरों पर विचार-विमर्श हुआ।

    मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित सीईओ राउंडटेबल में TCS, SMBC, Tolaram Group और Agrocorp सहित 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें छत्तीसगढ़ में निवेश और भविष्य की व्यावसायिक साझेदारियों की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

    Global Finance & Technology Network (GFTN) के साथ चर्चा में प्रदेश के युवाओं को एआई और डिजिटल फाइनेंस का प्रशिक्षण देने तथा छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों और बाजारों तक पहुंच दिलाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। Aquatech Pacific Holdings Pte Ltd के साथ अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा हुई, जबकि Adroit Overseas Pte Ltd ने फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई।

    हरित विकास और पर्यटन में भी वैश्विक सहयोग की पहल

    सिंगापुर यात्रा के दौरान Gardens by the Bay और Mandai Wildlife Group के साथ हुई बैठकों ने छत्तीसगढ़ में हरित विकास, जैव विविधता संरक्षण और पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग के नए अवसर सामने रखे।

    Gardens by the Bay की विशेषज्ञता और कार्यप्रणाली के आधार पर नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास तथा शहरी क्षेत्रों में बेहतर और अधिक हरित सार्वजनिक स्थलों के निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा हुई। वहीं Mandai Wildlife Group के साथ नंदनवन जंगल सफारी को विश्वस्तरीय वन्यजीव पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। इससे प्रदेश में पर्यटन को गति मिलने के साथ स्थानीय रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

    मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर यात्रा को छत्तीसगढ़ की वैश्विक निवेश यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रदेश अब वैश्विक निवेश के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार निवेश प्रस्तावों के साथ नई साझेदारियां और विकास का स्पष्ट रोडमैप लेकर लौटी है तथा प्रत्येक निवेशक के साथ निरंतर फॉलो-अप कर परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

    तीन दिवसीय सिंगापुर दौरे से प्राप्त निवेश प्रतिबद्धताएं, कौशल विकास समझौता और विभिन्न वैश्विक संस्थाओं के साथ हुई चर्चाएं छत्तीसगढ़ के लिए निवेश, तकनीक, कौशल, हरित विकास और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं का संकेत हैं। अब इन प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलना राज्य सरकार के सामने अगली महत्वपूर्ण चुनौती होगी।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision