
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
Google Analytics —— Meta Pixel
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से प्रतिज्ञा का फौज में जाने का सपना होगा पूरा
रायपुर / शौर्यपथ / एक माँ की आँखों में उमड़ी खुशी, चेहरे पर झलकता गर्व और शब्दों में छलकता भावातिरेक इस बात का प्रमाण है कि सरकार की दिशा सही है और योजनाएँ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुँच रही हैं। रायपुर की नंदिनी यादव, जो रोज़ी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं, आज अपनी बेटी प्रतिज्ञा को छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल, टाटीबंध में प्रवेश दिलाकर गदगद हैं। यह संभव हुआ है मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू की गई अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से।
नंदिनी यादव बताती हैं कि वह हमेशा चाहती थीं कि उनके बच्चे भी इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ें, लेकिन सीमित आर्थिक स्थिति के कारण यह सपना पूरा नहीं हो पा रहा था। घर के अन्य बच्चों को देख वह कई बार सोचती थीं कि उनकी बिटिया भी अच्छे स्कूल में पढ़े। जब प्रतिज्ञा का चयन अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना में हुआ तो उनकी आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। उन्होंने कहा मेरे लिए यह क्षण अविस्मरणीय है। यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा तोहफा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के दौरान नंदिनी यादव ने अपने मन की भावनाएँ साझा कीं। उन्होंने कहा कि अब बेटी का भविष्य संवर जाएगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने भी नंदिनी यादव को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और जीवन की नई दिशा देने का माध्यम बनेगी।
नंदिनी ने बताया कि बेटी प्रतिज्ञा का सपना बड़ा है। वह हमेशा से कहती आई है कि उसे फौज में जाना है और देश की सेवा करनी है। बिटिया का यह सपना अब हकीकत बनने की राह पर है। इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई और बेहतर संसाधनों की उपलब्धता से वह अपने लक्ष्य तक पहुँच सकेगी। मुख्यमंत्री साय ने बच्ची की इस सोच की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सपनों से ही देश की नींव मजबूत होती है।
नंदिनी यादव ने अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि केवल बच्ची की शिक्षा की व्यवस्था ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उन्हें पक्का मकान मिला है, उज्ज्वल योजना से रसोई गैस कनेक्शन मिला और उनकी सासू माँ को शासन से सिलाई मशीन भी प्राप्त हुई है। इन योजनाओं ने उनके परिवार की जिंदगी बदल दी है। उन्होंने कहा सरकार की योजनाएँ मेरे परिवार के लिए संबल बन गई हैं, यही तो सच्चा अंत्योदय है।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जी के कारण आज मेरी बच्ची को बेहतर शिक्षा मिल रही है। मैं मुख्यमंत्री जी के पास अपनी भावनाएँ व्यक्त करने आई हूँ। यह खुशी शब्दों में बयान करना मुश्किल है। माँ की भावुकता देखकर उपस्थित लोग भी प्रभावित हुए। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि बेटी की पढ़ाई पूरी जिम्मेदारी से होगी और परिवार को लगातार सहयोग मिलता रहेगा।
उल्लखेनीय है कि अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत छठी से बारहवीं तक पढ़ाई का पूरा दायित्व सरकार उठाती है। नंदिनी यादव अब निश्चिंत हैं कि उनकी बच्ची का भविष्य सुरक्षित है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाले सहयोग ने उनके परिवार को आर्थिक संबल दिया है। यह कहानी केवल एक माँ-बेटी की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के उन हजारों परिवारों की है जिनके सपने सरकार की योजनाओं से साकार हो रहे हैं।
मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण का बजट 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया
रायपुर / शौर्यपथ /
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज कोरबा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक आयोजित हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के पुनर्गठन के बाद यह प्रथम बैठक नए संकल्प और दृष्टिकोण के साथ आयोजित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदिवासी समुदाय के कल्याण और समग्र विकास के लिए सरकार ठोस कदम उठा रही है तथा विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने मध्य क्षेत्र अंतर्गत निवासरत अनुसूचित जनजाति समुदाय के बेहतर विकास के लिए प्राधिकरण की बजट राशि 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर, सरगुजा और मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरणों के साथ-साथ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण तथा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरणों का गठन कर समावेशी विकास की दिशा में ठोस पहल की है। उनका उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना, पारदर्शिता सुनिश्चित करना और जनसुविधाओं को हर गाँव तक पहुँचाना है।
पूर्व सरकार की लचर कार्यप्रणाली पर प्रश्न उठाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निगरानी के अभाव में कई योजनाएँ धरातल पर नहीं उतर पाईं। इसे बदलने के लिए सरकार ने प्राधिकरणों का पुनर्गठन किया है। अब प्राधिकरण क्षेत्र के राज्यसभा और लोकसभा सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि इसके सदस्य बनाए गए हैं। साथ ही, आदिवासी विकास के क्षेत्र में कार्यरत समाजसेवियों और विशेषज्ञों को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के क्षेत्र में विशेष योजनाओं पर जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम जनमन योजना ने छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएँ खोली हैं।
इन योजनाओं के तहत आवास, सड़क, बिजली, पानी और डिजिटल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। मध्य क्षेत्र में आदिवासी महिलाओं के लिए स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने पर बल दिया जा रहा है। इन्हें कौशल प्रशिक्षण, ऋण सुविधा और बाजार से जोड़ने की पहल होगी। युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार व स्व-रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आदिवासी संस्कृति समृद्ध है और इसे संरक्षित रखना आवश्यक है। विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा में प्राधिकरण अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने शराबमुक्ति के लिए पुनर्वास केंद्र, प्रारंभिक शिक्षा, खेल सुविधाएँ और किसानों को स्थायी पंप कनेक्शन उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह पहल उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 30 नवंबर 2019 के बाद यह बैठक पहली बार आयोजित हुई है और मुख्यमंत्री स्वयं अनुसूचित क्षेत्र में पहुँचकर बैठक कर रहे हैं।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि बजट बढ़ाए जाने से आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने विशेष घोषणाएँ करते हुए कोरबा में बालक-बालिका क्रीड़ा परिसर के निर्माण और संचालन के लिए 10-10 करोड़ रुपये तथा विशेष पिछड़ी जनजातियों के खिलाड़ियों के लिए दो खेल परिसरों हेतु 10-10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। इसके अलावा विशेष पिछड़ी जनजाति के विद्यार्थियों के लिए आवासीय विद्यालय हेतु 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए।
कोरबा में सुनालिया पुल निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये की घोषणा की गई। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुका-सतरेंगा पर्यटन प्रोजेक्ट पर तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 2015 से पहले की 115 अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने के लिए 2,800 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए, जिससे 76 हजार हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा मिलेगी।
मध्य क्षेत्र आदिवासी प्राधिकरण के अंतर्गत वर्ष 2021-22 में 32 करोड़ 67 लाख रुपये के 544 कार्य स्वीकृत हुए थे, जिनमें से 539 पूर्ण हो चुके हैं।
2022-23 में 32 करोड़ 72 लाख रुपये के 491 कार्यों में से 482 पूर्ण हुए।
2023-24 में 32 करोड़ 67 लाख रुपये के 464 कार्यों में से 424 पूरे हो गए।
2024-25 में 48 करोड़ 28 लाख रुपये के 508 कार्यों में से 123 पूर्ण किए जा चुके हैं तथा शेष प्रगति पर हैं। मुख्यमंत्री ने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्रीगण रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओ.पी. चौधरी, टंकराम वर्मा, गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, सांसद संतोष पांडेय, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मनोज पिंगुआ, सचिव बसवराजू, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वी. श्रीनिवास राव, कलेक्टर कोरबा अजीत वसंत सहित अन्य जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
कोंडागांव / शौर्यपथ / कोंडागांव के नेशनल हाइवे 30 पर स्थित शायद आप इस हरे भरे पठार नुमा जगह को देख के सोच रहे होंगे की ये एक मैदान है और इस जगह पर शायद फुटबॉल या क्रिकेट या कोई भी खेला जाता होगा । मगर शायद आपकी सोच गलत है यह एक तालाब है जिसे वर्षों पहले लोग इस बंधा तालाब से अपने उपयोग नहाने व रोजमर्रा की जिंदगी के लिए उपयोग किया करते थे।
इसके बाद इस बंधा तालाब के बाजू में सौंदर्यीकरण के साथ पार्क बना दिया गया कुछ समय यहां बोटिंग भी की गई मगर अब ये हाल है कि आज ये पूरा तालाब जलकुम्भी से भर चुका है साथ ही कोंडागांव नगर पालिका ने इस पर लाखों ख़र्च भी समय-समय पर किया। मगर अब शायद नगर पालिका भी इस जलकुम्भी को निकालने में नाकाम रह गई और आज यह पूरी तरफ से एक हरे भरे मैदान में तब्दील हो चुका है हालाँकि सिर्फ उपर से ही हरा भरा है और सतह पर जल है।
क्यों कहलाने लगा मैदान
आपको बतादे की लोग इस जगह को देख के मैदान कहने लगे है क्योंकि की यह चारों तरफ से पूरी तरफ हरा भरा और घना हो गया है देखने मे यह स्टेडियम से कम नहीं लग रहा है ।
साथ ही आपको बता दे कि यह तालाब कोंडागांव से गुजरने वाली नेशनल हाईवे 30 से लगी हुई है यह मार्ग सीधा राजधानी को जोड़ने वाला मार्ग है साथ ही यह तालाब अब सोसल मीडिया में छाया हुआ है कोई इस मैदान रूपी तालाब को देख के 20 - 20 क्रिकेट खेलने या राज्य स्तरीय फुटबॉल खेलने की बात करते है।
कांग्रेस नेतृत्व का काम, केवल भ्रम फैलाना और नकारात्मक राजनीति करना – संजय पाण्डे
जगदलपुर । शौर्यपथ / बस्तर के सर्वमान्य आदिवासी नेता एवं मंत्री श्री केदार कश्यप पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे निराधार एवं भ्रामक आरोपों को लेकर जगदलपुर महापौर श्री संजय पाण्डे ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए षड्यंत्र और झूठे प्रचार का सहारा लिया है।
महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि –
“कांग्रेस भली-भांति जानती है कि बस्तर में उसकी राजनीतिक ज़मीन खो चुकी है और यहां यदि किसी का सशक्त जनाधार है, तो वह भाजपा के आदिवासी नेता श्री केदार कश्यप का है। कांग्रेस का यह दुर्भावनापूर्ण कृत्य केवल एक सौम्य, सरल और सहज व्यक्तित्व के धनी आदिवासी नेता को बदनाम करने का प्रयास है। श्री केदार कश्यप का व्यवहार हमेशा विनम्र और सरल रहा है, वे जनसामान्य से सहजता से मिलते हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं। यही कारण है कि बस्तर की जनता उन्हें अपना सच्चा नेता मानती है।”
महापौर ने भानपुरी की घटना पर भी कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा –
“कांग्रेस ने जिस तरह से भानपुरी स्थित मंत्री केदार कश्यप के निवास कार्यालय का घेराव कर वहाँ तोड़फोड़ की, पत्थरबाज़ी की और यहां तक कि ड्यूटी में तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की, वह कांग्रेस की गुंडागर्दी और अराजक मानसिकता का प्रमाण है। सत्ता से बाहर होने की बौखलाहट में कांग्रेस अब हिंसक और असंवैधानिक रास्ता अख्तियार कर चुकी है। जनता इस कृत्य को कभी माफ नहीं करेगी और कांग्रेस की असली तस्वीर अब पूरी तरह सामने आ चुकी है।”
उन्होंने कहा कि झूठे आरोप लगाना, मनगढ़ंत कहानियां बनाकर सोशल मीडिया में फैलाना कांग्रेस की पुरानी फितरत है, लेकिन केवल आरोप लगाने से आरोप साबित नहीं होते। कांग्रेस का यह आचरण लोकतंत्र और जनभावनाओं के साथ छल करने जैसा है।
महापौर ने आगे कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ सहित बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए दृढ़संकल्पित है। मंत्री केदार कश्यप निरंतर आदिवासी समाज के उत्थान और बस्तर के विकास के लिए कार्यरत हैं। उनका सौम्य और सरल व्यक्तित्व ही उन्हें जनता के और निकट ले आता है। यही कारण है कि कांग्रेस बस्तर की जनता से जुड़े मुद्दों पर पूरी तरह खाली हो चुकी है और केवल भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रही है।
महापौर पाण्डे ने कांग्रेस के हालिया धरना-प्रदर्शन और घेराव की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि –
“कांग्रेस का कोई भी हठकंडा मंत्री केदार कश्यप जैसे सौम्य और सहज व्यक्तित्व की छवि को प्रभावित नहीं कर सकता। कांग्रेस के टूलकिट की सच्चाई जनता के सामने उजागर हो चुकी है। दरअसल, कांग्रेस के नेता दीपक बैज की लोकप्रियता में गिरावट और अपनी शाख बचाने की मजबूरी में कांग्रेस ऐसे हथकंडे अपना रही है, लेकिन इसमें उसे मुंह की खानी पड़ेगी।”
अंत में महापौर ने कहा कि –
“बस्तर की जनता कांग्रेस की इस नकारात्मक राजनीति को न केवल नकारेगी, बल्कि भाजपा के प्रति अपने विश्वास को और मज़बूती से दोहराएगी। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस का अब बस्तर में कोई भविष्य शेष नहीं है।”
दुर्ग / शौर्यपथ /
जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने निर्देश दिए। इस दौरान कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, आर्थिक सहायता राशि सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी मांगें सामने आईं।
ग्रीन चौक, दुर्ग निवासी एक महिला ने बताया कि उनके भवन में पिछले चार वर्षों से सरकारी फुटकर मदिरा दुकान संचालित है। भवन जर्जर हो चुका है और मरम्मत कराना आवश्यक है। वह मरम्मत के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहती हैं। इसके साथ ही अप्रैल से अब तक दुकान संचालक द्वारा किराया भी जमा नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने आबकारी विभाग को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत चंगोरी के सरपंच ने बताया कि उप-स्वास्थ्य केंद्र की छत जर्जर हो चुकी है और लगातार प्लास्टर गिरने से हादसे का खतरा बना हुआ है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
भिलाई के रहवासियों ने हुड़को कालीबाड़ी परिसर की सरकारी भूमि पर 40 वर्ष पुराने फलदार व अन्य वृक्षों की अवैध कटाई की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान इन पेड़ों को काटकर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जाती हैं। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम भिलाई को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम खपरी (धमधा) निवासी ने आवेदन देकर बताया कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में उनकी 0.96 हे. कृषि भूमि को त्रुटिवश 0.46 हे. दर्ज कर दिया गया है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार धमधा को जांच कर सुधार की कार्रवाई करने को कहा।
जनदर्शन कार्यक्रम में खाद्य विभाग, नगर निगम दुर्ग, रिसाली एवं भिलाई, समाज कल्याण विभाग और जिला पंचायत के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
भिलाई / शौर्यपथ / जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर रविवार, 7 सितंबर की शाम सैय्यदी सुन्नी जामा मस्जिद मजार कमेटी भिलाई-तीन में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं, समाजसेवियों, पत्रकारों और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।
इससे पहले कमेटी द्वारा स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया था। दरगाह शरीफ परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पैगम्बर हजरत मुहम्मद सल्ललाहु अलैहि वसल्लम की आमद की महत्ता और उनकी शिक्षाओं पर अतिथियों ने विचार रखे।
कमेटी के अध्यक्ष रुस्तम खान ने स्वागत भाषण में आयोजन की महत्ता बताई। विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी अंबर सिंह राजपूत ने उभरती प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में एकता और बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करते हैं। समाजसेवी सुजीत बघेल ने इसे सराहनीय पहल बताया और कहा कि दरगाह परिसर कौमी एकता का जीवंत उदाहरण है।
इमाम हाफिज अकील ने पैगम्बर की शिक्षाओं को इंसानियत और अल्लाह तक पहुँचने का सच्चा मार्ग बताया। वहीं बीईटीओ सैय्यद असलम ने कहा कि नबी की पाकीजा जिंदगी अपनाने से दुनिया में इंसाफ, भाईचारा और औरतों को सम्मान मिला।
इस अवसर पर एमबीबीएस में चयनित जोया खान और नजब तबस्सुम, इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में चयनित रुहमैशा अहमद और कक्षा 10वीं में 90% अंक प्राप्त करने वाली रेहाबा को सम्मानित किया गया तथा नगद प्रोत्साहन राशि दी गई।
इसी प्रकार पत्रकारिता, समाजसेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जमील खान, हरगोविंद सिंह, डॉ. नौशाद सिद्दीकी, मोहम्मद फारुक, कदीर रजा, नातखां हाफिज नसीम खान, डॉ. असलम, मनीष चंद्राकर और मुहम्मद जाकिर हुसैन को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन हमीद अहमद शाह ने किया। आयोजन में महासचिव नसीम खान, रईस अहमद, तौहीद खान, मोहम्मद आरिफ, अबुल हसन, जफर अब्बास, लतीफ सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित थे।
यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं बल्कि कौमी एकता, सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का संदेश देने वाला कार्यक्रम साबित हुआ।
32 राज्यों से आएंगे 800 से अधिक प्रतिभागी, उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और समापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे
भिलाई / शौर्यपथ / छठवीं राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025 (सीनियर एवं सीनियर-A) का आयोजन 11 से 14 सितंबर तक अग्रसेन भवन, सेक्टर-6, भिलाई में होने जा रहा है। इसमें देश के 32 राज्यों से 800 से ज्यादा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे और योग के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोस्वामी जयंत विष्णु भारती ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की जनता को योग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिस्पर्धी खेल विधा के रूप में स्थापित करना है।
11 सितंबर, गुरुवार को सुबह 11 बजे उद्घाटन समारोह होगा।
मुख्य अतिथि : छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
अध्यक्षता : दुर्ग सांसद विजय बघेल
विशिष्ट अतिथि : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, हरियाणा योग आयोग अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य, धमतरी महापौर जगदीश रामू रोहरा, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास, पतंजलि भारत स्वाभिमान न्यास के प्रभारी अनूप बंसल, उद्योगपति विजय कुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन।
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए 18-28, 29-35 और 36-42 वर्ष के तीन आयु वर्ग रखे गए हैं।
कुल 12 इवेंट आयोजित होंगे।
निर्णायक मंडल में 80 विशेषज्ञ निर्णायक, जो 30 राज्यों से विशेष रूप से आमंत्रित किए गए हैं, निष्पक्ष मूल्यांकन करेंगे।
प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन आईआईटी मद्रास द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर से किया जाएगा, जो उनकी सूक्ष्म गतिविधियों, संयम, एकाग्रता और शारीरिक संतुलन का विश्लेषण करेगा।
श्री भारती ने बताया कि अगले वर्ष जापान में होने वाले एशियाई खेलों में योग को शामिल किया जा रहा है। साथ ही, 2036 ओलंपिक में भी योगासन को शामिल किए जाने की संभावना प्रबल है। हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने योग में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।
14 सितंबर, रविवार दोपहर 2 बजे समापन समारोह होगा।
मुख्य अतिथि : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
अध्यक्षता : सांसद दुर्ग विजय बघेल
विशिष्ट अतिथि : सांसद संतोष पांडेय, विधायक ललित चंद्राकर, योगासन भारत अध्यक्ष उदित सेठ, भाजयुमो नेता मनीष पांडे, भाजपा नेता कमल सिंह राजपूत, उद्योगपति विजय गुप्ता, समाजसेवी बंसी अग्रवाल, छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ डायरेक्टर सरदार बलदेव सिंह भाटिया सहित अन्य।
यह आयोजन भिलाई के लिए न केवल राष्ट्रीय स्तर की बड़ी खेल प्रतियोगिता है बल्कि योग को वैश्विक खेल मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होगा।
भिलाई / शौर्यपथ / आशीष नगर, सड़क-11 में कंवर समाज महिला मंडल भिलाई का तीज मिलन समारोह 2025 उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्य अतिथि रिसाली महापौर शशि सिन्हा और विशेष अतिथि अंबिका दाउ रहीं। महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
तीज क्वीन – दीपिका चंद्रवंशी, उमा चंद्रवंशी, भोज चंद्रवंशी रहीं, जबकि सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में ज्योति चंद्रवंशी और माधुरी रावके ने बाजी मारी।
कार्यक्रम का संचालन महिला मंडल अध्यक्ष रंजना चंद्रवंशी व टीम ने किया।
भिलाई। शौर्यपथ / बायपास रोड स्थित हेरिटेज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के प्रतिनिधि एवं क्षत्रिय कल्याण सभा के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह थे, जबकि अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। स्कूल संचालक बृजमोहन उपाध्याय ने अतिथियों व सभी शिक्षकों का स्वागत किया। इस अवसर पर सभी शिक्षकों को श्रीफल, प्रशस्तिपत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही समाज को दिशा देने वाले मीडिया प्रतिनिधियों (चौथा स्तंभ) को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि "शिक्षक ही वह मार्गदर्शक हैं जो हमें ज्ञान देकर जीवन में सफलता, पहचान और संघर्ष करने की शक्ति प्रदान करते हैं।"
जिला भाजपाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि "समाज और राष्ट्र के भविष्य निर्माण में योगदान देने वाले गुरुओं का सम्मान करना गौरव की बात है।"
संचालक बृजमोहन उपाध्याय ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "विद्यालय में उच्च शिक्षित शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व संस्कार दिए जाते हैं, जिससे नगर में हेरिटेज स्कूल की अलग पहचान बनी है।" उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए भाजपा सरकार के निरंतर बने रहने की कामना की।
संस्कृत हमारी विरासत का आधार, इसे संरक्षित करना सबकी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री साय विराट संस्कृत विद्वत्-सम्मेलन में हुए शामिल
रायपुर / शौर्यपथ / भारतीय संस्कृति की आत्मा संस्कृत में निहित है, जो हमें विश्व पटल पर एक विशिष्ट पहचान प्रदान करती है। संस्कृत भाषा व्याकरण, दर्शन और विज्ञान की नींव है, जो तार्किक चिंतन को बढ़ावा देती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के संजय नगर स्थित सरयूपारीण ब्राह्मण सभा भवन में आयोजित विराट संस्कृत विद्वत्-सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संस्कृत शिक्षा आधुनिक युग में भी प्रासंगिक और उपयोगी है। संस्कृत भाषा और साहित्य हमारी विरासत का आधार हैं, जिन्हें हमें संरक्षित और संवर्धित करना चाहिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देववाणी संस्कृत पर चर्चा के साथ यह सम्मेलन भारतीय संस्कृति, संस्कार और राष्ट्र को सुदृढ़ बनाने का एक महान प्रयास है। मुख्यमंत्री साय ने संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संस्कृत भारती छत्तीसगढ़ और सरयूपारीण ब्राह्मण सभा छत्तीसगढ़ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आधुनिक शिक्षा में संस्कृत भाषा को शामिल करने से विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास सुनिश्चित होगा। संस्कृत में वेद, उपनिषद और पुराण जैसे ग्रंथों का विशाल भंडार है, जो दर्शन, विज्ञान और जीवन-मूल्यों का संदेश देते हैं। वेदों में वर्णित आयुर्वेद, गणित और ज्योतिष आज भी प्रासंगिक हैं और शोध का विषय हो सकते हैं। इन ग्रंथों में कर्म, ज्ञान और भक्ति के सिद्धांत स्पष्ट रूप से प्रतिपादित हैं, जो आधुनिक जीवन में शांति और संतुलन ला सकते हैं।ऐसे में संस्कृत शिक्षा आधुनिक युग में भी उतनी ही प्रासंगिक और उपयोगी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वेदों और उपनिषदों के ज्ञान को अपनाकर हम अपनी विरासत को संजोने के साथ-साथ अपने जीवन को भी समृद्ध बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें युवाओं को संस्कृत साहित्य से जोड़ने के लिए प्रेरित करना होगा, ताकि वे इस ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुँचा सकें।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि तकनीक के माध्यम से संस्कृत शिक्षा को आकर्षक और प्रासंगिक बनाया जा सकता है। राज्य में संस्कृत विद्वानों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि इस सम्मेलन के माध्यम से हमें संस्कृत विद्या के प्रचार-प्रसार और अगली पीढ़ी को जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने सरयूपारीण ब्राह्मण सभा, छत्तीसगढ़ के प्रचार पत्रक का विमोचन भी किया। विराट संस्कृत विद्वत्-सम्मेलन का आयोजन संस्कृत भारती छत्तीसगढ़ एवं सरयूपारीण ब्राह्मण सभा छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए संस्कृत भारती के प्रांताध्यक्ष डॉ. दादू भाई त्रिपाठी ने कहा कि इतिहास में ऐसे अनेक प्रमाण मिलते हैं, जिनसे सिद्ध होता है कि एक समय संस्कृत जनभाषा के रूप में प्रचलित थी। छत्तीसगढ़ी भाषा का संस्कृत से सीधा संबंध है। छत्तीसगढ़ी में पाणिनि व्याकरण की कई धातुओं का सीधा प्रयोग होता है। उन्होंने यह भी बताया कि सरगुजा क्षेत्र में सर्वाधिक आदिवासी विद्यार्थी संस्कृत की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में सरयूपारीण ब्राह्मण समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। इनमें गठिया रोग विशेषज्ञ डॉ. अश्लेषा शुक्ला, उत्कृष्ट तैराक अनन्त द्विवेदी तथा पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला शामिल थे।
सम्मेलन को दंडी स्वामी डॉ. इंदुभवानंद महाराज, सरयूपारीण ब्राह्मण सभा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. सुरेश शुक्ला और अखिल भारतीय संस्कृत भारती शिक्षण प्रमुख डॉ. श्रीराम महादेव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर डॉ. सतेंद्र सिंह सेंगर, अजय तिवारी, बद्रीप्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में संस्कृत शिक्षकगण, सामाजिक प्रतिनिधि और गणमान्यजन उपस्थित थे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
