August 06, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    PANKAJ CHANDRAKAR

    PANKAJ CHANDRAKAR

    नई दिल्‍ली /शौर्यपथ/

    राज्‍यसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी अध्‍यक्ष जेपी नड्ढा ने चार मंत्रियों को प्रभारी बनाया है. गजेंद्र सिंह शेखावत को हरियाणा, नरेंद्र सिंह तोमर को राजस्थान, जी किशन रेड्डी को कर्नाटक और अश्विनी वैष्णव महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है. गौरतलब है कि इन चारों ही राज्यों में BJP ने अतिरिक्त उम्मीदवार खड़ा कर मुकाबला सुनिश्चित किया है. ऐसा संभवत पहली बार है जब केंद्रीय मंत्रियों को राज्यसभा चुनाव के लिए इस तरह जिम्मेदारी दी गई है. इन चारों ही राज्यों में बीजेपी या उसके समर्थित उम्मीदवारों को जिताने की जिम्‍मेदारी इन्‍हें सौंपी गई है. बीजेपी ने कर्नाटक और महाराष्ट्र में अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं वहीं हरियाणा और राजस्थान में निर्दलीय उम्मीदवारों को समर्थन दिया है
    बीजेपी राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हैदराबाद में होगी: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हैदराबाद में होगी. दो और तीन जुलाई को कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है .इससे पहले पिछले साल नवंबर में दिल्ली में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुई थी. गौरतलब है कि बीजेपी संविधान के मुताबिक हर तीन महीने में कार्यकारिणी की बैठक बुलाई जानी चाहिए लेकिन पिछले साल की बैठक भी दो साल बाद हुई थी, कोरोना महामारी के कारण ऐसा हुआ था.

    हैदराबाद की बैठक के जरिए बीजेपी तेलंगाना की जनता को बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है. पार्टी का लक्ष्‍य तेलंगाना में सत्ता पाना है और यह बीजेपी और टीआरएस के बीच तनातनी का मुख्य कारण है. तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव बीजेपी के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर विकल्प तैयार करना चाहते हैं इसीलिए बीजेपी केसीआर के गढ़ में ही उन्हें चुनौती देगी. गौरतलब है कि 2019 में बीजेपी ने तेलंगाना की 17 में से चार लोकसभा सीटें जीती थीं. तेलंगाना में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं. बीजेपी के आला नेता पीएम मोदी, गृह मंत्री शाह और पार्टी अध्यक्ष नड्डा पिछले महीने तेलंगाना का दौरा कर चुके हैं.

    कोलकाता /शौर्यपथ/

    मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ का मंगलवार की रात कोलकाता में निधन होने के बाद बुधवार को एक नया राजनीतिक विवाद पैदा हो गया. राज्य के विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गायक की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बीजेपी से मौत पर राजनीति नहीं करने को कहा है. केके नाम से मशहूर कृष्णकुमार कुन्नथ 53 साल के थे. उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं.

    केके ने अपने करियर में कई हिट गीत दिए. ‘यारों', ‘तड़प तड़प के', ‘बस एक पल', ‘आंखों में तेरी', ‘कोई कहे', ‘इट्स द टाइम टू डिस्को' आदि केके के मशहूर गीतों में शुमार हैं. अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार की शाम को गुरुदास कॉलेज ने दक्षिण कोलकाता के ‘नजरुल मंच' में एक समारोह का आयोजन किया था. वहां करीब एक घंटे तक प्रस्तुति देने के बाद जब केके अपने होटल लौटे, तो उन्हें बेचैनी महसूस हुई और वह अचानक बेहोश हो गए. गायक को दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
    बीजेपी की राज्य इकाई के प्रवक्ता सामिक भट्टाचार्य ने कहा,‘‘ घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए क्योंकि प्रशासन ने उचित सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने में लापरवाही बरती.'' उन्होंने कहा, ‘‘ कार्यक्रम स्थल में कम से कम सात हजार लोग मौजूद थे, जबकि उस स्थान की कुल क्षमता करीब तीन हजार लोगों की है. वह वहां लोगों से घिर गए थे, जिसका मतलब है कि वीआईपी के लिए सुरक्षा इंतजाम उचित नहीं थे.''

    इस पर पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. पार्टी की राज्य इकाई के महासचिव कुणाल घोष ने कहा कि बीजेपी को अपनी ‘‘गिद्ध राजनीति'' बंद करनी चाहिए और एक दुखद घटना का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए.

    घोष ने कहा, ‘‘ उनका निधन वास्तव में बेहद दुखद है और हम सभी इससे शोकाकुल हैं. लेकिन बीजेपी जो कर रही है उसकी उम्मीद नहीं थी. बीजेपी को अपनी गिद्ध राजनीति बंद करनी चाहिए. उन्हें मौत का राजनीतिकरण बंद करना चाहिए. अगर बीजेपी केके को पार्टी का नेता बताना शुरू कर दे तो हमें कोई आश्चर्य नहीं होगा.


    उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी कदम उठा रहा है और जांच चल रही है. शुरुआती जांच में पता चला है कि दो कॉलेज में कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के लिए कोलकाता के दो दिवसीय दौरे पर आए 53 वर्षीय गायक को उस होटल में प्रशंसकों की भीड़ ने ‘‘लगभग घेर'' लिया था. कोलकाता के दक्षिणी भाग में स्थित नजरुल मंच सभागार में प्रस्तुति देने के बाद वह होटल लौटे थे. केके की मौत के कारण का पता लगाने के लिए उनके शव का आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ /

    लोक गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद जारी विवादों के बीच मानसा एसएसपी ने दावा किया है कि घटना को अंजाम देने वाले सभी अपराधियों की पहचान कर ली गई है. बुधवार को एनडीटीवी से बात करते हुए अधिकारी ने कहा कि हमने लगभग सभी शूटरों की पहचान कर ली है. साथ ही हमने तीन गाड़ियां कोरोला, बोलेरो और आल्टो भी बरामद की हैं. उन्होंने बताया कि हमलावरों ने घटनास्थल से आगे जाकर कोरोला कार छोड़ दी थी और एक राहगीर की आल्टो कार छीनकर भागे थे.

    एसएसपी ने दावा किया कि हमलावरों ने कोरोला कार से सिद्धू के घर की कई बार रेकी की है. इससे संबंधित कई सीसीटीवी फुटेज मिले हैं. अभी तक तीन तरह के हथियारों के इस्तेमाल के सबूत मिले हैं. केंद्रीय एजेंसियों का भी सहयोग जांच के लिए लिया जा रहा है. अलग-अलग राज्यों की पुलिस से हम सहयोग ले रहे हैं.

    अधिकारी ने कहा कि हमले में 6-7 शूटर शामिल हैं. हत्या के पीछे गोल्डी बरार और लॉरेंस का ही हाथ है. इनकी एक हिस्ट्री है. खासतौर से विक्की की हत्या का बदला लेने के लिए सिद्धू की हत्या की गई है. अभी तक हमने तीन लोगों को पकड़ा है. दो को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है, जबकि एक को देहरादून से पकड़ा है. सभी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेम्बर हैं.

    गोल्डी बरार के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया जाएगा. वहीं, जल्दी ही हम लॉरेंस बिश्नोई को अपनी कस्टडी में लेंगे. साथ ही आगे गैंगवार न हो इस पर नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि कोरोला कार हत्या के 2-3 दिन पहले से घर के बाहर आती-जाती दिखी है. सीसीटीवी में इसका फुटेज मिला है. इस आधार पर जांच जारी है.

    गौरतलब है कि मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की 29 जून को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. हत्या के कुछ देर बाद ही सोशल मीडिया पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें गिरोह ने गायक की हत्या का जिम्मा लिया. पोस्ट में कहा गया था कि बदला लेने के कारण हत्या की गई है. हालांकि, बिश्नोई खुद उक्त पोस्ट को झूठा बताते हुए उसे सुरक्षा देने की गुहार लगाई है.

    श्रीनगर / शौर्यपथ/

    जम्मू और कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों ने आम लोगों को अपना निशाना बनाया है. आज कुलगाम में आतंकियों ने स्कूली शिक्षिका की गोली मार दी. घटना में शिक्षिका की मौत की खबर सामने आ रही है. गोली लगने के बाद जख्मी हालत में कुलगाम निवासी रजनी भल्ला को अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई. पुलिस ने कहा है कि इस जघन्य अपराध में शामिल आतंकियों की जल्द ही पहचान कर उन्हें मार गिराया जाएगा.

    एक जानकारी के मुताबिक ये घटना कुलगाम के गोपालपोरा इलाके के एक हाई स्कूल में हुई. फिलहाल इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. लक्षित हत्याओं के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं. पुलिस ने कहा कि इससे पहले आज पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए. मारे गए आतंकवादियों में से एक दो आम नागरिक हत्याओं में शामिल था.

    एक पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू करने के बाद सोमवार देर रात पुलवामा जिले के अवंतीपोरा इलाके के राजपोरा में मुठभेड़ शुरू हो गई. हाल ही में आतंकियों ने राहुल भट्ट नाम के कश्मीरी पंडित की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी.

     नई दिल्ली / शौर्यपथ/

    पूर्व कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें कई दिनों से चल रही हैं. इसे लेकर नई जानकारी सामने आई है कि 2 जून को हार्दिक बीजेपी में शामिल होंगे. इसकी पुष्टि बीजेपी के आला सूत्रों ने की है. इससे पहले हार्दिक पटेल ने कहा था कि मैं सोमवार को बीजेपी में शामिल नहीं हो रहा, अगर ऐसा कुछ होता तो मैं आपको बता दें.

    हाल ही में पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने "हिंदुओं और भगवान राम" के खिलाफ अपमानजनक और घृणित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला किया था. पटेल ने गुजरात कांग्रेस के एक पूर्व अध्यक्ष की आलोचना करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया, जिन्होंने कथित तौर पर कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए इस्तेमाल की जा रही ईंटों पर कुत्ते पेशाब करते.

    हाल ही में पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने "हिंदुओं और भगवान राम" के खिलाफ अपमानजनक और घृणित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला किया था. पटेल ने गुजरात कांग्रेस के एक पूर्व अध्यक्ष की आलोचना करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया, जिन्होंने कथित तौर पर कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए इस्तेमाल की जा रही ईंटों पर कुत्ते पेशाब करते.

    हार्दिक पटेल ने ट्वीट किया "मैंने पहले भी कहा था कि कांग्रेस पार्टी लोगों की भावनाओं को आहत करने के लिए काम करती है, हमेशा हिंदू धर्म की आस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करती है. आज एक पूर्व केंद्रीय मंत्री और गुजरात कांग्रेस के नेता ने एक बयान दिया कि राम मंदिर की ईंटों पर कुत्ते पेशाब करते हैं.” हार्दिक ने कहा कि "मैं कांग्रेस और उसके नेताओं से पूछना चाहता हूं कि भगवान श्री राम से आपकी क्या दुश्मनी है? हिंदुओं से इतनी नफरत क्यों है? सदियों बाद अयोध्या में भगवान श्री राम का मंदिर बन रहा है, फिर भी कांग्रेस के नेता भगवान राम के खिलाफ बयान देते रहते हैं.”

    इससे पहले उन्होंने कहा था कि गुजरात कांग्रेस के नेता गुजरात के वास्तविक मुद्दों को उठाने के लिए बहुत कम परेशान हुए, लेकिन वे यह सुनिश्चित करने पर अधिक ध्यान केंद्रित करते रहे कि गुजरात में दिल्ली से आने वाले नेताओं को समय पर "चिकन सैंडविच" मिले. उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात कांग्रेस के नेताओं ने "एसी कक्षों में बैठकर" उनके राजनीतिक प्रयास को बाधित करने की कोशिश की.

    शिमला / शौर्यपथ/

    हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार के आठ साल का कार्यकाल पूरा होने को लेकर रखे गए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की. इस दौरान पीएम ने किसान सम्मान निधि की 11वीं किश्त भी जारी की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिमला में रिज के मैदान से वर्चुअल माध्यम से लद्दाख में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया. वहीं जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज मेरे जीवन में एक विशेष दिवस भी है और उस विशेष दिवस पर इस देवभूमि को प्रणाम करने का मौका मिले इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है. पीएम ने आगे कहा कि अभी देश के करोड़ों किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा ट्रांसफर हो गया. पैसा उनको मिल भी गया और आज मुझे शिमला की धरती से देश के 10 करोड़ से भी ज्यादा किसानों के खातों में पैसे पहुंचाने का सौभाग्य मिला है.

    पीएम मोदी ने आगे कहा कि मेरा संकल्प है कि हर भारतवासी के सम्मान के लिए, हर भारतवासी की सुरक्षा, हर भारतवासी की समृद्धि के लिए, भारतवासी को सुख-शांति की जिंदगी कैसे मिले, हर किसी का कल्याण करने के लिए जितना काम कर सकूं, उसको करता रहूं.

    स कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित कई नेता मौजूद हैं. वहीं इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ये बहुत छोटा मैदान है, सभी लोग सभा स्थल तक पहुंच नहीं पा रहे हैं. हमने प्रधानमंत्री से 5 मिनट के लिए चलते हुए उनसे मिलने का आग्रह किया. मैं प्रधानमंत्री का आभारी हूं कि वे माल रोड पर पैदल होकर यहां तक पहुंचे.

    CM जयराम ठाकुर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार का देश में 8 साल का कार्यकाल पूरा हुआ है. देवभूमि हिमाचल में पधारने पर मैं आपका हार्दिक अभिनंदन करता हूं. जितना स्नेह आप हिमाचल के लोगों से करते हैं उतना ही स्नेह हिमाचल के लोग भी आपसे करते हैं. बता दें कि यहां पर पहुंचने से पहले पीएम ने रोड शो किया था और इस दौरान उनपर फूलों की बारिश की गई.

    लखनऊ / शौर्यपथ/

    भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 10 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से सभी आठ प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया था. बीजेपी के इन सभी आठ प्रत्याशी ने आज राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के आठ उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भरा.

    राज्यसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने वालों में भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लक्ष्मण, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, मिथिलेश कुमार, राधा मोहन दास अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शन सिंह और संगीता यादव शामिल हैं. इस अवसर पर आदित्यनाथ के अलावा, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे.

    उत्तर प्रदेश की 11 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 मई है. 15 राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों के लिए 10 जून को चुनाव होने हैं. जिनमें यूपी की 11, महाराष्ट्र, तमिलनाडु की छह-छह, बिहार की पांच, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान की चार-चार, ओडिशा, मध्य प्रदेश की तीन-तीन, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, हरियाणा, पंजाब की दो-दो और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है.

    नई दिल्ली / शौर्यपथ/

    दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को ईडी ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में अरेस्ट किया है. इस मामले को लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये बिल्कुल फर्जी केस है. हमारी बिल्कुल कट्टर ईमानदार सरकार है. ये कट्टर ईमानदार पार्टी है. हम एक पैसे का भी भ्रष्टाचार ना करते हैं और ना ही बर्दाश्त करते हैं. अभी आपने पंजाब में देखा एक मंत्री की ऑडियो रिकॉर्डिंग थी और इसके बारे में किसी एजेंसी विपक्ष या मीडिया को नहीं पता था, हम चाहते तो दबा सकते थे, लेकिन हमने खुद उस मंत्री के खिलाफ एक्शन लेकर उसको गिरफ्तार करवा दिया.

    केजरीवाल ने कहा कि ऐसे ही 5 साल पहले दिल्ली में हुआ था. हमारे एक मंत्री की हमारे पास ऑडियो रिकॉर्डिंग आई थी. मैंने उसे मंत्रालय से भी बर्खास्त किया और सीबीआई में भी लिखा. हम किसी एजेंसी की वेट नहीं करते हम खुद ही एक्शन लेते हैं, लेकिन हम यह भी देखते हैं कि बहुत सारी केंद्रीय एजेंसी एक्शन लेती हैं. वह राजनीति से प्रेरित होते हैं तो सत्येंद्र जैन जी के केस को मैंने खुद सारा पर्सनली स्टडी किया यह पूरी तरह से फर्जी केस है. उनको जानबूझकर राजनीतिक कारणों की वजह से फंसाया गया है तो मैं समझता हूं सच्चाई के रास्ते पर चल रहे हैं. सच्चाई का रास्ता बहुत कठिन होता है भगवान हमारे साथ है ईश्वर हमारे साथ है और हमको देश की ज्यूडिशियरी के ऊपर भरोसा है और जुडिशरी न्याय करेगी और वह निकल कर आ जाएंगे
    उन्होंने कहा कि फर्जी केस टिकने वाला नहीं है. विपक्ष के उनको हटाने की मांग को लेकर केजरीवाल ने कहा कि वह तो कहेंगे ही, लेकिन अगर इस केस में एक परसेंट भी कुछ होता है तो मैं खुद ही एक्शन ले लेता, लेकिन यह बिल्कुल ही बेकार का केस है.

    खाना खजाना /शौर्यपथ/

    ऑफिस जाने से पहले या अगर आप घर में भी हैं तो रोजाना एक सवाल का सामना अमूमन करना पड़ता है. आज नाश्ते में क्या बनाएं? खासतौर से अगर घर पर कोई बच्चा हो तो ये सवाल बहुत संजीदा भी हो जाता है. रोज-रोज एक नया नाश्ता बनाना. इस बात का ध्यान भी रखना कि वो नाश्ता जल्दी भी बने, हेल्दी भी हो और जल्दी रिपीट भी न हो रहा है. ऐसे में कुछ झटपट रेसिपी हैं जो आपके बहुत काम आ सकती हैं, जिनके जरिए आप रोज के नाश्ते को भी ऐसा दिलचस्प ट्विस्ट दे सकती हैं कि वो बनेगा भी फटाफट और सबको लगेगा कि कुछ नया खाने के लिए मिला है. चलिए जानते हैं कौन सी ऐसी आसान रेसिपीज.
    झटपट ब्रेकफास्ट रेसिपीज की लिस्ट

    1) फ्राइड राइस

    खाने में दाल चावल तो रोज ही बनते हैं. आपको बस चावलों की थोड़ी क्वाटिंटी ज्यादा लगानी है. इन चावलों में अलग अलग सब्जियां मिलाकर आप बढ़िया फ्राइड राइस तैयार कर सकती हैं. खास बात ये है कि आप अलग अलग सॉसेज का उपयोग कर हर दिन नए तरीके से इसी डिश को बना सकती हैं. कभी सब्जी, कभी ड्राईफ्रूट्स मिलाकर इसमें सेहत के नए तरीके भी मिलाए जा सकते हैं.

    2) पनीर भजिया

    पनीर भजिया सुनने में थोड़ा लंबा लग सकता है लेकिन इसे बनाने में बिलकुल वक्त नहीं लगता. आपको बस बेसन का पेस्ट बनाना है. पनीर की लंबी लंबी स्लाइज काट कर तल लेना है. न प्याज काटने की झंझट, न हरा धनिया हरी मिर्च मिलाने की टेंशन.

    3) ब्रेड पोहा

    बहुत जल्दी में है तो ब्रेड पोहा बनाना बहुत आसान तरीका है. बस ब्रेड के छोटे छोटे स्लाइस करें. कढ़ाही में तेल गर्म कर प्याज डालकर तलें. चाहें तो हरी मिर्च और मूंगफली भी डाल सकते हैं. इसमें ब्रेड मिलाने के बाद हल्दी, मिर्ची, नमक और खटाई डालकर कुछ देर चलाएं.
    4) इडली
    इडली की तैयारी थोड़ी पहले करनी पड़ती है. लेकिन ये बहुत जल्दी और आसानी से बनने वाला नाश्ता है. आपने बैटर तैयार कर रखा है तो बस आपको सुबह इडली पात्र में बैटर को डालकर स्टीम करना है. इडली तैयार हो जाएगी. इसे चटनी के साथ या फ्राई कर आसानी से खाया जा सकता है.
    5) पावभाजी
    पावभाजी भी सेहत का खजाना है. जिसमें कई सब्जियों के गुण मौजूद हैं. सब सब्जियों को एक साथ बॉइल कर बारीक कटी प्याज और टमाटर के साथ छौंक लें. भाजी तैयार है. अब इसे गर्मागर्म पाव के साथ खाने भर की देर है.
    6) दाल पापड़ी
    ये नाश्ता भी सेहत से भरपूर है. आप चाहें तो किसी भी फ्री टाइम में नमकीन पपड़ियां बनाकर रख लें. सुबह आपको सिर्फ मूंग की दाल उबालनी है. इस दाल को पपड़ी पर डालें. ऊपर से दही, चटनी, सेंव और कटी प्याज डालकर सर्व करें.
    7) कबाब
    कबाब बनाना भी बहुत आसान है. झटपट सारी सब्जियों को उबालें. मैश करें. अगर मेटेरियल गीला रह जाए तो उसमें थोड़ा सा ब्रेड का चूरा या ओट्स मिलाएं और सेंक लें.
    8) बेसन चीला
    ये सबसे ज्यादा टाइम सेविंग इंस्टेंट रेसिपी है. जब भी कोई नाश्ता न सूझे तब छाछ या दही में बेसन घोलें. कुछ देर रखा रहने दें. बाद में नमक मिलाकर गर्मागर्म चीले बना लें.
    9) ब्रेड पकोड़ा
    ब्रेड पकोड़ा बनने में भी ज्यादा समय नहीं लेते. आपको सिर्फ बेसन के पेस्ट में ब्रेड डिप करके फ्राई करना है. वक्त थोड़ा ज्यादा हो तो ब्रेड की स्लाइज के बीच कुछ स्टफिंग भी कर सकते हैं.
    10) आलू पूड़ी
    आलू उबालें. ठंडा होने पर मैश करें और आटे के साथ माढ लें. इस आटे में आप नमक, जीरा, अजवाइन और मिर्च मिक्स कर इसे मसालेदार भी बना सकते हैं. बस गर्मागर्म पूड़ी चटनी के साथ सर्व करें.

    ब्यूटी टिप्स /शौर्यपथ/

    तेज धूप, प्रदूषण और खराब दिनचर्या से बालों की सेहत पर बुरा असर पड़ता है. इससे हेयर टूटने, झड़ने और दो मुंहे होने लगते हैं जिसके कारण बाल की ग्रोथ रुक जाती है. ऐसे में आपको समझ नहीं आता है कि खराब हो गई बालों की सेहत में कैसे सुधार लाया जाए. ऐसे में हम आपको कुछ ट्रिक्स बता रहे हैं, जिसकी मदद से खोई हुई बालों की चमक वापस आएगी और उनकी लंबाई में भी इजाफा होगा, तो चलिए जानते हैं उनके बारे में.
    लंबे बाल बढ़ाने के उपाय बताइए

    स्कैल्प को रखें साफ

    बाल की ग्रोथ अच्छी हो इसके लिए आपको अपने एक नियमित अंतराल पर बालों को धुलना होगा. जब भी आप बालों में शैंपू करें तो हल्के हाथों से स्कैल्प की मालिश करें जिससे ब्लड सर्कुलेशन अच्छा हो. इससे जरूरी न्यूट्रिएंट्स और ऑक्सीजन बालों तक सुचारू रूप से पहुंचने में मदद करते हैं.

    डाइट पर दें ध्यान

    बालों की अच्छी सेहत के लिए आपको अपने खान पान पर विशेष ध्यान देना होगा. अपनी डाइट में कोलेजन और बॉटोटिन जैसे पोषक तत्वों को शामिल करना होगा जो आपके हेयर के लिए बहुत जरुरी होते हैं.

    बालों को रखें मॉइस्चराइज

    हेयर की अच्छी ग्रोथ के लिए आपको अपने बालों की ड्राईनेस (hair dryness) को कम करना होगा. आपको हेयरवॉश करने से पहले बालों की अच्छी ढंग से ऑयलिंग करनी होगी. इससे बाल धुलने के बाद ड्राई नहीं होंगे.

    बालों की करें ट्रिमिंग

    बाल की अच्छी सेहत के लिए हेयर फॉलिकल  का अच्छा होना बहुत जरूरी है. इसके लिए आपको नियमित रूप से बालों की मसाज (hair massage) करते रहना होगा. इससे हेयर स्टीमुलेट होता है. वहीं, समय समय पर बालों की ट्रिमिंग भी करवाएं ताकि, आपकी हेयर ग्रोथ न रुके.
    कंघी करते वक्त रखें ध्यान

    जब भी आप बालों की कंघी करें तो बहुत आराम से बालों को सुलझाएं. अगर आप ऐसा नहीं करती हैं तो आपके बाल डैमेज होने के चांसेस बढ़ जाते हैं. इससे आपके बाल की ग्रोथ रुक सकती है. वहीं, बाल को बहुत ज्यादा टाइट न बांधें इससे बाल के टूटने के चांस बढ़ जाते हैं.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision