August 12, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    PANKAJ CHANDRAKAR

    PANKAJ CHANDRAKAR

    बिलासपुर /शौर्यपथ/

    राज्यपाल महामहिम अनुसूईया उइके शनिवार 12 मार्च को एक दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंच रही हैं। निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार उइके दोपहर 12.15 बजे राजभवन रायपुर से सड़क मार्ग से होकर बिलासपुर के लिए रवाना होंगी। वे अपरान्ह 2.30 बजे एसईसीएल गेस्ट हाऊस बिलासपुर पहुचेगी अल्पविश्राम के बाद दोपहर 2.50 बजे बहतराई के लिए रवाना होकर 3 बजे बी.आर.यादव एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम पहुॅचेंगी और कार्यक्रम में शामिल होंगी। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद शाम 5.10 बजे रवाना होकर 5.20 बजे एसईसीएल गेस्ट हाऊस पहुंचेगी। इसके बाद शाम 5.30 बजे बिलासपुर से राजभवन रायपुर के लिए रवाना हो जायेंगी।

    कोण्डागांव /शौर्यपथ/

    शुक्रवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा वर्चुअल माध्यम से मनरेगा योजनांतर्गत जिले के पांच हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। ज्ञात हो कि केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जारी दिशा निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित आईकोनिक वीक के तहत् ‘‘गर्व से जीने की आजादी‘‘ थीम के अंतर्गत मनरेगा के द्वारा किये जा रहे आजीविका आधारित कार्यों से लाभांवित मनरेगा महिला श्रमिकों को सम्मानित करने हेतु वर्चुअल समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के कुल 140 लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

    जिसके तहत् जिले की पांच हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। जिसमें कोण्डागांव विकासखण्ड के बड़ेबेंदरी की मोरई बाई को बकरी पालन शेड निर्माण, फरसगांव विकासखण्ड के सिरपुर की आयते नेताम को डबरी निर्माण, माकड़ी विकासखण्ड के मुख्यालय की कल्याणवती बाई को पशु आश्रय शेड निर्माण, विकासखण्ड बड़ेराजपुर के गांव टेंवसा की मनाय बाई को डबरी निर्माण तथा केशकाल विकासखण्ड के जामगांव की संतमणी नायक को निजी डबरी निर्माण हेतु वर्चुअली सम्मानित किया गया। जहां जिला पंचायत सीईओ एवं सरपंचों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेमप्रकाश शर्मा, सहायक परियोजना अधिकारी त्रिलोकी अवस्थी, पवन कुमार साहू सहित ग्रामों के सरपंच एवं मनरेगा हितग्राही उपस्थित रहे।

    नारायणपुर /शौर्यपथ/

    जनसंपर्क विभाग द्वारा नारायणपुर जिला मुख्यालय के नया बस स्टैंड में राज्य शासन के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ मॉडल प्रदर्शनी लगायी गयी है। जिसका अवलोकन आज युवा पार्षद अमित भद्र सहित अन्य युवाओं ने किया। इस छायाचित्र प्रदर्शनी में जन सशक्तिकरण से आर्थिक विकास, ग्रामीण भूमिहिन कृषि मजदूर, वनोपज संसाधनों के वैल्यू एडिशन से औद्योगिक विकास, गौधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, धनवंतरी, बिजली बिल हाफ, गोबर खरीदी केन्द्र आदि योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं का नागरिकों द्वारा अवलोकन किया गया।

    राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ मॉडल पर आधारित सात दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन 5 मार्च से 11 मार्च 2022 तक किया जायेगा, जिसमें शासन की योजनाओं को छायाचित्र प्रदर्शनी के साथ ही एलईडी स्क्रीन के माध्यम से भी योजनाओ को प्रदर्शित किया जा रहा है। जिले के विपरीत परिस्थितियों में भी शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने शासन-प्रशासन द्वारा गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार करते हुए पूरा कर रही है। विगत तीन वर्षाे में भी अतिसंवेदनशील क्षेत्र में शासन की योजनाओं को पहुंचाने में शासन प्रशासन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

     

    राजनांदगांव /शौर्यपथ/

    कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने उप संचालक समाज कल्याण बीएल ठाकुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। राज्य स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन 8, 9 एवं 10 अप्रैल 2022 को शिवरीनारायण जिला जांजगीर चांपा में किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तरीय एवं जनपद पंचायत स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता आयोजित कराने के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। ग्राम पंचायत स्तरीय एवं जनपद पंचायत स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता संपन्न कराकर जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए जनपद स्तर पर चयनित रामायण मंडली की सूची उपलब्ध कराने संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    ग्राम पंचायत स्तरीय रामायण मंडलीयों के मध्य प्रतियोगिता का आयोजन 10 मार्च से 15 मार्च 2022 तक किया जाएगा। इसी तरह जनपद पंचायत स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन 15 मार्च से 31 मार्च 2022 में किया जाएगा। जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल 2022 के बीच किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तरीय एवं जनपद पंचायत स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित तिथियों के मध्य कराकर जनपद पंचायत स्तर पर चयनित रामायण मंडली की सूची जिला स्तरीय नोडल अधिकारी उप संचालक समाज कल्याण बीएल ठाकुर को 31 मार्च तक उपलब्ध कराने कहा गया है।

    रायपुर /शौर्यपथ/

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा शहरी क्षेत्र के स्लम इलाकों में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह योजना शुरू कर निम्न आय वर्ग के लोगों की सुध ली है। इस योजना से स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के माथे से चिंता की एक बड़ी लकीर मिट गयी है। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के माध्यम से मोबाइल मेडिकल यूनिट जिले के अलग-अलग वार्डों में पहुंच कर लोगों का इलाज कर रही है। इस योजना के तहत स्लम क्षेत्र के निवासियों के स्वास्थ्य की जांच, उपचार, दवा वितरण एवं स्वास्थ्य परामर्श सुविधा निःशुल्क दिया जा रहा है। यूनिट में ओपीडी, प्रयोगशाला जांच के साथ दवा वितरण और लैब में 41 प्रकार के स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध है। योजना के तहत डॉक्टर, नर्स,और अन्य मेडिकल स्टाफ एवं दवाईयों सहित मोबाईल मेडिकल यूनिट स्लम क्षेत्रों में पहुंच रही है।

    बिलासपुर के मल्हार नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 04 केंवट पारा में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत लगाए गए शिविर में अपना ईलाज कराने आए मुकेश साहू मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। प्राईवेट अस्पताल का खर्च वहन कर पाना उनके लिए मुश्किल है। शिविर में उनका ईलाज मुफ्त में हो गया। वे कहते हैं कि उन्हें अस्पताल के चक्कर भी नहीं काटने पड़े और ईलाज में कुछ खर्च भी नहीं करना पड़ा। अहिल्या केंवट को पिछले कुछ दिनों से कमजोरी महसूस हो रही थी। अहिल्या बाई को हाई ब्लड प्रेशर और घुटने में दर्द था। तिहार बाई को हाथ पैर में झुनझुनी और कमजोरी की तकलीफ थी। शिविर में उन्हें दवाई के साथ टॉनिक भी दिया गया। ये सभी लोग अपने उपचार के लिए अस्पताल तो जाना चाहते थे, लेकिन कार्य की व्यस्तता की वजह से नहीं जा पा रहे थी। इनके घर के पास जब मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट पहुंची तो इन सभी की बीमारी मानों दूर ही हो गई। मोबाइल मेडिकल यूनिट में मौजूद चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड के लोगों का स्वास्थ्य जांच कर उन्हें दवाइयां दी तो सभी को बीमारी से राहत मिली। पहले छोटी-छोटी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल न जा पाने वाले इन लोगों ने कई बार निजी अस्पताल का चक्कर भी काटा और अपने पैसे भी खर्च किए। बिलासपुर शहर के विभिन्न वार्डों में योजना के तहत लगने वाले शिविरों में सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी बीमारियों का निःशुल्क ईलाज कराने पहुंचते हैं। वे इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का हृदय से आभार भी व्यक्त करते हैं।

     

    रायपुर /शौर्यपथ/

    राज्यपाल अनुसुईया उइके से आज यहां राजभवन में संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय सरगुजा के कुलपति प्रोफेसर अशोक सिंह ने मुलाकात की। आगामी 25 मार्च को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह के लिए उन्होंने राज्यपाल सह कुलाधिपति उइके को आमंत्रित किया। उल्लेखनीय है कि दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल सहित उपाधियां प्रदाय की जाएगी।

    रायपुर /शौर्यपथ/

    वित्तीय वर्ष 2021-22 के अंतिम माह मार्च में अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालय चालू रहेंगे और पंजीयन कार्य किया जाएगा। महानिरीक्षक पंजीयन, छत्तीसगढ़ ने सभी कलेक्टरों को इस संबंध में पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग स्टाम्प शुल्क के रूप में शासकीय राजस्व संग्रहण करने वाला एक महत्वपूर्ण विभाग है। वित्तीय वर्ष 2021-22 का अंतिम माह पूर्ण होने में कुछ ही दिन शेष है। 13 मार्च 2022 शनिवार, 13 मार्च 2022 रविवार, 26 मार्च 2022 शनिवार, 27 मार्च 2022 रविवार एवं 28 मार्च 2022 सोमवार को भक्त माता कर्मा जंयती को शासकीय अवकाश घोषित है। उक्त अवकाश के दिनों में दस्तवेजों का पंजीयन कार्य प्रभावित होने के कारण, राजस्व संग्रहण भी स्वाभाविक रूप से प्रभावित होगा। अतः जनसुविधा एवं शासकीय राजस्व संग्रहण को ध्यान में रखते हुए उक्त अवकाश के दिनों में भी पंजयीन कार्यालय चालू रखा जाए, नियमित पंजीयन कार्य कराये जाएं।

    अवकाश के दिनों में भी पंजीयन कार्यालय, दस्तावेजों के पंजीयन के लिए खोले जाने के संबंध में, स्टाम्प की आपूर्ति बनाए रखने तथा बैंकों में 31 मार्च 2022 तक शासकीय लेनदेन को जारी रखने के लिए जिला पंजीयक, कोषालय अधिकारी एवं भारतीय स्टेट बैंक के संबंधित अधिकारियों को यथोचित निर्देश प्रसारित किए जाएं।

    धमतरी /शौर्यपथ/

    सब्जियों की पैदावार में हुई वृद्धि, कुंआ बना आय का सशक्त जरिया

    आर्थिक रूप से कमजोर तबके और निम्न आय वाले परिवारों के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार अधिनियम वरदान साबित हुई है। ऐसे कई उदाहरण हैं जो यह बताते हैं कि महात्मा गांधी नरेगा से आमदनी के साथ-साथ सृजनात्मक कार्य भी हो रहे हैं। ऐसा ही एक उदाहरण है कुरूद विकासखण्ड के ग्राम चर्रा का है जहां मनरेगा के तहत बनाए गए कुएं से हितग्राही श्रीमती मालती पटेल और उनके परिवार की तकदीर व तस्वीर बदल गई। कुंए के निर्माण के बाद पटेल परिवार आज अपने 60 डिसमिल खेत में सब्जी की पैदावार लेकर सम्मानजनक आय अर्जित कर रहा है।

    ़इस संबंध में बताया गया कि कुआं बनने से पहले मालती पटेल अपने पति शत्रुहन पटेल के साथ मिलकर 60 डिसमिल खेत में सब्जी उगाकर जैसे-तैसे परिवार चलाती थीं। तब सिंचाई का साधन नहीं होने से वे केवल बारिश के मौसम में सब्जियां उगाकर बमुश्किल 5-6 हजार रूपए कमा पाते थे। मनरेगा श्रमिक मालती ने बताया कि मनरेगा के तहत निर्मित कुएं से उनकी जिंदगी बदल गई है। इसकी बदौलत उनका परिवार तेजी से कर्जमुक्त होने की राह पर है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015-16 में आवास स्वीकृत हुआ था, किन्तु उस जगह पर बड़े-बड़े गड्ढे थे, जिसमें मुरूम और मिट्टी भराई का कार्य करने के लिए कर्ज लेना पड़ गया, क्योंकि आवास की राशि 1.20 लाख रूपए में पूरे मकान को तैयार करना नामुमकिन था। इसी दरम्यान पति की तबीयत खराब हो गई जिनके उपचार के लिए भी कर्ज पर रकम लेनी पड़ी। एक तरफ कर्ज के ब्याज की राशि बढ़ रही थी, तो वहीं दूसरी ओर पूरे परिवार के गुजर-बसर की जिम्मेदारी आन पड़ी। पटेल ने बताया कि इसी बीच ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक से मनरेगा के बाड़ी में कुआं निर्माण के बारे में पता चला, तो उन्होंने तत्काल कूप निर्माण के लिए अर्जी दे दी। कार्य स्वीकृत होने के उपरांत दिसंबर 2019 में खुदाई का काम शुरू हो गया जो छह महीनों में बनकर तैयार हो गया। भाग्य ने भी ऐसा साथ दिया की सात फीट की गहराई में ही पानी आना शुरू हो गया था। खुदाई पूरी होते तक कुआं पानी से लबालब हो गया। अब वे अपनी 60 डिसमिल की बाड़ी में टमाटर, मिर्च, धनिया, गोभी, सेमी, बैंगन, मूली, लौकी सहित विभिन्न प्रकार की भाजियो की पैदावार ले रही हैं। बाड़ी में सब्जियों की पैदावार बढ़ने से आय में भी काफी वृद्धि हुई। परिवार की आय पांच हजार रूपए से बढ़कर 8-9 हजार रूपए प्रतिमाह हो गई। साथ ही पति का सही ढंग से उपचार कराने में भी वह सक्षम हो गईं और धीरे-धीरे कर्ज की राशि की अदायगी कर रही हैं। इस प्रकार मनरेगा से कुआं बनने से पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो गई और वह स्वावलम्बन और आत्मनिर्भरता की ओर सतत् आगे बढ़ने में सक्षम हो गई हैं। वह कहती हैं कि अगर प्रतिकूल दौर में कुएं का निर्माण नहीं होता तो उनका परिवार आर्थिक बोझ से शायद ही उबर पाता।

     

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

    आलिया भट्ट इन दिनों सोशल मीडिया पर ही नहीं बल्कि दुनिया भर में छाई हुई हैं. सभी उनके अंदाज और स्टाइल की जमकर सराहना कर रहे हैं. फिलहाल तो आलिया भट्ट ने हाल ही में एक तस्वीर साझा की है. इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि वे फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी की सक्सेस पर जमकर पार्टी पर रही हैं. फैंस ही क्या उनके इस चुलबुले अंदाज की हर कोई सराहना कर रहा है. बता दें की आलिया की फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है.

    सेलेब्स के यूं आए कमेंट

    आलिया भट्ट ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक तस्वीर साझा की है. इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि वे एक हाथ में बर्गर पकड़ी हुई हैं और दूसरे हाथ में फ्रेंच फ्राइज़ चेहरे पर एर हल्की सी मुस्कान है. वे अपनी फिल्म की सफलता को कुछ खास अंदाज में मना रही हैं. बता दें कि इस तस्वीर पर श्रद्धा कपूर ने कमेंट कर क्या बात है स्मैशिंग इट एंड हाउ फेलो फिश. तो वहीं प्रियंका चोपड़ा ने कमेंट कर लिखा यमममम.

    काम की बात करें तो आलिया भट्ट अपने एक के बाद एक प्रोजेक्ट को लेकर बिजी चल रही हैं. इस समय वे 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' पर काम कर रही हैं इस फिल्म में उनके साथ रणवीर सिंह होंगे तो वहीं वे 'RRR' और 'ब्रह्मास्त्र' को लेकर भी चर्चाओं में हैं. इतना ही नहीं आलिया अब हॉलीवुड फिल्मों में भी डेब्यू करने जा रही हैं. फैंस उनकी हॉलीवुड फिल्म के इंतजार में हैं और उन्हें जमकर बधाई दे रहे हैं.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ /

    पीएम मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचेंगे. पीएम मोदी ने इसे लेकर ट्वीट भी किया है कि मैं गुजरात के लिए निकल रहा हूं. जहां आज और कल विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल रहूंगा. शाम 4 बजे पंचायत महासम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें पंचायती राज संस्थाओं के कई प्रतिनिधि शामिल होंगे. इससे पूर्व पीएम नरेंद्र मोदी ने पांच राज्‍यों के चुनावों में बीजेपी के शानदार प्रदर्शन पर लोगों का आभार माना था. पार्टी मुख्‍यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि आज उत्साह का दिन है, उत्सव का दिन है. ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है.

    पीएम मोदी ने कहा था कि मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं. विशेष रूप से हमारी महिलाओं और युवाओं का जिन्होंने बीजेपी को समर्थन दिया, वह बड़ा संतोष है. फर्स्‍ट टाइम वोटर ने बढ़ चढ़कर वोटिंग में हिस्‍सा लिया और बीजेपी की जीत पक्‍की की. चुनाव के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से शुरू हो जाएगी और कार्यकर्ताओं ने यह करके दिखाया है. मैं कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करूंगा जिन्‍होंने दिन-रात देखे बिना इन चुनावों में कड़ी मेहनत की और जनता-जर्नादन का विश्‍वास जीतने में सफल रहे. इन कार्यकर्ताओं का जिन्‍होंने नेतृत्‍व किया, उन पार्टी प्रमुख जेडी नड्डा को बधाई देता हूं, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम ने आज एनडीए के लिए जीत का चौका लगाया है. उन्‍होंने कहा कि इन चुनावों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं.

    यूपी समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे गुरुवार 10 मार्च को घोषित किए गए. इनमें उत्तर प्रदेश, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर में जीत के साथ बीजेपी ने जीत का चौका लगाया है. जबकि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में बड़ी जीत के साथ सत्ता हासिल की है. कांग्रेस को चुनाव में तगड़ा झटका लगा है. मायावती की अगुवाई वाली बीएसपी भी यूपी में हाशिये पर चली गई है.

     

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision