October 23, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    राजभाषा पखवाड़ा का समापन एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित, 20 कार्मिकों और 10 कार्यालयों को विशिष्ट सम्मान

    • doing of business

      भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कामकाज में इसके अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 7 अक्टूबर 2026 को ‘वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह’ का आयोजन किया गया। मानव संसाधन विकास केंद्र के प्रथम तल स्थित सभागार में आयोजित समारोह में हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कार्मिकों और कार्यालयों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) अजय कुमार चक्रबर्ती रहे। समारोह में संयंत्र के कार्यपालक निदेशकगण, विभाग प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी, हिंदी समन्वय अधिकारी, प्रतियोगिताओं के निर्णायक एवं विजेता तथा बड़ी संख्या में हिंदीप्रेमी कार्मिक उपस्थित रहे।

    कार्यालयीन कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान

    कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इसके बाद महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) अमूल्य प्रियदर्शी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुस्तक भेंट कर स्वागत किया। उप महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन एवं प्रभारी राजभाषा) राघवेन्द्र कुमार गर्ग ने स्वागत उद्बोधन में संयंत्र में हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से मिल रहे मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को बधाई देते हुए हिंदी के प्रचार और प्रोत्साहन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

    मुख्य अतिथि अजय कुमार चक्रबर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी भाषी क्षेत्र में रहते हुए हमें सूचनाओं और संदेशों के साथ-साथ कार्यालयीन संवाद एवं पत्राचार में भी हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने भिलाई बिरादरी से हिंदी को कार्यालयीन कामकाज की भाषा के रूप में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि राजभाषा नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन और अनुपालन सुनिश्चित करना हमारा राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने इस दिशा में निरंतर अग्रणी बने रहने पर जोर दिया।

    सात वरिष्ठ अधिकारियों को ‘राजभाषा उन्नायक सम्मान’

    समारोह के दौरान विभिन्न विभागों एवं अंचलों में हिंदी में कामकाज को प्रोत्साहित करने के लिए ‘राजभाषा उन्नायक सम्मान’ प्रदान किए गए। सम्मानित अधिकारियों में कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) प्रवीन निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (एम एंड यू) बिजय कुमार बेहेरा, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएँ) प्रवीन राय भल्ला, मुख्य महाप्रबंधक (प्रबंधन सेवाएँ) रविशंकर, मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-3) त्रिभुवन बैठा तथा मुख्य महाप्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. उदय कुमार धाबर्डे शामिल रहे।

    हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए संयंत्र के 20 कार्मिकों को ‘विशिष्ट सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। वहीं, हिंदी के प्रयोग और राजभाषा संबंधी गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए 10 कार्यालयों को ‘राजभाषा समूह/कार्यालय पुरस्कार’ प्रदान किए गए।

    तीन विभागों ने जीती ‘राजभाषा वैजयंती’

    ‘निदेशक प्रभारी, राजभाषा वैजयंती’ के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को विजेता घोषित किया गया। खदान क्षेत्र में ‘राजहरा लौह अयस्क समूह’, संकार्य क्षेत्र में ‘यूनिवर्सल रेल मिल’ तथा गैर-संकार्य क्षेत्र में ‘नगर सेवाएँ’ विभाग ने यह उपलब्धि हासिल की।

    वहीं, ‘सर्वश्रेष्ठ हिंदी समन्वय अधिकारी’ का सम्मान एम एंड यू विभाग के सहायक महाप्रबंधक एवं विभागीय राजभाषा समन्वय अधिकारी उदय भानु तिवारी को प्रदान किया गया।

    प्रतियोगिताओं के विजेताओं का भी सम्मान

    राजभाषा पखवाड़ा के दौरान आयोजित ऑनलाइन क्विज, तात्कालिक निबंध लेखन, तात्कालिक काव्य लेखन, ‘चित्र देखें–कहानी लिखें’ और तात्कालिक भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से कार्मिकों की भाषाई प्रतिभा, रचनात्मकता और हिंदी के प्रति रुचि को प्रोत्साहित किया गया।

    कार्यक्रम का संचालन उप प्रबंधक (संपर्क व प्रशासन–राजभाषा) जितेन्द्र दास मानिकपुरी ने किया। अंत में सहायक महाप्रबंधक एवं विभागीय राजभाषा समन्वय अधिकारी उदय भानु तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
    भिलाई इस्पात संयंत्र का यह आयोजन कार्यस्थल पर हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने, उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने और राजभाषा के प्रति कार्मिकों की सहभागिता मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision