August 06, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    PANKAJ CHANDRAKAR

    PANKAJ CHANDRAKAR

    दुर्ग / शौर्यपथ /

    मतदान के पुण्य कार्य में भी भागीदारी करने की अपील की
    -कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने किसान भाइयों के नाम जारी किया वीडियो संदेश

    किसानों ने खरीफ में वर्मी कंपोस्ट खेतों में डाला है। उनकी फसल बहुत अच्छी हुई है। उत्पादन भी अधिक हुआ है। फसल में चमक भी अच्छी है। सबसे अच्छी बात यह है कि भूमि की ऊर्वरा शक्ति को सहेजने के लिए यह बहुत अच्छा कार्य है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने रबी फसल के पूर्व यह संदेश किसानों के लिए दिया है। कलेक्टर ने किसान भाइयों के लिए जारी संदेश में कहा है कि गौठानों के अच्छे से संचालन के लिए पिछले साल की तरह इस बार भी बड़े पैमाने पर पैरादान की जरूरत है। किसान भाइयों ने पिछली बार गौठानों के लिए बड़ी मात्रा में पैरादान किया था, जिससे गौठानों का पोषण अच्छी तरह से हो पाया।

    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने गौठानों के माध्यम से ग्रामीण विकास की संकल्पना प्रस्तुत की है। इसे पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। गौठान ग्रामीण आजीविका केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। गौठानों में गोधन न्याय योजना का क्रियान्वयन हो रहा है और इसके माध्यम से किसानों का गोबर क्रय किया जा रहा है। इसके द्वारा बनाये गये कंपोस्ट खाद को इस बार किसानों ने उपयोग किया है और इसका अच्छा लाभ हुआ है।

    उल्लेखनीय है कि जिन किसानों ने वर्मी कंपोस्ट अपने खेतों में डाला, उनकी धान की चमक भी बरकरार रही और ऊंचाई भी पर्याप्त रही। कुल मिलाकर संतुलित रूप से आगे बढऩे के लिए जैविक खाद की भूमिका स्पष्ट हो गई है। कलेक्टर ने किसानों से कहा कि इस बार रबी के सीजन में वर्मी कंपोस्ट जरूर लें। रासायनिक खादों से भूमि की ऊर्वरा शक्ति तेजी से क्षीण होती है। कलेक्टर ने अपनी अपील में किसानों से कहा है कि पैरादान के माध्यम से गौठानों में गायों का ध्यान रखा जाता है। यह बहुत नेक काम है। इस कार्य में जितनी भागीदारी होगी, उतना अच्छा है। उन्होंने कहा कि पैरादान को गौठान तक पहुंचाने के लिए पंचायतों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसान यथासंभव इसके लिए आगे आएं ताकि गौठानों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध हो सके। उल्लेखनीय है कि इस बार कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सबसे ज्यादा पैरादान करने वाली पंचायतों को पुरस्कृत करने का निर्णय भी किया है।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ /

    नगरीय निकाय उप निर्वाचन तुलसीपुर वार्ड क्रमांक 17 के लिए आज हुए मतदान के बाद मतपेटी को पटवारी प्रशिक्षण शाला भवन तहसील कार्यालय परिसर राजनांदगांव में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया। नगरीय निकाय उप निर्वाचन के लिए मतपेटी हेतु स्ट्रांग रूम को सील करते समय सामान्य प्रेक्षक  सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर  तारन प्रकाश सिन्हा, अपर कलेक्टर  सीएल मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर  इंदिरा देहारी, प्रशिक्षु आईपीएस नगर पुलिस अधीक्षक  गौरव राय, एसडीएम राजनांदगांव  अरूण कुमार वर्मा, तहसीलदार  प्रफुल्ल गुप्ता एवं सभी राजनीतिक दल के अभिकर्ता उपस्थित थे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  तारन प्रकाश सिन्हा ने बताया कि 23 दिसम्बर 2021 को मतगणना का कार्य सुबह 9 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए सुरक्षा से संबंधित समस्त प्रबंध किए गए हैं।

    रायपुर/ शौर्यपथ /

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने नगरीय निकाय चुनाव के लिये 15 निकाय क्षेत्रों की जनता का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि जनता के उत्साह से स्पष्ट है कि भूपेश सरकार के 3 साल के कामों के ऊपर मुहर लगाई है लोगों ने अपने निकाय क्षेत्रों में विकास की गंगा अनवरत बहती रहे इसलिये कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया है। सभी 4 नगर निगमों सहित सभी 15 निकायों में जनता ने कांग्रेस के महापौर और अध्यक्ष बनाने के लिये मतदान किया है। इन चुनावों के परिणाम भाजपा की बोलती बंद कर देंगे। जिस तरह विधानसभा चुनाव, नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण, पंचायतीराज चुनाव, दंतेवाड़ा और मरवाही उपचुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी, वैसे ही इस चुनाव में भी भाजपा का सफाया तय है। जनता ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के तीन साल के कामकाज पर अपनी संतुष्टि और विश्वास की मुहर लगा दी है। 

    छत्तीसगढ़ भाजपा के चले हुए कारतूस काम नहीं आये तो उसके केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी को सड़क पर उतार दिया। वे भी भूपेश बघेल सरकार के कामों की आंधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसलों के तूफान में उड़ गए। राज्य की जनता ने तीन साल पहले डॉ. रमन सिंह का सत्ता मद लोभ का बुखार उतार दिया था। अब जनता ने नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और बड़बोले सह प्रभारी नितिन नबीन की भी भद्द पिटना सुनिश्चित कर दिया है। 

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में जनता ने महंगाई के कारण भाजपा का बहिष्कार करते हुए भूपेश बघेल के जनकल्याणकारी और अभूतपूर्व कामों पर मुहर लगाई है। प्रदेश में धर्मांतरण का झूठा राग अलापने वाली और साम्प्रदायिकता फैलाने वाली भाजपा के खिलाफ जनता ने एकजुट होकर मतदान किया है। मतदान से पहले ही भाजपा के नेताओं को इस बात का ज्ञान होने लगा था कि जनता उन्हें सिरे से खारिज करने वाली है और इसी बात की भड़ास भाजपा के नेता अपने बयानों और भाषणों में निकाल रहे थे।

    दुर्ग / शौर्यपथ /

    भारतीय राजनीति के पुरोधा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व राज्यपाल स्व.मोतीलाल वोरा की जन्म जयंती पर कांग्रेस जनों ने आज श्रद्धा सुमन अर्पित किए राजीव भवन में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रदीप चौबे पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर बदरुद्दीन कुरैशी सहित विधायक अरुण वोरा , राजेंद्र साहू वरिष्ठ कांग्रेस नेता शंकरलाल ताम्रकार राधेश्याम शर्मा मदन जैन कमल नारायण रुंगटा , दीपक दुबे जिला कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल महापौर धीरज बाकलीवाल नगर निगम के सभापति राजेश यादव पूर्व महापौर आरएन वर्मा ,तुलसी साहू सहित कांग्रेसजनों ने राजीव भवन में बाबूजी मोतीलाल वोरा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। 

    इस अवसर पर एक प्रार्थना सभा का आयोजन गोस्वामी बंधुओं के द्वारा किया गया .गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि मोतीलाल वोरा एक पाठशाला हैं। हम जीवन की हर बात उनसे पढ़ और जान सकते हैं, सीख सकते हैं।उनके अनुसार दुख का समय मिलकर काटना चाहिए और सुख का समय बांटना चाहिए। 

    वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप चौबे ने कहा कि बाबूजी समदर्शी थे ,वे सभी को बराबर सम्मान देते थे, उनके लिए कोई भी व्यक्ति छोटा अथवा बड़ा नहीं था।उनके अनुसार सबकी अपनी योग्यता होती है,सभी व्यक्तियों में अपनी विशेषता क्षमता होती है, इसलिए वे सभी को बराबर महत्व देते थे।बाबूजी ने कभी गुटबाजी की राजनीति नहीं की।आज हम सब पहले यह देखते हैं कि हम स्वयं कहा फिट बैठते हैं प्रदीप चौबे कहाँ फिट बैठता है,बाबूजी ने कभी गुटबाजी की राजनीति नही की। बाबूजी व्यकिगत स्वार्थ से परे हाइकमान की अर्थात नेतृत्व का मान रखते थे।कभी उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जाकर काम नही किया,फलस्वरूप वे आगे बढ़ते चले गए । 

    दीपक दुबे ने कहा कि *बाबूजी के बताये गए मार्ग पर चलकर ही हम आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि बाबूजी के अनुसार आप अपने मन मे किसी से ईष्र्या द्वेष अथवा जलनखोरी रखकर आगे नही बढ़ सकते।सबके हित का सोचे,किसी के बारे में गलत न सोचें न गलत कहें।उनके अनुसार जो जितना योग्य व सक्षम होगा वह उतना ही आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम का समापन मौन श्रदांजलि के साथ हुआ।इस दौरान कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

    भिलाई/शौर्यपथ/ 

    यहां प्रदेश के दिग्गज नेताओं ने अपने-अपने इलाकों में मतदान किया। सबसे पहले दुर्ग सांसद विजय बघेल अपने पत्नी के साथ भिलाई नगर निगम के सेक्टर 5 मिडिल स्कूल में मतदान करने पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धांधली करवा रही है।सांसद विजय बघेल ने कहा कि जनता यह सब नहीं सहन करेगी। आने वाले समय में बीजेपी दुर्ग जिले के सभी निकायों में सरकार बनाएगी। बीजेपी के प्रत्याशी अधिक से अधिक वोट पाकर जीत दर्ज करेंगे।

    भिलाई/शौर्यपथ/ 

    भिलाई निगम के खुर्सीपार में भाजपा प्रत्याशी और पुलिस में झड़प के अलावा सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। इसके साथ ही 714 प्रत्याशियों का भाग्य मत पेटी में कैद हो गया जो अब 23 दिसंबर को खुलेगा और उसी दिन पता चलेगा कि किस किस के सर जीत का सेहरा बंधेगा और चारों निकाय में कांग्रेस या भाजपा की शहर सरकार बनेगी। जिला कलेक्टर डा.सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने रविवार को सभी मतदान दलों को रवाना कर सभी को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मतदान दलों के साथ कलेक्टर ने काफी देर तक चर्चा भी की।

    भिलाई/शौर्यपथ/ 

    दुर्ग जिले के तीन नगर निगम और एक नगर पालिका के साथ ही उतई नगर पंचायत के एक सीट के लिए मतदान हुआ। दुर्ग जिले के रिसाली, भिलाई, चरौदा और जामुल नगर निगम में मतदान संपन्न हो गए। भिलाई के पूर्व महापौर और भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेन्द्र  यादव भी अपनी पत्नी के साथ हाउसिंग बोर्ड वार्ड में मतदान करने पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि भिलाई में कांग्रेस की सरकार बन रही है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों से मतदान केंद्र आकर वोट देने की अपील की है।

    मुंगेली / शौर्यपथ /

    स्कूल शिक्षा विभाग एवं समग्र शिक्षा के द्वारा जिला के 03 कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय, आवासीय संस्थानों के साथ ष्परियोजना विजयी" का क्रियान्वयन जुलाई वर्ष 2018 से किया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत कक्षा छठवीं से कक्षा आठवीं की बालिकाओं के साथ रूम टू रीड के द्वारा प्रशिक्षित शिक्षिकाओं एवं अधीक्षिकाओं द्वारा विभिन्न जीवन कौशल के विषय पर चर्चा व सत्र का आयोजन किया जाता है। इस परियोजना के अंतर्गत वर्ष 2018 से सभी 03 संस्थानों में कक्षा छठवीं से कक्षा आठवीं की लगभग 1200 बालिकाएं इससे लाभान्वित हुई।  इसकी जानकारी प्राप्त करने के लिए तेलंगाना राज्य के समग्र शिक्षा विभाग व एससीईआरटी के सदस्यों ने जिले के ग्राम चातरखार स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का भ्रमण किया और वहां शिक्षिका  वर्षा दुबे के द्वारा कौशल जीवन के संबंध में कक्षा 6वीं के बालिकाओं को दी जा रही जानकारी का अवलोकन किया। इस अवसर पर संस्था की बालिकाओं, अधीक्षिका एवं शिक्षिकाओं से परियोजना विजयी के अनुभव पर जानकारी तेलंगाना से आये अधिकारियों के साथ साझा की गई। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी  सतीश पाण्डेय ने बताया कि  कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय आवासीय संस्थानों के साथ परियोजना विजयी का क्रियान्वयन जुलाई 2018 से किया जा रहा है। इसके तहत बालिकाओं को पढ़ाई के साथ रोजगार से जुड़े मूलभूत कौशल, जीवन के जरूरी निर्णय, समझदारी और एक सफल व विजयी जीवन के लिए शिक्षा दी जा रही है। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक  वाचस्पति सिंह उपस्थित थे।

    सांसद सुनील सोनी को आधार मामले में पुत्तूस्वामी बनाम भारत सरकार के मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पढऩा चाहिये

    रायपुर /शौर्यपथ /

    रायपुर सांसद सुनील सोनी के बयान पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सांसद सुनील सोनी को पुत्तूस्वामी बनाम भारत सरकार के मामले में माननीय न्यायालय द्वारा दी गई आदेशों को पढऩा चाहिए। जब प्रधानमंत्री जी का ट्वीटर हैण्डल सुरक्षित नहीं है। आनलाइन ठगी करने वालो से बैंक खाता में रखी गयी राशि सुरक्षित नहीं हे। ऐसे में वोटर कार्ड और आधार कार्ड लिंक होने से आम लोगो के निजता का हनन नहीं होगा, डाटा सुरक्षित रहेगी इसकी गांरटी कौन देगा? डाटा चोरी होगी तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? देश में अब तक डाटा चोरी रोकने कानून नहीं बना है।

    मोदी भाजपा की सरकार में विपक्षी दलों के सुझाव और आपत्ति खारीज करना एवं माननीय न्यायलय के आदेशों की अवहेलना करना नियति बन गई है। तीन काले कृषि कानून की तरह ही एक बार और मोदी सरकार ने संसद में आंकड़ों के दादागिरी दिखाकर वोटर आईडी कार्ड को आधार कार्ड से लिंक करने वाला चुनाव संशोधन विधेयक 2021 को जोर जबरदस्ती पास कराने का काम किया है।

    जबकि विपक्षी दल चुनाव संशोधन विधायक को संसद की स्थाई समिति के पास भेजने और आधार मामले में पुत्तूस्वामी बनाम भारत सरकार के मामले में माननीय उच्चतम न्यायलय के आदेश का पालन करने की मांग कर रहे थे। सुप्रीम कोर्ट ने आम लोगों से जुड़ी कई चीजों के लिए आधार की अनिवार्यता को खत्म कर दी है किसी शख्स की पहचान को सत्यापित करने के लिए आधार की अनिवार्यता जरूरी नहीं है। आधार कानून बना तब स्पस्ट कहा गया था कि इस प्रकार से आधार कार्ड को वोटर कार्ड के साथ जोड़ा नहीं जा सकता।आधार कार्ड से वोटर कार्ड को जोडऩा मौलिक अधिकारों का हनन है। आधार आवास का प्रमाण पत्र है यह नागरिकता का प्रमाण नहीं है इससे आम लोगों की डाटा चोरी होने की संभावनाएं अपार है।

    रायपुर / शौर्यपथ /

    राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के लिए एक दिसम्बर से शुरू हुए धान खरीदी के बीते 20 दिनों में आज शाम साढ़े 6 बजे तक 9 लाख 36 हजार 806 किसानों से 34 लाख 30 हजार 276 मीटरिक टन धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई है। किसानों से 2483 धान उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। धान खरीदी के एवज में किसानों को अब तक मार्कफेड द्वारा बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 6250 करोड़ 85 लाख रूपए जारी किया गया है। 

    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री  बघेल की पहल पर इस वर्ष धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। अब तक 11 लाख 75 हजार 163 मीटरिक टन का डीओ जारी कर दिया गया है। उपार्जन केन्द्रों से मिलर्स द्वारा 8,38,958 मीटरिक धान का उठाव कर लिया गया है।

    धान खरीदी के 20वें दिन भी राजनांदगांव जिला, प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के मामले में पहले स्थान पर है। राजनांदगांव जिले में 3,28,434 मीटरिक टन से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है। जांजगीर-चांपा जिला प्रदेश में धान खरीदी में दूसरे पायदान पर है। जिले में 2,60,246 मीटरिक टन धान की खरीदी हुई है। बेमेतरा जिला धान खरीदी में आज राज्य में तीसरे क्रम पर है। बेमेतरा जिला में 2,57,038 मीटरिक टन धान की खरीदी की गई है।

    खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 दिसम्बर तक चालू विपणन वर्ष में समर्थन मूल्य पर राज्य के बस्तर जिले में 47,349 मीटरिक टन, बीजापुर जिले में 13,817 मीटरिक टन, दंतेवाड़ा जिले में 2,394 मीटरिक टन, कांकेर जिले में 1,10,352 मीटरिक टन, कोण्डागांव जिले में 55,462 मीटरिक टन, नारायणपुर जिले में 7,279 मीटरिक टन, सुकमा जिले में 8,446 मीटरिक टन, बिलासपुर जिले में 1,79,823 मीटरिक टन, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 22,472 मीटरिक टन, जांजगीर-चांपा जिले में 2,60,246 मीटरिक टन, कोरबा जिले में 39,274 मीटरिक टन, मुंगेली जिले में 1,49,004 मीटरिक टन, रायगढ़ जिले में 1,85,068 मीटरिक टन, बालोद जिले में 2,22,372 मीटरिक टन, बेमेतरा जिले में 2,57,038 मीटरिक टन, दुर्ग जिले में 1,57,963 मीटरिक टन, कवर्धा जिले में 1,68,819 मीट्रिक टन, राजनांदगांव जिले में 3,28,434 मीटरिक टन, बलौदाबाजार जिले में 2,49,852 मीटरिक टन, धमतरी जिले में 1,50,162 मीटरिक टन, गरियाबंद जिले में 1,24,551 मीटरिक टन, महासमुंद जिले में 2,38,781 मीटरिक टन, रायपुर जिले में 1,86,115 मीटरिक टन, बलरामपुर जिले में 50,126 मीटरिक टन, जशपुर जिले में 35,362 मीटरिक टन, कोरिया जिले में 39,175 मीटरिक टन, सरगुजा जिले में 54,392 मीटरिक टन और सूरजपुर जिले में 86,185 मीटरिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision