
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
दिव्यांग महिला मेट ने पेश की सेवा की अनूठी मिसाल
रायपुर /शौर्यपथ/
हिम्मत, हौसले और जुनून के बल-बूते एक दिव्यांग महिला समाज के लिए वह एक आदर्श बनकर उभरी है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में मैट का काम करने वाली दुर्ग जिले के ग्राम चीचा की अनुराग ठाकुर ने ग्रामीणों को रोजगार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
दुर्ग जिले के पाटन विकासखण्ड की ग्राम पंचायत-चीचा की 34 वर्षीय अनुराग ठाकुर एक पैर से दिव्यांग है। उनके परिवार में दो बहनें और एक भाई है। बचपन में ही नियति ने उसके सिर से पिता का साया उठा लिया था। ऐसे में परिवार में बड़ी होने के नाते उसके कंधों पर समय से पहले ही परिवार की जिम्मेदारी आ गई थी। काफी कोशिशों के बाद उन्होंने अपनी स्नातक तक की पढ़ाई पूरी की। ग्राम पंचायत की पहल पर महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत वर्ष 2012 से वे मेट के रुप में काम कर रही हैं। वह सुबह घर के सभी कामों को निपटाकर महात्मा गांधी नरेगा के कार्यस्थल पर पहुँचती है और मेट के रुप में मनरेगा श्रमिकों को काम आबंटित करके, उनके द्वारा किये गये कामों का हिसाब अपनी मेट-माप पंजी में दर्ज करती हैं। अनुराग अपने कार्य में इतनी अधिक कुशल हो गई हैं कि वे अन्य मेट के भांति सभी कामों को सहजता से निपटा लेती हैं। इनके कौशल के सामने इनकी दिव्यांगता कहीं नजर ही नहीं आती।
जीवन के उतार-चढ़ाव को नजदीक से देखने वाली अनुराग ने परिवार में बड़े होने की भूमिका का भी बखूबी निर्वहन किया है। उन्होंने विरासत में मिली खेती-बाड़ी को संभालते हुए अपने छोटे भाई-बहनों को पढ़ाया और उनका विवाह भी कराया। ठाकुर बताती हैं कि महात्मा गांधी नरेगा से उन्हें काफी संबल मिला। योजना में मेट के रुप में मिलने वाले पारिश्रमिक से वे अपनी आजीविका पहले से बेहतर तरीके से चला पा रही हैं। मेट के कार्य से उन्हें अब तक बतौर पारिश्रमिक एक लाख 67 हजार रुपये मिल चुके हैं।
महिला मेट के रुप में अनुराग ने महात्मा गांधी नरेगा में चलने वाले कार्यों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए घर-घर महिलाओं से संपर्क करके उनसे काम की डिमांड ली। उनकी सक्रियता के फलस्वरुप वर्ष 2018-19 में 189 महिलाओं को 4 हजार 346 मानव दिवस का रोजगार मिला, जो वर्ष 2019-20 में बढ़कर 225 महिलाओं के द्वारा सृजित मानव दिवस 7 हजार 719 हो गया। महिलाओं की भागीदारी का यह सिलसिला वर्ष 2020-21 में भी जारी रहा। इस वर्ष 289 महिलाओं के द्वारा 16 हजार 271 मानव दिवस का रोजगार प्राप्त किया गया। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 में 16 फरवरी की स्थिति में 277 महिलाओं को 5 हजार 430 मानव दिवस का सीधा रोजगार प्राप्त हो चुका है।
ठाकुर मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के अलावा, गाँव में महिला स्व सहायता समूह की दीदीयों के साथ भी कार्य करती है। वह स्वयं भी ओम सांईनाथ स्व सहायता समूह से जुड़ी हैं और समूह में लेखापाल की भूमिका निभाती हैं। अपनी लीडरशीप और लेखा संधारण के कौशल के बलबूते उन्होंने गाँव में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित 14 महिला स्व सहायता समूहों को परस्पर सक्रिय बनाकर रखा है। इसके अलावा वह सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को सीधे हितग्राही तक पहुँचाने के लिए गांव के निवासियों को जानकारी भी प्रदान करती हैं।
रायपुर /शौर्यपथ/
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव 19 फरवरी को जबलपुर से अंबिकापुर प्रवास पर जाएंगे। वे 19 फरवरी को सुबह साढ़े नौ बजे जबलपुर से अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे। वे शाहपुरा, शहडोल, अनूपपुर, मनेन्द्रगढ़, सूरजपुर और विश्रामपुर होते हुए शाम छह बजे अंबिकापुर पहुंचेंगे।
रायपुर /शौर्यपथ/
‘‘मन से की गई मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है’’ उक्त बातें राज्यपाल अनुसुईया उइके ने आज राजभवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय संघ द्वारा छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. शिववरण शुक्ल के सम्मान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कही।
राज्यपाल उइके ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. शुक्ल का संपूर्ण जीवन शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित रहा और आयोग के सदस्य एवं अध्यक्ष के रूप में निजी विश्वविद्यालयों को भी उनके अनुभवों का लाभ मिला। अपने संपूर्ण कार्यकाल में उन्होंने विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में सेवाएं दी तथा शिक्षाविद् के रूप में उनके कार्य विद्यार्थियों के साथ-साथ उच्च शिक्षा से जुड़े संस्थान और शोधार्थियों के लिए भी अनुकरणीय हैं। उन्होंने कहा कि कर्मठ व्यक्ति के लिए कोई भी राह कठिन नहीं होती है और यह बताने की आवश्यकता नहीं है कि डॉ. शुक्ल न केवल कर्मठ हैं, बल्कि अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन करते आ रहे हैं। राज्यपाल उइके ने कहा कि जो व्यक्ति पूरी तन्मयता के साथ कार्य करता है उसके लिए सभी चुनौतियां बौनी साबित होती है। उन्होंने अपने प्राध्यापक जीवन के दिनों का स्मरण करते हुए कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि शिक्षा सभी के लिए सुलभ हो और सबको समान अवसर भी प्राप्त हो। निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष के रूप में डॉ. शुक्ल ने ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिससे दीर्घकाल में आयोग के साथ-साथ छात्र भी लाभान्वित होंगे। उइके ने डॉ. शुक्ल के स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि बतौर शिक्षाविद् उनका योगदान सदैव अतुलनीय व स्मरणीय रहेगा। उच्च शिक्षा मंत्री छत्तीसगढ़ शासन उमेश पटेल ने भी विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. शुक्ल के भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी भी व्यक्ति के जीवन का पड़ाव मात्र है। सेवानिवृत्ति के बाद डॉ. शुक्ल अपनी रूचि का तथा रचनात्मक कार्य करें, हर्षित रहें, प्रफुल्लित रहें।
डॉ. शिववरण शुक्ल ने सम्मान समारोह के आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि मेरे पूरे कार्यकाल के दौरान अलग-अलग समय पर सभी सहकर्मियों का भरपूर सहयोग मिला है। सभी निजी विश्वविद्यालयों के साथ व समन्वय से आयोग ने नये प्रतिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के अध्यक्ष के रूप में शिक्षा के बेहतरी के लिए सदैव प्रयत्नशील रहा हूं और सबके सहयोगात्मक भावना के कारण ही यह संभव हो पाया है। इस अवसर पर राज्यपाल उइके तथा उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने स्मृति चिन्ह देकर डॉ. शुक्ल को सम्मानित किया। साथ ही छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय संघ ने भी राज्यपाल उइके व उच्च शिक्षा मंत्री पटेल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में उइके द्वारा विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों के स्मारिकाओं का भी विमोचन किया गया। भारती विश्वविद्यालय दुर्ग के ‘‘कार्य मंजूषा’’, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय एसोसिएशन के ‘‘ज्ञानामृतम’’, ए.ए.एफ.टी. विश्वविद्यालय रायपुर के ‘‘भारतीय ज्ञान एवं संस्कृति के वैश्विक परिदृश्य’’, डॉ. सी.व्ही.रमन विश्वविद्यालय का ‘‘छत्तीसगढ़ राज्य एवं विश्वविद्यालय स्थापना महोत्सव एवं ‘‘छत्तीसगढ़ के आदिवासी युवाओं के विकास में निजी विश्वविद्यालयों का योगदान’’ नामक स्मारिका का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर निजी विश्वविद्यालय संघ के अध्यक्ष गजराज पगारिया सहित सभी निजी विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति, कुलपति एवं कुलसचिव उपस्थित थे। एसोसिएशन के सचिव विनय अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।
रायपुर /शौर्यपथ/
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शायर हाजी हसन अली की 19 फरवरी को पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री बघेल ने अपने संदेश में कहा है कि हाजी हसन अली ‘हसन‘ ने आजीवन उर्दू भाषा और साहित्य की सेवा की। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उर्दू के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए प्रतिवर्ष हाजी हसन अली सम्मान दिया जाता है ।
रायपुर /शौर्यपथ/
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्थापित इंस्टीट्यूट आफ होटल मैनेजमेंट, केटरिंग टेक्नोलाजी एंड एप्लाइड न्यूट्रीशन , रायपुर (आईएचएम रायपुर) में शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू, छत्तीसगढ़ शासन के सचिव पी. अन्बलगन और संस्था की प्राचार्य रेखा शुक्ला इस संस्थान के मुख्य प्राधिकारी हैं।
संस्थान में तीन वर्षीय कोर्स बी.एससी. इन हास्पिटेलिटी होटल एडमिनिस्ट्रेशन, 18 माह के कोर्स डिप्लोमा इन फुड प्रोडक्शन, 18 माह के कोर्स डिप्लोमा इन फुड एंड बेवरेज सर्विसेज तथा 18 माह के कोर्स डिप्लोमा इन हाउसकीपिंग के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इन पाठ्यक्रमों के लिए न्यूनतम अर्हता 10+2 प्रणाली में सीनियर सेकेंडरी या उसके समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना है जिसमें एक विषय अंग्रेजी का होना अनिवार्य है। आयु सीमा के लिए अर्हता अधिकतम 25 वर्ष की है, किंतु अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियो के लिए अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट की पात्रता होगी।
गौरतलब है कि आइएचएम रायपुर के द्वारा शत-प्रतिशत प्लेसमेंट और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध करायी जाती है। आइएचएम रायपुर द्वारा छात्रों को देश के बड़े होटलों में प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान की जाती है। यहां पर कम्पूयटर लैब, क्लास रूम, फ्रंट आफिस लैब, मॉक रूम, लाउण्ड्री लैब, हाउस कीपिंग लैब, माडर्न लाइब्रेरी की विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध है तथा सभी छात्रों के लिए शत-प्रतिशत छात्रावास की भी सुविधा उपलब्ध है।
आइएचएम रायपुर में प्रवेश हेतु आवेदन 12 फरवरी 2022 से शुरू है, आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 मई 2022 है। प्रथम मेरिट सूची का प्रकाशन 18 जुलाई 2022 को होगा। पहले दौर की रिपोर्टिंग 19 से 25 जुलाई 2022 तक होगी तथा कक्षाएं 1 अगस्त 2022 से शुरू होंगी। इच्छुक अभ्यर्थी ।
रायपुर /शौर्यपथ/
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महात्मा गांधी के अध्यात्मिक गुरू, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाजसेवी और महान विचारक गोपाल कृष्ण गोखले की पुण्य तिथि पर उन्हें नमन किया है। गोखले को याद करते हुए बघेल ने कहा कि उन्होंने राष्ट्र सेवा की नींव मजबूत कर भारत को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने चारित्रिक दृढ़ता और आत्मिक विकास पर बल दिया। बघेल ने कहा कि गोखले जी के अमूल्य विचार हमें बड़ी समस्या को भी सत्यता और सरलता से हल करने का मार्ग दिखाते हैं। देश के प्रति स्वार्थहीन सेवा के लिए उन्हें सदा याद किया जाएगा।
रायपुर /शौर्यपथ/
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महान शासक छत्रपति शिवाजी महाराज की 19 फरवरी को जयंती पर उन्हें नमन किया है। बघेल ने छत्रपति शिवाजी के साहस और पराक्रम को याद करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज एक प्रबुद्य रणनीतिकार के रूप में भी जाने जाते है। उन्होंने अपनी कुशल नीतियों से अनुशासित सेना और सुगठित प्रशासनिक व्यवस्था बनाई। बघेल ने कहा कि उन्हें स्मरण करते समय सदैव एक आत्मविश्वास और शौर्यता से भरे व्यक्तित्व की तस्वीर उभरती है। छत्रपति शिवाजी का शौर्य और व्यक्तित्व आज भी हजारों लोगों को प्रेरित करता है।
बासनपाली में 20 लाख की लागत से बनेगा स्कूल भवन
मेला स्थल के पुराने पूजा स्थल का नव निर्माण किए जाने की घोषणा
रायपुर /शौर्यपथ/
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल गत दिवस जिला रायगढ़ के खरसिया विकासखंड के ग्राम बासनपाली में आयोजित माघी पुन्नी मेला (शबरी महोत्सव) में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने माता शबरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की। माघी पुन्नी मेला का आयोजन अट्ठारह गढ़ सवरा समाज द्वारा 14 फरवरी से 16 फरवरी तक किया गया था। इस अवसर पर मंत्री पटेल ने मेला स्थल के पुराने छतदार पूजा स्थल का नया निर्माण कराए जाने तथा शबरी मंदिर प्रांगण में बाउंड्रीवाल निर्माण किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने गांव में स्कूल भवन निर्माण के लिए 20 लाख रूपए की राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के सभी वर्गों के हितो को ध्यान रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि सवरा समाज के समग्र विकास एवं उनके समस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव मदद की जाएगी। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सुशील भोय, जनपद उपाध्यक्ष गोपी चौधरी, सरपंच मनी राम सिदार, लीलाधर चौधरी, सवरा समाज के केंद्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी रोहित सिदार, लकेश्वर श्याम, खोलबहरा प्रसाद सिदार, तेज राम सिदार, दवेंद्र भोई,पूरन सरल,तेकलाल सिदार, लालसाय सिदार, धन साय सिदार, साखी राम सिदार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
राजनीति /शौर्यपथ /
बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या की ओर से ट्वटिर पर यूपी के एक्सप्रेसवे की प्रशंसा की गई थी. तेजस्वी सूर्या ने इसे 'योगीजी का एक्सप्रेसवे प्रदेश' कहकर संबोधित किया था, उनके इस वीडियो ट्वीट पर प्रतिक्रिया देने में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देर नहीं की. उन्होंने कल रात जवाबी ट्वीट में लिखा, 'चिराग तले अंधेरा तो सुना था…भाजपाइयों के अज्ञान को देखकर तो ये कहा जा सकता है कि ‘सूर्या' मतलब सूर्य तले अंधेरा है. जिस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की तारीफ़ के पुल ये बांध रहे हैं, इन्हें मालूम होना चाहिए वो 'अनुपयोगी जी' ने नहीं, हमने बनवाया था.देखना कहीं ये भी तो उद्घाटन नहीं कर गए'
दरअसल, गुरुवार को तेजस्वी ने एक वीडियो ट्वीट किया था जिसमें आगरा-लखनऊ हाईवे पर स्मूद ड्राइविंग को दिखाया गया था. योगी ने अपने ट्वीट में लिखा था, 'योगी जी के एक्सप्रेसवे से लखनऊ से कन्नौज.. ट्वीट में हैशटैग का इस्तेमाल किया गया था. कर्नाटक से बीजेपी के तेजतर्रार सांसद तेजस्वी सूर्या यूपी में चुनाव प्रचार कर रहे हैं. इसके कुछ घंटों बाद अखिलेश की ओर से प्रतिक्रिया आई. गौरतलब है कि वर्ष 2017 में बीजेपी के हाथों सत्ता गंवाने वाले अखिलेश अकसर बीजेपी पर उनकी पार्टी(सपा) की परियोजनाओं का श्रेय लेने का आरोप लगाते रहे हैं. 302 किमी लंबे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का शुभारंभ अखिलेश ने वर्ष 2016 में किया था, इसे फरवरी 2017 में लोगों के लिए खोला गया था.
रायपुर /शौर्यपथ/
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष अरूण हलदर 26 और 27 फरवरी को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। वे 26 एवं 27 फरवरी 2022 की अवधि में क्रमशः रायपुर एवं बिलासपुर जिले का दौरा कर अनुसूचित जाति/जनजाति वेलवेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आदिमजाति कल्याण विभाग राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष को विभागीय राज्य अतिथि घोषित किया है।
निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार अरूण हलदर 26 फरवरी को सवेरे 11.30 बजे इंद्रावती ओडिशा हाईड्रो पावर कार्पोरेशन लिमिटेड से शाम 7 बजे नवीन विश्राम गृह रायपुर पहुचेंगे और 7.15 बजे वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक करने के उपरांत शाम 7.30 बजे रायपुर से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। हलदर रात्रि 9.30 बजे गेस्ट हाउस बिलासपुर पहुचेंगे । वे वहां रात्रि विश्राम करेंगे।
हलदर 27 फरवरी को सवेरे 10 बजे वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक करने के उपरांत वे सवेरे 11.30 बजे जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। हलदर इसके बाद दोपहर 12.30 बजे से बिलासपुर के विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे शाम 5.45 को एयरपोर्ट रायपुर पहुचेंगे और शाम 6.40 बजे स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा से दिल्ली से रवाना होंगे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
