Google Analytics —— Meta Pixel
May 31, 2026
Hindi Hindi
स्पोर्ट्स

स्पोर्ट्स (417)

खेल /शौर्यपथ /भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर कंधे में लगी चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट पहले वनडे मैच के दौरान लगी थी। इसके अलावा बीसीसीआई ने बताया है कि अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी अगले मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड की 148 किलोमीटर की स्पीड वाली गेंद रोहित की कोहनी पर लग गई थी, जिसके बाद उन्हें दर्द होने लगा था।
बीसीसीआई के मुताबिक जॉनी बेयरस्टो की ओर से लगाए शॉट को बाउंड्री पर जाने से रोकने की कोशिश में अय्यर का बायां कंधा दब गया था। वह टीम के लिए कुछ रन बचाने में तो सफल रहे, लेकिन कुछ ही देर में उन्हें दर्द महसूस होने लगा और उन्हें अपने बाएं कंधे को पकड़ कर मैदान छोड़ कर जाना पड़ा। इन दोनों खिलाड़ियों के चोटिल होने से भारत के वनडे सीरीज जीतने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है।
बता दें कि इन दोनों ही बल्लेबाजों का इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में प्रदर्शन अच्छा रहा था। टीम इंडिया ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए दुनिया की नंबर एक टी-20 टीम को पांच मैचों की सीरीज में 3-2 से हराया था। हालांकि रोहित और श्रेयस इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में कुछ खास नहीं कर सके थे।
रोहित ने पहले मैच में 42 गेंदों पर 28 रनों की पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल रहे। उन्होंने ओपनिंग साझेदार शिखर धवन के साथ टीम को मजबूत शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। रोहित की पारी का अंत इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने किया। वहीं श्रेयस अय्यर के प्रदर्शन की बात करें तो वे चौथे नंबर पर खेलने आए और सस्ते में आउट होकर वापस पवेलियन लौट गए। दोनों टीमाें के बीच दूसरा वनडे 26 मार्च को खेला जाएगा।

खेल /शौर्यपथ / भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार (23 मार्च) से शुरू हो रही तीन वनडे मैचों की सीरीज को लेकर पूर्व इंग्लिश कप्तान माइकल वॉन ने भविष्यवाणी की है। वॉन ने बताया है कि जोफ्रा आर्चर और जो रूट के नहीं होने की वजह से टीम इंडिया वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम करने में सफल रहेगी। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ वनडे मैचों के लिए चुनी गई टीम में रूट को आराम दिया है, जबकि जोफ्रा आर्चर कोहनी की चोट के चलते इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'पहले से वनडे सीरीज की प्रिडिक्शन, भारत 3-0 से जीतेगा। ना रूट और ना ही आर्चर।' वॉन ने इंग्लैंड के इस दौरे पर अपने ट्वीट्स को लेकर काफी चर्चा में रहे और टेस्ट सीरीज के दौरान भारत की पिचों की जमकर आलोचना भी की। इससे पहले वॉन ने टेस्ट सीरीज के नतीजे की भी प्रिडिक्शन की थी, जिसको भारत की टीम ने 3-1 से अपने नाम किया था। तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड ने 14 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें रूट को रेस्ट दिया गया है। लियाम लिविंगस्टोन टी20 के बाद वनडे सीरीज में भी अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। हालांकि, आर्चर के ना होने से टीम की तेज गेंदबाजी काफी कमजोर नजर आ रही है।
भारत की टीम ने पांचवें टी-20 मैच में इंग्लैंड को 36 रनों से हराकर टी-20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया था। सीरीज के दौरान टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था और उन्होंने 5 मैचों में 140 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 231 रन जड़े थे और तीन पारियों में नॉटआउट रहे थे। गेंदबाजी में टीम की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सीरीज में सबसे अधिक 8 विकेट चटकाए थे, जबकि भुवनेश्वर कुमार सभी मुकाबलों में काफी किफायती रहे थे।

खेल /शौर्यपथ /टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पांचवें टी20 मैच में 36 रनों से हराकर टी20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम किया। वर्ल्ड नंबर एक टी20 टीम के खिलाफ मिली इस जीत में कई खिलाड़ियों को अहम योगदान रहा। सीरीज में कप्तान विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ने बल्ले से खूब वाहवाही बटोरी तो गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने निर्णायक मैच में शानदार स्पैल फेंका। इन सबके बीच एक खिलाड़ी ऐसा भी रहा, जिसने चौथे और पांचवें टी20 के नतीजे को अपने एक ओवर में बदलने का काम किया और वह नाम रहा शार्दुल ठाकुर का, जिन्होंने आखिरी दो मुकाबलों में मैच विनिंग स्पेल फेंककर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसी बीच, भारत के पूर्व गेंदबाज जहीर खान ने शार्दुल ठाकुर को टी20 सीरीज का साइलेंट हीरो बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की है।
'क्रिकबज' के साथ बातचीत करते हुए जहीर खान ने कहा, 'शार्दुल ठाकुर, अगर आपने नोटिस किया हो। इस इंडियन क्रिकेट टीम में कई बड़े नाम हैं, कई आकर्षक खिलाड़ी। इन सबके बीच इस खिलाड़ी ने अपने काम को बेहद शांति के साथ किया। यह सीरीज के साइलेंट हीरो रहे। उनके आंकड़े किसी भी टॉप प्लेयर जितने शानदार हैं। ऑस्ट्रेलिया सीरीज के बाद मैंने उनकी सोच और बॉडी लैंग्वेज में काफी बड़ा बदलाव देखा। अगर आप उनको फील्ड पर ध्यान से देखेंगे तो उनका कॉन्फिडेंस साफतौर पर झलकता है। जब आप इंटरनेशनल क्रिकेट काफी लंबे समय से खेल रहे होते हैं, तो आपको अपने गेम को समझने और करियर को लंबा करने के लिए समय लगता है, लेकिन ठाकुर ऐसी स्टेज पर हैं कि उनको पता है कि उनके लिए क्या बेस्ट है और किस चीज से शार्दुल को दूर रहना है। उनको किसी भी परिस्थिति में डाल दीजिए वह अच्छा प्रदर्शन करके दिखाएंगे।'
शार्दुल ठाकुर ने चौथे टी20 मैच में अहम मौके पर बेन स्टोक्स और इयोन मोर्गन का लगातार गेंदों पर विकेट चटकाया था। इसके बाद आखिरी और निर्णायक मुकाबले में शार्दुल ने एकबार फिर डेविड मलान और मोर्गन को पवेलियन भेजकर मैच को भारत की तरफ मोड़ दिया था। मुंबई के तेज गेंदबाज ने पांच मैचों की सीरीज में सर्वाधिक 8 विकेट चटकाए, जबकि वह बल्ले से भी उन्होंने अहम योगदान दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी शार्दुल ने बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन किया था।

 

खेल /शौर्यपथ / भारत और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में 5 मैचों की टी-20 सीरीज का निर्णायक मैच खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की तरफ से रोहित शर्मा और विराट कोहली पारी की शुरुआत करने आए। रोहित शर्मा ने इस मैच में एक खास रिकॉर्ड बना लिया। रोहित शर्मा ने 40 रन बनाते ही मार्टिन गप्टिल को पीछे छोड़ दिया।
रोहित के अब टी20 में 2864 रन हो गए हैं। रोहित टी20 इंटरनेशनल में सबसे अधिक रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने 34 गेंदों में 64 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 छक्के और चार चौके लगाए। टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में भारत के कप्तान विराट कोहली टॉप पर हैं। उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन हैं। इस सीरीज में ही कोहली ने ये आंकड़ा छुआ है। इस सीरीज में कोहली के बल्ले से दो फिफ्टी निकली है। कोहली के नाम अभी टी20 इंटरनेशनल में 3079 रन हैं। 51.31 की औसत से कोहली ने ये रन बनाए हैं। कोहली ने टी 20 इंटरनेशनल में 27 फिफ्टी मारी हैं। गुप्टिल के टी20 इंटरनेशनल में 2839 रन हैं। अब वो तीसरे नंबर पर आ गए हैं।
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। भारत ने केएल राहुल को इस मैच में बाहर रखा है और तेज गेंदबाज टी नटराजन को खिलाया है। दोनों टीमों के बीच इस समय सीरीज 2-2 से बराबरी पर है, ऐसे में जो भी टीम इस मैच में जीत दर्ज करेगी, वह सीरीज भी अपने नाम कर लेगी।

खेल /शौर्यपथ / भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है। क्रुणाल पांड्या, पसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज को पहली बार टीम में शामिल किया गया है। चौथे टी20 मैच में आतिशी पारी खेलने वाले सूर्यकुमार यादव टी20 के बाद वनडे टीम में भी अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। टेस्ट सीरीज में खराब फॉर्म से जूझ रहे शुभमन गिल को भी टीम में रखा गया है। हालांकि, डेब्यू पारी में जबर्दस्त फिफ्टी लगाने वाले ईशान किशन टीम में अपनी जगह बनाने में नाकाम रहे हैं। आइए जानते हैं टीम सिलेक्शन की पांच बड़ी बातें..
डेब्यू इनिंग का मिला सूर्यकुमार यादव को तोहफा
चौथे टी20 मैच में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सूर्यकुमार यादव को उनकी इनिंग का तोहफा वनडे टीम में सिलेक्शन के रूप में मिला। सूर्यकुमार ने चौथे मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 31 गेंदों में 6 चौके और तीन छक्कों की मदद से 57 रनों की पारी खेली थी। सूर्यकुमार की पारी की बदौलत भारत 20 ओवर में 185 रनों का बड़ा टोटल बनाने में सफल रहा था।
क्रुणाल पांड्या और प्रसिद्ध कृष्णा पहली बार वनडे टीम में
टीम इंडिया के लिए 18 टी20 मैच खेल चुके क्रुणाल पांड्या को वनडे टीम में पहली बार शामिल किया गया है। क्रुणाल का प्रदर्शन विजय हजारे टूर्नामेंट में काफी जबर्दस्त रहा था और उन्होंने 5 मैचों में 129.33 के औसत से 388 रन बनाए थे, इसके अलावा वह गेंद से भी काफी कारगर रहे थे। आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स के प्रमुख तेज गेंदबाज की भूमिका निभाने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को पहली बार भारतीय टीम के लिए बुलावा आया है। कृष्णा ने विजय हजारे के इस सीजन में 7 मैचों में 14 विकेट अपने नाम किए थे।
टेस्ट के प्रदर्शन के दम पर मोहम्मद सिराज ने बनाई वनडे टीम में जगह
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीतने वाले मोहम्मद सिराज वनडे टीम में पहली बार जगह बनाने में सफल रहे हैं। सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली ऐतिहासिक जीत में अहम किरदार निभाया था और गाबा के मैदान पर पहली पारी में पांच विकेट झटके थे। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ भी उनकी गेंदबाजी के आगे इंग्लिश बल्लेबाज पूरी तरह से पस्त नजर आए थे।
फ्लॉप शॉ के बावजूद शुभमन गिल और केएल राहुल का हुआ सिलेक्शन
इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में रनों के लिए जूझते नजर आए शुभमन गिल वनडे टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। शुभमन ने चार टेस्ट मैचों में महज एक फिफ्टी जड़ी थी। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अपनी खराब फॉर्म से जूझ रहे केएल राहुल को भी वनडे टीम में शामिल किया गया है। राहुल ने सीरीज के चार टी20 मुकाबलों में महज 15 रन बनाए हैं और दो दफा वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे हैं।
ईशान किशन हुए नजरअंदाज
इंटरनेशनल क्रिकेट की अपनी पहली इनिंग में तूफानी अर्धशतकीय पारी खेलने वाले ईशान किशन सिलेक्टरों को प्रभावित नहीं कर सके। ईशान ने दूसरे टी20 मैच में महज 32 गेंदों में 56 रनों की आतिशी पारी खेली थी। आईपीएल में भी ईशान पिछले कुछ सालों से लगातार मुंबई इंडियंस के लिए अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं। ईशान हालांकि तीसरे टी20 मैच में महज 4 रन बनाकर आउट हो गए थे।

खेल /शौर्यपथ / इंग्लैंड के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज ऑफ स्पिनर आर अश्विन के लिए यादगार रही। इसमें उन्होंने सिर्फ गेंद से ही नहीं, बल्कि बल्ले से भी अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। चेन्नई में लगाए गए शतक को भला कौन भूल सकता है। अश्विन के लिए यह सीरीज बेशक गेंद और बल्ले से कामयाब साबित हुई हो, लेकिन एक मामले में उन्हें भी निराशा ही लगी है। हम यहां बात कर रहे हैं डिसीजन रिव्यू सिस्टम(डीआरएस) की, जहां उनके और कप्तान विराट कोहली के कई निर्णय गलत साबित हुए हैं। उन्होंने इस सिस्टम को लेकर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर बड़ा आरोप लगाया है।
'इंडिया टुडे' को दिए एक इंटरव्यू में आर अश्विन ने यह माना कि भविष्य में वह डीआरएस लेने की अपनी क्षमताओं को और बेहतर करने की कोशिश करेंगे, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि डीआरएस की गलत फैसलों में सारा दोष उनका ही नहीं है। उन्होंने कहा कि विकेटकीपर ऋषभ पंत ने इस मामले में उन्हें निराश किया है। अश्विन ने कहा है कि पंत एंगल और उछाल का सही अंदाजा नहीं लगा पाए और इसी वजह से उन्हें मदद नहीं मिली।
अश्विन ने कहा कि, ''मुझे लगता है कि हमें वह लेंस बदलना होगा, जिससे लोग डीआरएस लेते समय मुझे देखते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज से पहले मेरी डीआरएस लेने की क्षमता अच्छी थी। चूंकि, आप डीआरएस विकेटकीपर की सलाह पर ही लेते हैं तो ऐसे में विकेटकीपर के ही सोर्स पर निर्भर रहना पड़ता है। मैं जानता हूं कि कब गेंद इनलाइन होती थी और कब नहीं। मैंने इसको लेकर पंत से अकेले में जाकर बात की और कहा कि हमें इस पर बैठकर डिस्कस करना चाहिए। मैंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि जब मैं रवि भाई (रवि शास्त्री) से इस बारे में बात करता हूं, तो उन्हें भी इस मामले में मुझसे काफी शिकायत रहती है।'

खेल / शौर्यपथ /भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने शनिवार को रायपुर में खेली जा रही रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में जोरदार फिफ्टी जड़ी। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 2007 में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के उस मैच की यादें ताजा कर दीं, जब उनके बल्ले से इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ही ओवर में छह छक्के निकले थे। हालांकि अब उनके बल्ले से लगातार छह छक्के नहीं निकले, लेकिन दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज जानडेर डि ब्रून के एक ही ओवर मे लगातार चार छक्के जड़कर उन्होंने अपनी पारी को यादगार बना दिया। मैच के बाद उन्होंने बताया कि आखिरकर क्यों उन्होंने लगातार पांचवां छक्का नहीं लगाया।
मैच खत्म होने के बाद युवराज सिंह ने 'एएनआई' से बात की। यहां अपनी पारी को लेकर उन्होंने कहा कि, 'लगातार चार छक्के जड़ने के बाद मैं पांचवें की तलाश में था। उस समय मैं सोच रहा था कि गेंदबाज गेंद मेरे एरिया में डाले। लेकिन तभी मुझे यह याद आया कि अभी पारी के आखिरी दो ओवर बाकी हैं। इसलिए मैंने आखिरी गेंद पर स्ट्राइक रोटेट करने का फैसला किया क्योंकि मैं पारी के आखिर तक बल्लेबाजी करना चाहता था। मैं खुश हूं कि ऐसा मैं कर पाया।'
युवराज ने अपनी इस पारी के दौरान ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। युवराज की तूफानी पारी के चलते भारत की टीम ने आखिरी के पांच ओवरों में महज एक विकेट खोकर 80 रन बनाए और 200 का आंकड़ा पार किया। युवराज ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 2 चौके और छह छक्के लगाए। टी-20 में एक ही ओवर में छह छक्के लगाने वाले युवराज ने 236 के स्ट्राइक रेट से यह रन बनाए। उनके अलावा कप्तान सचिन तेंदुलकर ने भी 60 रनों की तेज पारी खेली।
वीरेंद्र सहवाग (6) के साथ पारी की शुरुआत करने आए सचिन ने अपने पुराने अंदाज में कई आकर्षक शॉट्स लगाकर करीब 30 हजार दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनके हर चौके और छक्के पर दर्शकों ने जमकर शोर मचाया और 'सचिन-सचिन' के नारे लगाए। सहवाग हालांकि 16 रन के कुल योग पर आउट हो गए लेकिन सचिन ने बद्रीनाथ के साथ बल्लेबाजी का बेहतरीन मुजायरा पेश करना जारी रखा।

खेल /शौर्यपथ / भारत और इंग्लैंड के बीच आज ( 12 मार्च) से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में रोहित शर्मा के पास तीन बड़े रिकॉर्ड्स को अपने नाम करने का मौका होगा। हिटमैन इंग्लिश टीम के खिलाफ अगर सीरीज में 13 सिक्स लगा देते हैं तो वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इस लिस्ट में अभी न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल टॉप पर काबिज हैं। आईपीएल में इंजरी के चलते रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई लिमिटेड ओवर सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे थे।
रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में अभी तीसरे नंबर पर हैं और उनको मार्टिन गप्टिल को पीछे छोड़ने के लिए 67 रनों की जरूरत है। हिटमैन अगर ऐसे कर लेते हैं तो टी20 में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच जाएंगे। रोहित ने अबतक खेले 108 टी20 मैचों में 138.78 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 2773 रन बनाए हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली नंबर पर हैं। टीम इंडिया के कप्तान ने 85 टी20 मुकाबले में 2928 रन ठोके हैं। कोहली के पास इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 3,000 रन पूरे करने का शानदार मौका होगा।
टीम इंडिया के उपकप्तान रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में अपने 9,000 रन पूरे करने से महज 26 रन दूर हैं और यह रिकॉर्ड वह पहले टी20 मैच में पूरे कर सकते हैं। रोहित अगर ऐसे कर लेते हैं तो वह भारत की तरफ से टी20 में 9,000 रन बनाने वाले दूसरे और विश्व के 9वें बल्लेबाज होंगे। भारत की टीम ने टी20 सीरीज के लिए कई युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। आईपीएल में लगातार अच्छा प्रदर्शन के दम पर सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और राहुल तेवतिया पहली बार टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं।

खेल /शौर्यपथ / रायपुर में खेली जा रही अनएकैडमी रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के नौवें मैच में इंग्लैंड लीजेंड्स ने इंडिया लीजेंड्स को 6 रन से हरा दिया। इंग्लैंड की तरफ से कप्तान केविन पीटरसन ने 75 रनों की तेज पारी खेली। इस मैच के बाद इंग्लिश टीम के तेज गेंदबाज क्रिस ट्रेमलेट ने महान सचिन तेंदुलकर के साथ एक फोटो शेयर की। 6 फीट 7 इंच लंबे ट्रेमलेट ने फोटो के कैप्शन में सचिन की फिटनेस की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि अगर उस उम्र में भी सचिन की तरह फिट रहूं तो खुशी होगी। इसके बाद इस फोटो पर सचिन ने उनके जमकर मजे लिए हैं।
मास्टर ब्लास्टर ने ट्वीट पर मजेदार रिप्लाई करते हुए लिखा कि, मुझे ट्रेमलेट जैसा बनने के लिए कितने ऑमलेट खाने पड़ेंगे? बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर ट्रेमलेट अब शौकिया तौर पर बॉडी बिल्डर और वेट लिफ्टर बन चुके हैं। उनकी फिटनेस और बॉडी देखकर भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान भी मैच के दौरान काफी हैरान रह गए थे। दोनों ने मजाकिया अंदाज में एक दूसरे के साथ बाइसेप्स की तुलना भी की थी।
मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पीटरसन की धुआंधार पारी की बदौलत सात विकेट पर 188 रनों का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में इंडिया लीजेंड्स निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 182 रनों पर बना पाया। इंडिया लीजेंड्स को चार मैचों में पहली हार का सामना करना पड़ा है। अंतिम पांच ओवर में इंडिया लीजेंड्स को जीत के लिए 78 रनों की दरकार थी।
इसके बाद इरफान पठान ने मनप्रीत गोनी (नाबाद 35) ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए आठवें विकेट के लिए केवल 20 ही गेंदों पर 51 रनों की विस्फोटक साझेदारी करके इंडिया लीजेंड्स को जीत की दहलीज पर ला खड़ा कर दिया।अंतिम 6 गेंदों पर इंडिया लेजेंडस को जीत के लिए 19 रन बनाने थे, लेकिन टीम जीत की दहलीज पर आकर जीत से महरूम रह गई और उसे छह रन से नजदीकी हार का मुंह देखना पड़ा।

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)