
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
Google Analytics —— Meta Pixel
बीजापुर / शौर्यपथ / आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक जवान शहीद हो गया। जवान कमलेश हेमला टीम के साथ गस्त पर निकले थे। गंगापुर थाना क्षेत्र के कांवड़गांव से सुबह सुरक्षाबल के जवान गस्त सर्चिंग पर गंगालुर की ओर निकले हुए थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से उसकी चपेट में आने पर जवान कमलेश हेमला (23) पुत्र मासा बेहोश हो गए। जवान को उपचार हेतु बीजापुर लाते समय जवान की शहादत हुई।
शहीद जवान थाना बीजापुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम संतोषपुर का निवासी है एवं वर्तमान में 85 वी वाहिनी केरिपु कैंप कांवड़गांव में पदस्थ था। शहीद जवान का शव बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया। थाना बीजापुर में मर्ग पंजीबद्ध कर अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।
सुरक्षा बलों ने किया 03 सक्रिय माओवादियों को किया गिरफ्तार, विस्फोटक एवं दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद
बीजापुर / शौर्यपथ / जिले में चलाये जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत् डीआरजी, थाना बासागुड़ा, कोबरा 210, सीआरपीएफ 168 वाहिनी की संयुक्त टीम थाना बासागुड़ा क्षेत्रान्तर्गत सारकेगुड़ा पेगड़ापल्ली के जंगलों में माओवादियों की उपस्थिति की आसूचना पर नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना हुई थी ।
इस अभियान के दौरान सारकेगुड़ा-पेगड़ापल्ली के मध्य जंगल से कुड़ामी सोमलू (जन मिलिशिया सदस्य), लिंगु सेमला ऊर्फ लिंगा (मिलिशिया सेक्शन कमाण्डर), सोमलू कड़ती (आरपीसी अध्यक्ष) को पकड़ा गया.
पुलिस ने बताया कि पकड़े गये माओवादियों के कब्जे से कोर्डेक्स वायर, जिलेटिन, गन पावडर सफेद एवं काला, डेटोनेटर एवं दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया गया है। पूछताछ करने पर प्लाटून नम्बर 10 के कमाण्डर मल्लेश के द्वारा सारकेगुड़ा पुलिया के पास सुरक्षा बलो को नुकसान पहुंचाने के लिये बम लगाने हेतु सामग्री उपलब्ध कराया गया था ।
उक्त माओवादियों के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं में वैधानिक कार्यवाही की गई। उसके बाद न्यायिक रिमाण्ड पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय बीजापुर के समक्ष पेश किया गया है, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पवित्र दशहरा रथ के लिए काटे गए पेड़ों की भरपाई के लिए रोपे गए 251 पौधे
बस्तर / शौर्यपथ / बस्तर दशहरा समिति की बैठक जगदलपुर जिला कलेक्टोरेट कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें बस्तर दशहरा पर्व को सभी मिलकर उत्साहपूर्वक मनाने तथा सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बस्तर दशहरा समिति की बैठक के बाद पवित्र दशहरा रथ के निर्माण के लिए काटे गए पेड़ों की भरपाई के लिए एक विशेष पहल शुरू की गई। माचकोट रेंज के नकटी सेमरा वन क्षेत्र में कुल 251 पौधे लगाए गए, जिनमें से प्रत्येक पौधा एक पेड़ बस्तर के देवी देवताओं के नाम थीम के तहत बस्तर के देवताओं को समर्पित है। यह अनूठी थीम क्षेत्र के गहरे सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध को दर्शाती है।
यह अभियान बस्तर के दशहरा उत्सव की समृद्ध परंपराओं का सम्मान करते हुए पर्यावरण के संरक्षण के प्रति समुदाय की प्रतिबद्धता को परिलक्षित करता है। यह पहल पेड़ों को स्थानीय देवताओं के साथ जोड़कर पर्यावरण संरक्षण के साथ सांस्कृतिक विरासत के एकीकरण को भी दर्शाता है।
इस अवसर पर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप, विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर श्रीमती सफीरा साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मणिराम कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष टी मरकाम, माटी पुजारी बस्तर राजपरिवार के कमलचंद भंजदेव, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाश सर्वे, आयुक्त नगर पालिक निगम हरेश मंडावी, तहसीलदार एवं बस्तर दशहरा समिति के सचिव रुपेश मरकाम सहित मांझी, चालकी, मेम्बर, मेम्बरिन, पुजारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
बस्तर / शौर्यपथ / मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में राज्य के विभिन्न जिलों के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राजमार्ग और खनिज तथा दूरसंचार से संबंधित परियोजनाओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। मुख्य सचिव ने सड़कों के निर्माण कार्यों सहित अन्य परियोजनाओं के लिए संबंध में भू-अर्जन, मुआवजा वितरण, वृक्षों की कटाई और वृक्षारोपण सहित अन्य कार्यों को शीघ्र करने के निर्देश संबंधित जिलें के कलेक्टर को दिए।
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण परियोजना के अंतर्गत बिलासपुर-कोरबा और जांजगीर-चांपा जिले के अंतर्गत आने वाले बिलासपुर-उरगा मार्ग, रायपुर-दुर्ग फोर लाइन सहित अन्य कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इसी तरह से रायपुर-विशाखापट्नम-भारतमाला परियोजना सहित अन्य सड़कों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गेबरा पेंड्रा रोड, न्यू रेल परियोजना, तलाईपल्ली कोल परियोजना के कार्यों के सहित अन्य परियोजनाओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और उन्होंने कहा कि कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण कराने सुनिश्चित करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंस से आयोजित इस बैठक में अपर मुख्य सचिव वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग श्रीमती ऋचा शर्मा, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, राजस्व विभाग के सचिव श्री अविनाश चम्पावत सहित बीएसएनएल, रेल्वे, एनटीपीसी, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग (एनएच) और कोरबा, रायगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, दुर्ग, महासमुंद सहित अन्य जिलें के कलेक्टर शामिल हुए।
मेडिकल अस्पताल में भोजन की गुणवत्ता बेहतर रखने और प्रतीक्षालय कक्ष में टीवी लगाने के दिये निर्देश
महारानी अस्पताल में संचालित अन्नपूर्णा रसोई के मॉडल को अन्य जिलों में लागू करवाने के दिए निर्देश
रायपुर / शौर्यपथ / स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज अपने बस्तर जिले के प्रवास में डीमरापाल स्थित मेडिकल अस्पताल और महारानी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल अस्पताल के निरीक्षण में अस्थि वार्ड, शिशु वार्ड, नर्सिंग वार्ड, ऑपरेशन थियेटर का जायजा लिया और महारानी अस्पताल में ओपीडी वार्ड, शिशु वार्ड एवं अन्नपूर्णा रसोई कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम पूछा, अस्पताल से मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली। शिशु वार्ड में बच्चों को फल का भी वितरण किए।
उन्होंने मरीजों को दी जाने वाली भोजन की गुणवत्ता को बेहतर रखने, ऑपरेशन थियेटर में आवश्यक संसाधनों के लिये प्रस्ताव देने और मरीजों के परिजनों के प्रतीक्षालय कक्ष में टीवी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही महारानी अस्पताल में संचालित अन्नपूर्णा रसोई घर के मॉडल को अन्य जिलों में लागू करवाने के दिए निर्देश दिए।
मंत्री जायसवाल ने मेडिकल अस्पताल में बाथरूम और किचन की पानी निकासी की समस्या के निराकरण हेतु सीजी मेडिकल हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देशित किए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के शौचालय का भी निरीक्षण स्वास्थ्य मंत्री ने किया और सफाई व्यवस्था के लिए सराहना की।
बस्तर के आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हो उपलब्ध - स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल
नवीन सुपरस्पेशियल्टी अस्पताल के निर्माण कार्य को दो माह में करें पूर्ण
स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में स्वशासी समिति की बैठक
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि बस्तर के आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो। इस हेतु शासन हर आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने को तत्पर है। उन्होंने नवीन सुपरस्पेशियल्टी अस्पताल के निर्माण कार्य को दो माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सुपरस्पेशियल्टी अस्पताल के निर्माण कार्य हेतु दस करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की स्वीकृति दी। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल की अध्यक्षता में स्व.श्री बलीराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के काउन्सिल हॉल में स्वशासी समिति की बैठक आयोजित थी। मंत्री ने कहा कि अस्पताल में मरीजों की हेल्प डेस्क में हॉस्पिटालिटी मैनेजमेंट से संबंधित व्यक्तियों को रखे, अस्पताल की सुरक्षा में पूर्व सैनिक के नेतृत्व सिक्योरिटी की व्यवस्था हो, सीसीटीवी की व्यवस्था, आपातकाल के लिए हर कमरा में अलार्म की व्यवस्था, आधारभूत संरचना, मानव संसाधन के प्रस्ताव देने के निर्देश दिए।
स्वशासी समिति की बैठक में मानव संसाधन स्वीकृत सेटअप के आधार पर रिक्त पद, आवश्यक जांच-उपकरणों की कमी, एएमसी- सीएमसी हेतु आवश्यक अतिरिक्त बजट, नवीन सुपरस्पेशियल्टी अस्पताल डिमरापाल में मानव संसाधन की भर्ती एवं आवश्यक संसाधन बिन्दुओं पर चर्चा किया गया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ने के पश्चात् हॉस्टल की क्षमता में वृद्धि करने, लेक्चर थियेटर, स्टॉफ क्वार्टर्स की आवश्यकता, बायो-मेडिकल वेस्ट के निपटान, युटिलिटी सेण्टर, कैन्टिन के निर्माण, छात्र-छात्राओं हेतु व्यायाम शाला, स्वशासी मद के आय-व्यय पर चर्चा किया गया। इसके अलावा चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय डिमरापाल जगदलपुर के अंतर्गत आवश्यक संसाधनों के विषय पर भी चर्चा किया गया।निरीक्षण के दौरान सांसद महेश कश्यप,विधायक किरण देव, विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, एसीएस मनोज पिंगुआ, एनएचएम मिशन संचालक जगदीश सोनकर, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हाउपस्थित थे।
*नरेश देवांगन की खास रिपोर्ट*
जगदलपुर, शौर्यपथ । शौर्यपथ अखबार ने वन विभाग में चल रही मनमानी को लेकर खबर प्रकाशित की थी कि वनमंडल कार्यालय में किस प्रकार से एक बाबू व डिप्टीरेंजर व्यय शाखा में शाखा प्रभारी व सहायक के रूप में नियम के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं, खबर लगने के बाद श्री देशमुख को व्यय शाखा से हटा कर कार्यालय वन संरक्षक कार्यआयोजना जगदलपुर भेज दिया गया। वही डिप्टी रेंजर दीपक कुमार भट्ट जो नियम के विरुद्ध व्यय शाखा में सहायक के रूप में कई वर्षो से कार्य कर रहे थे जिनकी मुल कार्य स्थल सर्गीपाल डिपो था उन्हें वर्तमान में सर्गीपाल डिपो ना भेज वन परिक्षेत्र जगदलपुर में भेजा गया हैं। इस खबर के सात ही पूर्व में हमने नियम के विरुद्ध विभाग में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी को प्रतिपूर्ति राशि के नाम से लाखो की राशि जारी कर शासकीय राशि का दुरूपयोग कर बंदरबाट करने की खबर भी प्रकाशित की थी। इस खबर पर विभाग के प्रमुख अधिकारी की तारीफ की जानी चाहिए जिन्होंने इस पर बस्तर वन मण्डल को जाँच के लिए 9 जुलाई को आदेश किया हैं की 15 दिन में जाँच प्रतिवेदन प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय को भेजे। लेकिन आदेश किये आज लगभग एक माह से अधिक होने को हैं, लेकिन यह कहना गलत नहीं होगा की बस्तर वनमण्डल के अधिकारी अपने विभाग के प्रमुख अधिकारी के आदेश को गंभीरत से नहीं ले रहे हैं। इस मामले पर पूर्व में ही बस्तर वनमंडलाधिकारी को जब शिकायत मिली तब मामले को संज्ञान में लेकर गंभीरता से जाँच कर कार्यवाही कर सकते थे। लेकिन ऐसा लग रहा हैं जैसे विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले पे कुछ करना ही नहीं चाहते? मानो कार्यवाही करने से उनके ऊपर भी बात बन सकती हैं? अब देखने वाली बात हैं की प्रधान मुख्य वन संरक्षक के आदेश की अवहेलना करने पर सम्बंधित अधिकारी के ऊपर क्या कार्यवाही होती हैं?
इस मामले में बस्तर वनमंडलाधिकारी श्री गुप्ता का कहना हैं की जाँच के लिए तीन सदस्य टीम का गठन किया गया हैं उनको लेख किया गया हैं की समय सीमा में जाँच कर रिपोर्ट प्रेषित करे जैसे ही जाँच हो के आती हैं कार्यवाही करेंगे।
कोण्डागाँव, शौर्यपथ। कोंडागांव जिला मुख्यालय में स्थित पशु चिकित्सालय अब केवल खाना पूर्ति के लिए संचालित नजर आ रहा है, एक समय था जब अन्य राज्यो से जैसे विशाखापट्टनम व उड़ीसा के पशुपालक अपने पशुओं को लेकर चिकित्सा व ऑपरेशन के लिए कोंडागांव पशु चिकित्सालय पहुंचने थे, लेकिन डॉ ढालेश्वरी व डॉ नीता मिश्रा के तबादले के बाद अब जिला मुख्यालय स्थित पशु चिकित्सालय में अब ऑपरेशन व पशुओ के समुचित इलाज की व्यवस्था तो दूर अब पशुओ को हाथ लगाने वाला कोई चिकित्सक भी नजर नहीं आता है। अक्सर पशु चिकित्सालय खोलने के समय पर अस्पताल से ही चिकित्सक नदारत रहते हैं जिसके चलते पशुओ की चिकित्सा के लिए पहुंचे आमजन भटकते हुए नजर आते हैं,नितेश मानिकपुरी ग्राम केवटी से 11 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय अपने पालतू स्वान को लेकर ईलाज हेतु पहुंचे थे उसने बताया कि अस्पताल में पशुचिकित्सक उपलब्ध नही थे जिसके बाद वे वापस अपने गाँव लौट गए हालांकि डॉक्टरों के अनुपस्थिति में अवसन कुमार एवीएफओ बुधराम अटेंडेंट व पल्लवी अटेंडेंट पशुओ का उपचार करते नजर आए।अपने पशुओं के उपचार के लिए पहुंचे लोगो ने बताया कि वे सुबह 8 बजे से पहुंचे है व 10 बज चुका है चिकित्सक अभी तक नही आये है वे फोन भी नही उठा रहे है जबकि लोगों को अपने पशुओं के इलाज के लिए अस्पताल में सुबह 7 से 11:00 व शाम 5 से 6 बजे तक खुलने का समय निर्धारित है।
वही जब डिप्टी डायरेक्टर वेटनरी कोण्डागाँव शिशिर कांत से डॉक्टरों के अस्पताल कार्यालय समय में अनुपस्थित पर जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि डॉक्टर अस्पताल में बैठते हैं हमने कई बार देखा है उन्हें बैठे हुए, हो सकता है कहीं फील्ड पर गए हो ।अब देखने वाली बात है कि लचर अव्यवस्था में पहुंची कोंडागांव की पशु चिकित्सा, व्यवस्था सुधार लाने में क्या कदम उठाती हैं?
जगदलपुर, शौर्यपथ। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने शांति समिति की बैठक में आयोजन कर्ताओं से चर्चा के दौरान कहा कि त्यौहार को सौहाद्र पूर्ण वातावरण में मनाया जाना है इसमें सभी समुदाय की सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि रात्रि 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग हेतु सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जिला कार्यालय में आयोजित शांति समिति की बैठक पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अति. पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी, सीएसपी पुष्कर,एसडीएम जगदलपुर भरत कौशिक सहित गणेश उत्सव के आयोजक समिति के सदस्य, डीजे के संचालक और ईद ए मिलाद (मिलाद - उल - नबी) के लिए मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में गणेश की स्थापना के लिए आयोजक समितियों को कहा गया कि गणेश के पंडाल बनाते वक्त आवागमन को निर्बाध गति से जाने की सुविधा और सजावट की वजह से वाहनों की निकासी में दिक्कत नहीं होने के व्यवस्था करने कहा गया। पंडालों में आयोजक समिति की सदस्यों की पर्याप्त संख्या रखने, आपातकालीन सम्पर्क नंबर का प्रदर्शन, अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था करने भी कहा गया। गाड़ी में डीजे लगाकर चलाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार करने के निर्देश दिए, निर्देशों का पालन नहीं होने पर आवश्यक कार्यवाही प्रशासन द्वारा किया जाएगा। विसर्जन के एक दिवस पूर्व गणेश पंडाल समिति द्वारा थाना को सूचना देना होगा। गणेश के विसर्जन के लिए भी रूट का भी निर्धारण किया गया, जिसमें छोटे वाहनों से विसर्जन करने वालों के लिए खड़कघाट को चिन्हाकित किया गया है और बड़े वाहनों में गणेश विसर्जन करने वाले जगदलपुर-आसना मार्ग के पुल का उपयोग करेंगे।बैठक में मुस्लिम समुदाय के साथ ईद ए मिलाद उत्सव के लिए स्थल चिन्हाकन हेतु प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के उपरांत अनुमति देने पर सहमति बनी।
जगदलपुर, शौर्यपथ। भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णनन के जन्म दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से शिक्षा विभाग द्वारा स्थानीय पंडित श्यामाप्रसाद मुखर्जी टाऊन हाल में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह विधायक जगदलपुर किरणदेव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। समारोह में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 24 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शॉल-श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं नगद राशि प्रदान कर नवाजा गया। वहीं जिले में इस वर्ष सेवानिवृत्त हुए शिक्षक-शिक्षिकाओं को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक किरणदेव सहित महापौर श्रीमती सफीरा साहू तथा अन्य जनप्रतिनिधि और कलेक्टर विजय दयाराम के., सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि विधायक किरणदेव ने शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक की भूमिका कुम्हार की तरह है जो गीली मिट्टी को घड़े का आकार देता है। इसीलिए गुरुजनों का सम्मान सदैव ही यथावत रहेगा। अपनी इस महत्ती योगदान शिक्षा के दीप को जीवन पर्यन्त प्रज्वलित कर दुनिया में प्रकाशवान बने रहें। उन्होंने बच्चों और देश के भविष्य निर्माण में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन और निष्ठा से करने का आग्रह किया।
शिक्षक सम्मान समारोह में महापौर श्रीमती सफीरा साहू ने कहा कि आज का दिन शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए सम्मान का दिन है, यदि विद्यार्थी अपने जीवन में उपलब्धि हासिल करता है तो उसका श्रेय शिक्षकों को जाता है और वे गर्व महसूस करते हैं। इस दौरान भारत स्काउट एवं गाईड के जिला मुख्य आयुक्त संजय पाण्डे तथा वरिष्ठ पार्षद योगेन्द्र पाण्डे ने शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए देश, समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका और उनके नैतिक दायित्वों पर प्रकाश डाला। वहीं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प को पूरा करने में शिक्षकों से अनवरत समर्पित रहने की अपेक्षा की। आरंभ में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिक्षा के उजियारा फैलाने की दिशा में सेवानिवृति के बाद भी सेवा देने का आग्रह सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं से किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने अनुभव साझा किया। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
