August 24, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    भारत

    भारत (1085)

     दिल्ली में 57 ओमिक्रॉन के मामलों के अलावा महाराष्ट्र में 54, तेलंगाना में 24, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15, गुजरात में 14, जम्मू-कश्मीर में तीन मामले रिपोर्ट किए गए हैं.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

     तेजी से संक्रमण फैलाने वाले कोविड-19  के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन  के देशभर में कुल 213 मामले हो गए हैं. इनमें सबसे ज्यादा 57 मामले दिल्ली में हैं. दिल्ली और महाराष्ट्र में आधे से अधिक संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं. भारत ने आज कोरोनावायरस संक्रमणों में 18% की वृद्धि भी देखी है. अब देश में कुल कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3.47 करोड़ हो गई है. बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल समीक्षा बैठक कर सकते हैं.

    दिल्ली में 57 ओमिक्रॉन के मामलों के अलावा महाराष्ट्र में 54, तेलंगाना में 24, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15, गुजरात में 14, जम्मू-कश्मीर में तीन मामले रिपोर्ट किए गए हैं. इनके अलावा ओडिशा और उत्तर प्रदेश में दो-दो आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, लद्दाख, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक-एक मामला सामने आया है.

    देशभर में ओमिक्रॉन से संक्रमित कुल 90 मरीज स्वास्थ भी हो चुके हैं. यानी 123 मामले अभी एक्टिव हैं.

    भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के कुल 6,317 नए केस सामने आए हैं. कल के मुताबिक यह संख्या 18.6 फीसदी ज़्यादा है. राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 138.96 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है. वहीं देश में एक्टिव केस वर्तमान में 78,190 हैं. भारत में रिकवरी रेट वर्तमान में 98.40% है. पिछले 24 घंटों में 6,906 लोग ठीक हुए हैं. अब कुल ठीक होनेवालों की संख्या बढ़कर 3,42,01,966 हो गई है. वहीं पिछले 24 घंटे में 318 लोगों की मौत हुई है.

     

     

     

    विपक्षी पार्टियों ने इस प्रदर्शन के बारे में फैसला संसद के शीतकालीन सत्र के लिए अपनी रणनीति तय करने के लिए सुबह आयोजित बैठक के बाद लिया.

    नई दिल्‍ली /शौर्यपथ/

     राज्‍यसभा के 12 सांसदों के निलंबन को वापस लेने और केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी को हटाए जाने की मांग को लेकर विपक्षी पार्टियों ने आज दिल्‍ली में एक मार्च निकाला. अजय मिश्रा का बेटा आशीष मिश्रा, लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में गिरफ्ताार किया जा चुका है. विपक्षी पार्टियों ने इस प्रदर्शन के बारे में फैसला संसद के शीतकालीन सत्र के लिए अपनी रणनीति तय करने के लिए सुबह आयोजित बैठक के बाद लिया.संसद भवन स्थित गांधी प्रतिमा से विजय चौक तक के लिए विपक्ष का यह मार्च दोपहर एक बजे प्रारंभ हुआ.

    विजय चौक पर अपने संबोधन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, 'हम सब एकजुट हैं. हम कहना चाहते हैं कि एक साथ हैं और किसानों के खिलाफ हिंसा के लिए जो भी जिम्‍मेदार हैं, उन पर कार्रवाई हो. 'गौरतलब है कि स्‍पेशल इनवेस्‍टीगेशन टीम (SIT) की रिपोर्ट में लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत को सोची समझी साजिश बताए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा को हटाए जाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है. अजय मिश्रा का बेटा इस मामले में मुख्‍य आरोपी है और जेल में है.

    बीजेपी इस मामले में केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री अजय मिश्रा को हटाने से इनकार कर चुकी है.सूत्र बताते हैं कि बीजेपी नेतृत्‍व की राय है कि स्‍पेशल इनवेस्‍टीगेशन टीम (SIT) की रिपोर्ट अंतिम नहीं है और अदालत में मामले की सुनवाई चल रही है. वैसे भी बेटे की करतूतों की सजा पिता को नहीं दी जा सकती. पत्रकारों के साथ अजय मिश्रा के रवैये को जरूर गलत माना गया है और उन्‍हें हिदायत दी गई है कि आगे से ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए. गौरतलब है कि स्‍पेशल इनवेस्‍टीगेशन टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि लखीमपुर खीरी मामले में किसानों पर गाड़ी चढ़ाना एक सोची-समझी साजिश का हिस्‍सा थी. मामले में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा का बेटा आशीष मिश्रा मुख्‍य आरोपी है. मामले की जांच कर रही टीम ने जज को लिखा है कि आशीष मिश्रा के खिलाफ आरोपों को 'संशोधित' किया जाना चाहिए.

     

     

     

     

    उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले कई योजनाओं की शुरुआत हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को प्रयागराज में महिला केंद्रित पहलों की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से निर्भर बनाने की योजना शुरू की.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

     उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले कई योजनाओं की शुरुआत हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को प्रयागराज में महिला केंद्रित पहलों की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से निर्भर बनाने की योजना शुरू की. पीएम ने यहां आज स्वयं सहायता समूहों को 1,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किया. कहा जा रहा है कि इससे 16 लाख महिलाओं को फायदा पहुंचेगा.

    पीएम ने इस जनसभा में कहा कि 'प्रयागराज हजारों सालों से हमारी मातृशक्ति की प्रतीक मां गंगा-यमुना-सरस्वती के संगम की धरती रही है. आज ये तीर्थ नगरी नारी-शक्ति के इतने अद्भुत संगम की भी साक्षी बन रही है. यूपी में विकास और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जो काम हुआ है, वो पूरा देश देख रहा है.'

    उन्होंने कहा कि 'मैं महिला स्वयं सहायता समूह की बहनों को आत्मनिर्भर भारत की चैंपियन मानता हूं, स्वयं सहायता समूह असल में राष्ट्र सहायता समूह है. राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत 2014 से पहले के 5 साल में जितनी मदद दी गई, बीते 7 साल में उसमें लगभग 13 गुना बढ़ोतरी की गई है.'

    बता दें कि पीएम ने स्वयं सहयता समूहों को यह हस्तांतरण दीनदयाल उपाध्याय योजना- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई) के तहत किया है. इस मिशन के तहत जिसमें 80,000 स्वयं सहायता समूहों को प्रति समूह 1.10 लाख रुपये का सामुदायिक निवेश कोष (सीआईएफ) मिलेगा और 60,000 स्वयं सहायता समूहों को प्रति समूह 15,000 रुपये की चक्रीय (रिवॉल्विंग) निधि दी जाएगी.

    पीएम ने इस रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का बखान भी किया. उन्होंने कहा कि '5 साल पहले यूपी की सड़कों पर माफियाराज था, यूपी की सत्ता में गुंडों की हनक हुआ करती थी. इसकी सबसे बड़ी भुक्तभोगी मेरे यूपी की बहन-बेटियां थीं. उन्हें सड़क पर निकलना मुश्किल हुआ करता था. स्कूल, कॉलेज जाना मुश्किल होता था, आप कुछ कह नहीं सकती थीं, बोल नहीं सकती थीं क्योंकि थाने गईं तो अपराधी, बलात्कारी की सिफ़ारिश में किसी का फोन आ जाता था. योगी जी ने इन गुंडों को उनकी सही जगह पहुंचाया है.'

     पीएम ने इस कार्यक्रम में मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 'बेटियां कोख में ही ना मारी जाएं, वो जन्म लें, इसके लिए हमने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के माध्यम से समाज की चेतना को जगाने का प्रयास किया. आज परिणाम ये है कि देश के अनेक राज्यों में बेटियों की संख्या में बहुत वृद्धि हुई है.'

     प्रधानमंत्री ने कहा कि 'हमने गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, अस्पतालों में डिलिवरी और गर्भावस्था के दौरान पोषण पर विशेष ध्यान दिया. प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के तहत गर्भावस्था के दौरान 5 हज़ार रुपए महिलाओं के बैंक खाते में जमा किए जाते हैं ताकि वो उचित खान-पान का ध्यान रख सकें. उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दिए गए 30 लाख घरों में से 25 लाख घर महिलाओं के नाम पर पंजीकृत हुए.'

    पीएम ने लड़कियों की शादी की कानूनी उम्रसीमा को बढ़ाने वाले बिल का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना भी साधा. उन्होंने कहा कि 'बेटियों के लिए शादी की उम्र को 21 साल करने का प्रयास किया जा रहा है। देश ये फैसला बेटियों के लिए कर रहा है लेकिन किसको इससे तकलीफ हो रही है ये सब देख रहे हैं.'

     

     

     

    जस्टिस कुन्हीकृष्णन ने याचिकाकर्ता पीटर मयालीपरम्पिल, को छह सप्ताह के भीतर केरल राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण (केएलएसए) के पास जुर्माना जमा करने का निर्देश दिया है.

    तिरुवनंतपुरम /शौर्यपथ/

    केरल हाईकोर्ट  ने कोविड-19 टीकाकरण सर्टिफिकेट्स  से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  तस्वीर हटाने का अनुरोध वाली याचिका को मंगलवार को खारिज कर दिया और उसे 'तुच्छ', 'राजनीति से प्रेरित' और 'प्रचार हित की याचिका' बताते हुए याचिकाकर्ता पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है.  जस्टिस पीवी कुन्हीकृष्णन ने कहा, 'कोई नहीं कह सकता कि एक प्रधानमंत्री, कांग्रेस का प्रधानमंत्री या बीजेपी का प्रधानमंत्री या किसी अन्‍य राजनीतिक पाटी का प्रधानमंत्री है. एक बार प्रधानमंत्री संविधान के अनुसार चुने जाने के बाद यह देश का प्रधानमंत्री होता है और यह पद, हर नागरिक का गौरव होना चाहिए. '

    PTI ने जस्टिस कुन्हीकृष्णन के हवाले से कहा, '...सरकार की नीतियों और यहां तक कि पीएम के राजनीतिक रुख पर अलग राय हो सकती है लेकिन मनोबल बढ़ाने वाले पीएम के संदेश के वैक्‍सीनेशन सर्टिफिकेट ले जाने, खासकर इस महामारी की स्थिति में नागरिकों का शर्मिंदा होने की जरूरत नहीं है. 'जस्टिस कुन्हीकृष्णन ने याचिकाकर्ता पीटर मयालीपरम्पिल, को छह सप्ताह के भीतर केरल राज्य कानूनी सेवा प्राधिकरण (केएलएसए) के पास जुर्माना जमा करने का निर्देश दिया है.

    अदालत ने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर जुर्माना जमा नहीं करने की सूरत में, केएलएसए उसके खिलाफ राजस्व वसूली की कार्यवाही शुरू करके याचिकाकर्ता की संपत्ति से राशि की वसूली करेगा. उसने कहा कि लोगों और समाज को यह बताने के लिए जुर्माना लगाया जा रहा है कि इस तरह की तुच्छ दलीलें जो न्यायिक समय बर्बाद करती हैं, उन पर अदालत विचार नहीं करेगी.अदालत ने यह भी कहा कि याचिकाकर्ता ने प्रधानमंत्री की तस्वीर और टीकाकरण प्रमाण पत्र पर 'मनोबल बढ़ाने वाले उनके संदेश' पर जो आपत्ति जताई है, ऐसा करने की 'देश के किसी नागरिक से अपेक्षा नहीं'' है.

     

     

     

    दिल्ली की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी और कांग्रेस ने घटना को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से इस्तीफे की मांग की है और तीन बच्चों के पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

     दिल्ली  के कलावती सरन चिल्ड्रेन हॉस्पिटल  में कथित तौर पर आम आदमी मोहल्ला क्लिनिक के डॉक्टरों द्वारा प्रेस्क्राइब किए गए नशीले कफ सीरप पीने से तीन बच्चों की मौत हो गई है. इस हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने तीन डॉक्टरों को बर्खास्त कर दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

    दिल्ली की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी और कांग्रेस ने घटना को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से इस्तीफे की मांग की है और तीन बच्चों के पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है.

    अधिकारियों के अनुसार, केंद्र द्वारा संचालित कलावती सरन चिल्ड्रन हॉस्पिटल ने 29 जून से 21 नवंबर तक एक से छह वर्ष की आयु के बच्चों में डेक्सट्रोमेथॉर्फ़न प्वायजनिंग के 16 मामले दर्ज किए हैं. अस्पताल के एक सीनियर डॉक्टर ने समाचार एजेंसी PTI को बताया, "ज्यादातर बच्चों को सांस लेने में तकलीफ थी और मरने वाले तीन बच्चों की हालत ज्यादा खराब थी."

     दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि सरकार ने बच्चों की मौत के मामले में तीन डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं और घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

    जैन ने कहा, "कुछ दिनों पहले प्रतिकूल दवा प्रतिक्रिया के कारण कलावती सरन अस्पताल में तीन बच्चों की मौत हो गई. जैसे ही हमें इसके बारे में पता चला, हमने तीन डॉक्टरों की सेवाओं को समाप्त कर दिया और जांच के आदेश दिए. हमने घटना के बारे में दिल्ली मेडिकल काउंसिल में भी शिकायत की है."

    दिल्ली सरकार ने सोमवार को चार सदस्यीय जांच कमेटी का भी गठन किया है. एक आदेश के अनुसार, मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (दक्षिण-पूर्वी दिल्ली) डॉ गीता उस पैनल की अध्यक्षता करेंगी. पैनल को सात दिनों में रिपोर्ट देने को कहा गया है.

     

     

     

     

     

    कोलकाता नगर निगम की 144 में से 119 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस आगे चल रही है.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

    कोलकाता नगर निगम  चुनाव के लिए मंगलवार को भारी सुरक्षा के बीच हो रही मतगणना में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिली है. कोलकाता नगर निगम की 144 में से 17 सीटें तृणमूल कांग्रेस जीत चुकी है, जबकि 118 पर आगे चल रही है. यहां रविवार को मतदान हुआ था. राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों, भाजपा और लेफ्ट से बहुत आगे है. भाजपा और लेफ्ट तीन-तीन वार्डों में आगे चल रही हैं. वहीं, कांग्रेस सिर्फ दो वार्डों में आगे चल रही है.

    2015 के निकाय चुनाव में टीएमसी को 114 सीटें मिली थी, इस बार भी ऐसा लग रहा है कि टीएमसी इसी आंकड़े के करीब ही सीटें पाएगी. वहीं, भाजपा और लेफ्ट की पिछली बार की तुलना में इस बार सीटें घटती हुई दिख रही हैं. कांग्रेस चौथे नंबर पर बनी हुई है और उसकी सीटें पहले से भी कम होती दिख रही हैं.

    लेफ्ट और कांग्रेस ने गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ने के बाद, कोलकाता निकाय चुनाव अलग-अलग लड़ने का फैसला किया था. मेयर पद के लिए किसी पार्टी ने उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है. इस बार तृणमूल के प्रमुख उम्मीदवारों में से एक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भाभी कजरी बनर्जी हैं. वह वार्ड नंबर 73, भवानीपुर से चुनाव लड़ रही हैं.

    बंगाल भाजपा ने हिंसा और चुनाव नियम उल्लंघन का आरोप लगाया है. रविवार को राज्य चुनाव आयोग को लिखे एक पत्र में, पार्टी ने कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनावों को एक तमाशा बताया और आरोप लगाया कि पुलिस हिंसा को रोकने में नाकाम रही है. इससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह एक वार्ड में बिरयानी का लालच देकर मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश कर रही है.

    रविवार को मतदान के दौरान छिटपुट हिंसा की घटनाएं हुईं. दो मतदान केंद्रों पर कथित तौर पर बम फेंके गए.

     

     

     

     

     

    उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू और उनकी पत्नी उषा नायडू ने अपनी नातिन निहारिका की शादी के उपलक्ष्य में अपने आवास पर रिसेप्शन पार्टी आयोजित की थी, जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमना भी पहुंचे थे.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

     उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू  के सरकारी आवास पर आयोजित एक पारिवारिक समारोह में संघ प्रमुख मोहन भागवत  के साथ एक ही सोफे पर समाजवादी पार्टी  के संरक्षक और संस्थापक मुलायम सिंह यादव  के बैठने पर राजनीति शुरू हो गई है. कांग्रेस ने इसे सपा का संघवाद बताया है.

    यूपी कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से सोमवार की देर रात दोनों नेताओं के साथ वाली तस्वीर पोस्ट करते हुए समाजवादी पार्टी पर तंज कसा गया है. ट्वीट में यूपी कांग्रेस ने लिखा है, "नई सपा" में 'स' का मतलब 'संघवाद' है?

    इसके जवाब में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस पर शिष्टाचार भूलने का आरोप लगाया. समाजवादी पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस प्रमुख शरद पवार की तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, "राजनीतिक शिष्टाचार भूल चुकी है कांग्रेस! जिस कार्यक्रम की तस्वीर लगा रही कांग्रेस, उसी कार्यक्रम में कांग्रेस की सहयोगी एनसीपी के नेताओं ने भी लिया नेताजी का आशीर्वाद। इस पर क्या कहेगी कांग्रेस ?"

    उधर, यूपी बीजेपी ने भी मोहन भागवत और मुलायम सिंह की तस्वीर क्रॉप कर ट्वीट किया है और लिखा है, "तस्वीर बहुत कुछ बोलती है."

    दरअसल, उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू और उनकी पत्नी उषा नायडू ने अपनी नातिन निहारिका की शादी के उपलक्ष्य में अपने आवास पर रिसेप्शन पार्टी आयोजित की थी, जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एनवी रमना भी पहुंचे थे.

    इसी समारोह में संघ प्रमुख मोहन भागवत और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव एक सोफे पर बैठे नजर आए थे. यह तस्वीर सबसे पहले केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने शेयर की थी, जिसमें वह खुद भी नजर आ रहे हैं. मेघवाल संघ प्रमुख से अपने जन्मदिन पर शुभकामनाएं ले रहे हैं.

     

     

     

     

     

     

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं सहायता समूहों के खातों मे 1000 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित करेंगे, जिससे लगभग 16 लाख महिला सदस्यों को लाभ पहुंचेगा.

    लखनऊ /शौर्यपथ/

     उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव  से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी में ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को महिलाओं को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री मंगलवार को प्रयागराज का दौरा करेंगे और दो लाख से अधिक महिलाओं की मौजूदगी वाले एक अनोखे कार्यक्रम में भाग लेंगे. सरकार ने इस बात की जानकारी दी. पिछले एक महीने में पीएम मोदी उत्तर प्रदेश में 10वां दिन बिताएंगे. चुनाव से पहले पीएम मोदी ने बीजेपी के चुनावी अभियान की कमान अपने हाथ में ले ली है. उत्तर प्रदेश में दो महीने से कम में चुनाव होने की संभावना है.

    समाचार पत्र में दिए गए विज्ञापनों में सरकार ने बताया कि यह कार्यक्रम महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री स्वयं सहायता समूहों  के खातों मे 1000 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित करेंगे, जिससे लगभग 16 लाख महिला सदस्यों को लाभ पहुंचेगा.

    प्रधानमंत्री कार्यालय  ने एक विज्ञप्ति में कहा,"यह ट्रांसफर दीनदयाल उपाध्याय योजना- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई) के तहत किया जाएगा, जिसमें 80,000 सेल्फ हेल्प ग्रुप को प्रति एसएचजी 1.10 लाख रुपये का सामुदायिक निवेश कोष (CIF) प्राप्त होगा और 60,000 एसएचजी को प्रति एसएचजी 15,000 रुपये की चक्रीय (रिवॉल्विंग) निधि प्राप्त होगी."

     कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री व्यापार अभिकर्ता-सखियों (बीसी-सखियों) को प्रोत्साहित करने के लिए, उनमें से 20,000 के खाते में पहले महीने के वजीफे के रूप में 4,000 रुपये की राशि भी स्थानांतरित करेंगे. जब बीसी-सखियां जमीनी स्तर पर वित्तीय सेवाओं के प्रदाता के रूप में अपना काम शुरू करती हैं, तो उन्हें छह महीने के लिए 4,000 रुपये का वजीफा दिया जाता है, ताकि वे अपने काम में स्थिर हो जाएं और फिर लेन-देन पर कमीशन के माध्यम से कमाई शुरू करें.

    इस कार्यक्रम में पीएम मोदी 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' के तहत एक लाख से अधिक लाभार्थियों को कुल 20 करोड़ से रुपये अधिक की राशि हस्तांतरित करेंगे. यह योजना एक बालिका को उसके जीवन के विभिन्न चरणों में सशर्त नकद हस्तांतरण प्रदान करती है. कुल हस्तांतरण 15,000 रुपये प्रति लाभार्थी है.

     

     

     

     

    राहुल गांधी ने ‘थैंक्यू मोदी जी’ हैशटैग के साथ ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब और कुछ अन्य जगहों पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर कथित तौर पर मार डालने (लिंचिंग) की हालिया घटनाओं की पृष्ठभूमि में मंगलवार को आरोप लगाया कि साल 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार बनने से पहले ‘लिंचिंग' शब्द सुनने में नहीं आता था.

    उन्होंने ‘थैंक्यू मोदी जी' हैशटैग के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘2014 से पहले ‘लिंचिंग' शब्द सुनने में भी नहीं आता था.'

    गौरतलब है कि गत रविवार को पंजाब के कपूरथला के निजामपुर गांव में एक गुरुद्वारा में सिख धर्म के ‘निशान साहिब' (ध्वज) का अनादर करने के आरोप में एक अज्ञात व्यक्ति को भीड़ ने पीट-पीटकर कथित तौर पर मार डाला.

    इससे पहले अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में शनिवार को कथित बेअदबी को लेकर भीड़ ने एक अन्य व्यक्ति की पीट-पीट कर कथित तौर पर जान ले ली थी.

     

     

     

     

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision