
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस की भव्य छटा; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—बदल रही है प्रदेश की तस्वीर, अब देश-दुनिया के सामने दिख रही जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति और विकास की नई संभावनाएं
नई दिल्ली / रायपुर / शौर्यपथ / कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के कारण चर्चा में रहने वाले छत्तीसगढ़ की पहचान अब उसकी समृद्ध जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की संभावनाओं से बन रही है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह के दौरान प्रदेश की इसी बदलती तस्वीर की शानदार झलक देखने को मिली। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की लोक कलाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता ने राष्ट्रीय राजधानी में अपनी विशिष्ट पहचान दर्ज कराई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान बदल रही है। आज प्रदेश परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास के संगम के साथ देश-दुनिया के सामने अपनी नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है। भारत मंडपम में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ का स्वरूप इसी परिवर्तन का परिचायक है।
निवेश, उद्योग और रोजगार की अपार संभावनाएं
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से व्यापक संभावनाओं वाला प्रदेश है। इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर उपलब्ध हैं। नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने निवेशकों से प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कृषि आधारित उद्योगों, लघु वनोपज के प्रसंस्करण, हस्तशिल्प और महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
लोकनृत्यों ने बिखेरे छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग
भारत मंडपम के एम्फीथिएटर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य रहे। गौर, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराया। पारंपरिक वेशभूषा, जनजातीय आभूषणों, मांदर और ढोल की थाप के बीच कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को छत्तीसगढ़ी उत्सव के रंग में रंग दिया।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं, ग्रामीण जीवन, लोक आस्था, कृषि संस्कृति और प्रकृति से जुड़े छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक स्वरूप को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।
बस्तर की बेलमेटल से कोसा सिल्क तक, छत्तीसगढ़ी उत्पादों का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर विभिन्न विभागों और उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों और वनोपज आधारित उत्पादों की जानकारी ली। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र रहे।
पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव विशेष आकर्षण बना। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना पर्यटन विकास की दिशा में अभिनव प्रयास है। इससे देश-विदेश के आगंतुक छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं से परिचित हो सकेंगे।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन और औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। लोक संस्कृति की जीवंत प्रस्तुतियों से लेकर आधुनिक तकनीक और निवेश की संभावनाओं तक, आयोजन में बदलते छत्तीसगढ़ की विविध तस्वीर सामने आई।
Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
