
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
दुर्ग / शौर्यपथ / निगम आयुक्त इंद्रजीत बर्मन के निर्देशानुसार निगम स्वामित्व की पांच दुकानों को मंगलवार को बाजार विभाग प्रभारी बाजार अधिकारी नारायण सिंह यादव के नेतृत्व में सील किया गया। नारायण सिंह यादव, चंदन मनहरे, निशांत यादव, शशीकांत यादव, महेन्द्र सोनटके द्वारा सीलबंद की कार्यवाही कर निगम का ताला लगाया ।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा गौरवपथ में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत् एलआईसी कार्यालय के सामने दुकान का निर्माण का पात्र हितग्राहियों को दुकानें आबंटित किया गया है। इनमें से दुकान क्रं0 18 में शिव सेना नगर कार्यालय का नेमप्लेट लगाया गया था वहीं दुकान क्रं0 19 में बजरंग दल जिला कार्यालय लिखकर दुकानों का उपयोग किया जा रहा था। जिसे आज नगर निगम अमला ने अपना ताला लगाकर सील किया गया। इसी प्रकार गयानगर में निर्मित मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना की दुकानों में सुमन यादव, रामदस द्वारा कब्जा किया गया था तथा दुकान क्रं0 8 को आकाश पटेल बिना प्रीमियम राशि जमा किये दुकान चालू कर लिया था । निगम अमला ने तीनों दुकानों में अपना ताला लगाकर सील किया है ।
दुर्ग / शौर्यपथ / ग्रामीण साहू समाज धनोरा द्वारा अंशदान की राशि से व्यवसायिक परिसर का निर्माण किया है। समाज के पारिवारिक सदस्यों द्वारा सामाजिक गतिविधियों के लिए एकत्र किए जाने वाले अंशदान की राशि से व्यवसायिक परिसर का निर्माण किए है ताकि समाज के युवा जो स्वरोजगार करते है उनको उचित स्थान मिल सके। कंाग्रेस महामंत्री जितेन्द्र साहू द्वारा परिसर का लोकापर्ण कर लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया गया।
ग्रामीण साहू समाज द्वारा बनाए गए नव निर्मित कर्मा व्यवसायिक परिसर का लोकार्पण जितेन्द्र कुमार साहू प्रदेश महामंत्री छ.ग.कांग्रेस ने समाजिक लोगों की उपस्थिति में किया। इस दौरान उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कांग्रेस महामंत्री जितेन्द्र साहू ने कहा कि साहू समाज द्वारा समाज के धन राशि से नव निर्मित कर्मा व्यवसायिक परिसर समाज के स्वरोजगार करने वाले युवाओं के लिए संजीवनी का काम करेगा। साथ ही अन्य गांवों के लिए चर्चा एवं प्रेरणादायक होगा। ग्रामीण साहू समाज धनोरा के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि समाज का उद्देश्य धन संग्रह करना नहीं है अपितु समाज के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करना है। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री से व्यवसायिक परिसर में और भी दुकाने बनाने के लिए आर्थिक सहायता की मांग की गई जिस पर उन्होंने शीघ्र ही सहायता राशि दिलाने के लिए अपनी सहमति प्रदान की।
समाज के प्रवक्ता दयाराम साहू ने स्वागत भाषण में साहू समाज के द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों एवं रचनात्मक कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समाज के सदस्यों द्वारा कोरोना काल में आर्थिक सहायता राशि देना हो या जरूरतमंदों की सहायता करना हो हर क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है। महिलाओं को आगे बढ़ाने समाज के सभी गतिविधियों में आगे रखकर सामाजिक सहभागिता में शामिल किया जा रहा है। ग्राम सरपंच मनीष कुमार ने कहा कि युवाओं व महिलाओं रचनात्मक कार्य में आगे आने से समाज विकास में तेजी आएगी। लोकापर्ण कार्यक्रम में जनपद सदस्य बुधवंतीन मधुकर, समाज के संरक्षक चैन सिंह साहू, उपाध्यक्ष घासी साहू, सचिव कुंवर साहू, कोषाध्यक्ष डोहर लाल साहू ,फूदुक राम साहू, विभिषण साहू, राधेश्याम साहू, नरेश साहू ,मनहरण साहू, दीपक साहू, पुरूषोत्तम साहू हेमंत साहू, श्रीमती रतनी साहू आदि उपस्थित रहे।
फेट क्लब में देर रात के शोर-शराबे से परेशान थे रहवासी
भिलाई / शौर्यपथ / नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत शहर के पॉश कॉलोनी में रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार संचालित किया जा रहा था जिसे देर रात निगम ने सील करने की कार्रवाई की! नागरिकों एवं आसपास क्षेत्र के रहवासियों ने शिकायत की थी कि नेहरू नगर के विनायक मेडिकल स्टोर के समीप फेट क्लब रेस्टोरेंट्स संचालित किया जा रहा है जिसकी आड़ में संचालक द्वारा हुक्का बार चलाया जा रहा है! जिसमें कम उम्र के नाबालिग को भी प्रवेश दिए जाने की बात सामने आई थी, साथ ही रेस्टोरेंट व्यवसाय के माध्यम से संचालित हुक्का बार में नशीले पदार्थ के विक्रय की भी शिकायतें प्राप्त हुई थी!
रहवासियों के मुताबिक फेट क्लब में देर रात तक शोर-शराबे की आवाज आती रहती थी, जिससे मोहल्ले वासी भी परेशान थे! इन्हीं सब कारणों को गंभीरता से लेते हुए हुक्का बार के व्यवसाय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी ने अधिकारियों को दिए थे! जिस पर सोमवार की रात तकरीबन 8:00 बजे निगम के जोन क्रमांक 1 की टीम ने जोन आयुक्त सुनील अग्रहरि के नेतृत्व में हुक्का बार में छापामार कार्रवाई की! निगम की टीम एवं सुपेला पुलिस बल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की और फेट क्लब को सील कर दिया!
योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई के लिए निगम की टीम को एक जगह पर एकत्रित होने का निर्देश मिला परंतु किसी को भी यह जानकारी नहीं थी कि कार्यवाही कहां होनी है, इसे इसलिए गुप्त रखा गया था कि कार्यवाही प्रभावित न हो! जब निगम की टीम एक जगह पर एकत्र हुई तब सभी को कार्यवाही स्थल के लिए रवाना होने कहा गया! नेहरू नगर पूर्व इलाके में विनायक मेडिकल स्टोर एवं महालक्ष्मी स्वीट्स के सामने पहुंचते ही फेट क्लब रेस्टोरेंट के भीतर प्रवेश किया गया! भूतल से लेकर उपरी मंजिल की ओर बढऩे पर अंतिम मंजिल पर पहुंचते ही वहां का नजारा देख अधिकारी हतप्रभ रह गए! एक बड़े से हॉल में 5 युवतियां एवं छह युवक हुक्का का सेवन कर रहे थे, इनका नाम, पता की जानकारी प्राप्त कर इन्हें घर जाने कहा गया!
तत्पश्चात हुक्का बार से संबंधित सामग्री हुक्का लैंप, हुक्का पाइप, तंबाकू युक्त हर्बल एवं इससे संबंधित सामग्री का पंचनामा तैयार कर उसे सुपुर्दनामा करते हुए फेट क्लब के संचालक एम. एम. राहुल एवं एम.एम. अरुण की उपस्थिति में सील बंद करने की कार्रवाई की गई! कार्रवाई के दौरान जोन क्रमांक 1 के सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, जोन स्वच्छता प्रभारी अंकित सक्सेना, राजेश गुप्ता, सुपेला थाना से प्रधान आरक्षक भारत यादव, आरक्षक भावेश पटेल एवं महिला आरक्षक ममता वासनिक सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी कार्यवाही स्थल पर उपस्थित रहे!
दुर्ग / शौर्यपथ / कोविड के संकट के बीच मनरेगा योजना जिले के ग्रामीणों के लिए संजीवनी की तरह साबित हुई। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देश पर कोरोना काल में मनरेगा के काम छत्तीसगढ़ के गाँवों में सबसे पहले शुरू हुए। दुर्ग जिले में देखें तो 66 करोड़ रुपए के श्रम दिवस का भुगतान मजदूरों को किया गया। फिलहाल 48 हजार मजदूर मनरेगा के लिए कार्य कर रहे हैं। ब्लाक वार इनकी संख्या देखें तो जनपद पंचायत दुर्ग में 12 हजार से अधिक मजदूर, धमधा ब्लाक में 23 हजार से अधिक मजदूर तथा पाटन जनपद में 13 हजार से अधिक मजदूर कार्य कर रहे हैं।
जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक ने बताया कि कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के मार्गदर्शन में पंचायतों में उपयोगी कार्यों का चिन्हांकन कर मनरेगा के कार्य कराए जा रहे हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत को सबसे उपयोगी कार्यों के चिन्हांकन के लिए कहा गया है। मनरेगा कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जलसंचय से संबंधित संरचनाओं पर ठोस कार्य हो रहा है। साथ ही ग्रामीण जरूरतों के मुताबिक उपयोगी संरचनाएं भी बनाई जा रही हैं।
3845 परिवारों को 100 दिन से अधिक का रोजगार- सीईओ ने बताया कि मनरेगा योजना के माध्यम से इस बार 3845 परिवारों को सौ दिनों से अधिक का रोजगार मिला है। साथ ही 40 परिवारों को एक सौ पचास दिनों का रोजगार भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मनरेगा अंतर्गत जल संचय के लिए तालाब गहरीकरण कार्य, डबरी निर्माण, नया तालाब निर्माण, सोक पीट आदि के काम तो कराये जा रहे हैं। साथ ही पशुपालन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए भी विशेष कार्य कराये जा रहे हैं। इनमें बकरी शेड, मुर्गी शेड निर्माण जैसे कार्य प्रमुख हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान साबित हुई मनरेगा योजना- कोविड काल में मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अर्थव्यवस्था की गतिविधि चलती रही। यह कार्य उन लोगों के लिए विशेष तौर पर उपयोगी रहा जो लाकडाउन के चलते महानगरों को छोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में वापस लौट आए थे। क्वारंटीन पीरिएड काटने के बाद इन्होंने मनरेगा में मजदूरी की और इनकी आजीविका का आधार बना रहा।
सैनेटाइजेशन तथा सोशल डिस्टेंसिंग के साथ चलाई गई योजना- उल्लेखनीय है कि कोरोना काल में सोशल डिस्टेसिंग तथा सैनेटाइजेशन जैसी गतिविधियों के साथ ही कार्य चलाया गया। सभी कार्यस्थलों में सैनिटाइजेशन का प्रयोग अनिवार्य था। इसके चलते मनरेगा से जुड़े कार्य भी बखूबी होते रहे। साथ ही लोगों को संक्रमण से दूर रखने में भी मदद मिली।
दुर्ग / शौर्यपथ /छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहे अभ्यार्थी को चयन सूची में स्थान देकर चयनित करने के संबंधी पीएससी घोटाले तथा छत्तीसगढ़ सरकार में युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा दुर्ग द्वारा 3 फरवरी 2021 को दिन बुधवार 1:00 बजे दुर्ग जिलाधीश को ज्ञापन सौंपेगी तथा 4 फरवरी को पीएससी का पुतला दहन करेगी
स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर की पुण्यतिथि के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
दुर्ग / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भिलाई 3 बाजार चौक में स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर जी के पुण्यतिथि कार्यक्रम के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर का अहम योगदान है। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के लिए आंदोलन किए, बैठकें की और व्यापक जन जागृति का निर्माण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री चंद्राकर के पास छत्तीसगढ़ राज्य के विकास के लिए एक विशेष दृष्टि थी। वे यहां हॉर्टिकल्चर की संभावनाओं के संबंध में हमेशा बात करते थे। आज दुर्ग जिला जो छत्तीसगढ़ राज्य में सब्जी एवं फलों के उत्पादन में शीर्ष स्थान पर है उसके पीछे स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर जी की सोच का महत्वपूर्ण योगदान है। भिलाई के औद्योगिक विकास में भी उनकी अहम भूमिका रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल पत्रकार के रूप में उन्होंने दुनिया का कोना-कोना देखा। जहां भी गए अपनी छत्तीसगढ़िया अस्मिता को साथ लेकर गए। विदेश यात्राओं में भी अपने साथ हमेशा ठेठरी, खुरमी साथ रखते। साथ ही दातुन ले जाना कभी नहीं भूलते। जहां भी गए अपने पिता का दिया हुआ लोहे का संदूक लेकर गए। वह देश के शीर्षस्थ पत्रकारों में शामिल थे, लेकिन कभी इसका अहंकार नहीं किया। गांधी जी के साथ बिरला हाउस के दिनों में उन्होंने काफी वक्त बिताया। देश सेवा में स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर का योगदान अहम है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की कृषि संबंधी योजनाओं से किसान का खेती में भरोसा लौटा है। इस साल 92 लाख मीट्रिक धान की खरीदी हुई जो अब तक का रिकॉर्ड है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोधन न्याय योजना के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित हो रही है। पहले किसान धान बेचकर मोटरसाइकिल खरीदते थे अब किसान गोबर बेचकर भी मोटरसाइकिल खरीद रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री चन्द्राकर के बताए हुए रास्ते पर छत्तीसगढ़ विकास कर रहा है। उन्होंने जो कृषि संबंधी और उद्योग संबंधी विजन हमें दिया, उस मिशन को आगे लेकर हम चल रहे हैं। इस मौके पर पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने कहा कि स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर का छत्तीसगढ़ की राजनीति में अहम योगदान है। उनका छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में अहम योगदान रहा। स्वर्गीय मिनी माता जी के साथ में उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए अतुलनीय योगदान दिया।
*- कैबिनेट में जल्द ही होगी कार्रवाई*
*-मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणा*
दुर्ग / शौर्यपथ / स्वर्गीय चंदूलाल चंद्राकर की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मेडिकल कॉलेज को शासकीय मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। इसके लिए कैबिनेट में जल्द ही प्रस्ताव लाया जाएगा तथा अन्य प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। उल्लेखनीय है कि चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के संचालन में दिक्कत होने के चलते प्रबंधन ने सरकार से आग्रह किया था कि प्रदेश में मेडिकल एजुकेशन की बेहतरी को देखते हुए सरकार इस कॉलेज का अधिग्रहण कर ले। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर कहा कि दुर्ग जिले में मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने के लिए स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर का सपना था कि यहां मेडिकल कॉलेज खुले, इस पर डॉ. एपी चन्द्राकर से उनकी लंबी चर्चा हुई थी और इसके पश्चात क्षेत्र का पहला मेडिकल कॉलेज खुला था। अभी इस मेडिकल कॉलेज के संचालन में कुछ दिक्कतें आ रही थी और प्रबंधन ने अपनी दिक्कतें शासन से साझा की थी। स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर का देखा गया यह सपना फले फुले इसे आगे बढाए रखना है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर से जुड़ी हुई स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर हमेशा जमीन से जुड़े रहे। उन्होंने लगातार विदेश यात्राएं की लेकिन अपना छत्तीसगढ़िया स्वभाव नहीं छोड़ा। जब भी विदेश जाते, अपने साथ दातुन लेकर जाते अपने साथ ठेठरी खुरमी लेकर जाते। वे विशाल व्यक्तित्व के धनी थे। उनकी रूचि का दायरा काफी व्यापक था। उन्हें फोटोग्राफी का बहुत शौक था और देश-विदेश में रिपोर्टिंग के साथ ही उनकी फोटोग्राफी भी काफी मशहूर थी। इस मौके पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर जी का योगदान बहुत अहम है, उन्होंने राजनीति के साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में भी अहम योगदान दिया। इस मौके पर अपने संबोधन में जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर के दिखाए रास्ते पर छत्तीसगढ़ शासन कार्य कर रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य को लेकर जो सपना देखा था। उसे पूरा करने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। इस मौके पर अपने संबोधन में पीएचई मंत्री गुरु रूद्र कुमार ने कहा कि उनकी दादी स्वर्गीय श्रीमती मिनीमाता एवं स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर एक साथ सांसद रहे और दोनों का छत्तीसगढ़ के विकास में बहुत अहम योगदान रहा। इस मौके पर स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर की प्रतिमा का अनवारण किया गया। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद, माइनिंग कारपोरेशन के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शालिनी यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
दुर्ग / शौर्यपथ / सुरक्षित परिवहन को ध्यान में रखते हुए 32 वॉ सड़क सुरक्षा माह में फरवरी 1 में हथखोज ट्रांसपोर्ट नगर में भारी वाहन चालको का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण का आयोजन किया गया जिसमें स्पर्श हास्पिटल रामनगर के डॉक्टर अनुप दुबे एवं उनकी टीम स्वास्थ्य/नेत्र परीक्षण में 55 चालक/परिचालको का परीक्षण किया गया जिसमें 09 लोगो को चश्मा लगाने हेतु सुझाव दिया गया, 05 बीपी के मरीज पाये गये 01 शुगर शिकायत पायी गई। यह शिविर आगामी 02 दिवस 2 और 3 फरवरी तक हथखोज ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित किया जावेगा।
इसी प्रकार यातायात प्रशिक्षण के लिये गुरजीत सिंह, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) के द्वारा बीएसपी के कुल-95 अधिकारियों को एच.आर.डी. भवन मेन गेट भिलाई इस्पात संयंत्र में सड़क सुरक्षा के संबंध में पी.पी.टी. के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया जिसके अंतर्गत वाहन चालन करने से पहले हमें किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए वाहन कहां पार्क करना चाहिए कहां नहीं, ओव्हर टेक करते समय कौन-कौन सी सावधानियां रखनी चाहिए एवं कौन-कौन सी छोटी-छोटी गलतियों से हम सड़क में दुर्घटना के शिकार होते है, प्रशिक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक के द्वारा अधिकारियों के प्रश्नों का उत्तर भी दिया गया कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों को भविष्य में यातायात के सभी नियमों का पालन करने हेतु शपथ दिलाया गया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में घर परिवार एवं मित्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कहा गया जिससे भविष्य में हम जिला दुर्ग को सड़क दुर्घटना मुक्त करने के लिए किये जा रहे प्रयासों मे सफल हो सकें। कार्यक्रम के दौरान प्रधान आरक्षक राजमणी सिंह, आरक्षक तिलक साहू उपस्थित रहें।
पक्षी महोत्सव गिधवा परसदा में आये विशेषज्ञों ने बताया पक्षियों का महत्व
दुर्ग / शौर्यपथ / बेमेतरा जिले के गिधवा परसदा में चल रहे पक्षी महोत्सव के दूसरे दिन विशेग्यो ने पक्षियों और उसके महत्व सहित पक्षियों का हमारे जीवन में महत्व को विस्तार से समझाया। पक्षी प्रेमियों और विशेषज्ञों ने गिधवा और पसरदा में आये पक्षियों का दर्शन किया। कार्यक्रम में सबसे पहले प्रोफेसर श्री हितेंद्र टंडन ने पक्षी और किसानों के बीच संबंध के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि सैकड़ो वर्षो से पक्षी हमारे जीवन का हिस्सा हैं मुर्गे की बांग से किसान सुबह उठता और अपने दिन की शुरुआत करता था। मौसम का अनुमान भी किसान पक्षियों के आने से करते थे, देवभोग के एक गाँव मे जब-जब पक्षी आये तब किसानों ने खेती प्रारम्भ करते हैं। बारिश के आगमन को पक्षियों के आगमन से जोड़ कर देखते हैं।
उन्होंने बताया कि बगुला सबसे पहले किसानों के खेतों से कीट को साफ करता है, जैसे ही तालाब में पानी भरता है तो कीड़े मकोड़े के अंडे उपर आ जाते हैं उन्हें ये खाते हैं पहले कीटनाशक का पहला काम पक्षी करते हैं। वाइल्ड लाइफ बोर्ड के सदस्य मोहित साहू ने पक्षियों के प्रवास को विस्तार से समझाते हुए कहा कि रशिया चाइना उत्तरी ध्रुव के पास से 8 से 10 हजार किलोमीटर की दूरी तय करते हैं, रास्ते मे कई पर्वत आते हैं जिनको भी पार करके ये इंडोनेशिया मलेशिया तक जाते हैं। उन्होंने बताया कि भारत मे पक्षियों का प्रवास 3 मार्ग से होता है ,जिसमे सेंट्रल एशियन फ्लावे सबसे छोटा मार्ग है जिसमे लगभग 30देश आते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ पक्षी पहाड़ो के ऊपर से उड़ते है कुछ पहाड़ो के दरारो से निकलते हैं। कुछ पक्षी समुद्र की करीब से उड़ते हैं। डिमाइजल क्रेन और बार हेडेड गूस हिमालय के ऊपर से उड़ के आते हैं। 29 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ कर आते हैं।
उन्होंने इस क्षेत्र में देखे गए पक्षी ब्लैक टेल्ड गोडविट के बारे में बताया कि यह मात्र 11 दिनों में 12 हजार किलोमीटर की यात्रा करके प्रशांत महासागर के ऊपर उड़कर अलास्का से न्यूजीलैंड तक जाता है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पीसीसीएफ आर के सिंह ने ऐसे आयोजनों की निरंतरता और गाँव मे सामुदायिक सहभागिता पक्षियों के संरक्षण की बात कही साथ ही कहा कि स्कूल स्तर पर बच्चों को ये शिक्षा दिए जाने के सम्बंध में हमे विचार करने चाहिए। जशपुर वाइल्ड लाइफ वेलफेयर के सौरभ सिंग के द्वारा गिधवा परसदा में जल संरक्षण पर व्याख्यान दिया गया। बच्चों के लिए पेंटिंग और प्रश्रोत्तरी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
