
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
धर्म संसार / शौर्यपथ / प्रभु यीशु के जन्म की ख़ुशी में मनाया जाने वाला क्रिसमस का त्योहार पूरी दुनिया में मनाया जाता है। यह त्योहार कई मायनों में बेहद खास है। क्रिसमस को बड़ा दिन, सेंट स्टीफेंस डे या फीस्ट ऑफ़ सेंट स्टीफेंस भी कहा जाता है। प्रभु यीशु ने दुनिया को प्यार और इंसानियत की शिक्षा दी। उन्होंने लोगों को प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। प्रभु यीशु को ईश्वर का इकलौता प्यारा पुत्र माना जाता है। इस त्योहार से कई रोचक तथ्य जुड़े हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
क्रिसमस ऐसा त्योहार है जिसे हर धर्म के लोग उत्साह से मनाते हैं। यह एकमात्र ऐसा त्योहार है जिस दिन लगभग पूरे विश्व में अवकाश रहता है। 25 दिसंबर को मनाया जाने वाला यह त्योहार आर्मीनियाई अपोस्टोलिक चर्च में 6 जनवरी को मनाया जाता है। कई देशों में क्रिसमस का अगला दिन 26 दिसंबर बॉक्सिंग डे के रूप मे मनाया जाता है। क्रिसमस पर सांता क्लॉज़ को लेकर मान्यता है कि चौथी शताब्दी में संत निकोलस जो तुर्की के मीरा नामक शहर के बिशप थे, वही सांता थे। वह गरीबों की हमेशा मदद करते थे उनको उपहार देते थे। क्रिसमस के तीन पारंपरिक रंग हैं हरा, लाल और सुनहरा। हरा रंग जीवन का प्रतीक है, जबकि लाल रंग ईसा मसीह के रक्त और सुनहरा रंग रोशनी का प्रतीक है। क्रिसमस की रात को जादुई रात कहा जाता है। माना जाता है कि इस रात सच्चे दिल वाले लोग जानवरों की बोली को समझ सकते हैं। क्रिसमस पर घर के आंगन में क्रिसमस ट्री लगाया जाता है। क्रिसमस ट्री को दक्षिण पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। फेंगशुई के मुताबिक ऐसा करने से घर में सुख समृद्धि आती है। पोलैंड में मकड़ी के जालों से क्रिसमस ट्री को सजाने की परंपरा है। मान्यता है कि मकड़ी ने सबसे पहले जीसस के लिए कंबल बुना था।
रायपुर / शौर्यपथ / ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा के 25 वर्ष’ के उपलक्ष्य में समाज कल्याण विभाग द्वारा खेलभांठा मैदान सारंगढ़ में एक विशाल नशा मुक्त भारत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के प्रति सचेत करते हुए एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। इस प्रस्तुति में नशे के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और सामाजिक ताने-बाने पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों का सजीव व संवेदनशील चित्रण किया गया। तत्पश्चात खेलभांठा मैदान से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने नशामुक्ति के नारों के साथ जन-जन को जागरूक किया।
रैली के उपरांत मैदान में एकत्र प्रतिभागियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर विशाल मानव श्रृंखला बनाई और नशामुक्त भारत का संदेश बुलंद किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार व समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर जनजागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।
विकसित भारत की नींव मजबूत कर रहे बलौदाबाजार के नौनिहाल
सेवा संकल्प अभियान में रंगोली व भाषण विजेताओं का राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने किया सम्मान
रायपुर / शौर्यपथ /
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वर्णिम और आत्मनिर्भर भारत के सपने को आकार देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत बलौदाबाजार के वर्धमान स्कूल में शनिवार को जिला स्तरीय चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक कूचियों के रंगों और ओजस्वी वाणी के शब्दों से "विकसित भारत" की एक जीवंत तस्वीर पेश की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रतिभागी विद्यार्थियों के हुनर की सराहना करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित यह माहव्यापी अभियान युवाओं और बच्चों में राष्ट्र निर्माण की अलख जगाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इतिहास रचने के लिए अटूट परिश्रम और निरंतर प्रयास की आवश्यकता होती है। आज की मेहनत ही आने वाले कल के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को एक खुली पाठशाला बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके जीवन दर्शन से सीख लेकर हर वर्ग आगे बढ़ सकता है। साथ ही उन्होंने रेखांकित किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी और विकसित राज्य बनाने की दिशा में हर स्तर पर प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के परिणामों में प्रतिभा की अद्भुत चमक देखने को मिली। रंगोली प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 1ली से 8वीं) में निधि यादव ने पहला, पुष्पांजलि कन्नौजे ने दूसरा तथा गरिमा सोनकर ने तीसरा स्थान हासिल किया, वहीं वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9वीं से 12वीं) में रेखा प्रथम, दीपाक्षी पटेल द्वितीय और नंदिनी तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में सौम्या वर्मा, देविका वर्मा और प्रियांशु साहू ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि वरिष्ठ वर्ग में लाभा वर्मा ने बाजी मारी, रागिनी श्रीवास दूसरे और गीतिका गोस्वामी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं चित्रकला के कनिष्ठ वर्ग में हिमांशी साहू प्रथम, कुसुम कोशले द्वितीय और विद्या साहू तृतीय स्थान पर रहीं, तथा वरिष्ठ वर्ग में तन्वी मलाकी ने पहला, सृष्टि सोनी ने दूसरा और साक्षी पूरेना ने तीसरा स्थान अर्जित किया।
इस आयोजन के दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य उपाध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा वर्षा प्रतिशत, नारायणपुर कुल बारिश में अव्वल; बेमेतरा में सबसे कम बारिश
रायपुर / शौर्यपथ। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून का प्रदर्शन कुल मिलाकर सामान्य से बेहतर रहा है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 03 अक्टूबर 2026 तक जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से शुरू हुए वर्षा सत्र में प्रदेश में अब तक पिछले 10 वर्षों के औसत की तुलना में 102.1 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। राज्य में अब तक औसतन 1155.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जबकि इसी अवधि का पिछले एक दशक का सामान्य औसत 1131.1 मिलीमीटर रहा है।
हालांकि प्रदेश में मानसून का वितरण एक समान नहीं रहा। कुछ जिलों में सामान्य से काफी अधिक वर्षा हुई है, तो कुछ क्षेत्रों में बारिश औसत से काफी नीचे रही है। वर्षा प्रतिशत के मामले में बलरामपुर जिला 165.3 प्रतिशत के साथ प्रदेश में सबसे आगे रहा। यहां अब तक 1556.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं कुल वर्षा की मात्रा के लिहाज से नारायणपुर 1720.2 मिलीमीटर बारिश के साथ प्रदेश में शीर्ष पर है।
इसके विपरीत बेमेतरा जिले में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहा। यहां अब तक 674.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य का महज 80.4 प्रतिशत है।
रायपुर में भी सामान्य से काफी अधिक बारिश
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई मैदानी क्षेत्रों में मानसून ने इस बार अच्छी उपस्थिति दर्ज कराई है। रायपुर में अब तक 1307.4 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य का 135.4 प्रतिशत है। गरियाबंद में 1463.7 मिलीमीटर (130.7%), सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1181.4 मिलीमीटर (131.4%), मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1216.9 मिलीमीटर (122.7%) और बालोद में 1311.8 मिलीमीटर (121.6%) वर्षा दर्ज की गई है।
इसके अलावा सूरजपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, मुंगेली, दुर्ग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोंडागांव और दंतेवाड़ा में भी मानसून का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। इन जिलों में वर्षा का प्रतिशत 100 से 120 फीसदी के बीच दर्ज किया गया है।
कई जिलों में सामान्य से कम बारिश
प्रदेश के कुछ हिस्सों में इस मानसून सीजन में अपेक्षित बारिश नहीं हो सकी। विशेष रूप से बस्तर संभाग और सरगुजा अंचल के कुछ जिलों में वर्षा सामान्य औसत से काफी नीचे रही। कांकेर में 1222.5 मिलीमीटर (74.3%), सरगुजा में 627.3 मिलीमीटर (74.9%), मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1006.8 मिलीमीटर (77.0%), बीजापुर में 1516.6 मिलीमीटर (79.1%), जशपुर में 871.9 मिलीमीटर (79.3%) और सुकमा में 1226.3 मिलीमीटर (80.2%) बारिश दर्ज की गई।
वहीं बिलासपुर, रायगढ़, सक्ती, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और बस्तर जिलों में भी वर्षा सामान्य से कुछ कम रही। इन जिलों में मानसूनी बारिश का प्रतिशत 85 से 99 फीसदी के बीच दर्ज किया गया है।
कुल मिलाकर राज्य में मानसून का औसत आंकड़ा सामान्य से ऊपर रहा है, लेकिन जिलों के बीच वर्षा वितरण में बड़ा अंतर देखने को मिला है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों और मैदानी क्षेत्रों में जहां अच्छी बारिश हुई, वहीं बस्तर एवं सरगुजा अंचल के कई जिलों में बारिश की कमी दर्ज की गई है।
रायपुर,/ शौर्यपथ /
जब सरकार की कल्याणकारी योजनाएं सही समय पर ज़रूरतमंदों तक पहुँचती हैं, तो वे केवल आर्थिक सहायता नहीं बनतीं, बल्कि किसी के टूटते सपनों को जोड़ने का आधार बन जाती हैं। ऐसी ही एक उम्मीद भरी कहानी छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम झुमका विकासखंड बिलाईगढ़ से सामने आई है, जहाँ 'नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना' ने एक श्रमिक परिवार की बेटी की शिक्षा को नया संबल दिया है।
सीमित साधन, असीमित सपने
ग्राम झुमका की निवासी फुलेश्वरी साहू अपने परिवार के सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर जीवन में आगे बढ़ते देखना चाहती हैं। लेकिन आर्थिक तंगी के कारण अक्सर बच्चों की पढ़ाई लिखाई से जुड़ी छोटी-छोटी जरूरतें भी चिंता का कारण बन जाती थीं।
छात्रवृत्ति से मिला सम्बल
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में संचालित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना इस परिवार के लिए तारणहार बनकर आई।
योजना के तहत पंजीकृत श्रमिक परिवार की पात्रता के आधार पर फुलेश्वरी साहू की बेटी को 3,000 रुपये की छात्रवृत्ति राशि सीधे प्रदान की गई। यह सहायता राशि बेटी की कॉपियों, किताबों और पढ़ाई की अन्य आवश्यक सामग्रियों को जुटाने में बेहद उपयोगी साबित हुई।
श्रीमती फुलेश्वरी साहू कहती हैं कि सरकार से मिली 3 हजार रुपये की यह मदद केवल एक राशि नहीं, बल्कि मेरी बेटी के उज्ज्वल भविष्य का सहारा है। इससे हमारा यह हौसला बढ़ा है कि आर्थिक तंगी चाहे जैसी भी हो, हमारी बेटी पढ़ाई जारी रखेगी और अपने सपनों को पूरा करेगी। इस सहयोग के लिए हम राज्य सरकार के हृदय से आभारी हैं।
धरातल पर दिख रहा योजनाओं का असर
कलेक्टर के निर्देशन में जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। संबंधित विभागों के माध्यम से पात्र श्रमिक परिवारों को चिन्हांकित कर उन्हें लगातार इन योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि शिक्षा और विकास की दौड़ में कोई भी बच्चा पीछे न छूटे।
नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना आज प्रदेश के अनगिनत श्रमिक परिवारों के बच्चों के सपनों को पंख दे रही है और यह साबित कर रही है कि संवेदनशील सरकार का साथ हो, तो हर चुनौती आसान हो जाती है।
रायपुर / शौर्यपथ /
बारिश की बूंदें जहाँ अक्सर खुशियाँ लाती हैं, वहीं कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत जी जामगांव की श्रीमती श्याम बाई पटेल के लिए यह मौसम लंबे समय तक एक दुस्वप्न जैसा था। एक ही छोटे से कच्चे कमरे, मिट्टी की जर्जर दीवारों और टपकती छत के बीच चार सदस्यों का यह परिवार हर बारिश में रातें जागकर गुजारता था। दीवारों में सीलन और चूहों के बिलों ने मकान की नींव को भी कमजोर कर दिया था। लेकिन आज, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की बदौलत श्याम बाई और उनका परिवार अपने नए पक्के मकान में पूर्ण सुरक्षा और सम्मान के साथ जीवन यापन कर रहा है।
सीमित आय और पक्के मकान का सपना
श्याम बाई के परिवार के पास अपनी कोई कृषि भूमि नहीं है। पति-पत्नी दोनों मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित आमदनी में बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करने के बीच पक्का घर बनाना उनके लिए हमेशा से एक अधूरा सपना बना हुआ था।
'सेवा संकल्प अभियान' से मिली नई उम्मीद
परिवार की विषम परिस्थितियों को देखते हुए 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत श्याम बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का पात्र पाया गया। ग्राम पंचायत जी जामगांव द्वारा उनका चयन हुआ, जिसके बाद योजना की बारीकियों और निर्माण प्रक्रिया को समझने के लिए उन्होंने जनपद पंचायत कुरूद द्वारा आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम में भाग लिया। यहाँ किस्तों के समयबद्ध भुगतान और निर्धारित मापदंडों की स्पष्ट जानकारी मिलने से मकान का निर्माण व्यवस्थित रूप से शुरू हुआ।
मेहनत और सरकारी सहयोग से खड़ा हुआ सपनों का आशियाना
शासकीय सहायता और परिवार की अनवरत मेहनत से धीरे-धीरे कच्ची जगह पर पक्की दीवारें खड़ी हुईं, छत ढली और अंततः वह दिन भी आया जब परिवार ने अपने नए पक्के घर में गृह प्रवेश किया।
अब बारिश का मौसम श्याम बाई के परिवार को डराता नहीं, बल्कि सुकून देता है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से मिले इस पक्के मकान ने न केवल परिवार को टपकती छत से राहत दिलाई है, बल्कि बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण और पूरे परिवार के जीवन में एक नया आत्मविश्वास और सम्मान जगाया है।
रायपुर /छत्तीसगढ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड (छत्तीसगढ़ शासन, वन विभाग) द्वारा 25 सितंबर से 30 सितंबर तक छत्तीसगढ़ के 06 जिलों कोण्डागांव, नारायणपुर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद के 312 वैद्यों का प्रमाणीकरण किया गया।
वन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत बोर्ड एवं काउन्सिल आफ इंडिया (QCI) से वैद्यों के प्रमाणीकरण करने के लिये अधिकृत संस्था सेंटर फॉर ट्रेड टेस्टिंग एंड सर्टिफिकेशन ऑफ स्किल्ड वर्कर्स (CTTC) द्वारा वैद्यों का प्रमाणीकरण किया गया । जिसमें 05 प्रकार की उपचार विधाओ सामान्य बीमारी, पीलिया, आर्थराइटिस, बोन सेटिंग एवं जहरीले बाइट का उपचार शामिल हैं।
वैद्यों का प्रमाणीकरण प्रकिया दो चरणों के परीक्षण उपरांत किया जाता हैं। परीक्षण प्रक्रिया अंतर्गत प्रथम दिवस आवेदन फार्म की जांच, वैद्यों के उपचार विधाओ का मौखिक परीक्षण, ताजी औषधि पौधों तथा कच्चे औषधि पौध उत्पाद की पहचान, औषधि निर्माण की विधि तथा मरीजों को दी जाने वाली औषधि की मात्रा का परीक्षण किया जाता है । प्रमाणीकरण प्रक्रिया के दूसरे दिवस में वैद्यों के घरों पर जाकर उनके उपचार करने की सजीव परीक्षण तथा मरीजों से फीडबैक लिया जाता है ।
छत्तीसगढ़ में 25 से 30 सितंबर तक विभिन्न जिलों में आयोजित परीक्षणों में 312 वैद्यों को प्रमाणीकृत किया गया। इनमें कोंडागांव के 60, नारायणपुर के 23, कांकेर के 60, धमतरी के 135 तथा गरियाबंद एवं महासमुंद के कुल 34 वैद्य शामिल हैं। छत्तीसगढ़ शासन एवं बोर्ड मार्च 2027 तक 1 हजार वैद्यों के प्रमाणीकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कर रहे हैं।
वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण
रायपुर /वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप के विशेष मार्गदर्शन और निर्देशानुसार, बस्तर संभाग में वन्यप्राणियों के संरक्षण और उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण संभाग स्तरीय कार्यशाला की शुरुआत हुई है। वन विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है। संभाग स्तर पर इस तरह की कार्यशाला का आयोजन पहली बार किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य मैदानी स्तर पर काम करने वाले वन कर्मचारियों की कार्यक्षमता को बढ़ाना है।
विशेषज्ञों ने दी बाघ संरक्षण और ट्रैकिंग की बारीकियां
प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य श्री गौरव निलानी और एसडीओ श्री योगेश रात्रे ने प्रेजेंटेशन के जरिए वन कर्मियों को वन्यजीव संरक्षण के गुर सिखाए। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बाघ की विशेषताएं, उनका रहन-सहन, क्षेत्र (Territory) की पहचान और उनका व्यवहार। बाघ और तेंदुए के पगमार्क (पैर के निशान) तथा अन्य फील्ड साइन्स में अंतर करना। नर और मादा बाघ की पहचान, पगमार्क के पैड इंप्रेशन और फोटोग्राफिक पहचान की तकनीक।
बाघ के शिकार करने के तरीके, खरोंच के निशान और क्षेत्रीय मार्किंग की पहचान।
कैमरा ट्रैप और मैदानी निगरानी की आधुनिक तकनीकें। वन्यजीव अपराधों को रोकने और मुखबीर तंत्र को मजबूत करने के उपाय।
कार्यशाला के पहले दिन सैद्धांतिक जानकारी देने के बाद सभी प्रतिभागियों की एक परीक्षा भी आयोजित की गई, ताकि सीखे गए ज्ञान का आकलन किया जा सके। इस आयोजन का दूसरे दिन फील्ड विजिट और प्रैक्टिकल एक्सरसाइज करवाया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को जंगल में जाकर पगमार्क और अन्य वन्यजीव संकेतों की पहचान करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में मुख्य वन संरक्षक (बस्तर) सुश्री स्टाइलो मंडावी, मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्री उत्तम गुप्ता, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक श्री गौतम नारायण पड़ीभार सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
रायपुर / शौर्यपथ। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने अपने कवर्धा निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य एवं कबीरधाम जिले के बोड़ला की बेटी गीता यादव से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने गीता को भारतीय टीम की महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। गीता की सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गीता की उपलब्धि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों और विशेषकर खेलों में आगे बढ़ने का सपना देखने वाली बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।
मुलाकात के दौरान श्री शर्मा ने गीता से उनकी अब तक की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने गीता के अनुभवों और खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को भी जाना।
फाइनल में चीन को हराकर भारत ने जीता खिताब
बोड़ला निवासी गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 13 सितंबर को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता तथा एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।
टूर्नामेंट में मिडफील्डर की भूमिका निभाने वाली गीता यादव ने अपने शानदार प्रदर्शन से विशेष छाप छोड़ी। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए। मलेशिया के विरुद्ध भारत की 11-1 की बड़ी जीत में गीता ने दो गोल दागे, जबकि जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
किसान परिवार से अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक का सफर
एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करने तक गीता यादव का सफर संघर्ष, मेहनत और निरंतर अभ्यास की मिसाल है। उन्होंने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। इसके बाद बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और निखारा।
लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर गीता राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) से भी जुड़ीं। वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की। इसके बाद अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी वह भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
कवर्धा में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर चर्चा
मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा और गीता यादव के बीच कवर्धा में खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, खेल सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र में खेलों की संभावनाओं को बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई।
गीता ने अपनी खेल यात्रा और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव उप मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। श्री शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ते हुए देश एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा SING फोरम 2026 के लिए छत्तीसगढ़ को किया गया है नामित
सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने किया मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत
वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत होंगी छत्तीसगढ़ की उपलब्धियां, विकास की संभावनाएं और निवेश के अवसर
CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से होगी चर्चा
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से आज सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नमित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की अपार संभावनाओं और निवेश के आकर्षक अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की ओर से सहभागिता करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का दृढ़ प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन तथा उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री साय की SING फोरम 2026 में सहभागिता वैश्विक निवेशकों के समक्ष छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
राजनांदगांव-खैरागढ़ और राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ताहीन निर्माण व भ्रष्टाचार की शिकायत; चार वरिष्ठ अधिकारियों की समिति तीन दिन में देगी रिपोर्ट
रायपुर / शौर्यपथ। राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग के नवीनीकरण एवं उन्नयन तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में कथित गुणवत्ताहीन निर्माण और भ्रष्टाचार की शिकायत को लोक निर्माण विभाग ने गंभीरता से लिया है। शिकायत की जांच के लिए विभाग ने चार वरिष्ठ अधिकारियों की जांच समिति गठित की है। समिति निर्माण कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता से लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यपालन एजेंसी की भूमिका तक विभिन्न पहलुओं की जांच करेगी और तीन दिनों के भीतर प्रमुख अभियंता को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
जांच समिति में मुख्य अभियंता व्ही.एस. कोरम, अधीक्षण अभियंता राजीव नशीने तथा कार्यपालन अभियंता प्रभात सक्सेना और सी.एस. ओगरे को शामिल किया गया है।
सड़क की गुणवत्ता के तकनीकी मानकों की होगी जांच
विभाग के अनुसार समिति राजनांदगांव-खैरागढ़ तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में हुए निर्माण कार्यों की विस्तृत तकनीकी जांच करेगी। इसमें जीएसबी (GSB), डब्ल्यूएमएम (WMM), सब-ग्रेड, डामरीकरण, बिटुमिन की मात्रा, सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल और अंडुलेशन जैसे महत्वपूर्ण मानकों की जांच शामिल है। आवश्यकतानुसार निर्माण सामग्री एवं सड़क की गुणवत्ता की प्रयोगशाला जांच भी कराई जाएगी।
इसके साथ ही समिति यह भी परीक्षण करेगी कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी वाले विभागीय अधिकारियों और कार्यपालन एजेंसी ने निर्धारित मानकों का पालन किया अथवा नहीं।
भुगतान पर रोक से लेकर कार्रवाई तक पर रिपोर्ट
जांच समिति को यह भी विचार करना है कि जांच पूरी होने तक संबंधित निर्माण कार्यों के भुगतान पर रोक लगाया जाना आवश्यक है या नहीं। यदि जांच में गुणवत्ता से समझौता, वित्तीय अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार के आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई के संबंध में भी समिति अपनी अनुशंसा देगी।
उखड़ी सड़क पर तत्काल सुरक्षित आवागमन की चुनौती
जांच के दायरे में उन स्थानों को भी शामिल किया गया है, जहां सड़क को उखाड़कर छोड़ दिया गया है। विशेष रूप से डोंगरगांव-कुमरदा सहित ऐसे स्थानों पर आम लोगों की सुरक्षा और यातायात को देखते हुए तत्काल मरम्मत, चेतावनी संकेतक तथा आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में भी समिति रिपोर्ट देगी।
अब निगाहें जांच समिति की तीन दिन में आने वाली रिपोर्ट पर टिकी हैं। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि सड़क निर्माण में सामने आई शिकायतें महज गुणवत्ता संबंधी लापरवाही हैं या इनके पीछे तकनीकी अनियमितता, वित्तीय गड़बड़ी अथवा भ्रष्टाचार की भी कोई भूमिका है।
गांधी जयंती पर बेटियों को मिली स्वच्छता, स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ी नई सुविधा
प्रदेश के 6,671 ग्रामीण शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण का लक्ष्य
रायपुर, / राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता और बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित यह शौचालय राज्य में चल रहे ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
गुलाबी रंग से सजे नव-निर्मित बालिका शौचालय के उद्घाटन के दौरान छोटी बच्चियों ने भी हाथों में इसी संदेश वाली तख्तियां लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों की भागीदारी ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
6 अगस्त को शुरू हुआ था ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 6,671 शासकीय विद्यालयों में लगभग 286.85 करोड़ रुपए की लागत से बालिका शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा के अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
निर्माण से उद्घाटन तक, धूमा में लगातार हुई निगरानी
धूमा का यह बालिका शौचालय एक दिन में तैयार हुई पहल नहीं है। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने भी अपने कुरूद विकासखंड के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर बालिका शौचालय के निर्माण कार्य का मैदानी निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखने के साथ कार्य में लगे श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की जानकारी भी ली थी और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। करीब एक महीने बाद गांधी जयंती के अवसर पर इसका उद्घाटन अभियान के उद्देश्य को धरातल पर उतरते हुए दिखाता है।
‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासन का मिशन है कि 26 जनवरी 2027 तक राज्य के हर स्कूल में बालिकाओं के लिए शौंचालय सुनिश्चित हो।
मलेशियाई इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या से जुड़ा मामला फिर सुर्खियों में, सुसाइड नोट में नाम होने का दावा; केरल गृह विभाग ने पुराने रिकॉर्ड तलब कर VACB को जांच के निर्देश दिए
तिरुवनंतपुरम / एजेंसी / भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से जुड़ा करीब दो दशक पुराना मामला एक बार फिर जांच के घेरे में आ गया है। केरल सरकार ने वर्ष 2006 में उनके कार्यकाल के दौरान सामने आए कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े मामले की फाइलें दोबारा तलब की हैं। केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मामले में विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो (VACB) को जांच के निर्देश दिए हैं।
मामला उस समय का है जब ज्ञानेश कुमार केरल के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव थे। विवाद विश्व बैंक से वित्त पोषित केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (KSTP) के तहत एमसी रोड के अपग्रेडेशन से जुड़े कार्य को लेकर सामने आया था। इस परियोजना में PATI-BEL नामक इंडो-मलेशियन कंसोर्टियम जुड़ा हुआ था।
मलेशियाई इंजीनियर की आत्महत्या ने खड़ा किया था बड़ा सवाल
इस मामले का सबसे गंभीर पहलू मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन (Lee See Been) की वर्ष 2006 में हुई आत्महत्या है। वह परियोजना से जुड़े प्रमुख अधिकारियों में शामिल थे। उनकी आत्महत्या के बाद सामने आए कथित सुसाइड नोट में तत्कालीन PWD सचिव ज्ञानेश कुमार का नाम होने की बात रिपोर्टों में सामने आई थी।
रिपोर्टों के मुताबिक, सुसाइड नोट में परियोजना के भुगतान को मंजूरी दिलाने के लिए कथित तौर पर रिश्वत की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, इन आरोपों को आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए; वर्तमान में इन्हें न्यायिक रूप से सिद्ध तथ्य नहीं माना जा सकता।
पहले भी शुरू हुई थी विजिलेंस जांच
ली सी बीन की मौत के बाद उस समय मामले ने गंभीर राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद पैदा किया था। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विजिलेंस स्तर पर जांच शुरू किए जाने की रिपोर्टें सामने आई थीं। बाद में जांच आगे नहीं बढ़ सकी और मामला ठंडे बस्ते में चला गया। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, ज्ञानेश कुमार के केरल से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चले जाने के बाद भी जांच प्रभावी निष्कर्ष तक नहीं पहुंची।
यही वह बिंदु है जिसे अब केरल सरकार दोबारा जांच के दायरे में लाना चाहती है—क्या 2006 में शुरू हुई जांच निष्पक्ष और पूर्ण तरीके से हुई थी और यदि नहीं, तो उसके रुकने के पीछे कोई बाहरी प्रभाव या दबाव था?
शिकायत के बाद दोबारा खुली फाइल
ताजा घटनाक्रम कांग्रेस नेता मलयनकीझु वेणुगोपाल की शिकायत के बाद सामने आया है। शिकायत में पुराने मामले की जांच दोबारा शुरू करने और उस समय की जांच प्रक्रिया की समीक्षा की मांग की गई थी।
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला के अनुसार शिकायत की प्रारंभिक समीक्षा के बाद मामले में जांच की जरूरत महसूस हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन से चर्चा के बाद विजिलेंस निदेशक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अब जांच के केंद्र में होंगे ये सवाल
नई जांच में मुख्य रूप से निम्न बिंदुओं की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी—
पहला— KSTP और एमसी रोड परियोजना से जुड़े पुराने ठेके, भुगतान, फाइल नोटिंग और प्रशासनिक निर्णयों में क्या हुआ?
दूसरा— ली सी बीन की आत्महत्या और कथित सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या थी?
तीसरा— तत्कालीन PWD अधिकारियों और परियोजना से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका क्या रही?
चौथा— वर्ष 2006 में शुरू हुई विजिलेंस जांच किन परिस्थितियों में आगे नहीं बढ़ी?
पांचवां— क्या उस जांच को प्रभावित करने के लिए किसी प्रकार का बाहरी दबाव या प्रशासनिक हस्तक्षेप हुआ था?
छठा— क्या पुराने रिकॉर्ड, भुगतान दस्तावेजों और जांच रिपोर्टों में ऐसे तथ्य मौजूद हैं जिन्हें पहले पर्याप्त रूप से जांचा नहीं गया?
CEC की मौजूदा भूमिका के कारण मामला और संवेदनशील
यह मामला ऐसे समय फिर सामने आया है जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका को लेकर केरल समेत कई राज्यों में राजनीतिक विवाद चल रहा है। विशेष रूप से मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राजनीतिक विरोध भी देखने को मिल रहा है।
ऐसे समय करीब 20 वर्ष पुराने मामले की पुनः जांच ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। हालांकि, राजनीतिक विवाद और पुराने भ्रष्टाचार के आरोपों को अलग-अलग तथ्यों के आधार पर देखना जरूरी होगा।
सवाल अब सिर्फ आरोप का नहीं, जांच के निष्कर्ष का है
करीब दो दशक पुराने इस मामले की फाइल दोबारा खुलने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि उस समय की जांच वास्तव में कितनी गहराई से हुई थी। क्या ली सी बीन द्वारा लगाए गए आरोपों की पूरी पड़ताल हुई थी? क्या KSTP से जुड़े भुगतान और प्रशासनिक फैसलों की स्वतंत्र जांच हुई थी? और यदि पुरानी जांच अधूरी रही थी, तो उसके लिए जिम्मेदार कौन था?
इन सवालों का जवाब अब VACB की नई जांच और पुराने रिकॉर्ड की समीक्षा से सामने आना है।
फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर इतना स्पष्ट है कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2006 के आरोपों की पुनः जांच का आदेश हुआ है; यह आदेश अपने आप में आरोपों को सिद्ध नहीं करता। अब जांच एजेंसी के निष्कर्ष यह तय करेंगे कि दो दशक पुरानी फाइल में वास्तव में ऐसा कोई तथ्य मौजूद है या नहीं, जिसके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता बनती है।
महिला टीम गोल्फ में रजत पदक, अमन सहरावत ने रचा इतिहास; अंतिम पंघाल और अदिति अशोक की टीम ने बढ़ाया देश का गौरव, दीपक पूनिया ने छह दशक बाद दिलाया कांस्य
नई दिल्ली / शौर्यपथ। एशियाई खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार देश का गौरव बढ़ा रहा है। हॉकी, कुश्ती और गोल्फ में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर तिरंगा ऊंचा किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इन उपलब्धियों पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके दृढ़ संकल्प, जुनून और शानदार प्रदर्शन की सराहना की है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने फाइनल में शानदार जीत दर्ज करते हुए एशियाई खेलों में अपने स्वर्ण पदक पर कब्जा बरकरार रखा। भारतीय टीम ने पहली बार एशियाई खेलों में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की है। यह भारत का पुरुष हॉकी में कुल पांचवां एशियाई खेल स्वर्ण पदक है। प्रधानमंत्री ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम के अभियान को असाधारण बताते हुए कहा कि इस बार की सफलता इसलिए भी विशेष है, क्योंकि पहली बार एक ही एशियाई खेलों में भारत की पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी एशियाई मंच पर अपना मस्तक ऊंचा कर खड़ी है।
अमन सहरावत ने रचा नया इतिहास
कुश्ती के अखाड़े में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में अमन सहरावत ने ऐतिहासिक स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रधानमंत्री ने इसे अभूतपूर्व जीत बताते हुए कहा कि अमन ने भारत के लिए इस स्पर्धा में अब तक का पहला एशियाई खेल स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। पिछले एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले अमन सहरावत ने इस बार विजेता मंच के शिखर तक पहुंचकर अपने दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत का परिचय दिया।
वहीं पुरुषों की 97 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में दीपक पूनिया ने कांस्य पदक जीतकर छह दशकों बाद भारत को इस वर्ग में एशियाई खेलों के विजेता मंच पर वापस पहुंचाया। प्रधानमंत्री ने दीपक पूनिया की उपलब्धि को भारतीय कुश्ती यात्रा में एक नया अध्याय बताया और उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
अंतिम पंघाल का रजत, महिला कुश्ती को नई ऊंचाई
महिला कुश्ती में अंतिम पंघाल ने 53 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने उनके प्रदर्शन को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंतिम पंघाल भविष्य में देश के लिए और अधिक गौरव हासिल करेंगी तथा अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।
गोल्फ में भी भारतीय बेटियों का शानदार प्रदर्शन
महिला टीम गोल्फ में अदिति अशोक, प्रणवी शरथ उर्स और दीक्षा डागर ने रजत पदक हासिल कर भारतीय खेल जगत को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दी। प्रधानमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता खेल के प्रति दृढ़ संकल्प और जुनून को दर्शाती है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
एशियाई खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों ने देश के खेल प्रदर्शन को नई मजबूती दी है। हॉकी में स्वर्णिम दबदबा कायम रखने से लेकर कुश्ती में ऐतिहासिक स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक तथा महिला टीम गोल्फ में रजत पदक तक, भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री की ओर से मिली बधाइयों ने इन उपलब्धियों को और खास बना दिया है।
मृणेन्द्र चौबे (राजनांदगांव )
चिखली पुलिस की कार्रवाई, हत्या-हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले पहले से दर्ज
राजनांदगांव/शौर्यपथ /नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिखली पुलिस ने गांजा बेचने की तैयारी कर रहे युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.913 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि गठुला पुल आरएमसी फैक्ट्री रोड के पास एक युवक गांजा लेकर ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास मौजूद स्लेटी रंग के बैग से 1.913 किलो गांजा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान कौशलेन्द्र साहू उर्फ कास्तु (22), पिता मोहनलाल साहू, निवासी शंकरपुर तालाब पार वार्ड-7, ओपी चिखली के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता बोरसी, थाना पदमनाभपुर, जिला दुर्ग बताया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
0 पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक कौशलेन्द्र के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में पहले से कई अपराध दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 656/2023 में धारा 302, 307, 147, 148, 149 भादवि के तहत मामला दर्ज है। कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 528/23 में धारा 294, 506, 324, 34 भादवि और अपराध क्रमांक 338/25 में धारा 191(2), 191(3), 190, 109 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है। चिखली चौकी में अपराध क्रमांक 371/23 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट तथा अपराध क्रमांक 235/22 में धारा 307 भादवि के तहत मामला दर्ज होना बताया गया है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गांजा और शराब बिक्री के साथ असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, सहायक उप निरीक्षक शत्रुहन टंडन, विनोद कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, आदित्य सोलंकी, सुनील बैरागी, रंजीत चौरसिया, जयराम निषाद, राजकुमार बंजारा, अमित सोनी सहित चौकी चिखली स्टाफ की भूमिका रही।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
