Google Analytics —— Meta Pixel
March 21, 2026
Hindi Hindi
Naresh Dewangan

Naresh Dewangan

जगदलपुर, शौर्यपथ। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नकटी सेमरा स्थित आशा वृद्धाश्रम में आयोजित वरिष्ठजन सम्मान कार्यक्रम में विधायक जगदलपुर किरणदेव तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने 90 बुजुर्गों को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। वहीं समाज कल्याण विभाग की ओर से 42 वरिष्ठजनों को छड़ी प्रदान किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 51 वरिष्ठजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाई प्रदान करने सहित स्वास्थ्य सम्बन्धी परामर्श दी गई। 

       इस अवसर पर विधायक किरणदेव ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा-सुश्रुषा करना हमारी जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि कर्तव्य है। उनके अनुभव और सीख से हमें संस्कार मिलता है और जीवन में आगे बढ़ने के लिए उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहता है। इसलिए किसी एक दिन उनका सम्मान करना नहीं अपितु हर दिन उनका आदर कर समुचित देखभाल का दायित्व निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुजुर्गों का सम्मान करने का यह क्षण आत्मिक शांति और अपार खुशी प्रदान कर रहा है। उन्होंने उपस्थित सभी वरिष्ठजनों के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद देने का आग्रह किया।

        उक्त कार्यक्रम में पहुंचे विधायक किरण देव ने वरिष्ठजनों से रूबरू होकर उनकी कुशल क्षेम पूछा। इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी बुजुर्गों का आदर-सम्मान कर उनकी समुचित देखभाल करने के संस्कार को सदैव बना कर रखने पर बल देते हुए भावी पीढ़ी को इस दिशा में तत्पर रहने कहा। इस दौरान आशा वृद्धाश्रम की संचालक मदर सिनसी ने बताया कि वर्ष 1978 में 04 निसहाय बुजुर्गों की देखभाल से शुरू यह संस्था अब तक 600 से अधिक वरिष्ठजनों को अपनी सेवाएं प्रदान कर चुकी है। शासन की सहायता से संस्था अपने उद्देश्य के अनुरूप संवेदनशील प्रयासों को अनवरत जारी रखने के लिए कटिबद्ध है। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित अपर कलेक्टर सीपी बघेल तथा अन्य अधिकारियों के अलावा वरिष्ठजन और आशा वृद्धाश्रम के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जगदलपुर, शौर्यपथ। प्राचीन समय में उपयोग किए जाने वाले वस्तुओं को संग्रहित करने का बीड़ा स्कूली बच्चों ने उठाया है ।और उनके इस कार्य को सहयोग प्रदान किया पालकों ने उन्होंने बच्चों को पूर्वजों के जमाने में घरों में उपयोग करने की सामग्री खेती किसानी के औजार सहित बस्तर वनांचल क्षेत्र में उपयोग की जाने वाली विलुप्त सामग्रियों को सहेजने की जिम्मेदारी दी है और बच्चे उसे बखूबी निभा रहे हैं। जिला मुख्यालय जगदलपुर से महज 35 किलोमीटर दूरी पर स्थित लामकेर संकुल में स्थति प्राथमिक शाला डेंगगुडा पारा झारतरई के पालकों अपने स्कूल के बच्चों को अपने दैनिक जीवन में पूर्वजों के द्वारा उपयोग किए जाने वाली सामग्रियों को सहेजने की जिम्मेदारी दी है। ग्राम के सभी बालकों ने अपने-अपने घरों से बच्चों को वह सामग्रियां उपलब्ध कराई जिसका वह घर पर उपयोग करते थे देखते ही देखते 47 प्रकार की सामग्रियों को संग्रहण कर एक संग्रहालय का निर्माण किया है।

 

 

*क्या क्या सामग्री रखी गई है संग्रहालय में*

संग्रहालय में रुई बड़गी, तोसर, कोड़ा, हल, लगडा, पीढ़ा, तुमा, ढूटी, सोढिया, खपरा सांचा, फार, धान भूनने का चम्मच, मुशल, कावड़, सलप, सोडिया टाटी, बैल घंटी, चूल्हा, बेट, बैल नाथ, रेंदा, सीका, सूप, टूकनी, चोलन, कोंडी, पतरी, ककवा, चिमनी, कुसला, सूत आटना, लामन दिया, दही मथनी, मुठला, टार्च, आहरा, परला, लावा जाल, चम्मच, टांगा, गेड़ी, कुश आदि 47 प्रकार की सामग्रियां रखी गई है।

 

*रुई बढ़गी, तोसर, ढेरा, कोड़ा बना आकर्षण का केंद्र*

संग्रहालय में 47 प्रकार की सामग्रियों को रखा गया है ।और उन सामग्रियों के आगे उनका नाम भी लिखा गया है ।जो आज के नवयुवक हैं ,वह भी आकर इस संग्रहालय में उन सामग्रियों को देख रहे हैं जो उनके पूर्वज उपयोग करते थे ।आज के आधुनिक युग में जहां लोग ट्रैक्टर से खेती का कार्य करते हैं ।लेकिन पुराने समय में जब यह सब सामग्रियां नहीं होती थी। तो कितनी विषम परिस्थितियों में लोग कार्य किया करते थे। इन बातों को भी संग्रहालय में लोगों को समझाया जा रहा है।

रुई बढ़गी, तोसर, ढेरा, कोड़ा आकर्षण का केंद्र केंद्र बना हुआ है। रुई बढ़गी से दही मथना,तोसर का उपयोग कपड़ा बुनने के लिए। ढेरा का उपयोग रस्सी आंटने के लिए कोड़ा का उपयोग जानवर हांकने के लिए किया जाता है। इन सामग्रियों को लोग कौतूहल से देख रहे हैं।

 

संग्रहालय का शुभारंभ ग्राम के वरिष्ठ नागरिक झड़गू के द्वारा किया गया। उनके द्वारा उपस्थित सभी लोगो को प्रत्येक सामग्री के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर संकुल प्राचार्य चरण कश्यप, संकुल समन्वयक धर्मेंद्र अग्रवाणी, संतोष अग्रवाणी, शिक्षक झरना अग्रवाणी , नेहा कश्यप, नजीर खान, देव कुमार नाग, प्रदीप पटेल, उमा राज, गौरी पोर्ते, संध्या वर्मा, ओम प्रकाश ध्रुव, किरण साहू, मंजुला दास, पालक एवम ग्रामीण बलराम, जयराम, खेमराज, बलदेव, रामकुमार, राम प्रसाद, सुलधर, झगडू राम, अंतू राम, लखमू, कमलबती, खीरो, मंगली, मिटकी, कवसिला, पार्वती,गीता, सुकरी,ललिता,सुको, समबती, नीलो, बसंती, रतन,समदू, मदनी, अमीषा, मूनी,भगवती, एलसी, संतोष, सुमनी आदि उपस्थित थे।

 

*कार्य प्रशसनीय*

बस्तर क्षेत्र अपनी संस्कृति सभ्यता को लेकर जाना जाता है। आज के समय में अपनी संस्कृति को सहेजने का जो कार्य डेंगगुड़ा के स्कूली बच्चों ने उठाया है। वह प्रशंसनीय है।

जगदलपुर, शौर्यपथ। कलेक्टर हरिस एस. ने कहा कि कृषि और आनुशांगिक विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन कर किसानों और ग्रामीणों के आर्थिक विकास के लिए सार्थक प्रयास किया जाए। किसानों को बीज-खाद की उपलब्धता के साथ ही आर्थिक सहायता प्रदान करें, किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से फसल ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाए। वहीं साग-सब्जी उत्पादन एवं उद्यानिकी फसल लेने और पशुपालन, कुक्कुटपालन, सूकरपालन, बकरीपालन सहित ककून उत्पादन जैसे आयमूलक गतिविधियों के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित कर उन्हें आवश्यक सहायता मुहैया कराया जाए। कलेक्टर श्री हरिस शुक्रवार को कलेक्टोरेट के अपने कार्यालयीन कक्ष में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्यपालन, पशुपालन एवं रेशमपालन विभागीय योजनाओं और कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक में उक्त निर्देश दिए। उन्होंने रबी फसल सीजन में सिंचाई संसाधनों की उपलब्धता के अनुरूप जिले में सूरजमुखी की खेती को बढ़ावा देने पर बल देते हुए किसानों का चयन कर उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।

 

       कलेक्टर ने रबी फसल सीजन में मिलेट्स की खेती के अंतर्गत रागी की पैदावार हेतु किसानों को प्रेरित कर ज्यादा से ज्यादा रकबा में रागी की पैदावार लेने पर जोर दिया। वहीं पुष्प फसल क्षेत्र विस्तार के तहत गेंदा फूल की खेती को प्रोत्साहित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में कटहल की खेती को भी बढ़ावा देने के लिए पहल करने की आवश्यकता बताई। कलेक्टर ने जिले में मछलीपालन के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजनांतर्गत किसानों को स्वयं की भूमि में तालाब निर्माण के लिए सहायता प्रदान किए जाने कहा। वहीं ग्रामीण ईलाके में ग्राम पंचायतों के अधीन अधिकाधिक तालाबों के पट्टे स्व-सहायता समूहों तथा मछुआ समितियों को प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में झींगा उत्पादन को भी प्रोत्साहित करने हेतु किसानों को लाभान्वित किए जाने कहा।

        कलेक्टर हरिस एस. ने पालतू पशुओं के टीकाकरण में अद्यतन प्रगति लाने के साथ ही कृत्रिम गर्भाधान के लिए ज्यादा ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दिशा में प्रशिक्षित पशुधन मित्रों की सेवाएं लेने कहा। वहीं कुक्कुटपालन के साथ ही आय संवृद्धि के मद्देनजर बटेरपालन को भी प्रोत्साहित किए जाने कहा। राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजनांतर्गत दुग्ध उत्पादन के लिए चयनित हितग्राहियों को उन्नत नस्ल के दुधारू पशुओं की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रीत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में रेशमपालन को प्रोत्साहित करने सहित धागाकरण के लिए भी बेहतर पहल करने पर जोर देते हुए शहतूत प्लांटेशन तथा मलबरी ककून उत्पादन के लिए सहायता मुहैया कराए जाने कहा। साथ ही रैली कोसा संग्रहण में वृद्धि के लिए प्रयास किए जाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बीज ग्राम योजना, किसान समृद्धि योजना, राष्ट्रीय जलग्रहण क्षेत्र विकास परियोजना, राज्य पोषित योजना, राष्ट्रीय बागवानी मिशन इत्यादि की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपसंचालक कृषि राजीव श्रीवास्तव, उपसंचालक मत्स्यपालन मोहन राणा, उपसंचालक उद्यानिकी सुरेश ठाकुर सहित पशुपालन, रेशमपालन विभाग एवं छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

जगदलपुर, शौर्यपथ। थाना नगरनार क्षेत्र अंतर्गत माचकोट जंगल के रास्ते होते हुये उड़ीसा राज्य से बस्तर होकर गांजा को हरियाणा राज्य फार्चुनर कार में परिवहन करते दो लोगो को पुलिस ने किया गिरफ्तार। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 251.500 किलोग्राम गांजा, एक नग मोबाईल, फार्चुनर वाहन जुमला किमत 45,16,500/ रूपये को जप्त किया।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरहदी उड़ीसा राज्य से छत्तीसगढ़ राज्य की ओर होने वाले अवैध मादक पदार्थ गांजा के परिवहन पर अंकुश लगाने पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के दिशा निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में थाना स्तर पर टीम गठित किया गया है। गुरुवार को मुखबीर सूचना मिला कि दो व्यक्ति एक सफेद रंग के फार्चुनर कार क्रमांक HR 20 AD 0059 में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखकर माचकोट जंगल के रास्ते जगदलपुर की ओर परिवहन कर रहे कि सूचना पर हमराह स्टाप के द्वारा ग्राम माचकोट चौक के पास पहुंच कर नाकाबंदी किये कुछ समय बाद एक सफेद रंग के फार्चुनर कार क्रमांक HR 20 AD 0059 आता दिखाई दिया जिसे रोककर चेक किये चालक का नाम पता पुछने पर नविन कुमार सैमी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम जामनी जिला जींद (हरियाणा) एवं योगेश कुमार पुनिया उम्र 26 वर्ष ग्राम सिंधवी खेरा जिला जींद (हरियाणा) का रहने वाला बताये मौके पर आरोपीयो के फार्चुनर कार को चेक करने पर कार से कुल 48 पैकेटो में जुमला वजन 251.500 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा कुल किमती 25,15000 रूपये को बरामद कर जप्त किया गया एवं परिवहन में प्रयुक्त फार्चुनर कार क्रमांक HR 20 AD 0059 कीमती 2000000/ रूपये एक मोबाईल फोन कीमती 1500 / रूपये कुल जुमला 45,16500/ रूपये को जप्त कर आरोपिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध कायम कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ।

 

इस मामले में निरीक्षक टामेश्वर चौहान, सउनि जदुराम बघेल, प्रधान, विकास सिंह, विनोद यादव आर० चेतन बघेल, चंन्द्र कुमार कंवर, राजेश कश्यप, डीएसएफ आरक्षक मनोज कश्यप, कार्तिक नाग, भास्कर भारद्वाज, सैनिक जगन्नाथ नाग कि महत्वपुर्ण भुमिका रही।

जगदलपुर, शौर्यपथ। जिले के एकीकृत बाल विकास परियोजना दरभा अंतर्गत सेक्टर चितापुर के ग्राम चिड़पाल में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत पोषण मेला का आयोजन किया गया । जिसमें चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित दरभा जनपद अध्यक्ष ए जानकी राव, जनपद उपाध्यक्ष अनंतराम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म तथा 6 महीने के बच्चों का अन्न प्राशन कार्यक्रम किया गया। वहीं इन जनप्रतिनिधियों द्वारा सेल्फी जोन में सेल्फी लिया गया, साथ ही पोषण माह की जानकारी दी गयी। पालकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा रेडी टू ईट फूड व्यंजन का प्रदर्शन एवं अंकुरित चना मूंग के साथ अन्य अमरूद, नींबू, प्याज का मिश्रण कर गर्भवती माताओं एवं एनीमिक महिलाओं एवं बच्चों को सेवन करने के लिए विधि प्रदर्शन के माध्यम से सेवन करने सम्बन्धी जानकारी दी गई। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र में विकसित पोषण वाटिका का निरीक्षण किया गया, जहां पर तोरई, पपीता, मुनगा आदि को लगे देख कर कार्यकर्ता और सहायिका की तारीफ की गई। इस दौरान विधायक विनायक गोयल ने पालकों और उपस्थित गर्भवती महिलाओं तथा पोषक माताओं को बच्चों को सुपोषित रखने के लिए गर्भावस्था के दौरान से ही महिलाओं के समुचित खानपान तथा स्वास्थ्य पर ध्यान देने की समझाइश दी और कुपोषित बच्चों के उपचार हेतु उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती करवाने का आग्रह किया। पोषण मेला में कुपोषण के प्रति जागरूकता लाने के लिए खण्ड चिकित्सा अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारी के द्वारा तिरंगा आहार एवं स्थानीय साग-सब्जियों के महत्व के बारे में बताया गया। वहीं इन साग-सब्जियों तथा पत्तेदार भाजियों का सेवन करने पर बल दिया।

जगदलपुर, शौर्यपथ। आयुक्त बस्तर संभाग डोमन सिंह ने बुधवार को जगदलपुर तहसील के ग्राम बुरुन्दवाड़ा सेमरा तथा कोपागुड़ा में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खसरे में स्थित भवन व अन्य निर्माण के रकबे को खसरे के कुल रकबे से घटाकर अंकित करने तथा शत-प्रतिशत गिरदावरी के निर्देश दिए। साथ ही पड़त को अनिवार्य तौर पर दर्शाने को कहा। इस मौके पर कमिश्नर ने फसल का भी जायजा लिया और किसानों से चर्चा की। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भरत कौशिक, नायब तहसीलदार आशीष साहू तथा राजस्व विभाग के मैदानी अमला एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

जगदलपुर, शौर्यपथ। कलेक्टर हरीस एस. ने कहा कि राजस्व प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करने पर सकारात्मक पहल किया जाए। जो प्रकरण समयावधि से बाहर के हैं उसे सर्वोच्च प्राथमिकता देकर निराकृत किया जाए। उन्होंने आरबीसी 6-4 के तहत राहत एवं आपदा से संबंधित प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ तत्काल निराकृत किये जाने कहा, ताकि प्रभावित व्यक्तियों को समय पर सहायता सुलभ हो सके। कलेक्टर ने मंगलवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने फौती-नामांतरण के कार्य में अद्यतन प्रगति लाने के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए।

        कलेक्टर ने बैठक में भू-अर्जन के लंबित प्रकरण, अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण अविवादित खाता, विवादित खाता विभाजन, भू-राजस्व की बकाया वसूली, भूमि-बंटन, राजस्व कार्यालय के निर्माण की प्रगति, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, अभिलेख कोष्ठ में न्यायालयीन प्रकरणों की जमा करने की स्थिति, अर्थदंड की वसूली इत्यादि की न्यायालयवार समीक्षा की। उन्होंने नक्शा बटांकन के प्रकरणों को प्राथमिकता निर्धारित कर 15 नवम्बर तक पूर्ण किये जाने कहा। वहीं सीमांकन के प्रकरणों के निराकरण हेतु खरीफ फसल कटाई के पश्चात ध्यान केन्द्रीत करने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालयों में दर्ज राजस्व प्रकरण, आरबीसी 6-4 के प्रकरण, पुराने प्रकरण को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वन ग्राम से घोषित राजस्व ग्रामों में वन भूमि पर काबिज लोगों को पात्रता के आधार पर वनाधिकार पट्टे प्रदाय किये जाने हेतु सम्बन्धितों से आवेदन तथा अन्य प्रक्रिया पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीफ गिरदावरी के शेष कार्य को 30 सितम्बर तक अनिवार्य तौर पर पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बैठक में असर्वेक्षित ग्राम, राजस्व गांव के गठन के संबंध में भी चर्चा किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीपी बघेल, संयुक्त कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी एवं प्रवीण वर्मा सहित सभी राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।

*नरेश देवांगन की खास रिपोर्ट* 

 

जगदलपुर, शौर्यपथ। जिला मुख्यालय से महज 17 किलोमीटर दूर उड़ीसा बॉर्डर ग्राम धनपुंजी में रूपारेला डाइगोनास्टिक सेंटर का संचालन बिना नर्सिंग होम पंजीयन किये ही डॉक्टर की अनुपस्थिति में ईसीजी, एक्स-रे व खून का सैंपल अप्रशिक्षित युवक के द्वारा किया जा रहा है। जिसकी लिखित शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मिलने के बाद भी कार्यवाही नहीं की जा रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार रूपारेला डाइगोनास्टिक सेंटर का संचालन ग्राम धनपुंजी में रायपुर के डॉक्टर हर्षद रूपरेला नामक व्यक्ति के द्वारा किया जा रहा है। डाइगोनास्टिक सेंटर पर कुछ युवक बिना डिग्री के ईसीजी, एक्स-रे, खून की जाँच कर रहे है। वही काम कर रहे युवक का कहना है की डॉक्टर रायपुर में रहते है हम लोग ब्लड निकाल सेम्पल रायपुर भेज देते है, जिसके बाद वही से जाँच होने के बाद रिपोर्ट ऑनलाइन हमें मेल, व्हाट्सप्प के माध्यम से प्राप्त हो जाता है। वही खून की जाँच कराने आये धनपुंजी के एक युवक ने नाम नहीं छापने की शर्त में बताया की नगरनार एनएमडीसी में काम करने के लिए मेडिकल परिक्षण टेस्ट रिपोर्ट की आवश्यकता होती है जिसकी जाँच करा रिपोर्ट के लिए वह डाइगोनास्टिक सेंटर आया है, उसने यह भी बताया की यह डाइगोनास्टिक सेंटर काफ़ी समय से यहाँ संचालन किया जा रहा है, प्रतिदिन यहाँ काफ़ी भीड़ लगी रहती है। विभागीय सूत्र बताते है की रूपारेला डाइगोनास्टिक सेंटर का संचालन के लिए विभाग में नर्सिंग होम एक्ट के तहत पंजीयन के लिए आवेदन किया गया है, लेकिन अनुमति विभाग के अधिकारी ने नहीं दी है। बावजूद इसके भी रूपारेला डाइगोनास्टिक सेंटर का संचालन किया जा रहा है। अब सवाल यह गहरा रहा है की विभाग के अनुमति के बिना आवेदन करने मात्र से डाइगोनास्टिक सेंटर का संचालन किया जा सकता है क्या ? यदि किसी कारण से अनुमति नहीं मिलती है तो पूर्व में किये गए जाँच का क्या होगा? वही इस मामले में जानकारों का कहना है की डाइगोनास्टिक सेंटर संचालन के लिए नर्सिंग होम एक्ट के तहत पंजीयन कर लैब टेक्नीशियन व डॉक्टर की मौजूदगी में कार्य संचालन किया जाना है। बावजूद इसके भी विभाग की उदासीनता की वजह से रूपारेला डाइगोनास्टिक सेंटर में नियमों को ताक पर रख कर बिना डिग्रीधारी युवक से जांच करवा लोगो की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है? जिसकी लिखित शिकायत विभाग को मिलने के बाद भी जिम्मेदार मूकदर्शक बन बैठे है,मानो किसी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहे हो? 

इस मामले पे मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री बशाख का कहना है की उनके द्वारा नर्सिंग होम एक्ट के तहत पंजीयन के लिए आवेदन किया गया है...लेकिन विभाग से कोई अनुमति नहीं दी गई हैं। इस पर बहुत जल्द कार्यवाही की जाएगी ।

जगदलपुर, शौर्यपथ। बोधघाट थाना क्षेत्र के शांतिनगर से ऑटो चोरी करने वाले युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार । पूर्व में भी 02 चोरी के मामलों में आरोपी जा चुका है जेल। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने काला रंग का paggio ape कंपनी का ऑटो जप्त किया।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बोधघाट में प्रार्थी लाज़र गोंडा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया कि 19 अगस्त के सुबह 08 बजे से 13.30 के मध्य में कोई अज्ञात चोर के द्वारा उसके निवास स्थान कर्मिल चर्च के सामने से उसके पग्गियो एपे ऑटो किमती करीबन 70,000/- रु. को चोरी कर ले गया है, रिपोर्ट पर तत्काल पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अति. पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक उदित पुष्कर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में तत्काल कार्यवाही हेतु टीम तैयार किया गया था। उक्त टीम के द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज के माध्यम तथा मुखबीर की सूचना से आरोपी डेनियल नाग जगदलपुर को शांतिनगर कब्रिस्तान के पास से चोरी किए गए ऑटो के साथ पकड़ा गया तथा विधिवत कार्यवाही कर आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटर सायकल को जप्त किया आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया गया है।

जगदलपुर, शौर्यपथ। नडे़नार कटेल्याण क्षेत्र के नक्सली घटना में शामिल 03 वर्षो से फरार आरोपी जनमिलीशिया डिप्टी कमाण्डर को बस्तर पुलिस ने किया गया गिरफ्तार। आरोपी गोपनीय सैनिक बुधराम कवासी के हत्या में था शामिल, इस मामले में पूर्व में 04 आरोपी को किया जा चूका है गिरफ्तार।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा द्वारा फरार नक्सली के पता तलाश धर पकड़ के विशेष निर्देशन पर अति. पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, अति. पुलिस अधीक्षक(आप्स) योगेश देवांगन के मार्गदर्शन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशलूर विश्वदीपक त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में चौकी पखनार थाना दरभा के अपराध क्रमांक 31/2021 धारा 147,148,149,302 भा0द0वि0 25, 27 आम्‍स एक्ट, 38,39(2) यु0ए0पी0 एक्ट का फरार नक्सली आरोपी सुखराम मड़कामी उर्फ हड़मा, उर्फ गोरगा उर्फ मनकू मड़कामी निवासी ग्राम नडे़नार ड़ोगरीपारा थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा (छ0ग0) जो घटना को अंजाम देने के बाद पिछले 03 वर्षो से फरार था मुखबीर सूचना पर उक्त फरार नक्सली आरोपी के अपने ग्रामीण क्षेत्र में आने की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए टीम गठित कर ग्राम तोयनार मुंदेनार तिराहा के पास जा कर घेरा बंदी कर उक्त फरार नक्सली आरोपी को पकड़ कर हिरासत में लिया गया। जिससे घटना के संबंध में पूछताछ करने पर नक्सली आरोपी सुखराम मड़कामी उर्फ हड़मा, उर्फ गोरगा उर्फ मनकू मड़कामी निवासी ग्राम नडे़नार ड़ोगरीपारा थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा (छ0ग0) ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि घटना 22 जून 2021 को ग्राम पखनार के साप्ताहिक बाजार में ड्युटीरत गोपनिय सैनिक बुधराम कवासी उम्र 26 वर्ष ग्राम कापानार को अपने अन्य नक्सली साथियों मड्डा मडकामी उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम मुंदेनार थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा, जयसिंह उर्फ जीबो मडकामी उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम नडेनार थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा, गुड्डी पोडियामी उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम मुंदेनार थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा तथा लखमा कवासी उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम मुंदेनार थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा, हिड़मे, भीमा व अन्य नक्सलियों के साथ मिलकर अपने हाथ में रखे चाकु व टंगिया से बुधराम कवासी के उपर प्राण घातक हमला कर दिए जिसको ईलाज के लिए ऐम्बुलेंस 108 से सामुदायिक स्वास्थय केन्द्र दरभा लेकर गये जहां बुधराम कवासी की मृत्यु हो गई थी। आरोपी नक्सली सुखराम मड़कामी उर्फ हड़मा, उर्फ गोरगा उर्फ मनकू मड़कामी निवासी ग्राम नडे़नार ड़ोगरीपारा थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा (छ0ग0) के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य गवाह पाये जाने से उसे गिरफतार कर शनिवार को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा जा रहा है।

 

घटना में शामिल अन्य नक्सली आरोपियों 

1. मड्डा मडकामी उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम मुंदेनार थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा छ0ग0 

2. जयसिंह उर्फ जीबो मडकामी उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम नडेनार थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा छ0ग0 

3. गुड्डी पोडियामी उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम मुंदेनार थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा छ0ग0

4. लखमा कवासी उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम मुंदेनार थाना कटेल्याण जिला दंतेवाडा छ0ग0 को पूर्व में गिरफतार किया जा चुका हैं। 

इस कार्यवाही में निरीक्षक केशरी चंद साहू थाना प्रभारी दरभा, उप निरीक्षक राजेश कुमार राठौर चैकी प्रभारी पखनार थाना दरभा, प्रधान आरक्षक क्र0 1198 आजूलाल पिद्दा, आरक्षक क्र0 654 यशवंत ठाकुर, आरक्षक क्र0 665 शंकर चांदने का योगदान रहा।

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)