August 07, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    PANKAJ CHANDRAKAR

    PANKAJ CHANDRAKAR

    मनोरंजन /शौर्यपथ/

    जैसा कि हम नए साल 2022 की शुरुआत कर रहे हैं, हर कोई साल की सुखद और स्वस्थ शुरुआत की कामना कर रहा है। नए साल का जश्न मनाने के लिए बॉलीवुड सेलेब्स पहले ही अपने फेवरेट डेस्टिनेशन के लिए रवाना हो चुके हैं। सेलेब्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपने नए साल के सेलिब्रेशन की कुछ खास फोटोज फैन्स के साथ शेयर कर रहे हैं। आइए देखते हैं सेलेब्स के सोशल मीडिया पोस्ट्स:-

    प्र‍ियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनस के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेट करती नजर आईं। फोटो में प्र‍ियंका अपने पति निक के गाल पर किस करती नजर आईं। निक ने फोटो शेयर कर पत्नी प्र‍ियंका के लिए अपना प्यार जताया और लिखा, "मेरा हमेशा का न्यू ईयर किस"।

    सोनम कपूर ने भी पति आनंद आहूजा के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेट किया। उन्होंने अपने पति को किस करते हुए सोशल मीडिया पर फोटो शेयर की, और फैन्स को नए साल की बधाई दी।

    अनुष्का शर्मा और उनके पति विराट कोहली अपना नया साल साउथ अफ्रीका में मना रहे हैं। अनुष्का ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर फैन्स को नाया साल विश किया और लिखा, "इस साल हमें सबसे बड़ी खुशी मिली है। तो 2021 का पूरे दिल से आभार। धन्यवाद।"

    परिणीति चोपड़ा इस नए साल का सेलिब्रेशन प्राग में कर रही हैं। उन्होंने वहां की फोटो शेयर करते हुए लिखा, "Europe x NYE, थैंक्यू 2021, तुमने मुझे अच्छा समय दिया।"

     

     

     

     

     

    कोरिया /शौर्यपथ/ 

    छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में बीजेपी ने कांग्रेस को जोर का झटका दिया है। यहां बैकुंठपुर नगर पालिका में बहुमत के बाद भी कांग्रेस अपना नगर पालिका अध्यक्ष नहीं बना सकी है। इस सीट पर बीजेपी की नविता शिवहरे को जीत मिली है। चुनाव परिणामों में यहां कांग्रेस के 11, बीजेपी के 7 और 2 अन्य उम्मीदवार चुनाव जीत के आए थे। परिणामों के बाद ये लगभग तय था कि कांग्रेस अपना नगर पालिका अध्यक्ष बनाएगी। मगर आखिरी समय में बाजी पलट गई।

    23 नवंबर को कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर पालिका के परिणाम घोषित किए गए थे, जिसके बाद अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन शनिवार को हुए। शनिवार को ही परिणाम जारी कर दिए गए, लेकिन जो परिणाम आए उसके बाद कांग्रेसी भी हैरान रह गए।

     टाई के बाद बीजेपी के पक्ष में गया फैसला

    अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने साधना जायसवाल को उम्मीदवार बनाया था। वहीं बीजेपी ने नविता शिवहरे को मैदान में उतारा था। शनिवार को जब परिणाम आए तो दोनों को 10-10 वोट मिले। मुकाबला टाई हो गया। फिर फैसला पर्ची निकालकर किया गया। जिसमें बीजेपी प्रत्याशी नविता शिवहरे को जीत मिली है। नविता वार्ड नंबर 12 से पार्षद चुनी गई हैं।

    कांग्रेस की मुर्शरत जहां ने की क्रॉस वोटिंग

    बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 11 से मुर्शरत जहां कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत कर आई थीं। इसीलिए उनके पति आफताब अहमद की मांग थी कि कांग्रेस मुर्शरत जहां को ही नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारे। मगर कांग्रेस ने साधना जायसवाल को मैदान में उतार दिया। इसी बात से नाराज मुर्शरत जहां ने आखिर समय में बगावत कर दी और क्रॉस वोटिंग की।

    नतीजा ये रहा कि कांग्रेस के पक्ष में सिर्फ 10 वोट ही पड़े। यह भी बताया गया है कि आफताब ने चुनाव के कुछ दिन पहले ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष नजीर अजहर से भी मुलाकात की थी और मुर्शरत को उम्मीदवार बनाने की मांग की थी। इसके बावजूद कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपना फैसला नहीं बदला। कांग्रेस से बगावत करनी वाली पार्षद मुर्शरत जहां और उनके पति आफताब अहमद बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

    कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

    इधर, जब शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुए और परिणाम आए तो कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं नारेबाजी करने लगे। उन्होंने कांग्रेस जिला अध्यक्ष नजीर अजहर के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। फिलहाल इस पर अभी कांग्रेस के किसी सीनियर नेता का बयान सामने नहीं आया है। बैकुंठपुर नगर पालिका में इससे पहले कांग्रेस का ही कब्जा था

     चरचा में कांग्रेस की नगर पालिका अध्यक्ष चुनी गईं

    कोरिया के बैकुंठपुर नगर पालिका के अलावा चरचा नगर पालिका के अध्यक्ष के लिए मतदान हुआ। यहां कांग्रेस की लालमुनी यादव ने बीजेपी के अरुण कुमार जायसवाल को हरा दिया। कांग्रेस को यहां 10 वोट और बीजेपी को 05 मिले। चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने यहां 08 पार्षद, बीजेपी के 05 और 2 निर्दलीय पार्षद चुनाव जीतकर आए थे।

     

     

    पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे यानी दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

    चंडीगढ़ /शौर्यपथ/

     पंजाब और हरियाणा  में अधिकतर स्थानों पर कड़ाके की ठंड जारी रही और घना कोहरा छाया रहा. मौसम विज्ञान विभाग  के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

    हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे यानी दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

     हरियाणा के अंबाला, करनाल, नारनौल, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.9, 3.8, 3, 4.4, 4.6, 5.1 और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

     पंजाब के अमृतसर और लुधियाना में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 4.2 और 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पटियाला, पठानकोट, हलवारा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.7, 4.2, 2.7, 4.5 और 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंजाब के बठिंडा, पटियाला और हरियाणा के अंबाला में घना कोहरा छाया रहा.

     

     

     

     

    लाइफ स्टाइल /शौर्यपथ /

    टमाटर (tomato) में कई ऐसे न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं जो हेल्थ के लिए बहुत ज्यादा फायदेमंद होते हैं. टमाटर में विटामिन सी, विटामिन ए, फोलेट, कैल्शियम और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है. टमाटर बॉडी में एंटी ऑक्सीडेंट की तरह काम करता है.

     कोरोना ने एक बार फिर तीसरी लहर के साथ वापसी की है. तीसरे वेरिएंट ओमिक्रोन का खतरा हर जगह मंडरा रहा है. ऐसे में हर व्यक्ति अपनी इम्यूनिटी को स्ट्रांग करने में लगा हुआ है. बॉडी की इम्युनिटी मजबूत होने से आपके लिए किसी भी तरह के वायरल इंफेक्शन से बचना आसान हो जाता है. वैसे तो अपना इम्यून सिस्टम स्ट्रांग करने के लिए लोग काढ़ा से लेकर कई तरह की दवाइयां खाते हैं. लेकिन आज हम आपको बताने जा रहे हैं घर के किचन में पाई जाने वाली एक ऐसी चीज जिसके जरिए आप अपने इम्यूनिटी को मजबूत कर सकते है. हम बात कर रहे हैं टमाटर (tomato) की.

     

    हेल्थ के लिए फायदेमंद है टमाटर

    टमाटर में कई ऐसे न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं जो हेल्थ के लिए बहुत ज्यादा फायदेमंद होते हैं. टमाटर में विटामिन सी, विटामिन ए, फोलेट, कैल्शियम और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है. टमाटर (tomato) बॉडी में एंटी ऑक्सीडेंट की तरह काम करता है. रोजाना टमाटर का जूस पीने से आप कई तरह की बीमारियों से दूर रह सकते हैं.

    टमाटर जूस बनाने के इंग्रीडिएंट्स

    टमाटर- 2

    पानी- 1 कप

    नमक- स्वादानुसार

    टमाटर जूस बनाने की रेसिपी

    टमाटर का जूस (tomato juice) बनाने के लिए सबसे पहले टमाटर को साफ पानी में डालकर रख दें.

    अब पानी से निकालकर टमाटर को काट लें और जूसर के जार में डाल दें.

    एक कप पानी डालकर 4 से 5 मिनट तक टमाटर को जूसर में चलाएं.

    टमाटर के अच्छी तरह पिस जाने के बाद उसे ग्लास में निकाल लें.

    अब टमाटर के जूस को ग्लास में निकालकर ऊपर से नमक मिलाएं और इसका सेवन करे.

    जांजगीर-चांपा /शौर्यपथ/

    कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला ने नया साल -2022 की जिले की जनता को अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी है।

    अपने बधाई संदेश में कलेक्टर ने ज़िले के जन, पंचायत प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संगठनों, ब्यावसायियों सहित आम जनता को नये साल की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुख- समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की है।
    उन्होंने आम जनता से अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।

    श्रमवीरों को मिठाई खिलाकर और कंबल भेंट कर उनके साथ बांटी नए वर्ष की खुशियां
    भगिनी प्रसूति सहायता योजना में सहायता राशि 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 20 हजार रुपए करने की घोषणा

    नववर्ष में श्रमवीरों के साथ सुबह की चाय पी

    श्रम अन्न योजना केन्द्र में जाकर श्रमिक भाई-बहनों के साथ की चर्चा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

    रायपुर /शौर्यपथ/

    मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने आज सवेरे नववर्ष के प्रथम दिन राजधानी रायपुर के कोतवाली चावड़ी के मेहनतकश मजदूर भाई-बहनों के साथ हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नववर्ष का अभिनंदन किया। उन्होंने श्रमवीर भाई-बहनों को मिठाई खिलाकर और कंबल भेंट कर उनके साथ नए वर्ष की खुशियां बांटी। श्री बघेल ने इस अवसर पर श्रमवीरों सहित सभी लोगों को नए वर्ष की शुभकामनाएं दीं।

    मुख्यमंत्री  बघेल ने नव वर्ष पर श्रमवीरों को सौगात देते हुए भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत भगिनी प्रसूति सहायता योजना में सहायता राशि 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 20 हजार रुपए करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की मेहनत से छत्तीसगढ़ को लगातार तीसरी बार देश के सबसे स्वच्छ राज्य का पुरस्कार मिल है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के श्रम के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा की नये वर्ष में बुजुर्गों और हमारे पुरोधा, हमारे महापुरूषों के सपनों को साकार करना ही हमारे नए वर्ष का संकल्प है।

    मुख्यमंत्री ने इसके पहले राजधानी रायपुर के गांधी मैदान में श्रमवीरों को गरमा-गरम भोजन उपलब्ध कराने के लिए संचालित शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना केंद्र में पहुंचकर वहां श्रमिक भाई-बहनों के साथ चर्चा की और सुबह की चाय पी। श्रमिक भाई-बहनों ने मुख्यमंत्री को बताया की पंजीकृत कार्डधारी श्रमिकों को इस केंद्र से 5 रुपए में गरमा-गरम भोजन मिलता है और बिना कार्डधारी श्रमिक भाई बहनों को 10 रुपए में भरपेट भोजन मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भूमिहीन श्रमिकों को जिनके पास एक इंच भी भूमि नहीं है उन्हें सालाना 6 हजार रूपए देने का निर्णय लिया है। यह राशि राज्य सरकार की राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत बहुत जल्द उन्हें मिलने लगेगी। रायपुर नगर निगम के महापौर श्री एजाज ढेबर और छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष  सुशील सन्नी अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

    मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने इस अवसर पर कहा कि जब से मैं मुख्यमंत्री बना हूं, चावड़ी में आकर मजदूर भाई-बहनों के साथ नए साल की शुरुआत करता हूं क्योंकि इन्हीं श्रमिकों के दम पर भवन, सड़कें और नालियां बनी हैं, साफ सफाई का कार्य हो रहा है। आज यदि बीमारियों से हम सुरक्षित हैं तो हमारे श्रमिकों, सफाई कर्मियों के कारण यह संभव हो पाया है। हमारे खेतों में काम करने वाले किसान के कारण हमको अन्न मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रम के सम्मान का यह मार्ग हमको राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी से मिला है, गांधी जी ने नील की खेती करने वाले किसानों की लड़ाई लड़ी। गांधी जी ने बुनकरों की तकली, चरखा को राष्ट्रीय आंदोलन का प्रतीक बनाया, उन्होंने खुद मैला ढोने का काम किया। गांधीजी ने दलितों की मोहल्ले में जाकर वहां सफाई का काम किया। उन्होंने यह संदेश दिया है कि कार्य चाहे जो भी हो, कोई भी काम छोटा नहीं होता, उसे पूरी शिद्दत के साथ, पूरे समर्पण के साथ करें तो निश्चित रूप से सफलता मिलती है।

    मुख्यमंत्री ने श्रम वीरों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी लोगों का सम्मान करके आज मुझे महसूस हो रहा है कि हम गांधी जी के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद किसानों को हमने दाम दिया, आज किसानों को धान का समर्थन मूल्य और राजीव गांधी किसान न्याय योजना की इनपुट सब्सिडी मिलाकर 2500 रुपए क्विंटल धान की कीमत मिल रही है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के हित में लिए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उद्योगों में कार्यरत मजदूर की उम्र 58 साल से बढ़ाकर 60 साल की गई है, इससे लगभग 4 लाख श्रमिकों को अतिरिक्त 2 वर्ष का लाभ मिला है। वही मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना और असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में पंजीकृत निर्माण श्रमिक एवं असंगठित कर्मकार की मृत्यु पर एक लाख रुपये एवं दिव्यांगता पर 50 हजार की राशि दी जा रही है। विभिन्न योजनाओं में 16 लाख से अधिक श्रमिकों को लगभग 284 करोड़ रुपए की सहायता सहायता पहुंचाई गई है ।

    मजदूर भाई-बहनों के साथ की नये वर्ष की शुरूआतमुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पढ़ सके इसलिए 172 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की शुरुआत की गई है। मजदूर सुबह से काम में निकल जाते हैं, इसलिए परिवार के स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रख पाते हैं, हॉस्पिटलों में लाइन लगानी पड़ती है, दिन भर की मजदूरी चली जाती है। मजदूर भाई बहनों की समस्या के निदान के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत की गई है। महिलाओं के लिए अलग से दाई दीदी क्लिनिक योजना की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना भी ग्रामीण क्षेत्र में शुरू की है और शहरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना प्रारंभ की गई है। राज्य सरकार के प्रयास से कर्मचारी राज्य बीमा सेवा से जुड़ने वाले कामगारों की संख्या 3 वर्षों में एक लाख से अधिक हो गई है। कर्मचारी राज्य बीमा सेवा द्वारा संचालित औषधालयों द्वारा 1 लाख 43 हजार श्रमिकों का इलाज एवं दवाओं का वितरण किया गया है। वर्ष 2020 में कोविड-19 संकट के दौरान सभी के सहयोग से मजदूर भाईयों को सुरक्षित लाने, रोजगार देने, उन्हें क्वारंटाइन केंद्र में रखने, भोजन की व्यवस्था की गई। दवाइयों की भी निशुल्क व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग से हम आने वाले समय में भुखमरी, गरीबी और असमानता को भी परास्त करेंगे और समृद्ध तथा विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे।

     

    अन्य खबर /शौर्यपथ/

    मुझे यकीन है कि 2021 के आखिरी दो-तीन दिनों में दफ्तर में आपके करीबियों ने कैंटीन में चाय की चुस्कियां लेने जरूर बुलाया होगा, क्योंकि बाहर कड़ाके की सर्दी है। इस बुलावे के बाद कुछ लोगों से 2022 के लक्ष्यों की लंबी लिस्ट पर भी बात हुई होगी, जो वे पाना चाहते हैं या चाहती हैं। उन्होंने शायद कुछ ऐसे लक्ष्य बताए होंगे जैसे, ‘देखना, मैं 2022 में 2014 की जींस में फिट हो जाऊंगा, मैं अपनी कार बदल दूंगा’ और उनके ऐसे कई अधूरे सपने होंगे।

    पर आपने अपने दोस्तों को ऐसे नहीं कहा होगा, जैसे रेडियो जॉकी (आरजे) अर्चना जानी कहती हैं, ‘बॉस, ये सब पाने के लिए आपको कुछ प्लानिंग करनी होगी और वे लक्ष्य हासिल करने के लिए कदम-दर-कदम उसकी प्रक्रिया लिखने की जरूरत है।’ हां, रेडियो ‘माय एफएम’ में कल अपने लोकप्रिय शो ‘सलाम अमदाबाद’ में अर्चना ने ये कहा, जिसमें मुझे 45 सेकंड के लिए आमंत्रित किया गया था!

    अर्चना की कहने की अपनी एक शैली है, जिसमें श्रोताओं को हर्ट किए बिना वह बोलचाल की गुजराती और हिंदी वाली ‘कॉकटेल भाषा’ में रोज़ाना अपने युवा श्रोताओं का मनोरंजन करती है। अगर मैं अपनी बातचीत में थोड़ा धीमा हूं, तो वह बेसब्री दिखाएगी और मुझे अपनी पूरी बात रखने देगी, पर मेरे धीमे बोलने के कारण ज़ाया हुए समय की भरपाई के लिए वह बहुत जल्दी-जल्दी बोलेगी ताकि श्रोता बोर न हों। इन आरजे लोगों का संतुलित करने वाला ये अंदाज़ और श्रोताओं के लिए प्रतिबद्धता मुझे बहुत अच्छी लगती है।

    इससे बातचीत बहुत खुशनुमा, हल्की-फुल्की और आनंददायक हो जाती है, पर तथ्यों-आंकड़ों के कारण सीधी बात भी होती है। अधिकांश आरजे ये अच्छी तरह करते हैं। वे तथ्य रखने के लिए मुझ जैसे गेस्ट बुलाकर अपने श्रोताओं को चौंका देते हैं पर खुद तपाक से कोई तड़कता-भड़कता गाना चलाकर प्यार से दुलारते हैं और ठीक ऐसा कहते हैं, जैसा अर्चना ने कहा, ‘अभी के लिए मेरा गोल ये गाना सुनना है और इसके बोल समझने की कभी कोशिश नहीं करना।’

    पर गंभीरता से कहूं कि अगर आप अपना लक्ष्य पाना चाहते हैं, तो पहले पेन-पेपर से शुरू करें। ये सच है कि हम तकनीक से पूरी तरह बदल गई दुनिया में रहते हैं, पर पेन-पेपर से विचारों को जैसी दिशा और एकाग्रता मिलती है, वह कोई और नहीं दिखा सकता। जब हम लिखते हैं, तो दिमागी तंत्र कुछ ऐसा जुड़ता है कि वह दिमाग को इधर-उधर नहीं भटकने देता। दूसरा अगर आप पागल हाथी (पढ़ें दिमाग) को प्रशिक्षित करना चाहते हैं, तो उसे पहले काबू में करना होगा।

    मन की एकाग्रता का अभ्यास करने से आपका मन धीरे-धीरे वश में होगा। दिमाग काबू करना ही इकलौता खुद पर काबू है और जब एक बार यह काबू में आ गया तो हर चीज नियंत्रित हो जाएगी। इसलिए हर दिन अपनी पसंद के किसी भी काम से दिमाग को एकाग्र करें- ये श्वास लेना भी हो सकता है, वज़न कम करना या समुद्री लहरें देखना...फिर देखें कि कैसे दिमाग तुरंत किए जाने वाले कामों को हिस्सों में बांटना शुरू कर देता है।

    किसी एक काम में दक्षता हासिल किए बिना, कई कामों में उत्कृष्टता हासिल नहीं की जा सकती। याद रखें आरजे के इकलौते काम में उत्कृष्टता वही है, जहां वे श्रोताओं को एक सेकंड के लिए भी बोर नहीं होने देते। 2022 के लिए मेरा लक्ष्य आप सबको बहुत ज्यादा जानकारी से परिपूर्ण रखना है, क्योंकि जैसा ये गीत कहता है..‘हर घड़ी बदल रही है रूप ज़िंदगी, छांव है कभी, कभी है धूप ज़िंदगी..हर पल यहां जी भर जियो..’

    फंडा यह है कि अगर आप चाहते हैं कि 2022 का आपका लक्ष्य ‘मुंहजुबानी’ बनकर न रह जाए तो इसे लिख लें और एक-एक कदम चलकर इसे हासिल करें। मैंने तो अपना लक्ष्य लिख लिया है, आपका क्या? आप सबका 2022 हैप्पी हो।

     जम्मू-कश्मीर/शौर्यपथ/

    के माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ मचने से 12 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है जबकि 14 श्रद्धालु घायल हो गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भगदड़ हुई. ये घटना त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मंदिर के गर्भगृह के बाहर हुई. हादसा अहले सुबह करीब 2.45 बजे हुई.

     अधिकारियों ने बताया कि भगदड़ उस समय हुई जब नए साल की शुरुआत के मौके पर श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ वैष्णो देवी भवन में जमा हो गई. वरिष्ठ अधिकारी और श्राइन बोर्ड के प्रतिनिधि मौके पर पहुंच चुके हैं.

    वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्टि की है कि भगदड़ में 12 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और कम से कम 14 अन्य घायल हुए हैं. उन्होंने कहा, "सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है." अधिकारी ने कहा कि घायलों में से कई की हालत "गंभीर" बताई जा रही है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगदड़ की घटना पर दुख जताया है. उन्होंने उप राज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्रियों जितेंद्र सिंह और नित्यानंद राय से बात की और हालात का जायजा लिया.

     भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और सभी घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का पीएम मोदी ने ऐलान किया है. उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है. उप राज्यपाल के दफ्तर ने सभी घायलों का इलाज श्राइन बोर्ड की तरफ से कराए जाने का भी ऐलान किया है.

     प्रधान मंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी "व्यक्तिगत रूप से इस मामले की निगरानी कर रहे हैं और माता वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ से उत्पन्न दुखद स्थिति पर नज़र रख रहे हैं."

     

     

     

     

    रायपुर /शौर्यपथ/ 

    प्रदेश में विदेश से लौटने के बाद कोरोना पॉजिटिव निकले तीन यात्रियों की ओमिक्रॉन रिपोर्ट निगेटिव निकली है। यानी उनमें ओमिक्रॉन वैरिएंट नहीं निकला। शुक्रवार को भुवनेश्वर से तीनों संक्रमितों की जीनोम सीक्वेंसिंग की रिपोर्ट यहां भेजी गई। इस बीच रायपुर में पिछले 24 घंटों में कोरोना के रिकार्ड 51 संक्रमित निकले हैं। पूरे प्रदेश में 190 संक्रमित मिले हैं। वहीं दुर्ग में 61 नए मरीज मिले हैं। रायपुर में गुरुवार को 28 संक्रमित मिले थे। रायपुर के संक्रमितों में 7 बच्चे भी हैं। छत्तीसगढ़ में अभी ओमिक्रॉन वैरिएंट का एक भी केस नहीं आया है। हालांकि विदेश से लौटने के बाद अब तक 8 यात्री कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए उन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग जांच के लिए भेजे गए थे। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के अनुसार जिन तीन लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, उनमें एक यूके, एक यूएसए व तीसरा यात्री जर्मनी से लौटा था। बिलासपुर के दो व दुर्ग का एक सैंपल था। डीएमई डॉ. विष्णु दत्त का कहना है कि विदेश से काफी लोग लौटे हैं इसलिए विशेषज्ञ सावधानी जरूरी है। विशेषज्ञों का कहना है कि केस बढ़ने के साथ ही संक्रमण दर भी बढ़ती जाएगी।

    दुर्ग, रायगढ़ में भी बढ़े केस

    प्रदेश में एक ही महीने में संक्रमण की दर लगभग 6 गुना बढ़ गई है। जुलाई से 24 दिसंबर तक संक्रमण दर 0.10 फीसदी थी, जो अब बढ़कर 0.61 फीसदी पहुंच गई है। रायगढ़ में लगातार नए केस बढ़ रहे हैं। यही स्थिति रायपुर, बिलासपुर व कोरबा की भी है। रायगढ़ में नवोदय विद्यालय में 25 छात्र संक्रमित हुए थे। विशेषज्ञों को आशंका है कि वहां ओमिक्रॉन का केस होने की आशंका है। हालांकि जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट के बिना विशेषज्ञ भी दावा नहीं कर रहे हैं। रायगढ़ के डीन के साथ उनके परिवार के तीन सदस्य पॉजिटिव निकले हैं। इसके पहले रायपुर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के स्टाफ भी सपरिवार संक्रमित निकल चुके हैं।

     

     

     

    मुख्यमंत्री शामिल हुए जामगांव-आर में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में सेलूद और जामगांव-आर में बनेगा सभागार भवन
    रायपुर /शौर्यपथ/

    मुख्यमंत्री शामिल हुए जामगांव-आर में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में सेलूद और जामगांव-आर में बनेगा सभागार भवन प्रदेश में धान खरीदी तेजी से हो रही है, अब तक लगभग 58 प्रतिशत किसानों का धान खरीदा जा चुका

    प्रदेश में धान खरीदी तेजी से हो रही है, अब तक लगभग 58 प्रतिशत किसानों का धान खरीदा जा चुका है, हम सभी पंजीकृत किसानों से धान खरीदने प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने यह बात दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक के जामगांव-आर में आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में कही। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि सभी सोसाइटी में किसानों के लिए धान खरीदी के अच्छे प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं और इसके लिए बेहतर व्यवस्था बनाई गई है। उन्होंने कहा कि पिछले साल 92 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई थी, इस साल एक करोड़ मीट्रिक टन धान खरीदी की संभावना है। उन्होंने कहा कि देश भर में डीएपी का संकट है और छत्तीसगढ़ में इस संकट से निपटने के लिए वर्मी कंपोस्ट एवं सुपर कंपोस्ट के निर्माण को बढ़ावा देने का बड़ा लाभ हुआ है। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद किसानों से वर्मी कंपोस्ट से आए उत्पादन के बारे में पूछा। किसानों ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट से अच्छी फसल हुई है, फसल की चमक भी अच्छी है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने पूरे देश में गोधन न्याय योजना के माध्यम से मिसाल स्थापित की है। इस बार राजपथ में छत्तीसगढ़ के गोधन न्याय योजना की अनुपम झांकी भी दिखेगी और प्रदेश में हो रहे कृषि से संबंधित नवाचारों की झलक भी देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोबर केवल लीपने के काम आता था, अब यह पोतने के काम भी आएगा। गोबर से पेंट बनाने के लिए काम चल रहा है। इसके अलावा गांव में गोबर के माध्यम से बिजली का उत्पादन भी होगा। इसके लिए बाहर के विशेषज्ञ शीघ्र ही आएंगे और इस पर तकनीकी रूप से काम आगे बढ़ेगा।

    मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि बाबा गुरु घासीदास का संदेश मनखे-मनखे एक समान का था। उनके द्वारा दिया गया समानता का यह भाव छत्तीसगढ़ी समाज में गहराई से पनपा है। सतनाम पंथ का सफेद ध्वज शांति का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नशा सामाजिक बुराई की जड़ है इस वजह से महिलाओं को विशेष रुप से तकलीफों का सामना करना पड़ता है। चाहे सतनाम समाज हो या अन्य सभी समाज, सभी समाजों से अगर नशा मुक्ति की पहल हो, जन जागरूकता अभियान तेजी से चलाया जाए, तो इस बुराई को कम करने में बड़ी सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जामगांव-आर एवं सेलूद में सभागार भवन के निर्माण की घोषणा भी की। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

     

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision