
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का उत्साहपूर्ण समापन, 156 शोध परियोजनाओं का हुआ मूल्यांकन
कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला बोले– जिज्ञासा और सवालों से ही जन्म लेते हैं नवाचार, दुर्ग के बाल वैज्ञानिकों ने भी हासिल की उपलब्धि
रायपुर । वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान के प्रति नई पीढ़ी की बढ़ती रुचि का परिचय देते हुए छत्तीसगढ़ के बाल वैज्ञानिकों ने राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 के अंतर्गत पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय आयोजन का शुक्रवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रदेशभर से पहुंचे विद्यार्थियों ने 156 शोध परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ वर्ग के 10 और कनिष्ठ वर्ग के 6 बाल वैज्ञानिक समूहों सहित कुल 16 समूहों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया।
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 20 एवं 21 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 15 विषय विशेषज्ञों ने परियोजनाओं का मूल्यांकन किया। चयनित बाल वैज्ञानिक 5 से 8 जनवरी 2027 तक नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में आयोजित राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भागीदारी के लिए भी दो बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है।
जिज्ञासा और सवाल ही नवाचार की आधारशिला : कुलपति
समापन समारोह में कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक बनने के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। अपने आसपास की घटनाओं का निरीक्षण करना, उनके कारणों को समझना और लगातार प्रश्न पूछना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चे अपनी प्रतिभा का मूल्यांकन केवल प्रतियोगिता में प्राप्त स्थान से न करें, बल्कि नए विचारों और समस्याओं के समाधान की दिशा में किए गए प्रयासों को भी सफलता मानें। उन्होंने विश्वविद्यालय के द्वार बाल वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन के लिए सदैव खुले रहने की बात कही।
छोटे प्रश्नों से शुरू होती हैं बड़ी वैज्ञानिक खोजें
छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर ने कहा कि विज्ञान का उद्देश्य केवल नई तकनीक विकसित करना नहीं, बल्कि सामाजिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान खोजना भी है। बच्चों में सही प्रश्न पूछने, समस्याओं के कारण समझने और वैज्ञानिक पद्धति से समाधान तलाशने की प्रवृत्ति विकसित होनी चाहिए। अनुसंधान के निष्कर्षों का परीक्षण और उनमें निरंतर सुधार वैज्ञानिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग की निदेशक डॉ. मंजू सिंह ने कहा कि इस आयोजन में भाग लेने वाला प्रत्येक विद्यार्थी विजेता है। आज के बाल वैज्ञानिकों में ही भविष्य के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और आविष्कारक बनने की संभावनाएं छिपी हैं। वहीं प्रो. मोहनलाल सतनामी ने 'फन विद फंडामेंटल ऑफ केमिस्ट्री' विषय पर व्याख्यान देकर विद्यार्थियों को विज्ञान की मूल अवधारणाओं को रोचक तरीके से समझाया।
पांच विषयों पर केंद्रित रहीं शोध परियोजनाएं
इस वर्ष कांग्रेस का मुख्य विषय 'सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार' रखा गया था। इसके अंतर्गत अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा संबंधी खोज एवं नवाचार, जल संचयन एवं संरक्षण, भोजन-कृषि एवं स्वास्थ्य तथा सतत विकास में भारतीय ज्ञान प्रणालियों के उपयोग जैसे पांच उपविषयों पर विद्यार्थियों ने शोध प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने परियोजनाओं के वैज्ञानिक निष्कर्षों, अनुसंधान की गुणवत्ता और प्रस्तुतीकरण को लेकर मार्गदर्शन भी दिया।
दुर्ग के बाल वैज्ञानिकों ने भी हासिल की उपलब्धि
राज्य स्तरीय आयोजन में दुर्ग की प्रतिभाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वरिष्ठ वर्ग में दुर्ग के नवीन देवांगन तथा कनिष्ठ वर्ग में संपदा और तृषा पाणिग्रही को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा बस्तर के प्रखर साहू, कुरुद की नीलिमा यादव, गरियाबंद की तामेश्वरी साहू, मनेन्द्रगढ़ के जितेंद्र विश्वकर्मा एवं मनीष श्रीवास, पत्थलगांव की इशिका पाल एवं वैभवी सोनी, दंतेवाड़ा की पल्लवी सिंह, सूरजपुर की अनुराधा राजवाड़े एवं तुलेश्वर ध्रुव, पेंड्रा की प्रतीक्षा कुशवाहा, राजिम के पंकज सोनकर सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कनिष्ठ वर्ग में बिलासपुर की महिमा, बलौदाबाजार के अर्पण श्रीवास, सरगुजा के नूर मोहम्मद, नारायणपुर के राधेश्याम वेरदा तथा पखांजुर के पृथ्विश रंजन को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रो. केशवकांत साहू, राज्य समन्वयक डॉ. जे.के. राय, विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विशेषज्ञ, जिला समन्वयक, मार्गदर्शक शिक्षक, प्राध्यापक तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिक उपस्थित थे।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
