November 22, 2026
Hindi Hindi▼

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    सड़क संधारण में लापरवाही पर ठेकेदारों की खैर नहीं, बैंक गारंटी राजसात और ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

    • doing of business

    लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने चार जिलों में किया निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण
    धीमी प्रगति वाले निर्माण कार्यों पर नोटिस, अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था भी तय; गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं करने की सख्त हिदायत

    रायपुर । सड़कों के रखरखाव में लापरवाही और निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने लगातार दो दिनों तक जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों का दौरा कर सड़कों, पुल-पुलियों, कॉलेज, मेडिकल कॉलेज अस्पताल और अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां सड़क संधारण में लापरवाही मिली, वहां संबंधित ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के लिए नोटिस जारी करने और सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों पर भी संबंधित ठेकेदारों को नोटिस देने को कहा गया।

    सचिव बंसल ने अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित निगरानी, निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा करने और सड़क संधारण की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने पर जोर दिया।

    दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग पर कार्रवाई के निर्देश

    सरगुजा जिले में दरिमा-मैनपाट और बरियो-धौरपुर मार्ग के निरीक्षण में संधारण अवधि के दौरान उचित रखरखाव नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इस पर सचिव ने संबंधित ठेकेदारों की बैंक गारंटी राजसात करने के लिए नियमानुसार नोटिस जारी करने और संधारण में सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। दरिमा-मैनपाट मार्ग पर रिटेनिंग वॉल, पुल-पुलियों और गार्डवॉल की पेंटिंग कराने को भी कहा।

    सोनतराई-मैनपाट मार्ग पर कमलेश्वरपुर थाना चौक से कैंप नंबर-2 मंदिर तक 1.20 किलोमीटर लंबाई में फोरलेन सड़क निर्माण के लिए संशोधित प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए।

    कॉलेज और मेडिकल कॉलेज निर्माण की समय-सीमा तय

    कमलेश्वरपुर में निर्माणाधीन कॉलेज भवन का निरीक्षण करते हुए सचिव ने 15 दिसंबर तक भूतल के 50 प्रतिशत स्लैब तथा 15 जनवरी 2027 तक पूरे भूतल के स्लैब का निर्माण पूरा करने की समय-सीमा निर्धारित की। निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का सीमांकन कराने और अवैध कब्जा मिलने पर कलेक्टर से समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा। भवन में टाटा वायरॉन फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए।

    मेडिकल कॉलेज अस्पताल भवन के निर्माण में धीमी प्रगति पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही गुणवत्ता और निगरानी के लिए अनुभवी अभियंता नियुक्त करने को कहा। निगरानी व्यवस्था के तहत उप अभियंता को प्रतिदिन, एसडीओ को प्रत्येक दो दिन में तथा अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को हर 30 दिन में निरीक्षण करना होगा।

    दरिमा एयरपोर्ट की सड़क और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान

    दरिमा एयरपोर्ट के सामने सड़क की रि-कारपेटिंग कराने और बीसीएएस मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। एयरपोर्ट परिसर में घास की कटाई तत्काल शुरू कराने को भी कहा गया। विभागीय कार्यालय परिसर के निरीक्षण में साफ-सफाई, खरपतवार हटाने, बाउंड्रीवॉल, शेड निर्माण, आवासीय क्वार्टरों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए।

    सूरजपुर में डामरीकरण तत्काल शुरू करने की हिदायत

    सूरजपुर जिले में बिशुनपुर-सूरजपुर-ओड़गी मार्ग का निरीक्षण कर सचिव ने डामरीकरण तत्काल प्रारंभ करने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। वहीं 27 किलोमीटर लंबे तारा-प्रेमनगर-रामानुजनगर-कृष्णपुर मार्ग के निर्माण की समीक्षा में ठेकेदार ने लगभग 10 किलोमीटर सड़क पर डब्ल्यूएमएम कार्य पूरा होने और बैच मिक्स प्लांट स्थापित होने की जानकारी दी। अगले तीन-चार दिनों में डामरीकरण शुरू करने तथा जून 2027 तक अनुबंधित कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया। सचिव ने इस समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सूरजपुर कलेक्टर बंगले में अतिरिक्त कक्ष निर्माण और ऑडिटोरियम मरम्मत सहित अन्य कार्यों की भी समीक्षा की।

    89 करोड़ की लागत से बने राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का निरीक्षण

    बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के तहत उन्नत किए गए राजपुर-प्रतापपुर मार्ग का जायजा लिया। जनवरी 2026 में 29.20 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का 89 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से उन्नयन एवं मजबूतीकरण किया गया है। सड़क वर्तमान में पांच वर्ष की परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है। सचिव ने सड़क की स्थिति और संधारण व्यवस्था का निरीक्षण किया।

    निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, अंबिकापुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर सहित संबंधित संभागों के कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।

    दो दिवसीय दौरे में सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सड़क रखरखाव और समय-सीमा का पालन विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। लापरवाही सामने आने पर ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के साथ विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी।

    Rate this item
    (0 votes)

    Leave a comment

    Make sure you enter all the required information, indicated by an asterisk (*). HTML code is not allowed.

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision