August 10, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    PANKAJ CHANDRAKAR

    PANKAJ CHANDRAKAR

    दुर्ग / शौर्यपथ /

    खुर्सीपार थाना क्षेत्र से तीन दिन पूर्व चोरी हुए ट्रक को पुलिस ने रिपोर्ट लिखाने के 48 घंटे के अंदर खुर्सीपार पुलिस ने खोज निकाला। पुलिस ने ट्रक को माल के साथ लावारिश हालत में चंदखुरी रायपुर के पास पाया। ट्रक को जब्त करके थाने लाया गया है। पुलिस का कहना है कि उन्हें आरोपी की भी कुछ पहचान मिली है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
    ज्ञातव्य हो कि दुर्गा मंदिर खुर्सीपार निवासी राजकुमार चौधरी 42 वर्ष ने 11 अप्रैल को खुर्सीपार थाने में उसका ट्रक चोरी हो जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने ट्रक सीजी 07 एई 5534 में श्रीराम रोलिंग मिल भनपुरी रायपुर से लोहे का पाईप लोड करके जालना जा रहा था। करीब 18 लाख 83 हजार 748 रुपये का माल लोडकर वह नागपुर की तरफ निकला था। रास्ते में घर पड़ जाने से वह एक रात के लिए वहीं रुक गया। इस दौरान उसने ट्रक को इंडस्ट्रियल एरिया में खड़ा किया था। देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति आया और द्वारा ट्रक चोरी कर ले गया। शिकायत मिलते ही प्रभारी खुर्सीपार दुर्गेश शर्मा खुद मौके पर पहुंचे। इसके बाद चार लोगों की एक टीम तैयार की। सिविल टीम के साथ मिलकर खुर्सीपार पुलिस सभी रास्तों में लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक करते हुए आगे बढ़ी। लगभग 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खगालते हुए ट्रैक टू ट्रैक टीम बढ़ती गई। पुलिस ने इस दौरान हर एक रास्ते पर नजर रखी। टोलप्लाजा से भी पूरा डिटेल खंगाला। इससे पुलिस को ट्रक के रायपुर की तरफ जाने का ट्रैक मिला। पुलिस जब चंदखुरी रोड स्थित श्री गंगा फ्यूल्स के पास पहुंची तो उन्हें वह लावारिश हालत में खड़ा ट्रक मिला।

    ट्रक चोरी करने के आरोपियों ने भी पुलिस को दिया चकमा

    ट्रक चोरी करने वाले आरोपी भी इतने शातिर थे कि वह हर जगह पुलिस को चकमा देते हुए आगे बढ़े। वह लोग बड़ी चलाकी से बार.बार रूट डायवर्ट करते हुए आगे बढ़ रहे थे। जब ट्रक लेकर आरोपी ट्रोल प्लाजा के पास पहुंचे तो आगे चल रहे ट्रक से अपने ट्रक को इतना चिपका कर चला रहे थे कि वहां के सीसीटीवी कैमरे में उसका नंबर नहीं दिख रहा था। इतना ही नहीं फास्ट ट्रैक से उसका टोकन भी नहीं कटा। इससे पुलिस को उसके जाने की दिशा पता करने में भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।

    दुर्ग / शौर्यपथ /

    नगर पालिक निगम दुर्ग शासन की महती योजना अमृत मिशन के तहत् नगर निगम दुर्ग क्षेत्र में कार्य तेजी से जारी है । जिसके तहत् शहर की पूरी आबादी को पेयजल संकट से निजात दिलाने लगातार प्रयास किया जा रहा है । महापौर धीरज बाकलीवाल योजना की प्रगति की लगातार जानकारी ले रहे हैं। वहीं योजना के तहत् जल प्रदाय किये जाने के कार्यो की निरंतर मॉनिटरिंग निगम आयुक्त हरेश मंडावी के निर्देश पर तकनीकी विशेषज्ञो के साथ निगम के अधिकारी कर रहे है। योजना के पूर्ण हो जाने पर शहर की शत्-प्रतिशत् आबादी को ग्रीष्म काल में भी पर्याप्त मात्रा में जल उपलब्ध हो सकेगा । साथ ही इस योजना के क्रियान्वयन से दुर्ग शहर टैंकर मुक्त हो गया है ।

    अमृत मिशन योजना के तहत् शहर में कुल 6 टंकियो का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है, जिनमें से सभी पानी टंकियो का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है । वर्तमान में गिरधारी नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, हनुमान नगर की पानी टंकियो से निगम प्रशासन द्वारा पानी की लगातार सप्लाई की जा रही है । जिससे शहर के पटरीपार क्षेत्र की आधी आबादी को लाभ मिल रहा है । वही जलगृह परिसर एवं पुलगांव पानी टंकी से पानी टेस्टिंग का कार्य जारी है । जल्द ही इन टंकियो से भी पानी की सप्लाई प्रारंभ कर दी जावेगी ।

    अमृत मिशन योजना के तहत् जल प्रदायगी के साथ-साथ जल के शुद्धिकरण कार्य विशेष ध्यान रखा जा रहा,11 एमएलडी फिल्टर प्लांट में निर्मित नई पानी टंकी में पानी टेस्टिंग का कार्य कर पानी की सप्लाई कर प्रारंभ कर दी गई है। जिससे तहत वार्ड 24 दीपक नगर आमदी मंदिर वार्ड ,वार्ड 25 गायत्री मंदिर,वार्ड 26 संतरा बाड़ी, वार्ड 27 पोलसाय पारा के लगभग 20 हज़ार लोग लाभान्वित होंगे।

    नवागढ़ / शौर्यपथ /

    छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार व जिला कांग्रेस कमेटी बेमेतरा के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ के नेतृत्व में नगर पंचायत नवागढ़ के प्रांगण में जलियावाला बाग में शहीद हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। जिसमे ब्लॉक अध्यक्ष रामेश्वर साहू के कहा कि जलियाँवाला बाग अमृतसर के स्वर्ण मन्दिर के पास का एक छोटा सा बगीचा है जहाँ 13 अप्रैल 1919 को ब्रिगेडियर जनरल रेजिनाल्ड एडवर्ड डायर के नेतृत्व में अंग्रेजी फौज ने गोलियां चला के निहत्थे, शान्त बूढ़ों, महिलाओं और बच्चों सहित सैकड़ों लोगों को मार डाला था और हजारों लोगों को घायल कर दिया था। यदि किसी एक घटना ने भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम पर सबसे अधिक प्रभाव डाला था तो वह घटना यह जघन्य हत्याकाण्ड ही था।इसी घटना की याद में यहाँ पर स्मारक बना हुआ है।
    जिसमे मुख्यरूप से विजय बघेल, डॉयरेक्टर अंत्यवसायी सहकारी वित्त विकास निगम छत्तीसगढ़ शासन, खेमन टंडन, प्रभारी महामंत्री ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़, ज्ञानदास रात्रे,धरमवीर खुराना,संतोष देवांगन,मनोहर वैष्णव,लक्ष्मण साहू, इस्माईल खान, वीरेंद्र जायसवाल, मोहम्मद इलियास,लक्ष्मीचंद जैन, रोशन धर दिवान,प्रहलाद साहू,कृष्ण महिलांग, समारु जायसवाल,इमरान खान, परमेश्वर पात्रे,अर्जुन यादव रामविलास जायसवाल, हमेश्वर कुर्रे, जागेश ध्रुव, दौवा सोनवानी व सभी कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

     धमतरी / शौर्यपथ /


    मनरेगा कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर जिला के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों के हड़ताल का समर्थन करने जिला पंचायत सदस्य अनीता ध्रुव ने आदिवासी बाहुल्य विकासखण्ड नगरी मुख्यालय के धरना स्थल पर पहुंचे और कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर अनीता ध्रुव ने कहा कि मनरेगा के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राम रोजगार सहायकों के नियमितीकरण करने की मांग जायज है। उन्होंने कहा कि गंगाजल की कसम खाते हुए कांग्रेस की सरकार ने जन घोषणा-पत्र में मनरेगा के अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने कहा था। आज 3 साल से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी जन घोषणा-पत्र के अनुसार नियमितीकरण नहीं होना सरकार की विफलता का प्रतीक है। कांग्रेस सरकार कर्मचारियों का ध्यान नहीं रख रही है जिससे उनमें आक्रोश है। भाजपा आदिवासी नेत्री अनीता ध्रुव ने कहा कि वे मनरेगा कर्मियों के साथ है। उन्होंने धरना प्रदर्शन के मंच से प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से मनरेगा कर्मचारियों के दो सुत्रीय मांग को तत्काल पूर्ण करने की निवेदन की। मांग पूर्ण नही होने पर क्षेत्रीय पंच, सरपंच, जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य व अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ मनरेगा कर्मचारियों के कंधे से कंधा मिलाकर उग्र आन्दोलन करने की चेतावनी दी।

    इधर धरना-प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि हमारे संघ द्वारा दो सूत्रीय मांग जिसमें चुनावी जन घोषणा-पत्र को आत्मसात करते हुए समस्त मनरेगा कर्मियों को नियमितीकरण किया जाए। इसके साथ ही दसूरी मांग है कि नियमतीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक ग्राम रोजगार सहायकों का वेतनमान निर्धारण करते हुए समस्त मनरेगा कर्मियों पर सिविल सेवा नियम 1966 के साथ पंचायत कर्मी नियमावली लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि मांगे पूरी नहीं हुई तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

    जिला पंचायत सदस्य अनीता ध्रुव के साथ भाजपा के युवा नेता जनपद सदस्य  मन्नू राम यादव,,  पुनेश्वर दास मानिकपुरी, कामनी साहू, सरोज बाई साहू, अजय कुमार, मोहन दास,, कृष्ण कुमार ध्रुव, दीपक कुमार साहू ने भी समर्थन करने पहुंचे॥

    कोण्डागांव / शौर्यपथ /

    महावीर जंयती पर गुरूवार को स्थानीय ओसवाल भवन से सुबह प्रभातफेरी निकाली गई और सामुहिक याचना समाज से जुड़़े लोगों ने किया। 9.30 बजे नगर में जीवंत झांकी निकाली गई। जो शहर के मुख्य चौक-चैराहों से होते हुए वापस ओसवाल भवन पहुंची। इस दौरान भक्ति गीत पर भक्त शोभायात्रा मार्ग पर नाचते-गाते नजर आए वही शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत भी होता रहा। शोभायात्रा में मुख्य आकषर्क भगवान महावीर की जन्म व स्वपन को जीवंत तौर पर दशार्या गया था।

    जिसमें विकास नगर से निकली झांकी में भगवान महावीर के जन्म को दशार्या गया था तो वही अस्पताल वार्ड से निकली झांकी में भगवान के स्वपन को रेखाकिंत किया गया था। ओसवाल भवन पहुंचने पर प्रसादी वितरण किया गया।

    वही दोपहर को पिछले तीन-चार दिनों से चले आ रहे इस महोत्सव के विभिन्न आयोजनों व स्पधार्ओं के विजेताओं को समाज प्रमुख ने पुरस्कृत किया। वही शाम को दादा बाडी में भक्ति आयोजन भी किया गया था। इस मौके पर शांतिलाल सुराना, हरीश गोलछा, मांगीलाल संचेती, मांगीलाल सुराना, टीकम बाफना, मनोज जैन, कपिल चोपड़ा, मोहित सुराना, संगीता गोलछा, पुष्पा दुग्गड़, सपना गोलछा, किरण चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में समाज से जुड़े लोग मौजूूद रहे।

     कोंडागांव / शौर्यपथ /

    अनुसूचित जाति/ जनजाति/ पिछड़ा वर्ग/ अल्पसंख्यक संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर जी की 131वीं जयंती धूमधाम से मनाई गयी प्रात: 8बजे अम्बेडकर चौंक स्थित अम्बेडकर जी की आदमकद प्रतिमा के समीप एकत्रित होकर पूजा पाठ त्रीशरण पंचशील सम्पन्न हुआ व कार्यक्रम में मुख्यातिथि कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम एवं सर्व समाज अध्यक्ष धंसराज टंडन , सर्व आदिवासी समाज संरक्षक सी आर कोर्राम प्रेम सिंह नाग अध्यक्ष गाडा समाज , कार्यक्रम के अध्यक्षता रितेश पटेल व श्यामसुंदर मेश्राम बौद्धसमाज अध्यक्ष, एमडी बघेल संरक्षक सर्व समाज द्वारा संयुक्त रुप से ध्वजारोहण किया गया तत्पश्चात् अम्बेडकर जी अमर रहे जय भीम के नारों से गुंजायमान होते हुए बाबा साहेब के फोटो से सजी रथ व डीजे के साथ एक विशाल रैली रेस्ट हॉउस होते हुए जय स्तम्भ चौंक से गुजरते हुए बाजार परिसर ने निकलकर पुन: कार्यक्रम स्थल पहुंचा जहां पर उपस्थित जनों को स्वल्पाहार कराया गया एवं मुख्य अतिथि विधायक मोहन मरकाम विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती हेम कुँवर पटेल,जसकेतु उसेंडी,सर्व आदिवासी समाज अध्यक्ष बंगा राम सोढ़ी,पिछड़ा वर्ग समाज से पी डी विश्वकर्मा,तिलक पांडे,झूमूकलाल दिवान,वीरेंद्र दिवान,अमित गुप्ता,गांडा समाज जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह नाग, बौद्ध समाज अध्यक्ष सी एल मेश्राम,देवांगन समाज अध्यक्ष मनीशंकर देवांगन, मनोज कोर्राम गांडा समाज नगर अध्यक्ष,गड़वा समाज अध्यक्ष पंचु राम सागर,सतनामी समाज अध्यक्ष शानू मार्कडेय सर्व समाज संरक्षक सी आर कोर्राम,उत्कल समाज अध्यक्ष तरुण नाग, मन्नू लाल चतुर्वेदी संरक्षक सतनामी समाज,सचिव शीतल कोर्राम मौजूद रहे कार्यक्रम की अध्यक्षता एससी/एसटी/ ओबीसी अल्पसंख्यक संयोजक रितेश पटेल ने किया कार्यक्रम का संचालन सर्व समाज अध्यक्ष धंसराज टंडन ने किया कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के जीवनी को साझा किया सभी समाज प्रमुखों ने बारी बारी से अपनी अपना व्यक्तव्य रखा विशिष्ट अतिथि नपा उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने कहा बाबा साहब के पास जितनी डिग्रियां थी उतनी ना तो इस सभा में किसी के पास है और ना ही हो सकती है बाबा साहब एक महान पुरुष थे उनके अनुशरण मात्र से जीवन धन्य है नगर पालिका अध्यक्ष हेम कुँवर पटेल ने कहा बाबा साहब ने अगर महिलाओ के अधिकार के लिए लड़ाई न लड़ी होती तो शायद मैं या कोई भी महिला आज मंच पर नही होती हम महिलाओं को पुरुष वर्ग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने की आजादी और अधिकार बाबा साहेब की देन है कार्यक्रम के मुख्यातिथि क्षेत्रीय विधायक मोहन मरकाम ने कहा बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के सिद्धांत कहती है शिक्षित बनो संगठित रहो संघर्ष करो हमें उनके पद चिन्हो पर चलने की आवश्यकता है उनके सिद्धांतो को समझने और जीवन में अमल करने की आवश्यकता है बाबा साहब ने अपने अधिकार और कर्तव्य के प्रति जागरूक होने की बात भी कही है परन्तु हम अधिकार की बात तो करते हैं कर्तव्य को भूल जाते हैं ऐसा नही होना चाहिए हमें हमारे अधिकारों के साथ साथ कर्तव्यों को भी निभानी चाहिए। आभार प्रदर्शन अध्यक्षता कर रहे रितेश पटेल द्वारा किया गया ।आज के कार्यक्रम में बौद्ध समाज से सुरेश पाटले,ए आर सोनपिपरे,रमाकांत महाजन,उमेश मेश्राम, साधू पाटिल, नरेन्द्र लोन्हारे, कमलेश मेश्राम, पंकज ठावरे, श्री मति रश्मि ठावरे, सरिता मेश्राम, ललिता मेश्राम, साधना लोनहारे,पुष्पा दूधी, छोटू सलाम, संतोष सावरकर, मुकेश मार्कण्डेय, जी ऐसा नेगी, चंद्रेश चतुर्वेदी, योगेंद्र चतुर्वेदी, भुवन मारकंडे, मनोज कोर्राम सहित सभी समाज के प्रबुद्धधजनों के साथ भारी संख्या में महिला बच्चे एवं विभिन्न संस्था संगठन से जुड़े लोग मौजूद रहे।

     भिलाई / शौर्यपथ /

    भिलाई निगम प्रशासन शहरी गौठान में आजीविका के अवसर बढ़ रहा है। इसके तहत भिलाई निगम के शहरी गौठान, कोसा नगर में छग शासन कीे चार महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी सहित गोधन न्याय योजना अपना आकार ले रही है। वहीं यहां आजीविका के साधन को भी बढ़-चढ़कर महत्व दिया जा रहा है। गौठान में आवारा मवेशियां पल रही हैैं। स्व सहायता समूह की महिलाएं रोजगारोन्मुखी कार्य कर आत्म स्वावलंबन की डगर पर चल पड़ी हैं। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के निर्देश पर आयुक्त प्रकाश सर्वें गौठान को सर्वसुविधायुक्त बनाने लगातार निरीक्षण का मॉनिटरिंग भी करते रहते हैं। समूह की महिलाओं को नवाचार का प्रयोग कर आर्थिक रूप से सक्षम बनाने साधन भी उपलब्ध कराते आ रहे हैं।

    गौठान परिसर में 120 गौ माता सहित बछिया को रखा गया है। समूहों द्वारा पोषित चरवाहा के जरिए इन मवेशियों का बेहतर देखभाल किया जा रहा है। परिसर में ही हरा चारा उपलब्ध कराने नेपियर घास उगाई गई है। मवेशियों के गोबर को इक_ा कर खाद बनाया जा रहा है। वर्मी कंपोस्ट खाद उत्पादन: नई उड़ान क्षेत्र स्तरीय संगठन जोन एक की समूह की महिलाएं गोबर से खाद बनाने में जुटी हुईं हैं। निगम द्वारा बनाई कई टंकियों में गोबर को सड़ाकर रखा जा रहा है। उसके बाद कई प्रक्रियाओं के बाद छानकर वर्मी कंपोस्ट खाद बनाया जा रहा है। समूह की महिलाएं प्रति माह 10 टन वर्मी कंपोस्ट खाद का निर्माण कर रही हैं। अब तक इनके द्वारा करीबन 150 टन खाद की बिक्री की जा चुकी है। गोबर खरीदी: समूह की महिलाएं प्रतिदिन आसपास के लोगों से 2 रूपए किलों में गोबर की खरीदी जा रही है। प्रतिदिन गौ पालक स्वयं शहरी गौठान में आकर गोबर बेच रहे हैं। इस बिक्री से उसे अच्छी खासी आय भी हो रही है। केंचुआ पालन: गौठान में केंचुआ पालन को भी महत्व दिया जा रहा है। यहां प्रतिमाह 70 किग्रा केंचुआ का उत्पादन किया जा रहा है। इसकी डिमांड मछली पालन व स्थानीय लोगों में मिट्टी को उर्वरा शक्ति बनाने के लिए किया जा रहा है।

    गोबर कंडा व लकड़ी निर्माण गोबर से कंडा व लकड़ी का निर्माण भी बड़ी मात्रा में किया जा रहा है। इसका उपयोग निगम क्षेत्र व आसपास के मुक्तिधामों में शवों को दहन करने में किया जा रहा है। इसके निर्माण से महिलाओं को खासा फायदा हो जा रहा है।

     कवर्धा / शौर्यपथ /

    कबीरधाम जिला साहू संघ के प्रतिनिधिमण्डल ने आज प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर से उनके राजधानी रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में भेट की। इस दौरान प्रतिनिधिमण्डल ने कबीरधाम जिले के विकास के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव रखे। कैबिनेट मंत्री ने साहू संघ के प्रतिनिधिमण्डल के सदस्यों की बातों को ध्यान पूर्वक सुना तथा जिले के विकास के संबंध में कोई कसर नहीं छोडऩे की बात कही।

    कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने अपने निवास के लॉन में साहू समाज के साथ आत्मीयता पूर्वक बात की। उन्होंने किसी मांग के संबंध में पूछा तो समाज के सदस्यों ने जिला मुख्यालय कवर्धा के कैलाश नगर स्थित शासकीय हाई स्कूल का नामकरण माता कर्मा शासकीय हाई स्कूल करने की मांग रखी। मंत्री  अकबर ने इस संबंध में उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। साहू समाज ने भक्त माता कर्मा जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल के आने की सहमति दिलाने की मांग भी मंत्री  अकबर के समक्ष रखी। कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने उनसे कहा कि वे साहू समाज के प्रतिनिधिमण्डल के साथ स्वयं जाकर मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में आने का आमंत्रण देंगे।

    कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर से मिलने वाले साहू समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने निम्न लोग शामिल थे:- शीतल साहू कबीरधाम जिला अध्यक्ष, साहू समाज, चोवा साहू युवा अध्यक्ष, चतुर साहू जिला संरक्षक, नोहर साहू तह. संरक्षक, खेलु साहू तह. संरक्षक, छबीलाल सातो राज अध्यक्ष, नीलकंठ साहू तह. अध्यक्ष बोड़ला, प्रकाश साहू, बलदाऊ साहू सरपंच रूसे, हुकुम साहू, डॉ. जालेश्वर साहू सहित समाज के लोग उपस्थित रहे । इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य क्रेडा के सदस्य कन्हैया अग्रवाल भी उपस्थित थे।

    जगदलपुर / शौर्यपथ /

    जगदलपुर के पास नकटी सेमरा में लाईफ लाईन एक्सप्रेस के माध्यम से मरीजों का उपचार गुरुवार से प्रारंभ हो गया है। इसके तहत आज नकटी सेमरा स्थित लाईवलीहुड कॉलेज में जहां मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं शुक्रवार से नकटी सेमरा रेलवे स्टेशन में खड़ी चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित ट्रेन में आवश्यकता अनुसार मरीजों की सर्जरी भी की जाएगी।
    सांसद दीपक बैज ने आज इस परियोजना का शुभारंभ करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे आदिवासी बाहुल्य अंचल में पूरी तरह नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यकता अनुसार सर्जरी जैसी सुविधा उपलब्ध कराना बड़ी बात है। उन्होंने अंचल के ग्रामीणों को अधिक से अधिक संख्या में इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर जगदलपुर महापौर श्रीमती सफीरा साहू, नगर निगम सभापति श्रीमती कविता साहू, अपर कलेक्टर  अरविंद एक्का, एसडीएम दिनेश नाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वास्थ्य अमला मौजूद था।

    इंपेक्ट इंडिया फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर पुनीत शर्मा ने बताया कि इंपेक्ट यूके, भारतीय रेलवे, छत्तीसगढ़ शासन एवं बस्तर जिला प्रशासन के सहयोग से बस्तर जिले में यह प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत आंख, कान, मुड़े हुए पैर, कटे-फटे होंट, दांत की जांच व सर्जरी की सुविधा के साथ ही यहां गरदन और स्तर कैंसर की जांच भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण 19 अप्रैल तक किया जाएगा तथा सर्जरी की सुविधा 15 अप्रैल से शुरु होगी, जो 20 अप्रैल तक चलेगी। कैंसर जांच की सुविधा 20 अप्रैल तक प्रारंभ रहेगी।

     स्कूली बच्चों को अरमानों को लगे पंख ,अब नवीन स्कूल भवन मेें शिक्षा हासिल करेंगे बच्चे ,इंटरनेट की सुविधा भी सुलभ हुई मोरपल्ली वासियों को

    सुकमा / शौर्यपथ /

    दुनिया फोर जी से फाइव जी जनरेशन की ओर बढ़ चुकी है, लेकिन विकासशील भारतवर्ष में कई इलाके आज भी ऐसे है, जहां इंटरनेट, वाट्सअप, वीडियो कॉल जैसी बातें मानों तारों से बातें करने जैसी हो। हम बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ के सघन नक्सल प्रभावित सुकमा जिले की, जिसकी पहचान कल तक एक घुप्प अंधेरे से बढ़कर कुछ नहीं थी, लेकिन बदलती सोच, शासन-प्रशासन की सक्रियता और सुरक्षा बलों के प्रयासों ने सुकमा के इस काले अंधेरे को हटाकर, इस जिले की तस्वीर और तकदीर बदलने में कामयाब हो रही है।

    बुधवार का दिन मोरपल्ली वासियों के लिए खास था। वजह थी नवनिर्मित स्कूल बिल्डिंग का लोकार्पण, जिसकी सौगात कलेक्टर ने वर्चुअली दी। पक्की छत पाकर मानों बच्चों के साथ ग्रामीणों के अरमानों को पंख लगे हो। गांव में जैसे जश्न का माहौल था, ढोल की थाप पर बच्चे, जवान और बूढ़े हर कोई थिरकता रहा। यह जोश, उल्लास, उत्सव मानों मोरपल्ली गांव का स्वर्णिम भविष्य को बयां कर रहा हो। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र सुकमा जिला मुख्यालय से लगभग 58 किमी दूर मोरपल्ली गांव में विकास की इबारत लिखी गई है। यहां सलवा जुडूम के दौर में बंद पड़े प्राईमरी स्कूल का ना सिर्फ पुन: संचालन शुरू हुआ बल्कि झोपड़ी में शिक्षा ग्रहण करने की मजबूरी से भी बच्चों को मुक्ति मिली है। करीब डेढ़ दशक बाद मोरपल्ली में पक्का स्कूल भवन का सपना साकार है। इतना ही नहीं शिक्षा में हुई प्रगति के साथ-साथ यह गांव अब संचार सेवा से भी जुड़ गया है। जिसकी बदौलत अब कमोवेश हर हाथ में एंड्राईड फोन है। इंटरनेट की बदौलत ग्रामीण आधुनिकमा से रूबरू हो रहे हैं।

    पहली बार मोबाईल पर वीडियो कॉल देख ग्रामीणों में गजब का उत्साह और गांव में स्कूल के पुन: प्रारंभ होने की खुशी थी। इसी दौरन गांव में मोबाइल की घंटी बजना भी सभी के लिए सुखद आश्चर्य था। वीडियो कॉल पर बातें करना ग्रामीणों के लिए मानो चांद-सितारों से बातें करने जैसा था। साल 2005 से 2010 के दरमियान मोरपल्ली गांव सलवा जुडूम और नक्सलवाद के बीच वीरान हो चला था, लेकिन समय बलवान और परिवर्तनशील होता है। मोरपल्ली पर छाये मायूसी के बादले छंटने लगे, गांव में स्कूल खुला और चंद महीनों में पक्की स्कूल बिल्डिंग की सौगात भी गांव वालों को मिल गई। जिन्हें सोली-पायली के नाप तौल के आगे कुछ समझ ना हो, उन ग्रामीणों के हाथों में एंड्राईड फोन, इंटरनेट पर चैट से लेकर वीडियो कॉल जैसी सौगातों ने मोरपल्ली के विकास की नई इबारत लिखी है।

    सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश कवासी और कलेक्टर विनीत नन्दनवार मोरपल्ली में नवीन स्कूल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में वर्चुअल रुप से सम्मिलित हुए। उन्होंने ग्रामवासियों और छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

    जिला अध्यक्ष  हरीश कवासी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा के प्रयासों से सुकमा जिले से नक्सलवाद का काला साया छट रहा है। पिछले 16 वर्षों से बन्द पड़े स्कूल, आश्रम पुन: प्रारंभ होने से जिले के बच्चों का भविष्य सुरक्षित हुआ है। शिक्षा सुलभ होने से सुकमा के बच्चे भी अपना सुनहरा भविष्य गढ़ पाऐंगे। नया स्कूल भवन बनने से बच्चों को पढ़ाई में सुविधा होगी और वे निश्चिंत होकर, पूरी लगन से पढ़ाई करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में सुकमा जिले में विकास सुनिश्चित हुआ है। अंदरुनी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य सुविधा, बेहतर शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।

    कलेक्टर विनीत नन्दनवार ने बच्चों को सफलता के मंत्र देते हुए कहा कि आप लगातार मेहनत करें, पढ़ाई करें, आप सिर्फ कोंटा, सुकमा, छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि देश में अलग पहचान बनायेंगे। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरुप जिले में सलवा जुडुम के दौरान बन्द हो चुके स्कूल, आश्रम को पुन: प्रारंभ किया जा रहा है। प्रशासन लगातार नए स्कूल आश्रम भवन बनवा रही है, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध हो सके। मोरपल्ली में नवीन स्कूल भवन इसी का उदाहरण है। जल्द ही अन्य अधूरे भवनों को भी पूर्ण कर लिया जाएगा। प्राथमिक शाला के उद्धघाटन पर ग्रामीणों ने हरीश कवासी और कलेक्टर के प्रति आभार जताया और कहा कि गॉव में स्कूल बनने से अब बच्चे अच्छे से शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। हमें खुशी है, कल तक झोपड़ी में बैठने को मजबूर बच्चों को पक्की छत मिली और यह बेहतर शिक्षा के साथ हमारे गॉव का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने गांव में स्कूल के पुन: संचालन प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्री कवासी लखमा और जिला प्रशासन का बहुत-बहुत आभार जताया।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision