
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
रायपुर / शौर्यपथ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने सिंगापुर के वैश्विक निवेश और व्यावसायिक मंच पर अपनी संभावनाओं को मजबूती से प्रस्तुत किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के उपरांत सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर प्रवास के पहले दिन हरित विकास, ईको-टूरिज्म और निवेश के साथ-साथ औद्योगिक साझेदारी को लेकर महत्वपूर्ण संवाद किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वप्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के जनरल मैनेजर एवं मास्टर प्लानिंग श्री जेसन येओ, डायरेक्टर श्री लिम चियाप सॉन्ग सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक की। बैठक में गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन, उद्यान प्रबंधन, वनस्पति संरक्षण और शहरी हरित विकास की आधुनिक कार्यप्रणालियों की जानकारी ली गई।
नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन को मिल सकता है सिंगापुर के अनुभवों का लाभ
बैठक में उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म तथा क्षमता विकास के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा, समृद्ध वनों और जैव विविधता से सम्पन्न प्रदेश है। ऐसे में सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे का अनुभव राज्य के हरित विकास के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता का लाभ नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास, शहरी क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हरित क्षेत्रों के विस्तार के लिए लिया जा सकता है। आधुनिक उद्यान विकास और पर्यावरणीय पर्यटन के बेहतर समन्वय से छत्तीसगढ़ में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरित क्षेत्रों और आकर्षक पर्यटन स्थलों के विकास से प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे। इससे छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए उसे वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने में मदद मिलेगी।
सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में छत्तीसगढ़ की निवेश गाथा
SING फोरम की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री श्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन श्री मार्क ली और सीईओ श्री कोक पिंग सून सहित उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के साथ मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान छत्तीसगढ़ का 7 सदस्यीय और हरियाणा का 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।
लीडरशिप डिनर भारतीय राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालीन आर्थिक साझेदारी को लेकर संवाद का महत्वपूर्ण मंच बना।
‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में निवेशकों को भागीदारी का आमंत्रण
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते हुए निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की प्रगतिशील औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों तथा एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक संभावनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रहा है और राज्य सरकार उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण की यात्रा में सहभागी बनने तथा प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।
5 अक्टूबर को SING फोरम, 6 को सीईओ राउंडटेबल
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके पश्चात 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीईओ राउंडटेबल में शामिल होंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक विकास, आर्थिक साझेदारी और राज्य में निवेश के नए अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।
सिंगापुर में मुख्यमंत्री का यह दौरा छत्तीसगढ़ को हरित विकास, पर्यटन, तकनीक, उद्योग और वैश्विक निवेश के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
