
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
जगदलपुर में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
रायपुर, शौर्यपथ। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में वर्तमान युवा पीढ़ी की निर्णायक भूमिका होगी। जब देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब विकसित और सशक्त भारत की जिम्मेदारी आज की अमृत पीढ़ी के हाथों में होगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और देश के सर्वांगीण विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
डॉ. मांडविया सोमवार को जगदलपुर के कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए लोकतंत्र, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।
माय भारत प्लेटफॉर्म से मिलेंगे नए अवसर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘माय भारत’ डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को नवाचार, मार्गदर्शन, स्वयंसेवा और करियर के नए अवसर उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बन रहा है। इसके जरिए देशभर में एक लाख युवा नेतृत्वकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जो भविष्य में नीति निर्माण और जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री के पंच प्रण—विकसित भारत का संकल्प, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता एवं एकजुटता तथा नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन—को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा, प्रशासन, उद्यमिता या किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ें, लेकिन राष्ट्रहित हमेशा सर्वोपरि रहना चाहिए।
लोकतंत्र और बस्तर के पर्यटन पर भी हुई चर्चा
संवाद के दौरान डॉ. मांडविया ने छात्र प्रांजल से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर चर्चा की। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची और निष्पक्ष मतदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने के लिए देश के शैक्षणिक संस्थानों में युवा संवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।
बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए उन्होंने विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का उल्लेख किया और क्षेत्र में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने उपस्थित युवाओं को राष्ट्र सेवा की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप और जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह ने भी युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
